फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK Palastine UN West Asia Afghan PAK Politics Crime and Global events

World: सितंबर के मध्य में भारत यात्रा पर आएंगे नेपाल के पीएम; मिस्र में मुठभेड़ में मारे गए दो संदिग्ध आतंकी

Sun, 20 Jul 2025 02:55 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 20 Jul 2025 02:55 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK Palastine UN West Asia Afghan PAK Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

दक्षिण कोरिया में भारी बारिश से 14 लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य लापता हैं। आंतरिक एवं सुरक्षा मंत्रालय ने बताया कि रविवार को भारी बारिश के दौरान मकान ढह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सियोल के उत्तर-पूर्व में स्थित गैप्योंग शहर में एक अन्य व्यक्ति उफनती नदी में बह जाने से मृत पाया गया। मंत्रालय ने कहा कि शनिवार को दक्षिणी शहर सानचियोंग में भारी बारिश के कारण भूस्खलन, मकान ढहने और अचानक बाढ़ आने से आठ लोग मृत पाए गए तथा छह अन्य लापता बताए गए। मंत्रालय की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि गैप्योंग और दक्षिणी शहर ग्वांगजू में छह लोग लापता हैं।

विज्ञापन


ईरान की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी में लगी आग, एक युवक की मौत
ईरान के दक्षिण-पश्चिम में स्थित सबसे पुरानी और सबसे बड़ी रिफाइनरी में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सरकारी ईरानी अखबार के अनुसार अबादान रिफाइनरी की एक मरम्मताधीन इकाई में लीक हुए पंप के कारण शनिवार को आग लग गई। इसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई। दमकलकर्मियों ने दो घंटे में आग पर काबू पा लिया और परिचालन प्रभावित नहीं हुआ। ईरान के संसद के उप-अध्यक्ष अली निकजाद ने रविवार को पुष्टि की कि कुछ श्रमिक भी घायल हुए हैं।
विज्ञापन


डेल्टा एयरलाइंस के बोइंग 767 की हुई इमरजेंसी लैंडिंग
लॉस एंजिलिस से अटलांटा जा रहे डेल्टा एयरलाइंस के बोइंग विमान के इंजन में उड़ान भरने के बाद अचानक आग लग गई। इसकी जानकारी मिलने पर हवाई जहाज में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक डेल्टा का बोइंग विमान ने जैसे ही टेक ऑफ किया तो उसके इंजन में आग लग गई। जानकारी पर विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट राडार24 के मुताबिक विमान पहले प्रशांत महासागर के ऊपर चढ़ा और उसने पैरामाउंट इलाके का चक्कर लगाया और कुछ देर में नीचे उतर आया। एफएए ने घटना की जांच शुरू कर दी है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


UK में फलस्तीन समर्थक गिरफ्तार
ब्रिटेन में फलस्तीन के समर्थन में प्रदर्शन करने वाले कई लोगों को गिरफ्तार किए जाने की खबर है। प्रतिबंधित समूह- फलस्तीन एक्शन के समर्थन में लंदन की सड़कों पर उतरे आक्रोशित लोग कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। ब्रिटिश पुलिस ने जिस फलस्तीनी अधिकार संगठन का समर्थन करने के आरोप में प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है, इसे प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की सरकार गैरकानूनी घोषित कर चुकी है। सरकार के फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तीसरे सप्ताहांत भी जारी रहा। तख्तियां लहराते हुए प्रदर्शनकारी लंदन, मैनचेस्टर, एडिनबर्ग, ब्रिस्टल, लंदनडेरी और ट्रूरो में जमा हुए। बता दें कि बीते 20 जून को ऑक्सफ़ोर्डशायर के ब्रिज नॉर्टन में प्रदर्शनकारियों और कार्यकर्ताओं ने रॉयल एयर फ़ोर्स बेस में घुसकर हमला कर दिया था। इसके बाद सरकार ने 'फलस्तीन एक्शन' नाम के संगठन पर प्रतिबंध लगा दिया। सरकार के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने दो विशाल टैंकर विमानों के जेट इंजनों पर लाल रंग छिड़क दिया था। क्रॉबर से भी नुकसान पहुंचाया गया। इस घटना के बाद देश की संसद में इसी महीने की शुरुआत में फलस्तीन एक्शन को आतंकवादी संगठन घोषित करने वाला विधेयक पारित हुआ। अब इस समूह की सदस्यता रखने या समर्थन करने पर 14 साल तक की जेल हो सकती है।

अफगान शरणार्थियों के PoR कार्ड रिन्यू नहीं करेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान में रहने वाले 1.3 मिलियन से अधिक अफगान शरणार्थियों के पास पंजीकरण प्रमाण (पीओआर) है। इसे  संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायोग और पाकिस्तान सरकार जारी करती है। हालांकि, अब पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा है कि सरकार ने पीओआर कार्ड की तारीख आगे बढ़ाने का फैसला नहीं लिया है। बता दें कि पीओआर कार्ड अफगान शरणार्थियों को अस्थायी कानूनी दर्जा प्रदान करते हैं। इन कार्डों की वैधता 30 जून को समाप्त हो चुकी है। अब लाखों अफगान नागरिक अनिश्चितता की स्थिति में हैं। नकवी ने कहा, कहा कि जिन अफगानियों को अब पाकिस्तान से निर्वासित किया जा रहा है। यह व्यापक राष्ट्रीय नीति परिवर्तन का एक हिस्सा है। बता दें कि पाकिस्तान ने 2023 में सभी अवैध विदेशियों को बाहर निकालने के लिए एक अभियान शुरू किया था। हालांकि, अफगान शरणार्थी ही मुख्य निशाना बने। अब तक आठ लाख से अधिक अफगान पाकिस्तान छोड़ चुके हैं। 

ताजिकिस्तान में 4.0 तीव्रता का भूकंप
ताजिकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता 4.0 मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक भूकंप शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात- 01.01 बजे आया। इससे पहले 18 जुलाई को भी 10 किलोमीटर की गहराई में 3.8 तीव्रता का भूकंप आया था। NCS के मुताबिक आफ्टरशॉक्स की आशंका बनी हुई है। बीते 12 जुलाई को भी इसी क्षेत्र में दो भूकंप आए थे। इससे पहले 21 जून को भी इस क्षेत्र में भूकंप आया था। वैज्ञानिकों के मुताबिक कम सतह से गहराई में आने वाले भूकंप अधिक खतरनाक होते हैं क्योंकि पृथ्वी की सतह के पास आने पर इनसे ऊर्जा का उत्सर्जन ज़्यादा होता है। इस कारण जमीन अधिक हिलती है और इमारतों को ज़्यादा नुकसान होता है। नतीजतन बड़ी संख्या में लोग हताहत होते हैं। जानमाल का व्यापक नुकसान होता है।
 

सीरिया के नेता ने बेडौइन जनजातियों से कहा- द्रुज के साथ शांति बनाए रखें
सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने शनिवार को सुन्नी मुस्लिम बेडौइन जनजातियों से अपील की कि वे द्रुज समुदाय के साथ चल रहे संघर्ष में पूरी तरह से शांति बनाए रखें। यह लड़ाई अब तक सैकड़ों लोगों की जान ले चुकी है और इससे देश में फिर से अशांति फैलने का खतरा बढ़ गया है। हालांकि राष्ट्रपति की अपील के बावजूद, दक्षिणी सीरिया के स्वेइदा इलाके में झड़पें जारी रहीं। सरकार ने अपने सैनिकों को पहले वहां शांति बनाए रखने के लिए भेजा था, लेकिन बाद में ये सैनिक बेडौइन पक्ष में दिखाई देने लगे। अब इन्हें फिर से वहां भेजा गया है ताकि दोबारा शुरू हुई लड़ाई को रोका जा सके। इस हिंसा के बीच पड़ोसी देश इस्राइल ने भी सीरियाई सेना पर हवाई हमले किए, जिसके बाद थोड़े समय के लिए युद्धविराम हुआ।

बांग्लादेश सरकार का संयुक्त राष्ट्र के साथ तीन वर्षीय समझौता
बांग्लादेश सरकार ने मानवाधिकारों के संवर्धन और संरक्षण में सहयोग के उद्देश्य से देश में एक मिशन स्थापित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त के साथ तीन वर्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस मिशन का उद्देश्य सरकारी संस्थानों और नागरिक समाज संगठनों को प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता प्रदान करना है। इससे अहम सुधार होंगे। 

इंग्लैंड में होने वाला WCL मैच रद्द
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में अब भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच नहीं होगा। यह मुकाबला रद्द होने का कारण भारतीय खिलाड़ियों का नाम वापस लेना है। WCL ने भी इस संबंध में बयान दिया है। क्रिकेटर शिखर धवन ने एक्स पोस्ट में देर रात इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश ही उनके लिए सबकुछ है।

श्रीलंका में डीआईजी बर्खास्त
श्रीलंका में 2019 ईस्टर संडे आतंकवादी हमलों से संबंधित अनुशासनात्मक जांच के बाद पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। राष्ट्रीय पुलिस आयोग (एनपीसी) ने पूर्व में राज्य खुफिया सेवा (एसआईएस) के प्रमुख के रूप में कार्यरत नीलांथा जयवर्धने को जुलाई 2024 में आंतरिक जांच लंबित रहने तक अनिवार्य अवकाश पर रखा था। जांच पूरी होने के बाद एनपीसी ने जयवर्धने को सेवा से बर्खास्त करने का फैसला किया। एनसीपी ने कहा कि 17 जुलाई को आयोजित पुलिस आयोग की बैठक में वरिष्ठ पुलिस उपमहानिरीक्षक नीलांथा जयवर्धने को पुलिस सेवा से तत्काल बर्खास्त करने का आदेश देने का निर्णय लिया गया।

नॉर्वे के मशहूर उपन्यासकार अंब्यॉर्नसन का निधन
नॉर्वे के मशहूर लेखक इंगवार अंब्यॉर्नसन का निधन हो गया है। वह 69 वर्ष के थे। वह अक्सर अपने उपन्यासों में समाज के हाशिये पर रह रहे लोगों और पीड़ितों की जिंदगी को दर्शाते थे। उनके प्रकाशक ने उनके निधन की पुष्टि की है। प्रकाशन कंपनी कैपेलन डाम ने उनकी मृत्यु का कारण नहीं बताया। हालांकि, अंब्यॉर्नसन पहले से ही यह बात सार्वजनिक कर चुके थे कि वह एक फेफड़ों की गंभीर बीमारी से लंबे समय से पीड़ित हैं। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी पत्नी गैब्रिएल हैफ्स ने शनिवार को उनके निधन की जानकारी दी। इंगवार अंब्यॉर्नसन का जन्म 20 मई, 1956 को नॉर्वे के टॉन्सबर्ग शहर में हुआ था।

नेपाल के प्रधानमंत्री ओली सितंबर के मध्य में करेंगे भारत यात्रा
नेपाल के प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली सितंबर के मध्य में भारत की आधिकारिक यात्रा पर आएंगे। यह जानकारी रविवार को नेपाल के विदेश मंत्रालय ने दी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लोक बहादुर क्षेत्री ने बताया, प्रधानमंत्री की आगामी यात्रा की तैयारियां जारी हैं। हालांकि, यात्रा की तारीख और पूरा कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय से जुड़े सूत्रों ने बताया कि ओली 16 सितंबर को अपने इस आधिकारिक दौरे पर भारत रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि यह दौरा छोटा होगा, संभवतः दो दिनों का। ओली नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) के अध्यक्ष  हैं। वह पिछले साल जुलाई में चौथी बार प्रधानमंत्री बने थे।

प्रधानमंत्री बनने के बाद सबसे पहले भारत की यात्रा करने की परंपरा रही है, लेकिन ओली ने इस बार पहली विदेश यात्रा के लिए चीन को चुना। पिछले साल दिसंबर में ओली चीन गए थे, जहां उन्होंने चीनी प्रधानमंत्री ली क्यांग के निमंत्रण पर चार दिन की यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने बीजिंग के पेकिंग विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम को संबोधित किया और राष्ट्रपति शी जिनपिंग व प्रधानमंत्री ली क्यांग से मुलाकात की थी। इस बीच कुछ स्थानीय मीडिया में यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि प्रधानमंत्री ओली को भारत की ओर से कोई निमंत्रण नहीं मिला है और इससे यह संकेत मिल रहा था कि भारत से उनके संबंध ठीक नहीं हैं। इन अटकलों को खारिज करते हुए ओली ने गुरुवार को कहा कि वह भारत की यात्रा करेंगे और दोनों देशों की ओर से इसकी तैयारियां चल रही हैं। हालांकि, उन्होंने उस समय यात्रा की कोई तय तारीख नहीं बताई थी।

रूस के कामचटका प्रायद्वीप पर अब सुनामी की लहरों का कोई खतरा नहीं: प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र
प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने कहा कि रूस के कामचटका प्रायद्वीप पर अब सुनामी की लहरों का कोई खतरा नहीं है। रविवार को समुद्र में दो भूकंप आए थे, जिनमें से एक की तीव्रता 7.4 थी।संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, 7.4 तीव्रता वाला यह बड़ा भूकंप समुद्र तल से 20 किलोमीटर की गहराई पर आया और यह पेट्रोपावलोव्स्क-कामचात्स्की शहर से 144 किलोमीटर पूर्व में स्थित था। इस शहर की आबादी लगभग 1,80,000 है। कुछ ही मिनट पहले इसी क्षेत्र में 6.7 तीव्रता का एक और भूकंप दर्ज किया गया था। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने शुरू में बड़े सुनामी लहरों की आशंका जताई थी। रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने भी दूसरे भूकंप के बाद सुनामी चेतावनी जारी की थी और तटीय इलाकों के लोगों से समुद्र तट से दूर रहने की अपील की थी। अब तक किसी के हताहत होने या किसी प्रकार की क्षति की कोई जानकारी नहीं है। 

बुल्गारिया में कोकीन की सबसे बड़ी खेप बरामद
बुल्गारिया के सीमा शुल्क अधिकारियों ने रविवार को बताया कि उन्होंने तुर्किये जा रही एक बेल्जियम नंबर प्लेट वाले वाहन से अब तक की सबसे बड़ी कोकीन की खेप जब्त की है।  अधिकारियों के अनुसार, लगभग 206 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई है, जो बुल्गारिया की जमीनी सीमा पर अब तक की सबसे बड़ी जब्ती है। वाहन की जांच के दौरान यह कोकीन मिला, जिसकी कीमत लगभग 2 करोड़ यूरो (लगभग 22 मिलियन अमेरिकी डॉलर) आंकी गई है। यह कोकीन पांच सूटकेस में रखे 179 सीलबंद पैकेटों में छिपाई गई थी, जिन्हें निजी सामानों के बीच रखा गया था।

हास्कोवो जिले के अभियोजक इवान स्तोयानोव ने बताया कि वाहन में तीन लोग थे जो तुर्किये की सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे। इनमें एक 40 वर्षीय व्यक्ति था जो कांगो (डीआरसी) का एक राजनयिक है और बेल्जियम में नियुक्त है, दूसरा 54 वर्षीय बेल्जियम नागरिक और तीसरा 43 वर्षीय बुल्गारियाई ड्राइवर था। स्तोयानोव ने पत्रकारों को बताया कि अगर ड्रग तस्करी के आरोप में दोषी पाए गए, तो इन तीनों को 20 साल तक की जेल हो सकती है।

मिस्र: पुलिस ने मुठभेड़ में दो संदिग्ध आतंकवादियों को मार गिराया
मिस्र की पुलिस ने रविवार को काहिरा के पास स्थित गीजा में छापेमारी के दौरान मुठभेड़ में दो संदिग्ध आतंकवादियों को मार गिराया। गृह मंत्रालय ने बताया कि मारे गए संदिग्ध ‘हस्म मूवमेंट’ से जुड़े थे, जो कि प्रतिबंधित मुस्लिम ब्रदरहुड संगठन से संबद्ध है। हस्म को अमेरिका ने एक आतंकवादी संगठन घोषित किया हुआ है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस मुठभेड़ के दौरान गोलीबारी में एक राहगीर की भी मौत हो गई और एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया। यह घटना गीजा के घनी आबादी वाले क्षेत्र बोलाक अल-डक्रूर में हुई। गृह मंत्रालय के अनुसार, ये संदिग्ध देश में हमले करने की योजना बना रहे थे।  

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में दो सड़क हादसों में सात लोगों की मौत
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए। पहले हादसे में बस में सवार छह लोगों की जान गई और 12 घायल हुए जब। बस वह थट्टा जिले के मकली के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह बस कराची से लगभग 100 किलोमीटर पूर्व में स्थित मकली के ऐतिहासिक मकबरों की सैर पर जा रही थी। बस का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस पलट गई और एक गहरी खाई में गिर गई। घायलों को उपचार के लिए कराची भेजा गया है। 

दूसरा हादसा सिंध के खैपुर जिले के गांबट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जब एक यात्री बस पलट गई, जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

अमेरिका में बाढ़ के बाद से तीन लोग अब भी लापता
टेक्सास काउंटी में चार जुलाई को बाढ़ आई थी, जिसके बाद अब केवल तीन लोग लापता हैं, जबकि शुरुआती दिनों में लगभग 100 लोग लापता बताए जा रहे थे। अधिकारियों ने शनिवार को कहा।

अधिकारियों ने बचावकर्मियों की सराहना की कि उन्होंने खोज और बचाव अभियानों के चलते लापता लोगों की संख्या में इतनी तेजी से कमी की है। बाढ़ के बाद के कुछ ही दिनों में केर काउंटी में ही 160 से ज्यादा लोग लापता बताए गए थे। केरविले के सिटी मैनेजर डॉल्टन राइस ने कहा कि यह उपलब्धि संगठित बचाव कार्यों, जांच और परिवारों को उम्मीद देने के प्रयासों का परिणाम है।

उत्तर-पश्चिम जर्मनी में कार दुर्घटनाग्रस्त, कई घायल 
जर्मनी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में रविवार को बोह्मटे कस्बे में एक कार बहुत तेजी से चलती हुई सड़क से फिसल गई। पहले वह एक खड़ी गाड़ी से टकराई, फिर एक बाड़ तोड़कर बगीचे में जा घुसी। बगीचे में एक सात साल का बच्चा झूला झूल रहा था, कार ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद कार उबड़-खाबड़ जमीन से उछल गई और पास की एक खलिहान (अनाज रखने की जगह) की छत पर जा गिरी। यह छत जमीन से करीब तीन मीटर ऊंची थी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में बच्चा और कार चालक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में चालक (42 वर्षीय), उनकी पत्नी, उनके दो बेटे (11 और 12 वर्षीय) और एक 13 साल का बच्चा था। बाकी लोगों को हल्की चोटें आईं। दमकल विभाग के वाहन, एंबुलेंस और हेलिकॉप्टर तत्काल मौके पर पहुंचे। छत को काटकर कार को निकाला गया और क्रेन से नीचे उतारा गया। पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed