फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world news hindi updates asia europe us tariff row uk un west asia politics crime and global events

World News: सिडनी के तीन लोगों पर ड्रग्स की तस्करी का आरोप तय; ताइवान की TSMC कंपनी की संवेदनशील जानकारी लीक

Tue, 02 Sep 2025 02:56 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Tue, 02 Sep 2025 02:56 PM IST
विज्ञापन
world news hindi updates asia europe us tariff row uk un west asia politics crime and global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
पेरू की राजधानी लीमा में बढ़ते अपराध के बीच एक बड़ा हादसा हुआ है। इंडोनेशियाई दूतावास से जुड़े राजनयिक सेट्रो लियोनार्डो पुरबा (40 वर्ष) की सोमवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह साइकिल से अपने अपार्टमेंट लौट रहे थे, तभी हमलावर ने उन पर तीन गोलियां दाग दीं। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जारी किया है, जिसमें एक हेलमेटधारी हमलावर को पहले दो गोलियां चलाते और फिर तीसरी गोली मारकर मोटरसाइकिल से फरार होते देखा गया। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं हो पाई है। इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगियोनो ने इस वारदात की निंदा करते हुए पेरू सरकार से पारदर्शी और त्वरित जांच की मांग की है। साथ ही वहां तैनात इंडोनेशियाई नागरिकों और राजनयिकों की सुरक्षा बढ़ाने की अपील भी की।
विज्ञापन


ताइवान की TSMC कंपनी की संवेदनशील जानकारी लीक मामलें में तीन गिरफ्तार
ताइवान के बौद्धिक संपदा और वाणिज्यिक न्यायालय (आईपीसीसी) ने ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी (टीएसएमसी) के एक पूर्व कर्मचारी और दो वर्तमान कर्मचारियों पर कंपनी की उन्नत 2 नैनोमीटर (एनएम) प्रक्रिया से जुड़े संवेदनशील व्यापार रहस्यों को लीक करने का आरोप है। तीनों को हिरासत में लिया गया है। ताइवानी मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह फैसला आईपीसीसी ने सोमवार को दिया। दोषी पाए जाने पर आरोपियों को 10 साल तक की जेल हो सकती है। 
विज्ञापन


बीजिंग में ओली-हान की मुलाकात
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने मंगलवार को बीजिंग में चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से मुलाकात की। यह बैठक ओली के पांच दिवसीय चीन दौरे का अहम हिस्सा रही। प्रधानमंत्री ओली को चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन और जापानी आक्रामकता के खिलाफ चीन के प्रतिरोध युद्ध की 80वीं वर्षगांठ पर आयोजित सैन्य परेड में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। बैठक बीजिंग स्थित दियाओयुताई स्टेट गेस्टहाउस में हुई, जहां दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत करने और परस्पर लाभकारी परियोजनाओं को गति देने पर चर्चा की।
विज्ञापन
विज्ञापन


चीन ने नेपाल के साथ कूटनीतिक संबंधों को और विस्तार देने की इच्छा जताई। वहीं, नेपाली पक्ष ने दोहराया कि वह ‘वन-चाइना पॉलिसी’ का सम्मान करता है और अपने क्षेत्र का इस्तेमाल चीन के खिलाफ नहीं होने देगा। बैठक के बाद हान झेंग ने नेपाली प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में डिनर का आयोजन भी किया। इस मुलाकात को नेपाल-चीन संबंधों में विश्वास और सहयोग की नई मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री ओली बुधवार को स्वदेश लौटेंगे।

नाईजीरिया में ईशनिंदा के आरोप में भीड़ ने महिला को जलाकर मार डाला
मध्य नाइजीरिया में भीड़ ने इस्लाम के खिलाफ ईशनिंदा का आरोप लगाकर एक महिला को जलाकर मार डाला। नाइजर राज्य के पुलिस प्रवक्ता वसीउ अबियोदुन ने कहा कि महिला को शनिवार को भीड़ ने हमले में आग लगा दी। क्योंकि उसने पैगंबर मोहम्मद के बारे में टिप्पणी की थी। महिला उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया के कटसिना राज्य की अमाये नामक फूडसेलर थी। पुलिस इस कृत्य की निंदा करती है तथा जनता से हमलावरों की तलाश के दौरान शांत रहने का आग्रह करती है। नाइजीरिया के 12 मुस्लिम बहुल राज्यों में शरिया कानून सामान्य कानून के साथ-साथ लागू है और ईशनिंदा के लिए मृत्यु दंड का प्रावधान है।

किम जोंग उन चीन के लिए रवाना
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन चीन में आयोजित होने वाले विजय दिवस (विक्ट्री डे परेड) समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो गए हैं। कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने बताया कि किम समारोह में भाग लेने के लिए अपनी विशेष ट्रेन से प्योंगयांग से बीजिंग के लिए रवाना हुए। केसीएनए ने विदेश मंत्रालय के अधिकारी किम चोन इल के हवाले से बताया कि किम जोंग उन विदेश मंत्री चोई सोन हुई सहित शीर्ष अधिकारियों के साथ यात्रा कर रहे थे। किम की ट्रेन के सोमवार रात को चीनी सीमावर्ती शहर डांडोंग पहुंचने की पुष्टि के बाद मंगलवार को बीजिंग पहुंचने की उम्मीद है।

पाकिस्तान में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में पांच आतंकी ढेर
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में मंगलवार को आतंकियों ने अर्धसैनिक बल के मुख्यालय पर हमला कर दिया। आतंकियों ने पहले विस्फोटक से भरी कार गेट से टकराई और फिर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने पांच आतंकियों को ढेर कर दिया। इस हमले में छह पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें एक थानाध्यक्ष की हालत गंभीर है।डीआईजी सज्जाद खान ने घायलों से अस्पताल में मुलाकात की। डीपीओ सलीम अब्बास कलाची ने कहा कि आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा। अलग घटना में लक्की मारवत जिले में दो पुलिसकर्मी भी आतंकियों की गोलीबारी में मारे गए। टीटीपी द्वारा नवंबर 2022 में सरकार से युद्धविराम खत्म करने के बाद पाकिस्तान में आतंकी हमलों में तेजी आई है। इस्लामाबाद स्थित थिंक टैंक पीआईसीएसएस के अनुसार अगस्त में हमलों में 74 फीसदी बढ़ोतरी हुई, जो पिछले एक दशक का सबसे घातक महीना रहा।

बुर्किना फासो में समलैंगिकता पर बैन, दोषियों को जेल और जुर्माने की सजा
बुर्किना फासो की संसद ने सर्वसम्मति से समलैंगिकता पर रोक लगाने वाला कानून पारित कर दिया। इस कानून के तहत समलैंगिक संबंधों में शामिल पाए जाने वालों को दो से पांच साल तक की कैद और जुर्माना भुगतना होगा। देश के न्याय मंत्री एडासो रोड्रिग बेयाला ने कहा कि यह कानून तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। उन्होंने समलैंगिक संबंधों को अजीब व्यवहार कहते हुए चेतावनी दी कि दोषियों को अदालत का सामना करना पड़ेगा। अफ्रीका के 54 में से आधे से अधिक देशों में पहले से ही समलैंगिकता अपराध मानी जाती है। कहीं इसकी सजा लंबी कैद है तो कहीं मृत्युदंड भी दिया जाता है। बुर्किना फासो सरकार ने इस कदम को विवाह और पारिवारिक मूल्यों की रक्षा बताया। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी आलोचना हो रही है। बुर्किना फासो में 2022 में तख्तापलट के बाद से सेना सत्तारूढ़ है। कर्नल इब्राहिम ट्राओरे के नेतृत्व वाली सरकार का दावा है कि वह सुरक्षा संकट से निपटने और बेहतर शासन देने के लिए सत्ता में आई। लेकिन मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि सेना आलोचकों की गिरफ्तारी और जबरन भर्ती जैसे कदमों से नागरिक स्वतंत्रताओं पर चोट पहुंचा रही है।

न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर को मिलेगा प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम
एपी की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने कहा कि वह न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर रूडी गिउलिआनी को प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम से सम्मानित करेंगे। एक दिन पहले न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर एक सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए थे। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक बयान में गिउलिआनी को न्यूयॉर्क शहर के इतिहास में सबसे महान मेयर और समान रूप से महान अमेरिकी देशभक्त कहा। उनकी 11 सितंबर के हमलों के बाद उनके नेतृत्व के लिए सराहना की गई थी। 

वेनेजुएला के राष्ट्रपति बोले- अमेरिकी सेना ने हमला किया तो करेंगे सशस्त्र गणराज्य का एलान
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने सोमवार को कहा कि यदि उनके देश पर अमेरिकी सेना हमला करती है तो वह सांविधानिक रूप से एक सशस्त्र गणराज्य की घोषणा करेंगे। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी सरकार ड्रग कार्टेल के खतरों से निपटने के लिए वेनेज़ुएला के तटीय जलक्षेत्र में अपनी समुद्री सेना को बढ़ाने की तैयारी में है। अमेरिका ने तैनात किए जा रहे हजारों सैनिकों द्वारा किसी भी  जमीनी घुसपैठ का संकेत नहीं दिया है। फिर भी  मादुरो की सरकार ने अपने तट और पड़ोसी कोलंबिया की सीमा पर सैनिकों को तैनात करके, वेनेज़ुएला के लोगों से एक नागरिक मिलिशिया में भर्ती होने का आग्रह करके जवाबी कार्रवाई की है। मादुरो ने कहा कि अधिकतम सैन्य दबाव के मद्देनजर हमने वेनेजुएला की रक्षा के लिए तैयारी की घोषणा की है। अमेरिकी नौसेना के पास अब कैरिबियन सागर में दो एजिस निर्देशित मिसाइल विध्वंसक यूएसएस ग्रेवली और यूएसएस जेसन डनहम हैं।  यह तैनाती ऐसे समय में की गई है, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन कार्टेलों को विफल करने के लिए सेना का उपयोग करने पर जोर दिया है, जिन्हें वे अमेरिकी समुदायों में फेंटेनाइल और अन्य अवैध दवाओं के प्रवाह और कुछ अमेरिकी शहरों में हिंसा को जारी रखने के लिए जिम्मेदार मानते हैं।
 

चेक गणराज्य के पूर्व पीएम पर हमला
चेक गणराज्य के पूर्व प्रधानमंत्री आंद्रेज बाबिस पर संसदीय चुनावों से पहले एक रैली में एक व्यक्ति ने छड़ी से हमला कर दिया। बाबिस को सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने कहा कि पूर्वी चेक गणराज्य के डोबरा शहर में हमलावर को तुरंत हिरासत में ले लिया है। प्रधानमंत्री पेट्र फियाला और आंतरिक मंत्री विट राकुसन ने हमले की निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया। 2017 में प्रधानमंत्री बने बाबिस 2021 के संसदीय चुनाव हार गए। उन्होंने जनवरी 2023 में राष्ट्रपति पद के लिए भी चुनाव लड़ा, लेकिन सेवानिवृत्त सेना जनरल पेट्र पावेल से हार गए।

अगस्त में नेपाल में हवाई पर्यटकों के आगमन में भारतीयों की संख्या सबसे अधिक
नेपाल पर्यटन बोर्ड (एनटीबी) ने सोमवार को कहा कि अगस्त में हवाई मार्ग से नेपाल में 88,680 अंतरराष्ट्रीय पर्यटक आए, जिनमें भारतीय यात्रियों की हिस्सेदारी सबसे बड़ी थी। आने वाले पर्यटकों में 35,505 भारत से थे, जो कुल पर्यटकों का 40 प्रतिशत था। अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के आगमन की सूची में भारत शीर्ष पर रहा। इसके बाद 7,533 पर्यटकों के साथ चीन और 6,068 पर्यटकों के साथ अमेरिका का स्थान रहा। 5,956 पर्यटकों के साथ श्रीलंका और 4,262 पर्यटकों के साथ बांग्लादेश क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। जुलाई 2025 में नेपाल में हवाई मार्ग से 70,193 पर्यटकों का आगमन हुआ था। जनवरी से अगस्त 2025 तक नेपाल में कुल 7,36,562 पर्यटक आए। इनमें 2,10,496 भारतीय थे। 

हैती में बख्तरबंद वाहन दुर्घटना में 2 लोगों की मौत और आठ केन्याई पुलिस अधिकारी घायल
हैती की राजधानी में दो बख्तरबंद वाहनों की टक्कर में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और केन्या के आठ पुलिस अधिकारी घायल हो गए। सभी घायल संयुक्त राष्ट्र समर्थित एक मिशन के सदस्य थे जो इस अशांत कैरेबियाई देश में गिरोहों से लड़ रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से तीन की हालत गंभीर है और उन्हें उपचार के लिए पड़ोसी डोमिनिकन गणराज्य ले जाया गया है। यह दुर्घटना रविवार शाम राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस के बाहरी इलाके में केंसकॉफ-पेटियन-विले मार्ग पर हुई। मिशन प्रवक्ता जैक ओम्बाका ने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब एक बख्तरबंद वाहन, जो एक खराब वाहन को खींच रहा था, खराब हो गया।

नेपाल ने चीन की ग्लोबल सिक्योरिटी इनिशिएटिव का नहीं किया समर्थन
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के आर्थिक और विकास सलाहकार डॉ. युवराज खतीवड़ा ने स्पष्ट किया है कि नेपाल ने चीन के विश्व सुरक्षा पहला या ग्लोबल सिक्योरिटी इनिशिएटिव (जीएसआई) का समर्थन नहीं किया है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पीएम ओली के बीच हाल में हुई द्विपक्षीय वार्ता को लेकर उठे सवालों पर डॉ. खतीवड़ा ने कहा कि उस मुलाकात में इस विषय पर कोई समझौता या सहमति नहीं हुआ। खतीवड़ा ने बताया कि नेपाल सरकार किसी भी देश की सुरक्षा रणनीति का हिस्सा नहीं बनेगी। यह वार्ता 30 अगस्त को चीन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन के अवसर पर हुई थी। नेपाल की ओर से जीएसआई समर्थन का संकेत मिलने पर खतीवड़ा ने कहा, ओली की यह यात्रा मुख्य रूप से एससीओ प्लस सम्मेलन में भाग लेने के लिए थी। ऐसे साइड लाइन बैठकों में सामान्यत: समझौते पर हस्ताक्षर नहीं होते।

सिडनी के तीन लोगों पर ड्रग्स की तस्करी का आरोप तय

ऑस्ट्रेलिया में बंदरगाह पर काम करने वाले तीन कर्मचारियों पर ड्रग्स की अवैध तस्करी के आरोप तय किए गए हैं। तीनों कर्मचारी सोमवार को सिडनी की एक अदालत में पेश हुए। हाल ही में सिडनी तट पर एक शिपिंग कंटेनर में एक नकली दीवार के पीछे छिपाकर रखी गई 506 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई थी। इस कोकीन की बाजार में कीमत 16 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (10 करोड़ अमेरिकी डॉलर) से अधिक थी। आरोपी एक वैश्विक शिपिंग और लॉजिस्टिक्स कंपनी में कार्यरत थे, जिसका नाम अधिकारियों ने नहीं बताए हैं। अगर दोषी पाया जाता है तो तीनों को आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।

नेपाल में खोला गया जीएमबीए का पहला एशिया हब

काठमांडू में अंतरराष्ट्रीय केंद्र आईसीआईएमओडी (ICIMOD) ने ग्लोबल माउंटेन बायोडायवर्सिटी असेसमेंट (GMBA) का पहला एशिया हब स्थापित किया है। यह हब हिंदू कुश हिमालय (HKH) क्षेत्र की जैव विविधता के आकलन, उसके खतरों और बदलाव के कारणों का अध्ययन करेगा। जीएमबीए नेटवर्क की शुरुआत 2000 में स्विस एकेडमी ऑफ साइंसेज ने की थी और 2016 से यह ‘फ्यूचर अर्थ’ के अंतर्गत वैश्विक शोध मंच के रूप में काम कर रहा है। आईसीआईएमओडी की उप महानिदेशक इजाबेला कोजिएल ने कहा कि पर्वतीय पारिस्थितिक तंत्र गंभीर संकट में हैं और ऐसे समय में यह प्लेटफॉर्म बेहद अहम है। जीएमबीए के सह-अध्यक्ष मार्कस फिशर ने कहा कि आईसीआईएमओडी की विशेषज्ञता वैश्विक शोध के लिए पूरक साबित होगी। हब 2025 में एचकेएच बायोडायवर्सिटी असेसमेंट शुरू करेगा, जिसमें डेटा विश्लेषण और विशेषज्ञ परामर्श शामिल होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed