फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world news hindi updates asia europe us tariff row uk un west asia politics crime and global events

World News: सिंगापुर में भारतीय मूल के 10 पुरुषों पर मामले दर्ज, श्रीलंकाई कस्टम्स में अटकीं 1000 चीनी ईवी

Mon, 01 Sep 2025 03:48 AM IST
बशु जैन वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: बशु जैन Updated Mon, 01 Sep 2025 03:48 AM IST
विज्ञापन
world news hindi updates asia europe us tariff row uk un west asia politics crime and global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
सिंगापुर की अदालत ने सोमवार को 10 भारतीय मूल के पुरुषों पर कॉफी शॉप में हुई मारपीट के मामले में आरोप तय किए। यह झगड़ा 24 अगस्त को तोआ पायोह इंडस्ट्रियल पार्क में हुआ था, जिसमें दो लोग चाकू से घायल हो गए। आरोपियों में 21 से 33 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष शामिल हैं। सभी पर हथियारों से दंगा करने का आरोप है, जिसके लिए 10 साल तक की सजा और बेंत से मारने की सजा हो सकती है। पुलिस ने बताया कि एक 21 वर्षीय पीड़ित के हाथ में और 30 वर्षीय के पीठ में चाकू के घाव पाए गए।
विज्ञापन


श्रीलंका में चीनी ईवी की 1,000 गाड़ियां कस्टम में अटकीं
श्रीलंका कस्टम ने चीनी कंपनी बीवाईडी की लगभग 1,000 इलेक्ट्रिक गाड़ियों को रोक लिया है। अधिकारियों ने कहा कि इन वाहनों की मोटर क्षमता को कम बताकर आयात शुल्क घटाने की कोशिश की गई। इससे पहले जुलाई में भी इसी तरह की 1,000 गाड़ियों की खेप पकड़ी गई थी। अदालत के हस्तक्षेप के बाद अगस्त में 900 से ज्यादा गाड़ियों को बैंक गारंटी के आधार पर छोड़ा गया था। अधिकारियों के मुताबिक 100 किलोवॉट और 150 किलोवॉट मोटर पर लगने वाले शुल्क में चार मिलियन श्रीलंकाई रुपये का अंतर है। बीवाईडी ने हाल ही में श्रीलंका के ईवी बाजार का 90% हिस्सा कब्जा लिया है।
विज्ञापन


बांग्लादेश चुनाव से पहले सेना प्रमुख और यूनुस की मुलाकात
बांग्लादेश में अगले साल फरवरी में होने वाले आम चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल और अस्थिरता का माहौल है। इस बीच सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान ने सोमवार को मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस से मुलाकात की। बैठक में यूनुस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सेना के योगदान के लिए आभार जताया और कहा कि चुनाव से पहले सभी सुरक्षा बलों के बीच स्पष्ट कमांड संरचना और करीबी समन्वय बेहद जरूरी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


जनरल जमान ने अंतरिम सरकार को सेना के पूरे सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने यूनुस से अपील की कि वे फैल रही अफवाहों से प्रभावित न हों। सूत्रों के अनुसार, प्रोफेसर यूनुस हाल के दिनों में प्रमुख राजनीतिक दलों बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के नेताओं से भी मुलाकात कर चुके हैं। राजनीतिक समीक्षक मानते हैं कि सेना और अंतरिम सरकार के बीच तालमेल चुनाव की दिशा तय करने में अहम साबित हो सकता है।

गाजा में नरसंहार कर रहा इस्राइल, बोले ओब्रायन
अंतरराष्ट्रीय नरसंहार विद्वानों के संघ ने कहा है कि इस्राइल गाजा में नरसंहार कर रहा है और इसके कानूनी मानदंड पूरे हो गए हैं। संघ की अध्यक्ष मेलानी ओब्रायन ने सोमवार को बताया कि 500 सदस्यीय संगठन के 86 प्रतिशत विद्वानों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। उनके अनुसार, इस्राइल की नीतियां और कार्रवाइयां 1948 के संयुक्त राष्ट्र नरसंहार सम्मेलन की परिभाषा के दायरे में आती हैं।

इस्राइल के विदेश मंत्रालय ने इस बयान को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि यह हमास के झूठ पर आधारित है। मंत्रालय ने इस आरोप को अपमानजनक बताते हुए दोहराया कि गाजा में उसकी कार्रवाई आत्मरक्षा के तहत है। उल्लेखनीय है कि इस्राइल हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में एक मुकदमे का सामना कर रहा है, जिसमें उस पर नरसंहार का आरोप लगाया गया है।

गाजा जाने वाला जहाजी बेड़ा तूफान के चलते बार्सिलोना लौटा
बार्सिलोना से गाजा के लिए रवाना हुआ ‘ग्लोबल सुमूद फ्लोटिला’ तूफान के कारण वापस लौट आया। 44 देशों के प्रतिभागियों वाला लगभग 20 नौकाओं का यह बेड़ा इज़राइल की नाकाबंदी तोड़ने का सबसे बड़ा प्रयास माना जा रहा है। तेज हवाओं और बारिश के चलते सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया। जहाजों पर स्वीडिश पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग और बार्सिलोना की पूर्व मेयर एडा कोलाउ भी मौजूद थीं। मिशन को हॉलीवुड अभिनेत्री सुसान सारंडन और अभिनेता लियम कनिंघम ने भी समर्थन दिया है। नए प्रस्थान की तारीख अभी तय नहीं हुई है।

इस्राइली हमले में मारे गए हूती प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार
यमन की राजधानी सना में सोमवार को सैकड़ों लोग हूती प्रधानमंत्री अहमद अल-रहावी और अन्य मंत्रियों के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। ये अधिकारी 24 अगस्त को इस्राइल के हवाई हमले में मारे गए थे। शवों को शाअब मस्जिद में रखा गया, जहां लोगों ने अमेरिका और इस्राइल के खिलाफ नारे लगाए। यह अब तक इस्राइली हमलों में मारे गए सबसे वरिष्ठ हूती नेता थे। हुती नेताओं ने कहा कि हमला उस समय हुआ जब सरकार सालाना कार्यों की समीक्षा कर रही थी। हूती नेताओं ने दावा किया कि बंदरगाह अब भी चालू हैं और खाद्य संकट नहीं है।

नेपाल में गणेश विसर्जन के दौरान पथराव
नेपाल के जनकपुरधाम में विसर्जन जुलूस के दौरान गणेश प्रतिमा पर पथराव के बाद दंगा भड़क गया। दोनों समुदायों के बीच जमकर पथराव हुआ। इसमें दो लोग घायल हो गए। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इलाके में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जनकपुरधाम में हिंदू समुदाय के लोग भगवान गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के लिए जुलूस निकाल रहे थे। जुलूस वार्ड नंबर 20 स्थित देवपुरा-रुपैठा से शुरू हुआ और एक समुदाय बहुल बस्ती काशीभुई में बने तालाब की ओर प्रस्थान कर रहा था। आरोप है कि देवपुरा-रुपैथा के झंडा चौक पर समुदाय विशेष के कुछ लोगों ने जुलूस को रोकने की कोशिश की और प्रतिमा पर पथराव कर दिया। इसके बाद दोनों समुदायों में पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पथराव रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नेपाली पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में तनाव के देखते हुए 200 जवनों को तैनात किया गया है।

कनाडा के पीएम ने तेलंगाना के मंदिर प्रशासन को सराहा
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने तेलंगाना के यदाद्री-भुवनगिरी जिले में स्थित श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर के प्रशासन और भक्तों को सराहा है। तेलंगाना की मंत्री कोंडा सुरेखा ने श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त की। ओटावा में ईवाई सेंटर में आयोजित श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी कल्याण महोत्सव के दौरान कनाडा के प्रधानमंत्री ने मंदिर प्रशासन और भक्तों की सेवाओं की सराहना की। 

न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर सड़क हादसे में घायल
न्यूयॉर्क शहर के पूर्व मेयर रूडी गिउलिआनी न्यू हैम्पशायर में एक कार दुर्घटना में घायल हो गए हैं। उनके प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि इस हादसे में गिउलिआनी की रीढ़की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है और उन्हें अन्य चोटें भी आई हैं। 

न्यू हैम्पशायर पुलिस ने एक बयान में बताया कि गिउलिआनी एक किराए की फोर्ड ब्रॉन्को कार में सवार थे, जिसे उनके प्रवक्ता टेड गुडमैन चला रहे थे। शनिवार देर रात उनकी गाड़ी को पीछे से एक होंडा एचआर-वी ने टक्कर मार दी। यह कार 19 साल की एक महिला चला रही थी।

पुलिस अधिकारियों ने खुद इस हादसे को होते हुए देखा। टक्कर के बाद दोनों वाहन राजमार्ग के बीच बने डिवाइडर से टकराए और काफी क्षतिग्रस्त हो गए। गुडमैन और कार चलाने वाली युवती को हल्की चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

रूसी वाणिज्य दूतावास के गेट से टकराया वाहन, व्यक्ति गिरफ्तार
रूस के वाणिज्य दूतावास के गेट पर वाहन से टक्कर मारने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह आठ बजे पूर्वी उपनगर वूलाहरा में वाणिज्य दूतावास की पार्किंग पर एक बिना अनुमति वाला वाहन खड़ा होने की सूचना मिली। पुलिस ने चालक से बात करने की कोशिश की लेकिन, उसने टोयोटा क्लूगर वाहन से गेट पर टक्कर मार दी। इस घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए और उनका उपचार किया गया। एसयूवी दूतावास में राष्ट्रीय ध्वज लगाने के खंभे पर रुकी। 
 

आरोपी व्यक्ति (39 वर्षीय) को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ किन धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है, पुलिस ने इसकी जानकारी नहीं दी है। ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा में स्थित रूसी दूतावास ने टिप्पणी के लिए अनुरोध का जवाब नहीं दिया।

सिंगापुर: पीएम वोंग ने 300 लोगों को सौंपे नागरिका प्रमाणपत्र
सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने नए नागरिकों से कहा कि वे देश की जनता के साथ मिलकर समाज के कामों में हिस्सा लें और देश की भलाई में मदद करें। प्रधानमंत्री वोंग ने कहा कि नए नागरिक अपने पड़ोसियों को जानकर और विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों से जुड़कर भी समाज में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने यह बात रविवार को आयोजित राष्ट्रीय नागरिकता समारोह के दौरान कही।

इस समारोह में 300 नए नागरिकों को नागरिकता प्रमाण पत्र सौंपे गए और उन्होंने सिंगापुर गणराज्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। साथ ही, उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि वे सिंगापुर के बाकि नागरिकों के साथ मिलकर साझा भविष्य का निर्माण करेंगे। स्थानीय जन्म दर एक प्रतिशत से भी कम होने के कारण सिंगापुर में श्रमिकों की कमी है। इसी वजह से वह हर साल करीब 22,000 नए नागरिकों को अपनाता है। लॉरेंस वोंग ने कहा, यदि आप सक्रिय रूप से भाग लेंगे, तो आप सिर्फ नाम से ही नहीं, बल्कि दिल और भावना से भी सिंगापुरी नागरिक बनेंगे।  

चीन दौरे से पहले किम जोंग उन ने नए मिसाइल कारखाने का निरीक्षण किया 
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने एक नए हथियार कारखाने का निरीक्षण किया। मिसाइलों के बड़े पैमाने पर उत्पादन की योजना के लिए यह कारखाना बेहद महत्वपूर्ण है। यह निरीक्षण उन्होंने चीन रवाना होने से पहले सप्ताहांत में किया। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने यह नहीं बताया कि यह कारखाना कहां है, लेकिन माना जा रहा है कि यह चीन से सटे जगांग प्रांत में स्थित हो सकता है, जो देश के हथियार उद्योग का मुख्य केंद्र है।

पिछले हफ्ते चीन और उत्तर कोरिया दोनों ने पुष्टि की थी कि किम जोंग उन छह साल बाद पहली बार चीन यात्रा पर जाएंगे। वह बीजिंग में होने वाले सैन्य परेड में भाग लेंगे, जो द्वितीय विश्व युद्ध के अंत और जापानी आक्रमण के खिलाफ चीन की लड़ाई की 80वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित हो रही है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की ओर से इस समारोह में कुल 26 विदेशी नेताओं को आमंत्रित किया गया है, जिनमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी शामिल हैं। माना जाता है कि किम जोंग उन ने यूक्रेन पर हमले में पुतिन को काफी सैन्य समर्थन दिया है। इस कार्यक्रम को अमेरिका के खिलाफ चीन, रूस और उत्तर कोरिया के एकजुट मोर्चे के रूप में देखा जा रहा है, खासकर जब अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया के साथ अपनी सुरक्षा साझेदारी मजबूत कर रहा है।

दक्षिण कोरियाई मीडिया का कहना है कि किम सोमवार को ट्रेन से चीन के लिए रवाना हो सकते हैं, क्योंकि चीन की सीमा पर स्थित दांडोंग शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, रेल सेवाएं रोकी गई हैं और होटलों ने विदेशी मेहमानों को ठहराना बंद कर दिया है।

अमेरिका में एटीवी पलटा, दो की मौत, सात बच्चे घायल
अमेरिका के अलबामा में एक ऑल-टेरेन वाहन (एटीवी) एक अन्य वाहन से टकराकर पलट गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और सात बच्चे घायल हो गए। चेरोकी काउंटी आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के निदेशक शॉन रोजर्स ने कहा कि पीडमोंट के इंडियन माउंटेन एटीवी पार्क में नौ लोगों को ले जा रही एक एटीवी एक अन्य वाहन से टकराकर पलट गई और एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में पुरुष चालक की मौके पर ही मौत हो गई। चार मेडिकल हेलीकॉप्टरों ने एक वयस्क महिला और तीन बच्चों को बर्मिंघम के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। बाद में महिला की चोटों के कारण मौत हो गई। एंबुलेंस अन्य चार बच्चों को जॉर्जिया के रोम स्थित एक अस्पताल ले गई। मृत युवक सभी सात बच्चों का पिता था और महिला तीन बच्चों की मां थी।

नेपाल में किडनी रैकेट का भंडाफोड़
नेपाल पुलिस ने किडनी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सरगना समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। नेपाल पुलिस के मानव तस्करी निरोधक ब्यूरो ने बताया कि गिरोह के सरगना 38 वर्षीय श्याम कृष्ण भंडारी और उसके साथी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि तीन अन्य को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। गिरफ्तार किए गए सभी लोग नेपाली हैं। भंडारी पिछले पांच साल से किडनी रैकेट में शामिल था। उसने नेपाल के विभिन्न ग्रामीण इलाकों से लगभग 100 नेपाली नागरिकों को दिल्ली भेजा था, जहां उनकी किडनी निकालकर कुछ निजी क्लीनिकों में प्रत्यारोपित की गई थी। पुलिस ने भंडारी और उसके साथी सुजान भारती को बीरगंज में नेपाल-भारत सीमा से गिरफ्तार किया। इस समूह ने नेपाली नागरिकों को किडनी के बदले 6 लाख नेपाली रुपये देने का वादा किया था। हालांकि, उन्हें उनसे केवल 40,000 नेपाली रुपये ही मिले। भंडारी दिल्ली में अपने अवैध किडनी रैकेट को चलाने के लिए भारतीय आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था।

एजुकेट गर्ल्स संस्था को रेमन मैग्सैसे पुरस्कार
दूरदराज के गांवों में स्कूल न जाने वाली लड़कियों की शिक्षा के लिए काम करने वाली भारतीय गैर लाभकारी संस्था (एनजीओ) एजुकेट गर्ल्स को 2025 के रेमन मैग्सैसे पुरस्कार मिला है। पुरस्कारों की घोषणा रविवार को की गई। रेमन मैग्सैसे पुरस्कार फाउंडेशन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि फाउंडेशन टू एजुकेट गर्ल्स ग्लोबली ने रेमन मैग्सैसे पुरस्कार प्राप्त करने वाला पहला भारतीय संगठन बनकर इतिहास रच दिया है। रेमन मैग्सैसे पुरस्कार, एशिया के लोगों की निस्वार्थ सेवा में दिखाई गई महान भावना को मान्यता देता है। दो अन्य विजेताओं में मालदीव की शाहिना अली को उनके पर्यावरण संबंधी कार्यों के लिए व फिलीपींस के फ्लेवियानो एंटोनियो एल विलानुएवा को चुना गया है। 

अल्बनीज ने भारतीयों के खिलाफ अभियान किया खारिज
ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों के बढ़ते प्रवास के खिलाफ देश के विभिन्न शहरों में चलाए जा रहे अभियानों की सरकार ने निंदा करते हुए उन्हें अस्वीकार कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने कहा कि इस नस्लवाद व जाति आधारित अति-दक्षिणपंथी सक्रियता के लिए देश में कोई जगह नहीं है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की सरकार सप्ताहांत के लिए नियोजित इन रैलियों के खिलाफ है। सभी ऑस्ट्रेलियाई लोगों को, चाहे उनकी पृष्ठभूमि कुछ भी हो, हमारे समुदाय में सुरक्षित व स्वागतयोग्य महसूस करने का अधिकार है।

हमास ने सिनवार के मारे जाने की पुष्टि की, हद्दाद संभालेगा कमान
फलस्तीनी समूह हमास ने तीन महीने बाद शनिवार को अपने सैन्य प्रमुख मोहम्मद सिनवार के मारे जाने की पुष्टि की है। इस्राइली सेना ने मई में ही मोहम्मद सिनवार को मार गिराने का दावा किया था।
मोहम्मद सिनवार की मौत की पुष्टि के बाद अब उसका करीबी सहयोगी इज अल-दिन हद्दाद संगठन की कमान संभालेगा। हद्दा अब तक उत्तरी गाजा में हमास का अभियान संभाल रहा था। हमास ने सिनवार की तस्वीर समूह के अन्य नेताओं के साथ प्रकाशित की है और सभी को शहीद बताया है। मोहम्मद सिनवार इस्लामिक समूह के प्रमुख याह्या सिनवार का छोटा भाई था। इस्राइल याह्या सिनवार को सात अक्तूबर, 2023 के हमले का मास्टरमाइंड मानता है। याह्या पिछले साल एक लड़ाई में मारा गया था। भाई की मौत के बाद मोहम्मद सिनवार समूह के शीर्ष पद पर पहुंचा था।

ट्रंप जापान पर बना रहे अमेरिकी चावल खरीदने का दबाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जापान पर अमेरिकी चावल के लिए बाजार खोलने का दबाव बना रहे हैं। इस वजह से जापान के मुख्य वार्ताकार रयोसेई अकाजावा ने अमेरिका दौरा रद्द कर दिया है। जापानी मीडिया निक्केई एशिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अकाजावा 28 अगस्त को वॉशिंगटन का दौरा करने वाले थे, लेकिन ट्रंप के अमेरिकी चावल खरीदने के दबाव के बाद उन्हें यह यात्रा रद्द करनी पड़ी। जापान ने कहा कि अमेरिका से चावल की खरीद बढ़ाने से उसके किसानों को नुकसान हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक अकाजावा चाहते थे कि उनकी यात्रा से अमेरिका से यह लिखित वादा मिल जाए कि जापानी उत्पादों पर टैरिफ घटेगा, लेकिन जब यह साफ हो गया कि ऐसा नहीं होगा, तो उन्होंने यात्रा रद्द कर दी। कई सरकारी अधिकारियों ने निक्केई एशिया से कहा कि ट्रंप ने जापान पर दबाव डालकर पहले उससे टैरिफ कम कराया और फिर कृषि उत्पादों का आयात बढ़ाने की शर्त रखी। जापान का कहना है कि अमेरिका का रवैया उसकी घरेलू नीतियों में हस्तक्षेप है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed