फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US PoliticsUK UN West Asia Unrest Crime and Global events

World Updates: पाकिस्तान में तोड़ा गया अहमदी उपासना स्थल; गाजा में इस्राइली हमलों में 46 फलस्तीनियों की मौत

Wed, 30 Jul 2025 03:19 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Wed, 30 Jul 2025 03:19 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US PoliticsUK UN West Asia Unrest Crime and Global events
world updates - फोटो : अमर उजाला

पश्चिमी अफ्रीकी देश बुर्किना फासो में एक सैन्य अड्डे पर एक सशस्त्र समूह ने हमला कर दिया, जिसमें लगभग 50 सैनिक मारे गए। यह जानकारी मंगलवार को एक स्थानीय नेता और एक निवासी ने दी। इस हमले के लिए जमात नस्र अल-इस्लाम वाल-मुस्लिमीन (जेएनआईएम) नाम के एक आतंकवादी समूह पर शक किया जा रहा है। हमला डार्गो नामक जगह पर सोमवार को हुआ, जो बौल्सा प्रांत में है। दो लोग, जो सेना की प्रतिक्रिया से डर के कारण अपना नाम नहीं बताना चाहते थे, ने बताया कि हमले में लगभग 100 आतंकी शामिल थे। हमला करने के बाद आतंकियों ने अड्डे को जला दिया और वहां से सामान भी लूट लिया। सैन्य सरकार ने अभी तक इस हमले को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया है।

विज्ञापन


22 डेमोक्रेटिक राज्यों ने ट्रंप प्रशासन पर दायर किया मुकदमा
अमेरिका के सबसे बड़े गर्भपात सेवा प्रदाता प्लान्ड पेरेंटहुड को मिलने वाली मेडिकेड फंडिंग में कटौती के खिलाफ 22 डेमोक्रेटिक राज्यों ने ट्रंप प्रशासन पर मुकदमा दायर किया है। यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा हाल ही में किए गए खर्च में कटौती वाले फैसले के बाद उठाया गया है। इस कटौती के चलते कैंसर जांच, जन्म नियंत्रण, और यौन बीमारियों के इलाज जैसी सेवाओं को देने वाले संगठनों को एक साल के लिए मेडिकेड फंड नहीं मिलेगा। इसका मुख्य निशाना प्लान्ड पेरेंटहुड है, लेकिन इसका असर मेन राज्य के एक बड़े मेडिकल संस्थान पर भी पड़ा है। मुकदमा दायर करने वाले राज्यों का कहना है कि कानून की भाषा साफ नहीं है, जिससे यह तय नहीं हो पा रहा है कि ये कटौती किन-किन संस्थाओं पर लागू होती है। उन्होंने कहा कि ये कटौती प्लान्ड पेरेंटहुड को सजा देने जैसा है, क्योंकि वह गर्भपात की सुविधा और उसके अधिकार की वकालत करता है। यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन है।

विज्ञापन

पाकिस्तानी बचाव दल फिर से घायल जर्मन पर्वतारोही को बचाने की कोशिश करेंगे
पाकिस्तान के उत्तर में एक ऊंचे पहाड़ पर चढ़ने के दौरान जर्मनी की एक महिला पर्वतारोही गंभीर रूप से घायल हो गई हैं और वहीं फंसी हुई हैं। मंगलवार को जब अंधेरा हो गया, तो उन्हें बचाने की कोशिश रोकनी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि अब बुधवार सुबह दोबारा कोशिश की जाएगी। घायल महिला का नाम लॉरा डाहलमेयर है। वे ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं और 2017 में महिलाओं की बायथलॉन विश्व कप की विजेता भी रही हैं। सोमवार को वे पाकिस्तान की काराकोरम पहाड़ियों में लैला चोटी पर चढ़ने की कोशिश कर रही थीं, तभी एक हादसे में घायल हो गईं। पाकिस्तान के गिलगित-बाल्टिस्तान इलाके के सरकारी प्रवक्ता फैजुल्लाह फारक ने कहा कि बुधवार सुबह हेलीकॉप्टर की मदद से बचाव अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा। 

नेपाल: नाग पोखरी पूजा के साथ त्योहारी मौसम शुरू
काठमांडो। नाग पंचमी उत्सव के दौरान नाग देवता की पूजा करने के लिए दर्जनों श्रद्धालु राजधानी के नाग पोखरी में उमड़ पड़े। इसी के साथ, हिमालयी राष्ट्र में त्योहारों का मौसम शुरू हो जाता है। नागपोखरी मंदिर में श्रद्धालुओं ने सिंदूर, फूल और दूध चढ़ाया। इस दिन नाग देवता की पूजा के अनुष्ठान के दौरान मुख्य रूप से जौ, तिल, अगरबत्ती, फूल और पत्ते, नाग के चित्र के साथ-साथ कपास से बने चित्रों का इस्तेमाल किया।

विज्ञापन

ब्रिटिश उड़ान में नारेबाजी करने पर भारतवंशी गिरफ्तार
भारतीय मूल के 41 वर्षीय अभय देवदास नायक पर लंदन के ल्यूटन हवाई अड्डे से ग्लासगो जाने वाली उड़ान में तेज नारे लगाकर बाधा डालने और विमान की सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगा है। उसे स्कॉटलैंड की अदालत में पेश किया गया। नायक को रविवार सुबह ग्लासगो में ईजीजेट की उड़ान के उतरने के बाद गिरफ्तार किया गया था। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में वह अमेरिका मुर्दाबाद, ट्रंप मुर्दाबाद और अल्लाहू-अकबर के नारे लगाता हुआ दिखाई दे रहा है।

गाजा में जरूरतमंदों तक पहुंचने से पहले ही भीड़ ने लूट ली 55 ट्रक सहायता सामग्री
गाजा पट्टी में इस्राइल के हवाई हमलों और गोलीबारी में पिछले 48 घंटों में 78 फलस्तीनियों की मौत हुई है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कई लोग भोजन की तलाश में थे। इस बीच जरूरतमंदों को पहुंचाई जाने वाली 55 ट्रक सहायता भुखमरी के शिकार लोगों ने रास्ते में ही लूट ली। उधर, गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 21 माह के भीतर इस युद्ध में गाजा पट्टी में 60,000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।

गाजा में भुखमरी के बढ़ते संकट को लेकर बढ़ते दबाव के बीच इस्राइल ने गत सप्ताह गाजा सिटी, दीर अल-बला और मुवासी क्षेत्रों में रोज 10 घंटे सैन्य कार्रवाई रोककर मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए सुरक्षित रास्तों की व्यवस्था की घोषणा की थी। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि गाजा पहुंचने वाले उसके सभी 55 ट्रक को गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही भीड़ ने लूट ली। यूएन की खाद्य एजेंसी के प्रवक्ता मार्टिन पेनर ने हालात गंभीर बताए। खाद्य संकटों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय प्राधिकरण ने कहा है कि इस समय गाजा पट्टी में भुखमरी से बचाव के लिए यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो इससे बड़ी संख्या में लोगों के जान गंवाने की आशंका है।

सुसान मोनारेज की ट्रंप के सीडीसी निदेशक के रूप में पुष्टि
अमेरिकी सीनेट ने मंगलवार को सुसान मोनारेज को अमेरिका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) की निदेशक के रूप में पुष्टि की। उन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस पद के लिए नामित किया था। 50 साल की मोनारेज को जनवरी में अस्थायी निदेशक बनाया गया था। इसके बाद मार्च में, ट्रंप ने अपनी पहली पसंद डेविड वेल्डन को अचानक हटाकर मोनारेज को इस पद के लिए नामित किया। CDC एक संघीय संस्था है, जो बीमारियों की निगरानी करती है और स्वास्थ्य से जुड़ी खतरनाक स्थितियों से निपटती है। हाल ही में, यह संस्था स्टाफ की भारी कटौती, बड़े अधिकारियों के इस्तीफे और टीकाकरण नीतियों को लेकर विवादों में घिरी हुई है। यह विवाद स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर के कारण बढ़ा है, जो टीकाकरण के विरोधी माने जाते हैं।

अंगोला में ईंधन की कीमतों को लेकर प्रदर्शन, चार की मौत और सैकड़ों गिरफ्तार
अंगोला की राजधानी लुआंडा में ईंधन की कीमतें बढ़ने के खिलाफ दो दिन तक चले विरोध प्रदर्शनों में चार लोगों की मौत हो गई और 500 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी मंगलवार को पुलिस ने दी। सरकार ने इस महीने की शुरुआत में डीजल की कीमतों में 30% से ज्यादा बढ़ोतरी की थी। इसके कारण मिनीबस टैक्सी की सवारी महंगी हो गई, जो वहां के बहुत से लोगों के लिए रोज आने-जाने का मुख्य साधन है। इसी वजह से सोमवार से लोग विरोध प्रदर्शन करने लगे। पुलिस के अनुसार, दंगे, तोड़फोड़ और दुकानों में लूटपाट की घटनाएं हुईं। कई कारें और बसें तोड़ी गईं और सड़कों पर जाम लगा दिया गया। पुलिस प्रवक्ता माटेउस डी लेमोस रोड्रिग्स ने बताया कि इस हिंसा में चार लोगों की जान चली गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि अब शहर में ज्यादातर जगह शांति लौट आई है।

सर्बिया में छात्रों के निष्कासन पर सरकार विरोधी प्रदर्शन, पुलिस से झड़प
सर्बिया के शहर नोवी पजार में मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। यह झड़प तब हुई जब कुछ छात्रों को एक कॉलेज की इमारत से जबरन बाहर निकाला गया, जहां वे कई महीनों से सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। नोवी पजार में सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे और राष्ट्रपति अलेक्सांद्र वुसिक के खिलाफ नारे लगाए। लोगों ने मांग की कि छात्रों को फिर से इमारत में रहने दिया जाए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बोतलें फेंकीं। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने कहा कि उन्होंने संयम से काम लिया और शांति बनाए रखी। बाद में जब छात्रों ने विजय के नारे लगाए, तो पुलिस पीछे हट गई। 

पश्तून प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी सेना ने की गोलीबारी, 7 की मौत, कई घायल

पाकिस्तानी सेना का बर्बर चेहरा एक बार फिर दुनिया को देखने को मिला है, जब उसने अपने ही निहत्थे नागरिकों पर गोलियां चलवा दीं। रविवार को पाकिस्तानी सेना ने खैबर पख्तूनख्वा के तिरहा घाटी में प्रदर्शन कर रहे पश्तून लोगों पर गोलीबारी कर दी, जिसमें सात लोग मारे गए और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए। पाकिस्तानी सेना के मोर्टार धमाके में तिरहा घाटी में एक बच्चे की मौत हो गई थी। इसके खिलाफ स्थानीय नागरिक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इससे नाराज पाकिस्तानी सैनिकों ने प्रदर्शनकारियों पर गोली चला दीं। 
 

सिंगापुर में भारतीय नागरिक को जेल

सिंगापुर में एक भारतीय नागरिक को धोखाधड़ी के आरोप में जेल की सजा सुनाई गई है। सिंगापुर की मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक 20 वर्षीय भारतीय युवक पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पीड़ित व्यक्ति के जानकार को नौकरी दिलाने के बहाने दो हजार सिंगापुर डॉलर की धोखाधड़ी करने का आरोप है। अदालत ने आरोपी चरनजीत सिंह को 13 हफ्ते जेल की सजा  सुनाई है। 

फिर दिखी पाकिस्तान की बौखलाहट
पहलगाम आतंकी हमले में तीन पाकिस्तानी नागरिकों के शामिल होने की बात पर पाकिस्तान एक बार फिर बौखला गया है। उसने ऑपरेशन महादेव में मारे गए तीन पाकिस्तानी नागरिकों की बात को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि भारतीय गृह मंत्री का यह बयान कि जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में अप्रैल में हिंदू पर्यटकों पर हुए हमले में शामिल तीन पाकिस्तानी नागरिक मारे गए, पूरी तरह मनगढ़ंत है।

बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को संसद को बताया कि इस हफ्ते कश्मीर के जंगल में हुई मुठभेड़ में मारे गए तीन आतंकवादी 22 अप्रैल के हमले के अपराधी थे। भारत को इसके समर्थन में सबूत मिले हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, भारतीय गृह मंत्री की ओर से दी गई जानकारी मनगढ़ंत है। इससे इसकी विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठते हैं। शाह ने हमलावरों के बारे में कहा कि वे इस्लामाबाद समर्थित पाकिस्तानी नागरिक थे। उन्होंने पहलगाम में पर्यटकों धर्म पूछकर गोली मारी थी।

पाकिस्तान में तोड़ा गया अहमदी उपासना स्थल
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में अहमदी समुदाय के एक 70 साल पुराने उपासना स्थल को पुलिस ने तोड़ दिया। जमात-ए-अहमदिया पाकिस्तान (जेएपी) के अनुसार, यह कार्रवाई धार्मिक कट्टरपंथियों के दबाव में की गई।

घटना गुजरांवाला जिले के बुताला शर्म सिंह गांव में मंगलवार को हुई। पुलिस ने न केवल उपासना स्थल का 'मिहराब' (नमाज की दिशा) तोड़ा, बल्कि पास के कब्रिस्तान में दो अहमदी कब्रों के पत्थर भी तोड़ दिए, जिन पर धार्मिक शिलालेख थे। जेएपी के प्रवक्ता आमिर महमूद ने इस कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि यह गैरकानूनी और अमानवीय है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस अधिकारी का कहना है कि अहमदी समुदाय को पहले ही चेतावनी दी गई थी कि वे मिहराब और कब्रों से इस्लामिक आयतें हटा लें। समुदाय के इनकार के बाद पुलिस ने खुद कार्रवाई की।

गाजा में इस्राइली हमलों में 46 फलस्तीनियों की मौत
गाजा पट्टी में इस्राइली हमलों और गोलीबारी में मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक कम से कम 46 फलस्तीनियों की मौत हो गई। अस्पतालों के मुताबिक, मरने वालों में अधिकांश लोग मानवीय सहायता पाने के लिए जुटे थे। गाजा सिटी के शिफा अस्पताल ने बताया कि ज़िकिम क्रॉसिंग के पास राहत ट्रकों का इंतजार कर रहे 12 लोग इस्राइली गोलीबारी में मारे गए। वहीं जबालिया शरणार्थी शिविर और बेइत लहिया व बेइत हनून इलाकों में 13 लोगों की मौत हुई।

दक्षिण गाजा के खान यूनिस में नासिर अस्पताल ने बताया कि 16 शव वहां पहुंचे, जो मोराग कॉरिडोर के पास राहत ट्रकों का इंतजार करते हुए मारे गए। एक व्यक्ति टेंट पर हमले में मारा गया। इस बीच ब्रिटेन ने एलान किया है कि यदि इस्राइल युद्धविराम पर सहमत नहीं होता तो वह सितंबर में फलस्तीनी राज्य को मान्यता देगा। इस्राइल ने इस पर आपत्ति जताई है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed