World Updates: नेपाल में कार्की ने चुनाव आयोग के साथ की बैठक; यूएन प्रवक्ता ने पहलगाम हमले पर कही ये बात
नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने मंगलवार को आम चुनाव की तैयारियों पर चुनाव आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई, जिसमें प्रधानमंत्री और कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी की अगुवाई वाली टीम ने कानूनी संशोधन, चुनाव प्रबंधन, संसाधन जुटाने और अन्य संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। चुनाव आयोग के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई ने कहा कि यह सरकार के साथ आम चुनाव की तैयारियों पर प्रारंभिक संवाद था। आयोग और सरकार दोनों ने सहमति जताई कि ताजा चुनाव समय पर होना चाहिए। आयोग ने सस्ती और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में कानून मंत्री अनिल कुमार सिन्हा भी मौजूद थे।
पहलगाम हमले के बाद आतंकवाद के खिलाफ बहुराष्ट्रीय समाधान जरूरी : यूएन प्रवक्ता
संयुक्त राष्ट्र पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद आतंकवाद के खिलाफ मजबूत बहुराष्ट्रीय अभियान का पक्षधर है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने सोमवार को कहा, हमने आतंकवादी हमलों की हमेशा निंदा की है और आगे भी करते रहेंगे। स्टीफन दुजारिक ने कहा, महासचिव ने अब तक हर आतंकी हमले की निंदा की है। हम आतंकवाद निरोधक कार्यालय के माध्यम से बहुत सक्रिय रहे हैं और देशों को आतंकवाद से लड़ने में मदद कर रहे हैं। हम न केवल कानून प्रवर्तन के माध्यम से बल्कि यात्रा प्रतिबंधों और वित्तीय ट्रैकिंग के मुद्दों पर मदद कर रहे हैं। आतंकवाद एक ऐसी चुनौती है जिसकी कोई सीमा नहीं है, जो राष्ट्रीय सीमा का सम्मान नहीं करता है, और जिसके लिए एक बहुराष्ट्रीय एक अंतरराष्ट्रीय समाधान की आवश्यकता है।
भारत सहित कई सदस्य देशों की तरफ से सीमा पार आतंकवाद के बारे में उठाई गई चिंताओं का जवाब देते हुए संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता ने इस पर जोर दिया कि पड़ोसियों के साथ शांति बनाए रखना सरकारों की जिम्मेदारी है। हर सदस्य देश के लिए अपनी सीमाओं पर नियंत्रण रखना और अपने पड़ोसियों के साथ शांति से रहना जरूरी है। रूस-यूक्रेन संघर्ष पर दुजारिक ने कहा हमारा मानना है कि यूक्रेन में संघर्ष का एकमात्र समाधान बातचीत और कूटनीति है। हम जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यही संदेश दे रहे हैं।
श्रीलंका के पूर्व आव्रजन प्रमुख हर्षा को मिली दो साल की सजा
श्रीलंका के सुप्रीम कोर्ट ने देश के पूर्व आव्रजन प्रमुख हर्षा इलुकपितिया को अदालत की अवमानना के मामले में दो साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। मामला अप्रैल 2024 में शुरू हुए नए इलेक्ट्रॉनिक वीजा-ऑन-अराइवल सिस्टम से जुड़ा है, जिसे निजी कंपनी को आउटसोर्स किया गया था। इस व्यवस्था के कारण यात्रियों को कोलंबो एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा था और वीजा शुल्क भी बढ़ गया था।
विपक्षी दलों ने इसे घोटाला बताते हुए अदालत में याचिका दायर की थी। सुप्रीम कोर्ट ने जुलाई 2024 में इस सिस्टम को बंद करने और पुराने तरीके को बहाल करने का आदेश दिया था। लेकिन इलुकपितिया ने आदेश का पालन नहीं किया। इसके चलते उन्हें 25 सितंबर 2024 को हिरासत में लिया गया था। पिछले एक साल में उनकी कई जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी थीं। मंगलवार को तीन जजों की बेंच ने फैसला सुनाते हुए कहा कि आदेश की अवहेलना गंभीर अपराध है।
श्रीलंका में नौसेना प्रमुख ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने 22 सितम्बर को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में इंडियन पीस कीपिंग फोर्स (आईपीकेएफ) मेमोरियल पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। यह समारोह उन सैनिकों के साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करने के लिए आयोजित किया गया, जिन्होंने श्रीलंका में शांति बनाए रखने के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। इस दौरान एडमिरल त्रिपाठी ने श्रीलंका के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और रक्षा मंत्री के साथ मुलाकात की। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने, नौसैनिक साझेदारी मजबूत करने और संयुक्त प्रशिक्षण को लेकर चर्चा हुई। यह दौरा भारत और श्रीलंका के बीच दोस्ती, समुद्री सुरक्षा और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति स्थापित करने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
Chief of the Naval Staff Dinesh K Tripathi laid a wreath at the Indian Peace Keeping Force (IPKF) Memorial in Colombo on September 22.
— ANI (@ANI) September 23, 2025
The solemn ceremony was a tribute to the courage, valour & supreme sacrifice of Indian soldiers who served with honour during IPKF operations.… pic.twitter.com/hofiaabmB3
Chief of the Naval Staff Dinesh K Tripathi, during his visit to Sri Lanka, interacted with Maj Gen KP Aruna Jayasekera, Deputy Defence Minister, Air Vice Marshal Sampath Thuyacontha (Retd), Secretary Defence, VAdm Kanchana Banagoda, Commander of the Sri Lanka Navy, Air Marshal VB… pic.twitter.com/GHgTBx4GPK
— ANI (@ANI) September 23, 2025
Discussions underscored the shared resolve of India & Sri Lanka to expand defence collaboration and enhance interoperability across Services.
— ANI (@ANI) September 23, 2025
The engagements reaffirmed India’s commitment to strengthening military-to-military ties, promoting capacity building & fostering greater… pic.twitter.com/OAmMw8qQiF
इस सप्ताह कई वैश्विक नेताओं से मिलेंगे ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सप्ताह संयुक्त राष्ट्र में कई महत्वपूर्ण बैठकें करने वाले हैं। इसकी शुरुआत संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस और यूक्रेन, अर्जेंटीना और यूरोपीय संघ के नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता से होगी। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने सोमवार को यह जानकारी दी। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने बताया कि एक अलग बहुपक्षीय शिखर सम्मेलन में, ट्रंप कतर, सऊदी अरब, इंडोनेशिया, तुर्किये, पाकिस्तान, मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन के नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
भारत- ब्रिटेन एफटीए में भूमिका के लिए प्रधानमंत्री स्टार्मर को लिविंग ब्रिज सम्मान
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को घनिष्ठ द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने और भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप देने में उनकी भूमिका के लिए लिविंग ब्रिज सम्मान से नवाजा गया है। विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय (एफसीडीओ) में भारत-प्रशांत मामलों की मंत्री सीमा मल्होत्रा ने यहां सोमवार को एक समारोह में स्टार्मर की ओर से यह सम्मान स्वीकार किया। स्टार्मर के अलावा, भारतीय-ब्रिटिश कारोबारी जीपी हिंदुजा, केपीएमजी यूके की अध्यक्ष बीना मेहता और साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय को भी विभिन्न क्षेत्रों में भारत और ब्रिटेन को करीब लाने में उनकी भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। वार्षिक लिविंग ब्रिज अवॉर्ड रणनीतिक परामर्श देने वाले ब्रिटेन के इंडिया बिजनेस ग्रुप (आईबीजी) की ओर दिया जाता है। आईबीजी के अध्यक्ष और लिविंग ब्रिज अवार्ड्स के निर्णायक मंडल के प्रमुख लॉर्ड कमलेश पटेल ने कहा, ये पुरस्कार उन व्यक्तियों और संगठनों का प्रदान किए जाते हैं, जो हमारी साझा समृद्धि को बढ़ावा देते हैं और दोनों देशों के बीच विशेष मित्रता को मूर्त रूप देते हैं।
पीएम मोदी ने नेतन्याहू और इस्राइलवासियों को दी यहूदी नववर्ष की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दुनिया भर के यहूदी समुदाय और इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को यहूदी नववर्ष रोश हशनाह की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, शाना तोवा! मेरे मित्र प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, इस्राइल के लोगों और दुनिया भर के यहूदी समुदाय को रोश हशनाह की हार्दिक शुभकामनाएं। सभी को शांति, आशा और अच्छे स्वास्थ्य से भरे नए साल की शुभकामनाएं।
नए अमेरिकी प्रतिबंधों के बाद एक और आक्रामकता के आगे नहीं झुकेंगे: ब्राजील
ब्राजील सरकार ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश एलेक्जेंडर डी मोरेस की पत्नी पर अमेरिकी प्रतिबंधों की घोषणा को गहरा आक्रोश के साथ स्वीकार किया। उन्होंने इसे देश की संप्रभुता पर हमला बताया। ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने कहा, हम एक और आक्रामकता के आगे नहीं झुकेंगे।
राज कमल इरिट्रिया में भारत के अगले राजदूत नियुक्त
मिलान स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में कार्यरत राज कमल को इरिट्रिया में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राजकमल जल्द ही नया कार्यभार संभाल लेंगे। भारत ने 24 मई, 1993 को इथियोपिया से इरिट्रिया की विधिवत स्वतंत्रता के तुरंत बाद इसे औपचारिक रूप से मान्यता दी थी।
नासा ने चुने अपने नए अंतरिक्ष यात्री, पहली बार महिलाओं की संख्या ज्यादा
नासा ने सोमवार को अपने नए अंतरिक्ष यात्रियों की घोषणा की। इस बार 8,000 से ज्यादा आवेदकों में से 10 वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और टेस्ट पायलटों को चुना गया है, जो भविष्य में चंद्रमा और संभवतः मंगल ग्रह की खोज में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इस बार की अंतरिक्ष यात्री टीम में पहली बार पुरुषों से ज्यादा महिलाएं शामिल की गई हैं। इनमें एक भूवैज्ञानिक हैं जिन्होंने नासा के क्यूरियोसिटी मार्स रोवर मिशन पर काम किया, एक स्पेसएक्स इंजीनियर हैं जो पहले निजी स्पेसवॉक मिशन में गई थीं, और एक पूर्व स्पेसएक्स लॉन्च डायरेक्टर भी शामिल हैं।
2 साल की ट्रेनिंग के बाद उड़ान की तैयारी
इन सभी को अब दो साल की कठोर ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद ही वे अंतरिक्ष उड़ानों के लिए पात्र बनेंगे। नासा के कार्यवाहक प्रशासक शॉन डफी ने कहा कि इनमें से कोई एक व्यक्ति भविष्य में मंगल ग्रह पर कदम रखने वाला पहला इंसान हो सकता है। यह नासा का 24वां अंतरिक्ष यात्री बैच है, जिसकी शुरुआत 1959 में मर्करी सेवन टीम से हुई थी। पिछला बैच 2021 में चुना गया था। नासा के इतिहास में अब तक केवल 370 लोगों को अंतरिक्ष यात्री बनने का मौका मिला है, जो इसे एक बेहद खास और सीमित क्लब बनाता है।
अमेरिका में चीनी प्लेटफॉर्म टिकटॉक को लेकर बड़ा सौदा हो गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को कहा कि तकनीकी क्षेत्र के दिग्गज कंपनी ओरेकल अमेरिकी उपयोगकर्ताओं के लिए टिकटॉक के एल्गोरिदम को नियंत्रित करेगी। अमेरिका में टिकटॉक के भविष्य को लेकर बातचीत में चीनी कपनी बाइटडांस के स्वामित्व वाले एल्गोरिदम पर नियंत्रण मुख्य मुद्दों में से एक था।
व्हाइट हाउस के अधिकारी ने कहा कि अगर एल्गोरिदम चीनी है तो यह अनुपालन के अनुरूप नहीं होगा। बाइटडांस के साथ कोई साझा एल्गोरिदम नहीं हो सकता। ओरेकल को एल्गोरिथम की एक प्रति प्राप्त होगी और वह एप के सुरक्षा संचालन की देखरेख करेगा। अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप इस हफ्ते के अंत में एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे, जिसमें अनिवार्य रूप से यह घोषणा की जाएगी कि इस समझौते की शर्तें अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा जरूरतों को पूरा करती हैं। इसके बाद ट्रंप जरूरी समझौतों को अंतिम रूप देने के लिए 120 दिन की मोहलत जारी करेंगे।
अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी एनवीडिया ओपनएआई में 88.28 खरब रुपये का निवेश करेगी। उसे डाटा सेंटर चिप्स की भी आपूर्ति करेगी। कंपनियों ने सोमवार को कहा, यह कदम वैश्विक कृत्रिम बुद्धिमत्ता दौड़ में दो सबसे उच्च प्रोफाइल खिलाड़ियों के बीच गठजोड़ को चिह्नित करता है।
यह फैसला उन्नत एआई सिस्टम विकसित करने वाली तकनीकी दिग्गजों के बढ़ते परस्पर-विरोधी हितों को बताता है। इस सौदे से एनवीडिया को दुनिया की सबसे प्रमुख एआई कंपनी में वित्तीय हिस्सेदारी मिलती है, जो पहले से एक महत्वपूर्ण ग्राहक है। यह निवेश ओपनएआई को उन्नत चिप्स खरीदने के लिए आवश्यक नकदी और पहुंच प्रदान करता है, जिसकी उसे बढ़ती प्रतिस्पर्धात्मक परिदृश्य में अपना प्रभुत्व बनाए रखने के लिए सबसे पहले आवश्यकता है। सूत्र के अनुसार, इस सौदे में दो अलग-अलग, लेकिन आपस में जुड़े लेन-देन शामिल होंगे।
स्टार्टअप चिप्स के लिए एनवीडिया को नकद भुगतान करेगा, जबकि एनवीडिया ओपनएआई में गैर-नियंत्रित शेयरों के लिए निवेश करेगा। एनवीडिया का पहला 88,280 करोड़ रुपये का निवेश तब शुरू होगा, जब दोनों पक्ष ओपनएआई की ओर से एनवीडिया सिस्टम खरीदने के लिए एक निश्चित समझौते पर पहुंच जाएंगे। हाल में ओपनएआई का मूल्यांकन 44.145 लाख करोड़ रुपये आंका गया था। एनवीडिया 2026 के अंत तक हार्डवेयर की आपूर्ति शुरू कर देगा और कंप्यूटिंग शक्ति का पहला गीगावाट उसी वर्ष की दूसरी छमाही में अपने वेरा रुबिन प्लेटफॉर्म पर तैनात किया जाएगा।
ईरानी राजनयिकों पर अमेरिका की नई सख्ती
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने अमेरिका में तैनात या संयुक्त राष्ट्र की बैठकों में शामिल होने आए ईरानी राजनयिकों पर एक और सख्त प्रतिबंध लागू कर दिया है। अब ये राजनयिक अमेरिका में बिना विशेष अनुमति के न तो थोक बाजारों जैसे कॉस्टको, सैम्स क्लब से सामान खरीद सकेंगे और न ही लग्जरी आइटम्स जैसे गाड़ियां, घड़ियां, पर्स, शराब, सिगरेट और गहने आदि।
अमेरिकी विदेश विभाग के 'ऑफिस ऑफ फॉरेन मिशन्स' की ओर से यह फैसला लिया गया है। यह आदेश मंगलवार को संघीय रजिस्टर में प्रकाशित होगा। इसमें कहा गया है कि थोक बाजारों से सदस्यता लेना या खरीदारी करना भी अब सरकारी अनुमति से जुड़ा लाभ माना जाएगा, जिसके लिए पहले मंजूरी लेनी होगी।
सिर्फ ईरान को बनाया गया निशाना
हालांकि यह नियम सभी देशों के लिए लागू नहीं है, बल्कि विशेष रूप से ईरानी राजनयिकों को ही निशाना बनाया गया है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ईरानी राजनयिक अक्सर Costco जैसे स्टोर्स से सस्ते दामों पर बड़ी मात्रा में चीजें खरीदकर ईरान भेजते थे, जो वहां की प्रतिबंधित अर्थव्यवस्था में आसानी से नहीं मिलतीं।
फिलीपीन-ताइवान में तूफान, हांगकांग में उड़ानें बंद
उत्तरी फिलीपीन में सुपर तूफान रागासा के कारण भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण 10,000 से ज्यादा लोगों को स्कूलों-निकासी केंद्रों में शरण लेनी पड़ी। करीब 270 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही हवाओं के बीच तूफान का असर हांगकांग, ताइवान व चीन में भी पड़ा है।
ताइवान ने अपनी सभी उड़ानें रोक दी हैं वहीं हांगकांग ने अगले 36 घंटे तक सभी उड़ानों पर रोक दी हैं। दक्षिणी चीन से टकराने के साथ यह तूफान और शक्तिशाली हो रहा है। पश्चिम में बाबुयान की ओर बढ़ते हुए हवा की रफ्तार और बढ़ गई। कागायन आपदा प्रमुख रुएली रैप्सिंग ने कहा, उनकी टीम सबसे बुरे के लिए तैयार है। राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस ने कहा, वे हालात पर कड़ी नजर रख रहे हैं। ताइवान में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई है। ताइवान और हांगकांग में लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों से बाहर निकाला जा रहा है।
चीन : नेपाल जैसे आंदोलन का डर, ऑनलाइन सामग्री पर नकेल
चीन ने पड़ोसी देश नेपाल में भ्रष्टाचार, वंशवाद को लेकर जेन-जी के हिंसक आंदोलन के बाद तख्तापलट को देखते हुए ऑनलाइन सामग्री पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। चीनी सरकार को युवाओं के विद्रोह का डर सता रहा।
चीनी इंटरनेट नियामक ने सोमवार को हिंसक या शत्रुतापूर्ण भावनाओं को बढ़ावा देने वाली किसी भी ऑनलाइन सामग्री पर अंकुश लगाने के लिए दो माह के राष्ट्रीय अभियान की घोषणा की। धीमी होती अर्थव्यवस्था पर निराशावादी बयानों पर कार्रवाई होगी। अभियान हाल में शॉर्ट-वीडियो एप कुआइशौ, माइक्रोब्लॉगिंग साइट वीबो और इंस्टाग्राम जैसी साइट शियाओहोंगशु समेत प्रमुख प्लेटफॉर्म के खिलाफ सामग्री उल्लंघनों पर हुई कार्रवाइयों के बाद शुरू हुआ है।
टीवी अभिनेता की मौत से जुड़ी गलत जानकारी का दे रहे हवाला
यह घोषणा बीजिंग पुलिस के उस बयान के बाद आई है कि उन्होंने टीवी अभिनेता 37 वर्षीय मेंगलोंग की मौत की अफवाह फैलाने के आरोपी तीन लोगों के खिलाफ अनिवार्य कार्रवाई की है। पुलिस ने कहा, यू की शराब पीने के बाद मौत हुई, लेकिन इन्होंने ध्यान आकर्षित करने को जानकारी गढ़ी और फर्जी वीडियो बनाए, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था बाधित हुई।
कनाडा : पन्नू का करीबी सहयोगी इंदरजीत गिरफ्तार
कनाडा ने भारत के साथ संबंधों को सुधारने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए खालिस्तान समर्थक आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के करीबी इंदरजीत सिंह गोसाल को हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
2023 में हरदीप सिंह निज्जर की मौत के बाद से कनाडा में गोसाल ही पन्नू के आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस का पूरा काम देख रहा था। बताया जा रहा है एनएसए अजित डोभाल के दबाव डालने के बाद गोसाल को पकड़ा गया है। डोभाल ने इस बृहस्पतिवार को कनाडा की एनएसए नताली ड्रोइल के साथ दिल्ली में वार्ता की थी। गोसाल को पुलिस ने नवंबर, 2024 में भी एक हिंदू मंदिर पर हुए हमले के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी से भड़के सिख फॉर जस्टिस ने आरोप लगाया कि गोसाल की जान को भारत सरकार की खुफिया एजेंसी रॉ से खतरा है।
जयशंकर ने की फिलीपीन के विदेश मंत्री से मुलाकात, हिंद प्रशांत में सहयोग पर चर्चा
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर फिलीपीन के अपने समकक्ष टेस लाजारो से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र और हिंद प्रशांत क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। जयशंकर ने बताया कि यह मुलाकात फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मारकोस जूनियर की हाल की भारत यात्रा की कड़ी में हुई है। बातचीत में संयुक्त राष्ट्र मंचों और हिंद प्रशांत क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
ब्रिटेन वीजा शुल्क में छूट देकर प्रतिभाओं को स्वदेश बुलाएगा
भारत सहित दुनिया की शीर्ष विज्ञान और तकनीकी पेशेवरों को ब्रिटेन बुलाने के लिए स्टारमर सरकार वीजा शुल्क में छूट देने की तैयारी कर रही है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके लिए ग्लोबल टैलेंट टास्कफोर्स को और अधिक सक्रिय किया जा रहा है। अमेरिका की ओर से एच-1बी वीजा का शुल्क बढ़ाए जाने से पेशेवरों के बीच पैदा आशंकाओं के मद्देनजर ब्रिटेन का यह कदम अहम माना जा रहा है।
न्यूजीलैंड की एक अदालत ने मंगलवार को एक महिला को अपने दो बच्चों की हत्या के मामले में दोषी ठहराया। महिला ने बच्चों की हत्या के बाद उनके शव सूटकेस में बंद कर छोड़ दिए थे। अदालत ने हाक्युंग ली नाम की महिला के पागलपन के बचाव को खारिज कर दिया। यह मामला 2018 का है, जब ली ने अपने छह और आठ साल के बच्चों की हत्या की थी। बच्चों के शव 2022 में ऑकलैंड के एक स्टोरेज यूनिट से मिले, जिसे महिला ने किराए पर लिया था लेकिन बाद में किराया न देने के कारण उसका सामान नीलाम कर दिया गया। ली को दक्षिण कोरिया से प्रत्यर्पित कर नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड लाया गया था। अदालत 26 नवंबर को उसे सजा सुनाएगी। न्यूजीलैंड में हत्या के लिए उम्रकैद की सजा अनिवार्य है।
मालदीव के पास समुद्र में एक भारतीय नागरिक जहाज से गिरकर लापता हो गया। यह घटना सोमवार देर रात की है, जब भारतीय ध्वज वाले कार्गो जहाज एमएसवी दौलह का एक क्रू सदस्य विलीमाले के उत्तर में लगभग एक किलोमीटर दूर समुद्र में गिर गया। मालदीव नेशनल डिफेंस फोर्स (एमएनडीएफ) को रात करीब 11:35 बजे इसकी सूचना मिली। इसके बाद कोस्टगार्ड की दूसरी टुकड़ी ने समुद्र और हवा, दोनों रास्तों से खोज अभियान शुरू किया। मंगलवार सुबह 7:22 बजे तक, यानी घटना के करीब आठ घंटे बाद भी, उस व्यक्ति का कोई पता नहीं चल पाया था। एमएनडीएफ ने बताया कि खोज अभियान अभी जारी है और उसे जल्द ही तेज किया जाएगा।
माली, बुर्किना फासो और नाइजर में सत्तारूढ़ सैन्य जुंटाओं ने कहा है कि वे तीनों देश अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय से हट रहे हैं। उन्होंने वैश्विक न्यायाधिकरण पर पक्षपातपूर्ण न्याय करने का आरोप लगाया है। तीनों पश्चिमी अफ्रीकी देशों में सैन्य जुंटाओं के सत्ता में आने के बाद, यह वापसी अप्रत्याशित नहीं थी। हेग स्थित आईसीसी, युद्ध अपराधों, मानवता के विरुद्ध अपराधों और नरसंहार के लिए दुनिया का स्थायी वैश्विक न्यायाधिकरण है।
तख्तापलट के बाद से, तीनों देशों के सैन्य नेताओं ने पश्चिम और पश्चिमी अफ्रीकी क्षेत्रीय समूह सहित अपने पुराने सहयोगियों को छोड़ दिया है। उन्होंने नए गठबंधन बनाए हैं, मुख्यतः रूस के साथ, जिसके राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर यूक्रेन में रूस के युद्ध को लेकर आईसीसी द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी है। सोमवार देर रात एक संयुक्त बयान में अपनी वापसी की घोषणा करते हुए, तीनों सेनाओं ने आरोप का विस्तृत विवरण दिए बिना कहा कि आईसीसी साम्राज्यवाद के हाथों नव-औपनिवेशिक दमन का एक साधन बन गया है। सैन्य शासकों ने यह भी कहा कि वे अधिक संप्रभुता की मांग कर रहे हैं और अदालत के समक्ष एक स्थानीय विकल्प का संकेत दिया। आईसीसी से वापसी की प्रक्रिया पूरी होने में कम से कम एक साल लगता है। इस साल की शुरुआत में, हंगरी ने भी अपनी वापसी की घोषणा की थी।