फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US Politics Trump vs Musk UK UN West Asia Unrest Crime and Global events

Updates: फाल्कन-9 रॉकेट की मरम्मत जारी; बांग्लादेश- टैगोर के पैतृक घर में तोड़फोड़ के केस में पांच गिरफ्तार

Fri, 13 Jun 2025 12:59 AM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Fri, 13 Jun 2025 12:59 AM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US Politics Trump vs Musk UK UN West Asia Unrest Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

नासा और एक्सिओम स्पेस ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के लिए एक्सिओम-4 मिशन के प्रक्षेपण की नई तारीख की घोषणा नहीं की है, जिसमें भारत के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य शामिल हैं। स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट में लीक का पता चलने के कारण प्रक्षेपण में देरी हुई है।

विज्ञापन

एक्सिओम स्पेस और नासा की ओर से एक संयुक्त बयान में एक्सिओम-4 मिशन के लॉन्च को स्थगित करने की घोषणा करते हुए कहा गया, मिशन के लिए नई लॉन्च की तारीख मालूम होते ही जारी की जाएगी। जारी जांच के एक हिस्से में नासा, अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के ज्वेज्दा सर्विस मॉड्यूल के सबसे पीछे वाले हिस्से में हाल ही में की गई मरम्मत के बाद, नए दबाव संकेत को समझने के लिए रोस्कोस्मोस के साथ मिलकर काम कर रहा है। बयान में कहा गया कि अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों ने हाल ही में दबाव वाले मॉड्यूल की आंतरिक सतहों का निरीक्षण किया, कुछ अतिरिक्त क्षेत्रों को सील किया और मौजूदा रिसाव दर को मापा। इस प्रयास के बाद, अब दबाव बना हुआ है।
विज्ञापन

 

उत्तर-पश्चिमी कांगो में नाव डूबने से 30 की मौत
कांगो के उत्तर-पश्चिमी प्रांत में खराब मौसम के कारण एक नाव डूबने से 30 यात्रियों की मौत हो गई। कई लोगों की तलाश जारी है, जो अभी भी लापता हैं। क्षेत्रीय प्रशासक जस्टिन मपुटु ने मीडिया को बताया कि नाव बुधवार देर रात बिकोरो क्षेत्र में टुम्बा झील के किनारे ग्रामीणों को ले जाते वक्ट डूब गई। उन्होंने बताया कि 30 शव बरामद किए गए हैं, और कई लोग लापता हैं।

विज्ञापन

पाकिस्तानी सेना प्रमुख मुनीर को अमेरिका ने 250वें सेना दिवस पर किया आमंत्रित
 भारत और हिंदुओं के खिलाफ जहर उगलने वाले पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को अमेरिका ने सेना की 250वीं वर्षगांठ पर आमंत्रित किया है। जनरल मुनीर अमेरिका में सेना दिवस पर होने वाली परेड में शामिल होंगे।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुनीर वाशिंगटन में अपने दौरे के दौरान अमेरिकी विदेश विभाग और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं।  मुनीर का अमेरिका दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भारत-पाकिस्तान में पहलगाम आतंकी घटना के बाद से तनाव बना हुआ है। मुनीर ने अमेरिका से मिले निमंत्रण के बाद सेना दिवस की परेड में अपनी मौजूदगी की पुष्टि की। वह इस हफ्ते अमेरिकी यात्रा पर रवाना होकर 14 जून को वर्षगांठ कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसी दिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जन्मदिन भी है। वह 80 वर्ष के हो जाएंगे। इससे पहले अमेरिकी सेंट्रल कमान के कमांडर जनरल माइकल कुरिल्ला ने पाकिस्तान को लेकर कहा था आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में पाकिस्तान हमारा साझेदार है। 

विज्ञापन

भारत का डिजिटल बुनियादी ढांचा गेम-चेंजर : डाटाब्रिक्स
डाटाब्रिक्स के सीईओ और सह-संस्थापक अली घोड़सी ने कहा है कि भारत का डिजिटल ढांचा विकास एक गेम-चेंजर रहा है, जिसने देश को अन्य अधिकांश देशों से आगे रखा है। डाटाब्रिक्स डाटा व एआई समिट 2025 में घोड़सी ने कहा कि भारत ऐसे समय में उन्नति की ओर है जब कई अन्य क्षेत्रों और देशों में मंदी एक चिंता का विषय है। पिछले दशक में जो हुआ है, जहां भारत में बहुत सारे डिजिटल ढांचे का निर्माण किया गया है, वह एक गेम-चेंजर है।  घोड़सी ने कहा, अमेरिका या अन्य देशों में भी ऐसा नहीं है। भारत अब दुनिया के अधिकांश अन्य देशों की तुलना में डिजिटल ढांचा क्षेत्र में काफी आगे है। इससे डाटा-एआई में नवाचार आसान हो जाता है। 

बांग्लादेश: टैगोर के पैतृक घर में तोड़फोड़ के सिलसिले में पांच गिरफ्तार
बांग्लादेश में नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर के पैतृक घर में तोड़फोड़ के सिलसिले में कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि कवि से जुड़ी किसी भी निशानी को नुकसान नहीं पहुंचाया गया। रवींद्र कछारीबाड़ी या रवींद्र स्मारक संग्रहालय, जिसे रविवार को तोड़फोड़ के बाद बंद कर दिया गया था, शुक्रवार को आगंतुकों के लिए फिर से खोल दिया गया।

कछारीबाड़ी सिराजगंज जिले में स्थित टैगोर परिवार का पैतृक घर और राजस्व कार्यालय है। रवींद्रनाथ के दादा द्वारकानाथ टैगोर की तरफ से 1840 में खरीदा गया यह परिसर नोबेल पुरस्कार विजेता के लिए एकांतवास का पसंदीदा स्थान था, जिन्होंने इस स्थान पर अपनी कई उल्लेखनीय साहित्यिक कृतियां लिखी थीं। एक स्थानीय अखबार ने कहा कि सांस्कृतिक मामलों के मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ड्यूटी पर मौजूद एक कर्मचारी और एक आगंतुक के बीच पार्किंग टिकट को लेकर हुई कहासुनी के दौरान रवींद्रनाथ टैगोर की यादों से जुड़ी कोई भी निशानी या कलाकृति क्षतिग्रस्त नहीं हुई। घटना के बाद, भीड़ ने कचहरीबाड़ी के सभागार पर हमला किया और तोड़फोड़ की तथा संस्थान के निदेशक की पिटाई की। बयान में कहा गया कि जिला प्रशासन और पुरातत्व विभाग ने अलग-अलग जांच समितियां बनाई हैं और कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने घटना के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें कहा गया कि अधिकारी इसमें शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए अपने प्रयास जारी रखे हुए हैं।

अमेरिकी कोर्ट से ट्रंप प्रशासन को एक और झटका, अदालत ने चुनावों में बदलाव से रोका
अमेरिकी अदालत से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन को एक और झटका लगा है। अदालत ने संघीय चुनावों में आमूलचूल परिवर्तन करने वाले उनके व्यापक कार्यकारी आदेश के कुछ हिस्सों को लागू करने से रोक दिया है। इसमें मतदान के लिए पंजीकरण करने हेतु अमेरिकी नागरिकता के प्रमाण की आवश्यकता और चुनाव दिवस के बाद प्राप्त डाक मतपत्रों की गिनती करने से राज्यों को रोकना शामिल है।

बोस्टन में अमेरिकी जिला न्यायाधीश डेनिस कैस्पर ने 19 डेमोक्रेटिक नेतृत्व वाले राज्यों के कहने पर एक प्रारंभिक निषेधाज्ञा जारी की। इन राज्यों ने तर्क दिया था कि रिपब्लिकन राष्ट्रपति के पास चुनावों और राज्यों की मतदान प्रक्रियाओं में बदलाव करने का अधिकार नहीं है। यह मुकदमा ट्रंप के 25 मार्च के कार्यकारी आदेश को चुनौती देने वाले देश भर के कई मुकदमों में से एक है। इस पर उन्होंने अमेरिकी चुनावी प्रणाली की अखंडता पर संदेह जताने और झूठा दावा करने के वर्षों बाद हस्ताक्षर किए थे। इसमें कहा गया था कि डेमोक्रेटिक पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के खिलाफ 2020 में उनकी हार व्यापक मतदाता धोखाधड़ी के कारण हुई थी।

डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में नियुक्त कैस्पर ने लिखा, संविधान राष्ट्रपति को चुनावों पर कोई विशेष अधिकार नहीं देता है। उन्होंने कहा, चुनाव दिवस के नियमों के अनुसार केवल यह आवश्यक है कि सभी वोट चुनाव दिवस तक डाले जाएं, यह नहीं कि वे उस तिथि तक प्राप्त हो जाएं। परिणामस्वरूप, चुनाव दिवस तक डाक से भेजे गए मतपत्रों को स्वीकार करने वाले 13 मुकदमा करने वाले राज्यों को उनकी गिनती करने से कोई नहीं रोक सकता। न्यायाधीश ने अमेरिकी न्याय विभाग को ट्रंप के आदेश का पालन नहीं करने वाले किसी भी राज्य के खिलाफ दीवानी या आपराधिक कार्रवाई करने से भी रोक दिया है।

भारतीय सैन्य अकादमी में लौटेंगे श्रीलंकाई सेना के कमांडर 
श्रीलंकाई सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल बीकेजीएम लासांथा रॉड्रिगो एक बार फिर अपनी पुरानी अकादमी लौटे हैं। वह भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) के पूर्व छात्र हैं। वह कल यानी 14 जून को भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड में समीक्षा अधिकारी की भूमिका निभाएंगे। वह आईएमए के 87वें पाठ्यक्रम के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने जुलाई 1989 में अकादमी में दाखिला लिया था और 15 दिसंबर 1990 को इस संस्थान से कमीशन प्राप्त किया था। भारतीय सेना ने एक बयान में यह जानकारी दी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed