फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US Politics Trump vs Musk UK UN West Asia Unrest Crime and Global events

World Updates: कीएर स्टार्मर ने मोहम्मद यूनुस से मिलने से किया इनकार; कांगो में नाव डूबने से 30 लोगों की मौत

Thu, 12 Jun 2025 10:58 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Thu, 12 Jun 2025 10:58 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US Politics Trump vs Musk UK UN West Asia Unrest Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

ईरान ने 2022 में महसा अमिनी की मौत पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान सात लोगों पर घातक गोलीबारी के दोषी अब्बास कौरकुरी को बुधवार को फांसी दे दी। हालांकि, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि दोषी व्यक्ति को हत्या कबूल करने के लिए प्रताड़ित किया गया था। बता दें कि अमिनी की मौत के विरोध में हुए विरोध प्रदर्शनों में गिरफ्तार किए गए किसी व्यक्ति को एक वर्ष में दी गई पहली फांसी है। अमिनी को पुलिस ने इसलिए हिरासत में लिया था क्योंकि उसने हिजाब नहीं पहना था। उसकी मौत के बाद कई महीनों तक विरोध और हिंसक प्रदर्शन हुए थे।

विज्ञापन

नेपाल में दो मामलों में आठ भारतीय गिरफ्तार
नेपाल की राजधानी काठमांडू में बुधवार को दो अलग-अलग मामलों में आठ भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया गया। पहले मामले में आभूषणों के अवैध कारोबार की सूचना पर नेपाल पुलिस ने न्यू रोड पर भारतीय नागरिकों द्वारा संचालित मुन्ना जेम्स एंड ज्वैलर्स में छापा मारा। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान हरिबोर शेख (43 वर्ष), सुरजीत दास (39 वर्ष), तमोल सदरा (40 वर्ष) और एक 16 वर्षीय लड़के के रूप में हुई है। सभी मूलरूप से कोलकाता के रहने वाले हैं। अभी काठमांडो मेट्रोपॉलिटन सिटी में रह रहे हैं। एसएसपी बिश्वो अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के पास से दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण और अन्य कीमती पत्थर बरामद हुए हैं। दूसरी ओर नेपाल पुलिस ने काठमांडू के बाहरी इलाके में ग्रांडी अस्पताल के पास सुंधरा से दो भारतीय नागरिकों और तोखा से दो भारतीय नागरिकों को 200 ग्राम ब्राउन हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। तोखा से गिरफ्तार दो आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के शशिक आलम (40 वर्ष) और बिहार के मोहम्मद आलम (20 वर्ष) के रूप में हुई है। गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर हमला करने के कारण दोनों को गोली लगी है। पुलिस ने बताया कि दोनों का इलाज काठमांडो के नेशनल ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। बिहार के सुमित कुमार (20 वर्ष) और चंदन जायसवाल (25 वर्ष) को सुंधरा से गिरफ्तार किया गया।  

विज्ञापन
विज्ञापन

बगदाद में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी दूतावास से गैर-जरूरी स्टाफ को हटाने की तैयारी
अमेरिका के दो अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास से सभी गैर-जरूरी कर्मचारियों को हटाने का आदेश देने की तैयारी की जा रही है। यह कदम क्षेत्र में संभावित अस्थिरता और सुरक्षा खतरे को देखते हुए उठाया जा रहा है।

दूतावास पहले से सीमित स्टाफ पर काम कर रहा है
बगदाद स्थित दूतावास पहले से ही सीमित कर्मचारियों के साथ काम कर रहा है, इसलिए इस आदेश से बहुत बड़ी संख्या में लोग प्रभावित नहीं होंगे। इसके साथ ही अमेरिका ने बहरीन और कुवैत में भी दूतावास के गैर-जरूरी कर्मचारियों और उनके परिवारों को देश छोड़ने की अनुमति दी है।

पेंटागन भी अलर्ट पर
एक अन्य अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, पेंटागन (अमेरिकी रक्षा विभाग) बगदाद से अमेरिकी कर्मियों को निकालने की संभावित जरूरत को देखते हुए तैयार है। अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर यह जानकारी दी, क्योंकि यह योजना अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

विज्ञापन

जापान की राजकुमारी काको ब्राजील दौरे पर, राष्ट्रपति लूला से की मुलाकात
जापान के सम्राट नारुहितो की भतीजी और क्राउन प्रिंस अकिशिनो की बेटी राजकुमारी काको इन दिनों 11 दिवसीय ब्राजील दौरे पर हैं। जहां बुधवार को उन्होंने ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से मुलाकात की। यह मुलाकात निजी समारोह के रूप में हुई।

जापान और ब्राजील के बीच राजनयिक संबंधों की 130वीं वर्षगांठ के मौके पर राजकुमारी काको ने ब्राजील की संसद को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिन जापानी लोगों ने ब्राजील में आकर मेहनत की, और जो ब्राजीली जापान गए, उनकी कोशिशों ने दोनों देशों के बीच दोस्ती को मजबूत किया है। मैं चाहती हूं कि यह रिश्ता लंबे समय तक बना रहे।

पाकिस्तान के पूर्व विदश मंत्री की गीदड़भभकी 
पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने कहा कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच फिर से युद्ध हुआ तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इस बार रोक नहीं पाएंगे। साथ ही बिलावल ने भारत को जलयुद्ध की भी धमकी दी। अमेरिका दौरे पर गए बिलावल भुट्टो ने वॉशिंगटन डीसी में मिडिल ईस्ट इंस्टीट्यूट में मीडिया बातचीत में भारत पर बलूचिस्तान में दखलंदाजी और बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) जैसे संगठनों को मदद देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, क्या हर आतंकी हमले के बाद भारत के साथ युद्ध होना चाहिए। पाकिस्तान शांति चाहता है, जो दोनों देशों के हित में है। बिलावल ने कहा कि इस साल पाकिस्तान में आतंकवाद बढ़ा है। अगर हिंसा इसी तरह जारी रही, तो 2025 सबसे खूनी साल हो सकता है।

ऑस्ट्रिया में स्कूल में गोलीबारी के बाद शोक मनाया
ऑस्ट्रिया के एक स्कूल में हुई गोलीबारी में 10 लोगों की मौत पर देशवासियों ने बुधवार को एक मिनट का मौन रखकर शोक मनाया। इस हमले को अंजाम देने वाले बंदूकधारी ने बाद में आत्महत्या कर ली। हालांकि, इस गोलीबारी को अंजाम देने की उसकी मंशा अब भी अस्पष्ट है। ऑस्ट्रिया ने द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद देश में सबसे बड़े हमले के बाद तीन दिनी राष्ट्रीय शोक की घोषणा की।

इस बीच, जांचकर्ताओं को संदिग्ध के घर की तलाशी में एक विदाई पत्र और एक निष्क्रिय पाइप बम मिला। पुलिस ने कहा है कि उसने दो हथियारों- एक शॉटगन और एक हैंडगन का इस्तेमाल किया, जो उसने कानूनी रूप से प्राप्त की थीं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्वीकार किया कि पत्र के आधार पर वे किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाए हैं। ऑस्ट्रिया के गृह मंत्रालय ने भी पत्र मिलने की पुष्टि की है। एजेंसी

एरिजोना गवर्नर ने रोका यहूदी शिक्षा संबंधी अहम बिल
एरिजोना की गवर्नर केटी हॉब्स ने उस प्रस्ताव को वीटो कर दिया है, जिसके तहत राज्य के सरकारी स्कूलों, विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में यहूदी-विरोधी शिक्षा देने पर प्रतिबंध लगाया जाना था। प्रस्ताव में नए नियमों का उल्लंघन करने वाले शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई व मुकदमा चलाने का प्रावधान भी था। डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़ी गवर्नर ने कहा, यह विधेयक यहूदी-विरोध को लेकर नहीं है, बल्कि शिक्षकों पर हमला करने को लेकर है।

हवाई में फिर फटा दुनिया का सबसे सक्रिय ज्वालामुखी
हवाई द्वीप पर मौजूद दुनिया के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक, किलाउए ज्वालामुखी ने एक बार फिर लावा उगलना शुरू कर दिया है। बुधवार को इसके उत्तर दिशा वाले वेंट से तेज़ी से लावा निकलने लगा। यह इसी ज्वालामुखी के लगभग छह महीने पहले शुरू हुए विस्फोट की 25वीं कड़ी है।

वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बार लावा की धाराएं 330 फीट (करीब 100 मीटर) तक ऊपर उठीं और कई दिशाओं में बहने लगीं। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के हवाई ज्वालामुखी वेधशाला के अनुसार, इन लावा की ऊंचाई और भी ज्यादा बढ़ सकती है।

कैसे शुरू हुआ यह नया विस्फोट?
मंगलवार को विस्फोट से पहले गैस-पिस्टनिंग नाम की प्रक्रिया देखी गई। इसमें ज्वालामुखी के वेंट में गैस इकट्ठा होती है, जिससे लावा का स्तर ऊपर-नीचे होता है। जब गैस दबाव बनाकर बाहर निकलती है, तो लावा स्प्लैश या धाराओं के रूप में बाहर आता है। इस तरह की गतिविधि मंगलवार को हर घंटे 10 बार तक देखने को मिली और फिर बुधवार को यह एक स्थिर डोम फव्वारे में बदल गई, जिससे क्रेटर के फर्श पर लावा फैलने लगा।

हैती में गैंग हिंसा से हाहाकार, 13 लाख लोग बेघर
हैती में गैंग हिंसा अब नियंत्रण से बाहर होती जा रही है। संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संस्था (आईओएम) ने बुधवार को जारी रिपोर्ट में बताया कि देशभर में रिकॉर्ड 13 लाख लोग हिंसा के चलते अपने घर छोड़ने को मजबूर हो चुके हैं। यह दिसंबर 2023 के मुकाबले 24% की बढ़ोतरी है।

राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस सबसे ज़्यादा प्रभावित
गैंग हिंसा का सबसे बुरा असर राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस और उसके आसपास के इलाकों में देखा जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, हैती की 12 करोड़ की आबादी में से 11% लोग अब विस्थापित हो चुके हैं। राजधानी के उत्तर की दो सबसे बड़ी रीज़न में ही 2.3 लाख लोग बेघर हो गए हैं।

सरकार और अंतरराष्ट्रीय समुदाय बेबस
स्थानीय सरकार और अंतरराष्ट्रीय समुदाय दोनों ही इस बिगड़ती स्थिति को रोकने में संघर्ष कर रहे हैं। बढ़ते अपराध, अपहरण और बंदूकधारियों के कब्जे से हालात हर दिन और ज़्यादा गंभीर हो रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से जल्द से जल्द मानवीय सहायता और सुरक्षा उपायों में सहयोग करने की अपील की है।

माली में सैन्य प्रमुख को पांच साल और सत्ता में रखने वाला विवादित बिल पारित
माली में सैन्य सरकार को लेकर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। बुधवार को माली की मंत्रिपरिषद (काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स) ने एक विवादास्पद बिल को मंजूरी दी, जिससे देश के सैन्य शासक जनरल असीमी गोइता को 2025 से शुरू होने वाला पांच साल का नया कार्यकाल मिल सकेगा। यह कार्यकाल पुनः नवीकरणीय होगा।

जनरल गोइता ने 2020 और 2021 में दो बार तख्तापलट कर माली की सत्ता पर कब्जा किया था। तब से वह देश की सैन्य सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। यह बिल ट्रांजिशन चार्टर (संक्रमण पत्र) में संशोधन का प्रस्ताव करता है और सैन्य सरकार द्वारा अप्रैल में आयोजित राष्ट्रीय संवाद की सिफारिशों पर आधारित है। हालांकि इस संवाद का राजनीतिक दलों ने बहिष्कार किया था।

रूसी अदालत ने नवलनी के सहयोगी को 18 साल की सजा सुनाई

विरोधियों के खिलाफ रूस की सरकार की कार्रवाई जारी है। रूस की अदालत ने एक विपक्षी नेता  और दिवंगत विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी के करीबी लियोनिद वोल्कोव को उसकी अनुपस्थिति में दोषी ठहराया है। साथ ही एक अन्य विपक्षी नेता को उसके घर में ही नजरबंद कर दिया है। लियोनिद वोल्कोव को आपराधिक आरोपों में दोषी पाए जाने के बाद बुधवार को 18 साल की जेल की सजा सुनाई गई। वोल्कोव को आतंकवाद को उचित ठहराने, एक चरमपंथी समूह को संगठित करने और वित्तपोषित करने, नाज़ीवाद का पुनर्वास करने और नागरिकों के अधिकारों का उल्लंघन करने वाला एक गैर-सरकारी संगठन बनाने सहित 40 मामलों में दोषी ठहराया गया। वोल्कोव पर 25 हजार डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है और साथ ही 10 साल तक उनके इंटरनेट इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। 

कीएर स्टार्मर ने मोहम्मद यूनुस से मिलने से किया इनकार
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस से मिलने से इनकार कर दिया है। गुरुवार को एक राजनयिक ने यह जानकारी दी। मोहम्मद यूनुस इस समय ब्रिटेन की आधिकारिक यात्रा (10 से 13 जून) पर हैं। इससे पहले, बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि मुख्य सलाहकार इस यात्रा के दौरान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर के साथ द्विपक्षीय बैठक कर सकते हैं। बांग्लादेशी राजनयिक ने बताया कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर की मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के साथ बैठक नहीं हो रही है। बांग्लादेश अवामी लीग ने बीते सोमवार को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के साथ निर्धारित बैठक पर गहरी चिंता व्यक्त की थी। बताया जा रहा है कि इसी के बाद ब्रिटिश पीएम ने यूनुस से मुलाकात न करने का फैसला किया।

उत्तर-पश्चिमी कांगो में नाव डूबने से 30 लोगों की मौत
कांगो के उत्तर-पश्चिमी इक्वेटर प्रांत में खराब मौसम के कारण एक नाव डूबने से कई छात्रों सहित कम से कम 30 यात्रियों की मौत हो गई, निवासियों और स्थानीय मीडिया ने गुरुवार को यह जानकारी दी। कई लोगों की तलाश जारी है, जो अभी भी लापता हैं। क्षेत्रीय प्रशासक जस्टिन मपुटु ने स्थानीय मीडिया को बताया कि नाव बुधवार देर रात बिकोरो क्षेत्र में टुम्बा झील के किनारे ग्रामीणों और सामान को ले जा रही थी, जब यह डूब गई। उन्होंने बताया कि तीस शव बरामद किए गए हैं, और कई लोग लापता हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed