फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US Maxico Yemen Politics Crime and Global events

World: विपक्षी पार्टियों की जासूसी कराने पर अमेरिका ने जताई नाराजगी, जर्मनी की सरकार ने दिया दो टूक जवाब

Sun, 04 May 2025 02:47 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Sun, 04 May 2025 02:47 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US Maxico Yemen Politics Crime and Global events
world updates - फोटो : अमर उजाला

दक्षिण कैलिफोर्निया के सिमी वैली के एक इलाके में शनिवार दोपहर को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा दो घर क्षतिग्रस्त भी हो गए। दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की और पुलिस अधिकारियों ने सड़कों की घेराबंदी कर लोगों को इलाके से दूर रहने की चेतावनी दी। लॉस एंजिल्स से उत्तर-पश्चिम में लगभग 50 मील (80.47 किलोमीटर) दूर सिमी वैली के वुड रांच सेक्शन में विमान दो घरों के बीच गिरा, जहां एक घर से धुंआ निकलता देखा गया। वेंचुरा काउंटी फायर डिपार्टमेंट ने पुष्टि की कि उस समय दोनों घरों के निवासी अंदर थे, लेकिन उन्हें बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों घरों में संरचनात्मक क्षति हुई है। 

विज्ञापन


सेशेल्स की सफल यात्रा के बाद आईएनएस सागर मालदीव के लिए रवाना 
भारतीय युद्धपोत आईएनएस सागर सेशेल्स की सफल यात्रा के बाद विक्टोरिया पोर्ट से मालदीव के लिए रवाना हो गया। यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत करने के लिए की गई, जिसमें पेशेवर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। भारतीय नौसेना ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि 2 मई 2025 को भारतीय महासागर जहाज (आईओएस) सागर सेशेल्स की अपनी सफल यात्रा के बाद आगे बढ़ गया। इस दौरान भारत और सेशेल्स के बीच मिलकर काम करने का अच्छा अनुभव मिला। अब यह जहाज मालदीव के लिए निकल पड़ा है, जहां यह समुद्री सुरक्षा और सहयोग को आगे बढ़ाएगा।

विज्ञापन

संदिग्ध आतंकियों की तलाश में कोलंबो में विमान की जांच
पहलगाम हमले को लेकर क्षेत्रीय सुरक्षा पर हाईअलर्ट के बीच खुफिया एजेंसियों को हमले की साजिश में शामिल एक संदिग्ध के श्रीलंका भागने का सुराग मिला। चेन्नई से शनिवार दोपहर 11:59 बजे कोलंबो पहुंची श्रीलंकन एयरलाइंस की उड़ान की कोलंबो में भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सघन तलाशी ली गई। श्रीलंका पुलिस को जानकारी मिली थी कि संदिग्ध इस उड़ान में हो सकता है। एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा, चेन्नई के नियंत्रण कक्ष से वांछित संदिग्ध का अलर्ट मिलने के बाद अधिकारियों ने तलाशी अभियान चलाया, पर जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

विज्ञापन

मैक्सिकन राष्ट्रपति ने ठुकराया सीमा पर ट्रंप का सेना भेजने का प्रस्ताव
मैक्सिकन राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, जिसमें उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए मैक्सिको की सीमा में अमेरिकी सैनिकों को भेजने के लिए कहा था। शिनबाम ने बताया कि एक कॉल के दौरान ट्रंप ने उनसे पूछा कि वह संगठित अपराध से निपटने में कैसे मदद कर सकते हैं और उन्होंने अमेरिकी सेना भेजने की बात कही थी। इस पर उन्होंने कहा कि वे अपने देश में अमेरिकी सेना की मौजूदगी को कभी स्वीकार नहीं करेंगी, क्योंकि यह उनकी संप्रभुता का मामला है। उन्होंने कहा, 'हमारा क्षेत्र और संप्रभुता अनुल्लंघनीय है और यह बिक्री के लिए नहीं है।'

विज्ञापन

यमन के प्रधानमंत्री मुबारक ने राजनीतिक विवाद के कारण इस्तीफा दिया
यम के प्रधानमंत्री अहमद अवद बिन मुबारक ने शनिवार को सत्तारूढ़ राष्ट्रीय परिषद के साथ विवाद के कारण इस्तीफा दे दिया। मुबारक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर अपने इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने अपना इस्तीफा सत्तारूढ़ राष्ट्रपति परिषद के प्रमुख रशद अल-अलीमी को भेजा। मुबारक को फरवरी 2024 में प्रधानमंत्री बनाया गया था। मुबारक ने कहा कि वे सरकार में सुधार के लिए जरूरी निर्णय लेने और आवश्यक कैबिनेट फेरबदल को अंजाम देने में असमर्थ हैं। इसलिए वे अपना इस्तीफा दे रहे हैं। 

US: अमेरिकी विदेश मंत्री ने जर्मनी की आलोचना की

जर्मनी की सरकार के विपक्षी पार्टियों और उनके नेताओं की जासूसी कराने के फैसले पर विवाद हो गया है। अमेरिका ने भी इसकी कड़ी निंदा की है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसे छद्म अत्याचार बताया। इस पर जर्मनी के विदेश मंत्री ने भी पलटवार किया है और अपनी सरकार के फैसले का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार संविधान की सुरक्षा के लिए समर्पित है। जर्मनी की विदेश मंत्री ने कहा कि दक्षिणपंथी चरमपंथ को रोकने की जरूरत है। 

मार्को रुबियो ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि 'जर्मनी की सरकार विपक्षी पार्टियों की जासूसी करा रही है। यह लोकतंत्र नहीं है और यह छद्म अत्याचार है। चरमपंथ वो नहीं है, जो एएफडी कर रही है, बल्कि वह है, जो मौजूदा सरकार अप्रवासी नीति के तहत कर रही है। जर्मनी को अपना फैसला बदलने की जरूरत है।' एएफडी को धुर दक्षिणपंथी पार्टी माना जाता है, जिसका समर्थन एलन मस्क ने भी किया था। 
 

पूर्व उपराष्ट्रपति माइक पेंस होंगे सम्मानित

अमेरिका के पूर्व उपराष्ट्रपति माइक पेंस को रविवार को जॉन एफ केनेडी प्रोफाइल इन करेज अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें साल 2020 में राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद राष्ट्रपति ट्रंप का साथ देने से इनकार करने के लिए दिया जाएगा। पेंस को यह अवार्ड जॉन एफ केनेडी लाइब्रेरी बोस्टन में दिया जाएगा। पेंस के नाम का एलान करते हुए कहा गया है कि पेंस ने अपने जीवन और करियर की परवाह न करते हुए संवैधानिक सत्ता हस्तांतरण होना सुनिश्चित किया। गौरतलब है कि माइक पेंस पूर्व की ट्रंप सरकार में उपराष्ट्रपति पद पर आसीन थे। ट्रंप की मौजूदा कैबिनेट में पेंस को जगह नहीं दी गई है। 
 

यमन से इस्राइल पर हुआ मिसाइल हमला, हवाई यातायात रोका गया, एयरपोर्ट बंद

रविवार को यमन से इस्राइल पर मिसाइल हमला किया गया। जिसके बाद इस्राइल में हवाई यातायात बंद कर दिया गया और देश के मुख्य एयरपोर्ट बंद कर दिए गए। पुलिस ने बताया कि तलाशी अभियान के बाद हवाई यातायात को फिर से चालू कर दिया जाएगा। मिसाइल हमले के बाद एयरपोर्ट के नजदीक धुआं उठता देखा गया। 

ब्रिटेन:आतंकवादी साजिश के शक में आठ ईरानी गिरफ्तार
ब्रिटेन की आतंकवाद विरोधी पुलिस ने दो अलग-अलग जांचों के तहत आठ ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक मामले में देश के भीतर एक बेहद खास जगह को निशाना बनाने की संदिग्ध साजिश की जांच हो रही है। हालांकि, पुलिस ने उस जगह से संपर्क कर सुरक्षा सलाह दी है, लेकिन सुरक्षा कारणों से अधिक जानकारी साझा नहीं की है। यूके की मेट्रोपॉलिटन (महानगर) पुलिस बल ने रविवार को यह जानकारी दी है। साजिश के मद्देनजर ग्रेटर मैनचेस्टर, लंदन और स्विंडन में कई स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है। इसमें स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर की पुलिस टीमें शामिल हैं।

वहीं, ब्रिटेन की गृह मंत्री यवेट कूपर ने पुलिस और खुफिया एजेंसियों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करना सरकार की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं दिखाती हैं कि सुरक्षा खतरों के खिलाफ हमारी प्रतिक्रिया को लगातार मजबूत करने की जरूरत है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि इंग्लैंड के अलग-अलग इलाकों स्विंडन, मैनचेस्टर, रोशडेल, स्टॉकपोर्ट और लंदन से 29 से 46 साल के पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शनिवार को लंदन में अलग-अलग जगहों से 39 से 55 साल के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। ये दोनों जांच ईरानी नागरिकों से जुड़ी हैं, लेकिन ये एक-दूसरे से जुड़ी नहीं हैं। पहले मामले की जांच मेट पुलिस टेररिज्म कमांड कर रहा है। यह लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस सेवा के तहत आने वाली एक विशेषज्ञ संचालन शाखा है।

चीन में पर्यटकों की दो नौकाएं पलटीं, 3 की मौत, 14 लापता
एजेंसी, बीजिंग। चीन के गुइझोऊ प्रांत में रविवार को पर्यटकों की दो नौकाएं नदी में पलट गई, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लापता है, जिनकी तलाश की जा ही है। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि घटना कियांक्सी सिटी की है। नदी में दो नौकाओं के पलटने की घटना में 60 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान तेज करने का निर्देश दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed