फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US Brazil UK UN West Asia Unrest Crime and Global events

Updates: पाकिस्तान में बारिश से तबाही; बांग्लादेश के सेना प्रमुख बोले- निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए हम तैयार

Tue, 19 Aug 2025 11:16 PM IST
शुभम कुमार वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Tue, 19 Aug 2025 11:16 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US Brazil UK UN West Asia Unrest Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

पाकिस्तान में लगातार बारिश और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) के अनुसार 26 जून से अब तक 706 लोगों की मौत हो चुकी है। सिर्फ पिछले 24 घंटे में ही 24 लोगों की जान गई है, जबकि 965 लोग घायल हुए हैं। सबसे अधिक प्रभावित खैबर पख्तूनख्वा रहा, जहां 427 लोगों की मौत हुई है। पंजाब में 164, सिंध में 29, बलूचिस्तान में 22, पीओके में 56 और इस्लामाबाद में 8 लोगों की जान गई। पाकिस्तानी सेना ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं। अब तक 6,903 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है और 25,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सेना ने खैबर पख्तूनख्वा में 9 मेडिकल कैंप बनाए हैं और कई यूनिट्स राहत कार्यों में लगी हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी दी है और शहरी इलाकों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।

विज्ञापन


निष्पक्ष चुनाव कराने को तैयार सेना, बोले बांग्लादेश के सेना प्रमुख 
बांग्लादेश सेना प्रमुख जनरल वाकर-उज-जमान ने कहा है कि फरवरी 2025 में होने वाले आम चुनावों के लिए सेना पूरी तरह तैयार है और अंतरिम सरकार को “मुक्त, निष्पक्ष और तटस्थ” चुनाव कराने में पूरा सहयोग देगी। उन्होंने ढाका कैंटोनमेंट में अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेना को पेशेवर रवैया बनाए रखना होगा और देश की जनता का विश्वास जीतना होगा। जनरल जमान ने कहा कि लोग सेना की ओर देख रहे हैं और सैनिकों को देशभक्ति से प्रेरित होकर काम करना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर सेना के खिलाफ फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि ऐसे लोग अनुभव से अपनी गलतियों को समझेंगे। उल्लेखनीय है कि अंतरिम सरकार ने पूर्व पीएम शेख हसीना की सत्ता के पतन के बाद चुनावों की घोषणा की है। फरवरी के पहले हफ्ते में चुनाव कराए जाएंगे।
विज्ञापन


बाल्टीमोर बंदरगाह पर कार्गो शिप में धमाका, शिपिंग चैनल बंद
अमेरिका के बाल्टीमोर बंदरगाह पर सोमवार शाम एक कोयला ले जा रहे कार्गो जहाज में विस्फोट होने से हड़कंप मच गया। यह घटना फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज ढहने वाली जगह के पास हुई। विस्फोट के बाद जहाज से आग और धुएं का गुबार उठता देखा गया। हालांकि, 229 मीटर लंबे डब्ल्यू-सैफायर नामक इस जहाज पर सवार 23 क्रू और 2 पायलट सुरक्षित बताए गए। अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिकी तटरक्षक बल राहत और जांच का नेतृत्व कर रहा है। विस्फोट के बाद बंदरगाह का मुख्य शिपिंग चैनल बंद कर दिया गया है। जहाज लाइबेरिया के झंडे के तहत चल रहा था और पूर्वी अफ्रीका की ओर रवाना हुआ था। बाल्टीमोर फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि विस्फोट जहाज के डेक के नीचे हुआ और आग को तुरंत काबू में ले लिया गया। मैरीलैंड के गवर्नर वेस मूर ने कहा कि राज्य प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है।
विज्ञापन
विज्ञापन


ताइवान के पास चीन की सैन्य गतिविधि तेज
ताइवान के रक्षा मंत्रालय (एमएनडी) ने मंगलवार सुबह 6 बजे तक 10 चीनी सैन्य विमान और 6 नौसैनिक जहाजों की गतिविधि अपने आसपास दर्ज की। मंत्रालय के अनुसार, इनमें से दो विमान ताइवान की उत्तरी वायु पहचान क्षेत्र में दाखिल हुए और मध्य रेखा को पार कर गए। ताइवान ने कहा कि उसकी सेना ने स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी और आवश्यक प्रतिक्रिया दी। हाल के महीनों में चीन ने ताइवान के पास सैन्य गतिविधि तेज की है। ताइवान लगातार कहता रहा है कि ऐसे कदम क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए खतरा हैं। चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, जबकि ताइवान खुद को स्वतंत्र राष्ट्र कहता है। यह गतिविधि दोनों देशों के बीच तनाव को और बढ़ा रही है।



कैलिफोर्निया में इमिग्रेशन रोक के दौरान गोलीबारी
अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (डीएचएस) ने बताया कि एक संघीय एजेंट ने उस वक्त गोली चलाई जब एक ड्राइवर ने इमिग्रेशन जांच के दौरान कार की खिड़की खोलने से इनकार कर दिया। साथ ही गाड़ी तेजी से भगाकर भाग गया। डीएचएस के मुताबिक, भागते वक्त उस ड्राइवर ने दो सीमा शुल्क और सीमा गश्ती (सीबीपी) एजेंटों को टक्कर मार दी। इसके बाद एक एजेंट ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। एजेंटों को चोट लगी या नहीं, इस बारे में डीएचएस ने कोई जानकारी नहीं दी। डीएचएस ने कहा कि वे एक लक्षित प्रवर्तन अभियान चला रहे थे, लेकिन यह नहीं बताया कि वे उस ड्राइवर को क्यों रोकना चाहते थे।

 

क्या है ड्राइवर परिवार का पक्ष
इमिग्रेशन अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठन इनलैंड कोलिशन फॉर इमिग्रेंट जस्टिस के प्रमुख जेवियर हर्नांडेज ने बताया कि उन्होंने ड्राइवर के परिवार से बात की। 43 वर्षिय ड्राइवर मैक्सिको का रहने वाला है। पिछले 23 वर्षों से अमेरिका में रह रहा है, लेकिन उसके पास कानूनी दस्तावेज नहीं हैं। गाड़ी में उसका 18 साल का बेटा और 23 साल का दामाद भी था, जो अमेरिकी नागरिक हैं।

घटना के वीडियो में आई ये बातें सामने 
बता दें कि घटना का कुछ हिस्सा वीडियो में रिकॉर्ड हुआ है, जिसमें एजेंटों ने मास्क और पुलिस लिखी वर्दी पहन रखी है। एक एजेंट की टोपी पर सीबीपी लिखा हुआ है।  डीएचएस ने बताया कि वे गाड़ी के पास आकर ड्राइवर से खिड़की नीचे करने को कहते हैं, लेकिन वह मना कर देता है। तभी एजेंट खिड़कियां तोड़ देते हैं। ड्राइवर तुरंत गाड़ी भगाता है और पीछे से तीन गोलियों की आवाज सुनाई देती है। वीडियो में यह नहीं दिखता कि कोई एजेंट गाड़ी से टकराया।

कांगो में इस्लामिक स्टेट समर्थित विद्रोहियों का हमला
कांगो के पूर्वी हिस्से में एक बार फिर आतंक का तांडव देखने को मिला है। संयुक्त राष्ट्र की शांति मिशन ने सोमवार को जानकारी दी कि 9 से 16 अगस्त के बीच इस्लामिक स्टेट से जुड़े विद्रोही संगठन एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज (एडीएफ) के हमलों में कम से कम 52 लोगों की जान गई है। ये हमले नॉर्थ किवू प्रांत के बेनी और लुबेरो इलाकों में हुए। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, हमलों में सिर्फ हत्याएं ही नहीं हुईं, बल्कि लोगों का अपहरण, लूटपाट, घरों और वाहनों को जलाना, और पहले से ही मुश्किल हालात झेल रही जनता की संपत्तियों को नष्ट करना भी शामिल था। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।

कौन है एडीएफ?
बता दें कि एडीएफ की शुरुआत 1990 के दशक के अंत में युगांडा में हुई थी। यह छोटे-छोटे असंतुष्ट समूहों से मिलकर बना, जो युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी की नीतियों से नाराज थे। 2002 में युगांडा की सेना के ऑपरेशन के बाद एडीएफ ने अपनी गतिविधियां कांगो के सीमावर्ती इलाकों में शिफ्ट कर दीं। 2019 में इस समूह ने इस्लामिक स्टेट (ISIS) के प्रति निष्ठा की घोषणा की थी।

विदेश सचिव मिस्री ने नेपाल की सेना को चिकित्सा उपकरण और वाहन सौंपे
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सोमवार को नेपाल के सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिगदेल को द्विपक्षीय रक्षा सहयोग मजबूत करने के मकसद से वाहन, चिकित्सा उपकरण और सैन्य पशु सौंपे। मिस्री दो दिनी आधिकारिक यात्रा पर नेपाल में हैं। यहां भारतीय दूतावास ने कहा कि एक समारोह में हल्के हमले वाले वाहन, महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरण और सैन्य मवेशियों का सौंपा जाना दोनों देशों की सेनाओं के बीच घनिष्ठ संबंध और हमारे मजबूत रक्षा सहयोग को दर्शाता है।

नेपाल में भारतीय दूतावास ने कहा, यह सब द्विपक्षीय विश्वास और साझेदारी की भावना का प्रतीक है जो लंबे समय से हमारे स्थायी संबंधों की विशेषता रही है। विदेश सचिव अपने नेपाली समकक्ष अमृत बहादुर राय के निमंत्रण पर नेपाल की यात्रा पर हैं। रविवार को, उन्होंने इस हिमालयी राष्ट्र के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, मिस्री मुख्य रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पीएम केपी शर्मा ओली को उनकी 16 और 17 सितंबर को प्रस्तावित भारत यात्रा के लिए निमंत्रण पत्र सौंपने के लिए यहां आए हैं। वे इसके बाद स्वदेश लौट आएंगे।  

अमेरिका के यूटा में हुई गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियों की मौत
उत्तरी यूटा शहर में घरेलू कलह की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे दो पुलिस अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ये अधिकारी रविवार को ट्रेमोंटन के एक मोहल्ले में घरेलू कलह की सूचना पर कार्रवाई कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि शेरिफ के एक डिप्टी और एक पुलिस का कुत्ता भी घायल हो गया।  

ब्रिटेन : हमले के बाद भारतीय मूल के चार युवकों पर मुकदमा
इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र में हुए हथियारबंद हमले के मामले में भारतीय मूल के चार युवकों पर हिंसक उपद्रव का आरोप लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह बिल्स्टन के आर्बर ड्राइव में धारदार हथियारों से लैस लोगों के बीच झड़प हुई थी। हरदीत सिंह (28), हरप्रीत सिंह (25), मुकेश कुमार (30) और लखविंदर सिंह (26) को वॉल्वरहैम्प्टन मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। झड़प में तीन लोग घायल हुए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें से दो को जमानत पर रिहा किया गया है। चारों आरोपियों पर हिंसक उपद्रव, घायल करने और हथियार रखने का आरोप है। पुलिस ने घटनास्थल से एक बंदूक भी बरामद की है।  

नॉर्वे की राजकुमारी के बेटे पर दुष्कर्म और हमले का आरोप
नॉर्वे की राजकुमारी के बेटे पर एक साल की पुलिस जांच के बाद दुष्कर्म, घरेलू हिंसा, मारपीट और अन्य आरोप दर्ज किए गए हैं। एक अभियोजक ने सोमवार को बताया कि क्राउन प्रिंसेस मेटे-मैरिट के बेटे और क्राउन प्रिंस हाकोन के सौतेले बेटे 28 वर्षीय मारियस बोर्ग होइबी पर नए वर्ष की शुरुआत में मुकदमा चलाया जाएगा। सबसे गंभीर आरोपों में दोषी पाए जाने पर 10 वर्ष की जेल हो सकती है।  होइबी के वकील एलेन होलागर एन्डेनेस ने कहा कि होइबी ने आरोपों से इन्कार किया है। उन्हें आरोपों पर औपचारिक दलील देने के लिए अदालत में पेश होना बाकी है। 

एअर कनाडा के 10,000 फ्लाइट अटेंडेंट की हड़ताल अवैध घोषित
कनाडा औद्योगिक संबंध बोर्ड ने सोमवार को एअर कनाडा के 10,000 फ्लाइट अटेंडेंट्स की हड़ताल को अवैध घोषित कर दिया। उन्हें काम पर वापस लौटने का भी आदेश दिया। दरअसल, उन्होंने काम पर लौटने और मध्यस्थता के लिए प्रस्तुत होने के पहले के आदेश की अनदेखी की थी। कनाडा की सबसे बड़ी एयरलाइन की हड़ताल सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रही।  एअर कनाडा ने रविवार को परिचालन फिर से शुरू करने की योजना स्थगित कर दी थी, क्योंकि यूनियन ने काम पर लौटने के आदेश की अवहेलना की और कहा कि कर्मचारी काम पर वापस नहीं लौटेंगे।  

मूसलाधार बारिश से बेहाल पाकिस्तान, 700 की मौत
पाकिस्तान इस समय अपने इतिहास की सबसे भयंकर मानसूनी बारिश का सामना कर रहा है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, जून के अंत से लगातार बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक कम से कम 700 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 1,000 लोग घायल हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की जानकारी के मुताबिक, 26 जून से अब तक हुई इन आपदाओं में मारे गए लोगों में 171 बच्चे और 94 महिलाएं शामिल हैं। सभी प्रांतों में खैबर-पख्तूनख्वा (के-पी) सबसे अधिक प्रभावित हुआ है, जहां 390 लोगों की जान गई है। इसमें 288 पुरुष, 59 बच्चे और 43 महिलाएं शामिल हैं।  

नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में नौका पलटने से 40 लापता
उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में एक नदी में नौका पलटने से 40 लोग लापता हैं, जबकि सिर्फ 10 लोगों को ही बचाया जा सका है। यह दुर्घटना सोकोटो राज्य के गोरोन्यो क्षेत्र में उस समय हुई जब यात्री नौका में सवार होकर बाजार जा रहे थे। आपातकालीन एजेंसी ने कहा, क्षेत्र में खोज एवं बचाव कार्य जारी है। बरसात के मौसम में दूरदराज के इलाकों में ऐसी दुर्घटनाएं आम हैं। गत माह, उत्तर-मध्य नाइजीरिया में यात्रियों को ले जा रही एक नौका पलटने से 25 लोग मारे गए थे।  
 

अमेरिका में तय तारीख से ज्यादा रहने पर रद्द हो सकता है वीजा
अमेरिका में वीजा में अधिकृत तारीख से एक दिन भी अधिक रहने के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। ऐसा पाया जाने पर व्यक्ति का वीजा रद्द हो सकता है। इसके अलावा निर्वासन की भी संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी स्थित अमेरिकी दूतावास ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि ऐसा करने वालों को भविष्य में वीजा के लिए अयोग्य भी ठहराया जा सकता है। अमेरिकी दूतावास ने पिछले दो हफ्तों में अवैध आव्रजन के मुद्दे पर कई बयान जारी किए हैं। 

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर की याद में डाक टिकट जारी करेगा अमेरिका
अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति जिमी कार्टर अब एक विशेष फॉरएवर स्टांप (Forever Stamp) के रूप में सम्मानित किए जाएंगे। यूएस पोस्टल सर्विस (यूएसपीएस) ने घोषणा की है कि यह डाक टिकट एक अक्तूबर, 2025 को अटलांटा में जारी किया जाएगा, जो उनके 101वें जन्मदिन का प्रतीक होगा।

बता दें कि टिकट पर 1982 में बनाई गई एक प्रसिद्ध पेंटिंग है, जिसे मशहूर चित्रकार हर्बर्ट ई. अब्राम्स ने बनाया था। यह एक तेल से बनी पेंटिंग है, जिसे उन्होंने जिमी कार्टर को सामने बैठाकर तैयार किया था। यही चित्र बाद में व्हाइट हाउस में लगे उनके आधिकारिक चित्र के लिए भी इस्तेमाल किया गया। इस डाक टिकट की डिज़ाइन यूएसपीएस की आर्ट डायरेक्टर एथेल केसलर ने की है।

यूएन का दावा- 2024 में 383 राहतकर्मी मारे गए, आधे गाजा में
संयुक्त राष्ट्र ने दावा किया है कि साल 2024 में अब तक दुनिया भर में 383 राहतकर्मी मारे गए, जिनमें से लगभग आधे गाजा में इस्राइल-हमास युद्ध के दौरान मारे गए। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय प्रमुख टॉम फ्लेचर ने कहा कि यह आंकड़ा बेहद चिंताजनक है और संघर्ष क्षेत्रों में काम करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल 293 की तुलना में इस साल मौतों की संख्या बढ़ी है। केवल गाजा में ही 180 से ज्यादा राहतकर्मी मारे गए। सूडान में 60, लेबनान में 20 और यूक्रेन में 13 मौतें दर्ज हुईं। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि हमलावरों पर कार्रवाई न होना अंतरराष्ट्रीय उदासीनता का सबूत है। फ्लेचर ने कहा, 'मानवीय कार्यकर्ताओं पर हमला इंसानियत पर हमला है। इसे हर हाल में रोका जाना चाहिए।'
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed