Updates: इस्राइली हवाई हमले में मारा गया अल-कसम ब्रिगेट का शीर्ष कमांडर; स्पेसएक्स का परीक्षण रद्द
वेस्ट बैंक के कब्जे वाले शहर जेनिन में इस्राइली हवाई हमले में अल-कसम ब्रिगेड का मंगलवार को एक शीर्ष कमांडर ऐसर अल-साादी मारा गया। चरमपंथी संगठन हमास ने अल-सादी की मौत पर शोक जताया है। इस्राइल बीते एक महीने से उत्तरी वेस्ट बैंक में बड़ा सैन्य अभियान चला रहा है। हमास ने आरोप लगाया कि जमीनी कार्रवाई में विफलता के बाद इस्राइल को हवा से बमबारी का सहारा लेना पड़ा है। हमास ने कहा, यह नया अपराध फलस्तीनी प्रतिरोध की बढ़ती लहर को नहीं रोक पाएगा। चरमपंथी समूहके मुताबिक, अल-सादी कई हत्या के प्रयासों में बचे थे। जेनिन में फलस्तीनी लड़ाकों और इस्राइली बलों के बीच तेज झड़प में उन्हें लक्षित किया गया।
स्पेसएक्स का परीक्षण रद्द
एलन मस्क के स्पेसएक्स ने अपने स्टारशिप रॉकेट की नए परीक्षण उड़ान को सोमवार को इसके निर्धारित प्रक्षेपण से ठीक पहले रोक दिया है। जिसमें विशालकाय अंतरिक्ष यान के साथ एक समस्या का हवाला दिया गया। इसे लेकर स्पेसएक्स ने एक्स पर पोस्ट किया, 'आज के उड़ान परीक्षण प्रयास से पीछे हट रहे हैं। 'स्टारशिप टीम उड़ान भरने के लिए अगला सबसे अच्छा उपलब्ध अवसर निर्धारित कर रही है।' पुनर्निर्धारित प्रक्षेपण की घोषणा अभी तक नहीं की गई है, हालांकि स्पेसएक्स के कर्मचारी डैन हुओट ने घटना के लाइव फीड के दौरान कहा कि यह लगभग 24 घंटे होने की उम्मीद है।
पोप को सांस लेने में दिक्कत बढ़ी
ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस की श्वसन संबंधी समस्या बढ़ गई है। सोमवार को वेटिकन ने कहा कि उन्हें फिर से नॉन इनवेसिव वेंटिलेशन पर रखा गया है। पोप को दो सप्ताह पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जब फेफड़ों में बहुत अधिक बलगम जमा हो जाने से उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी। अस्पताल में भर्ती होने के दौरान उनकी श्वसन संबंधी समस्या बढ़ गई थी और वह निमोनिया से भी पीड़ित हो गए थे। सोमवार को जारी ताजा बयान में वेटिकन ने कहा कि 88 वर्षीय पोप के स्वास्थ्य में गिरावट उनके फेफड़ों में काफी बलगम जमा होने और श्वास नलिका में ऐंठन के कारण हुई है। उनको दो ब्रोंकोस्कोपी की गई है। उनके फेफड़ों से तत्काल बलगम निकाले जाने की आवश्यकता है। हालांकि, वह चेतनावस्था में हैं और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ सहयोग कर रहे हैं। सोमवार को ही दिन के समय उन्होंने अस्पताल से ही श्रद्धालुओं के लिए एक संदेश जारी किया था।
जापान की आईस्पेस 6 जून को चंद्रमा पर उतरने का दूसरा प्रयास करेगी
जापानी चंद्रमा अन्वेषण कंपनी आईस्पेस ने कहा कि उसका रेजिलिएंस लैंडर 6 जून को स्थानीय समयानुसार सुबह 4:24 बजे (5 जून को 1924 GMT) चंद्रमा पर उतरने का प्रयास करेगा, जो अप्रैल 2023 में पहला प्रयास विफल होने के बाद उसका दूसरा प्रयास होगा। यह रविवार को अमेरिकी कंपनी फायरफ्लाई एयरोस्पेस के ब्लू घोस्ट अंतरिक्ष यान की सफल चंद्रमा लैंडिंग के बाद होगा, जिसने जनवरी में आईस्पेस के रेजिलिएंस के साथ एक ही स्पेसएक्स रॉकेट साझा किया था। वहीं एक अन्य अमेरिकी फर्म, इंट्यूटिव मशीन्स ने भी पिछले सप्ताह अपना दूसरा चंद्र लैंडर एथेना लॉन्च किया और आने वाले दिनों में चांद पर उतारने का लक्ष्य रखा है।
एम23 विद्रोहियों ने 130 मरीजों का किया अपहरण
लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो में चल रही हिंसा के बीच एम23 विद्रोही लगातार कब्जा कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि एम23 विद्रोहियों ने पूर्वी कांगो के एक प्रमुख शहर के दो अस्पतालों से कम से कम 130 बीमार और घायल लोगों का अपहरण कर लिया। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय की प्रवक्ता रवीना शमदासानी ने बताया कि 28 फरवरी को एम23 विद्रोहियों ने गोमा स्थित सीबीसीए एनडोशो अस्पताल और हील अफ्रीका अस्पताल पर हमला किया। विद्रोहियों ने सीबीसीए से 116 रोगियों और हील अफ्रीका से 15 अन्य लोगों को अगवा कर लिया। विद्रोहियों को शक था कि अस्पताल में भर्ती मरीज कांगो सेना के सैनिक या सरकार समर्थक वाजालेंडो मिलिशिया के सदस्य थे। शमदासानी ने उनकी तत्काल रिहाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि एम23 ने अस्पताल के बिस्तरों से मरीजों को अगवा किया। उन्हें अज्ञात स्थानों पर बिना किसी संपर्क के बंधक बनाकर रखा गया है।
इमरान को अदियाला जेल की काल कोठरी में रखने का दावा
पाकिस्तान के रावलपिंडी में उच्च सुरक्षा वाली अदियाला जेल के भीतर कैद पूर्व पीएम इमरान खान को मौत की कोठरी में एकांत कारावास में रखा गया है। यह दावा सोमवार को उनकी पार्टी (पीटीआई) के केंद्रीय सूचना सचिव शेख वकास अकरम ने एक प्रेसवार्ता में किया। उन्होंने दावा किया, इमरान खान दोषी ठहराए जाने से पहले ही मृत्यु कोठरी (डेथ सेल) में हैं। अकरम का दावा है कि खान को जिस कोठरी में रखा गया, वह आतंकवादियों के लिए रही है।
वकास अकरम ने कहा, यह शर्मनाक है कि पूर्व प्रधानमंत्री के साथ उनका संकल्प तोड़ने के एकमात्र उद्देश्य से ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, लेकिन इन बाधाओं के बावजूद खान का संकल्प मजबूत है। उन्होंने आगे कहा, खान को राजनीतिक सहयोगियों और परिजनों सहित आगंतुकों से मिलने से मना किया गया, जो कानून के विपरीत है। यह कोर्ट आदेशों की अवहेलना है।
पाकिस्तान के लिए इमरान अब खुद में सुधार करें : अब्बासी
पाकिस्तान के पूर्व पीएम और आवाम पाकिस्तान पार्टी (एपीपी) के संयोजक शाहिद खाकान अब्बासी ने कहा कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान को खुद में सुधार लाना होगा, अन्यथा देश को तरक्की करने में संघर्ष करना पड़ेगा। घरेलू राजनीतिक माहौल पर बोलते हुए अब्बासी ने पीटीआई के मजबूत जनसमर्थन को स्वीकारा, लेकिन चेताया कि पार्टी ने सत्ता में रहते हुए जो नजरिया अपनाया था उसे जारी रखा गया तो उसे कोई फायदा नहीं होगा। खान अपनी गलतियों पर सोचें।
पाकिस्तान : अहमदियों की 120 वर्ष पुरानी इबादतगाह तोड़ी
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कट्टरपंथी इस्लामी पार्टी ‘तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान’ के दबाव में पुलिस ने अल्पसंख्यक अहमदिया समुदाय के 120 वर्ष पुरानी इबादतगाह को तोड़ दिया है। अहमदियाओं के सामुदायिक संगठन ‘जमात-ए-अहमदिया’ ने सोमवार को कहा कि घटना लाहौर से 80 किलोमीटर दूर गुजरांवाला के चट्ठा इलाके में हुई, जहां इबादतगाह को ध्वस्त करने का विरोध करने पर पांच अहमदियों को हिरासत में भी लिया गया है।
बलूचिस्तान में किया आत्मघाती हमला, 1 की मौत, 3 घायल
पाकिस्तान के अशांत दक्षिणी पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में सोमवार को एक महिला आत्मघाती हमलावर ने अर्धसैनिक बल की पेट्रोलिंग टीम को निशाना बनाया। आत्मघाती हमले में पेट्रोलिंग वाहन के चालक की मौत हो गई, जबकि तीन सुरक्षाबल घायल हो गए। पुलिस अधिकारी हबीबुल्ला ने बताया कि राजधानी क्वेटा से 170 किलोमीटर दूर कलात में फ्रंटियर कॉर्प्स के वाहन पर आत्मघाती हमला हुआ। जिसके बाद वाहन में आग लग गई, जिसमें तीन सुरक्षाबल बल घायल हो गए, जबकि ड्राइवर की मौत हो गई।
हसीना शासन के अत्याचारों का रिकॉर्ड संरक्षण अहम : यूनुस
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने पूर्व पीएम शेख हसीना के कार्यकाल के दौरान उनके प्रशासन द्वारा किए गए कथित अत्याचारों के दस्तावेजों को ‘सावधानीपूर्वक संरक्षित’ करने का आह्वान किया है। संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में यूनुस ने कहा, उचित अभिलेखीय प्रणाली के बिना ‘सच्चाई जानना और न्याय सुनिश्चित करना मुश्किल’ है। लेकिन यह बेहद जरूरी है।
भारत-नेपाल के बीच जल और स्वच्छता समझौते पर हस्ताक्षर
भारत-नेपाल ने जल, स्वच्छता व स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। दोनों देशों में हुए करार के दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और नेपाल के जल आपूर्ति मंत्री प्रदीप यादव मौजूद थे। इस समझौते से अपशिष्ट प्रबंधन, जल संसाधन प्रबंधन और क्षमता निर्माण सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।