फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe Trump US UK UN West Asia Nepal Bangladesh Politics Crime and Global event

Updates: उत्तर कोरिया की यात्रा पर जाएंगे चीनी पीएम ली कियांग; राष्ट्रपति मादुरो ने पोप लियो XIV से मांगी मदद

Tue, 07 Oct 2025 03:13 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 07 Oct 2025 03:13 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe Trump US UK UN West Asia Nepal Bangladesh Politics Crime and Global event
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग इस सप्ताह उत्तर कोरिया की यात्रा पर जाएंगे, जो 2019 के बाद से किसी चीनी नेता की सर्वोच्च यात्रा होगी। चीनी विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि ली गुरुवार से शनिवार तक एक सरकारी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे और उत्तर कोरिया की सत्तारूढ़ पार्टी की स्थापना की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
विज्ञापन


चीन लंबे समय से उत्तर कोरियाई सरकार का सबसे महत्वपूर्ण सहयोगी और समर्थन का स्रोत रहा है, हालांकि उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने हाल के वर्षों में रूस के साथ संबंध बनाकर इस संतुलन को बनाए रखने की कोशिश की है। उन्होंने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में मॉस्को की मदद के लिए सेना भेजी है। उत्तर कोरिया की आधिकारिक केसीएनए समाचार एजेंसी ने सोमवार को बताया कि रूस इस सप्ताह के वर्षगांठ समारोह में पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव को भेज रहा है।
विज्ञापन


चीनी विदेश मंत्रालय के एक बयान में चीन और उत्तर कोरिया को 'पारंपरिक मित्र और पड़ोसी' बताया गया है और कहा गया है कि उत्तर कोरिया के साथ संबंधों को बनाए रखना, मजबूत करना और विकसित करना चीनी सरकार और सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की एक अटल रणनीतिक नीति है। ली कियांग, चीन में सत्ता के शीर्ष, कम्युनिस्ट पार्टी के पोलित ब्यूरो की स्थायी समिति के सात सदस्यों में से एक हैं। प्रधानमंत्री के रूप में, उन्हें आमतौर पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरे नंबर का नेता माना जाता है। 72 वर्षीय शी जिनपिंग के यात्रा कार्यक्रम में कटौती के कारण ली ज्यादातर विदेशी यात्राओं पर चीन का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। शी जिनपिंग की उत्तर कोरिया की आखिरी यात्रा 2019 में, कोविड-19 महामारी से पहले हुई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


अमेरिका में ट्रकों के आयात पर 1 नवंबर से 25% टैरिफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी सख्त टैरिफ नीतियों के लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। ताजा घटनाक्रम में उन्होंने ट्रकों के आयात पर शुल्क वसूलने का एलान किया है। उन्होंने कहा है कि 1 नवंबर 2025 से अमेरिका में अन्य देशों से आने वाले सभी मीडियम और हेवी ड्यूटी ट्रकों पर 25% टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप के मुताबिक यह कदम अमेरिकी ट्रकिंग उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उठाया गया है, जो देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और लगभग 73% घरेलू माल ढुलाई करता है। अमेरिका में लगभग 20 लाख लोग भारी ट्रक ड्राइवर के रूप में कार्यरत हैं। प्रमुख ट्रक निर्यातक देशों में मैक्सिको, कनाडा, जापान, जर्मनी और फिनलैंड शामिल हैं।

CDS ने सभी के लिए कोविड-19 टीके की सिफारिश बंद की
अमेरिकी स्वास्थ्य विभाग की शीर्ष इकाई- सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (CDC) ने अब COVID-19 वैक्सीन को लेकर अपनी सिफारिशें बदल दी हैं। सीडीसी ने कहा कि अब किसी भी आयु वर्ग के शख्स के लिए टीका अनिवार्य नहीं है। सीडीसी अब सभी लोगों को टीके लगवाने की सिफारिश नहीं कर रही है। यह फैसला स्वास्थ्य सचिव रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर की तरफ से नियुक्त नए सलाहकार समूह की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। इससे पहले 6 महीने और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए वार्षिक बूस्टर डोज़ की सिफारिश की जाती थी, लेकिन अब यह निर्णय मरीजों के विवेक पर छोड़ दिया गया है। कैनेडी ने मई में स्वस्थ बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए वैक्सीन की सिफारिश हटाने की घोषणा की थी। उन्होंने CDC की पारंपरिक सलाहकार समिति को हटाकर नया समूह बनाया। नए समूह में पिछले महीने हुए मतदान के बाद यह निर्णय लिया गया कि सभी अमेरिकी टीके को लेकर स्वयं निर्णय लें। CDC ने यह भी कहा है कि बुजुर्गों को डॉक्टर या फार्मासिस्ट से सलाह जरूर लेनी चाहिए। इसके अलावा, CDC ने चिकनपॉक्स (वरिसेला) की पहली खुराक को अलग से देने की सिफारिश की है। सीडीसी का कहना है कि संयुक्त टीके से बुखार और दौरे का खतरा अधिक होता है।

यूनेस्को ने मिस्र के व्यक्ति को नया निदेशक बनाया, अमेरिका के हटने के बाद बदलाव
संयुक्त राष्ट्र संघ की इकाई- यूनेस्को को पहली बार अरब देशों से जुड़ा महानिदेशक मिल सकता है। मिस्र के पूर्व पर्यटन और पुरावशेष मंत्री खालिद एल-अनानी को एजेंसी के कार्यकारी बोर्ड ने निदेशक पद के लिए नामित किया है। अगले महीने उज्बेकिस्तान में यूनेस्को की महासभा होने वाली है। यदि इसमें खालिद एल-अनानी के निदेशक बनने की पुष्टि हो जाती है, तो वे एजेंसी की कमान संभालेंगे। हाल ही में अमेरिका के यूनेस्को से बाहर होने के फैसले के बाद यह बदलाव हो रहा है। ये संस्था बजट संकट का सामना भी कर रही है। नॉमिनेशन के समय एल-अनानी ने कांगो के अर्थशास्त्री फिर्मिन एडुआर्ड मातोको को पीछे छोड़ा। मातोको शरणार्थी शिविरों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जाने जाते हैं। बता दें कि यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों की सुरक्षा के अलावा, लड़कियों की शिक्षा, होलोकॉस्ट (यहूदियों के नरसंहार) को लेकर जागरूकता और विकासशील देशों में वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने जैसे अहम कार्यों के लिए जाना जाता है। निवर्तमान प्रमुख ऑड्रे अजूले ने इराक के मोसुल शहर के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बता दें कि बदलते दौर के साथ लंबे समय से यूनेस्को कुप्रबंधन और संसाधनों की बर्बादी के आरोपों से भी जूझ रहा है।

हिजबुल्लाह कब छोड़ेगा हथियार? निरस्त्रीकरण के सवाल पर लेबनानी सेना प्रमुख ने सरकार को दी जानकारी
लेबनान के सेना प्रमुख जनरल रूडोल्फ हैकाल ने पहली बार सरकार को ये जानकारी दी है कि हिजबुल्लाह हथियार कब छोड़ेगा। निरस्त्रीकरण (Disarmament) की योजना एक महीने पहले कैबिनेट में चर्चा के बाद सामने आई थी। इसमें सभी हथियारों को सरकार के नियंत्रण में लाने की बात कही गई थी। हालांकि, इस योजना का विवरण गोपनीय रखा गया है। खबरों के मुताबिक हिजबुल्लाह ने इस योजना को खारिज कर दिया है और कहा है कि जब तक इस्राइल सीमा पर कब्जा और हमले जारी रखेगा, वे निरस्त्रीकरण पर चर्चा नहीं करेंगे। इसी बीच इस्राइल ने दक्षिण और उत्तर-पूर्वी लेबनान में हवाई हमले भी किए, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक लेबनान सरकार की योजना थी कि वर्ष 2025 के अंत तक हिजबुल्लाह को निरस्त्र कर दिया जाए, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण अब यह लक्ष्य नवंबर के अंत तक लिटानी नदी के दक्षिणी क्षेत्र को खाली कराने तक सीमित कर दिया गया है। देश की आर्थिक बदहाली के कारण सेना भी प्रभावित हुई है। बता दें कि हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रशासन ने लेबनानी सेना और पुलिस को 230 मिलियन डॉलर की सहायता राशि मंज़ूर की है।

राष्ट्रपति लूला की ट्रंप से अपील- ब्राजील के आयात पर शुल्क माफ करें
टैरिफ से ही जुड़ी एक अन्य अहम खबर अमेरिका और ब्राजील के बीच की है। ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा ने अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि अमेरिका को ब्राजील से आयातित वस्तुओं पर 40% टैरिफ को हटाना चाहिए। शुल्क माफी के अलावा कई अन्य अहम मुद्दोंं पर दोनों नेताओं के बीच 30 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान लूला ने व्यापार और अर्थव्यवस्था पर भी चर्चा की। लूला ने ट्रंप को आगामी जलवायु सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। ट्रंप ने बाद में सोशल मीडिया पर लिखे एक संदेश में इस बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी दोनों देशों के बीच और चर्चाएं हो सकती हैं। बता दें कि इसी वर्ष जुलाई में ट्रंप प्रशासन ने ब्राजील पर 40% टैरिफ लगाया था, जो पहले से लगे 10% शुल्क के अतिरिक्त था। अमेरिका ने यह कदम ब्राज़ील की नीतियों और पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई को आर्थिक आपातकाल बताते हुए उठाया था।

यूरोपीय संसद में पीटीएम ने सुनाई पश्तूनों पर अत्याचार की दास्तां
पश्तून तहाफुज मूवमेंट (पीटीएम) के एक प्रतिनिधिमंडल ने ब्रसेल्स में यूरोपीय संसद के कई सदस्यों के साथ मुलाकात की और पश्तून आबादी पर पाकिस्तान की सेना के अत्याचारों की दास्तां सुनाई। पीटीएम हॉलैंड के अनुसार, संगठन के जर्मनी चैप्टर के प्रतिनिधियों ने खैबर पख्तूनख्वा और पूर्व कबायली इलाकों में हत्याओं, जबरन गुमशुदगी और घरों के विनाश से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट और साक्ष्य प्रस्तुत किए। यूरोपीय संसद के सदस्यों ने स्थिति पर चिंता व्यक्त की और मामले को आगे की चर्चा के लिए संबंधित मानवाधिकार समितियों को भेजने का आश्वासन दिया।

भारतीय संस्कृति से महकी चिली की धरती, इस्कॉन ने दिया शांति संदेश
दक्षिण अमेरिकी देश चिली में इस्कॉन ने हरे कृष्ण सांस्कृतिक मेले का आयोजन कर भारत के शांति और सद्भाव का शाश्वत संदेश दिया। प्रवासी भारतीयों की ओर से क्विलिकुरा में आयोजित गरबा और डांडिया उत्सव भी मनाया गया। भारतीय दूतावास ने कहा, मेले में पारंपरिक भारतीय संगीत, नृत्य, पाक-कला और हठ एवं भक्ति योग की शैलियों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें वैदिक परंपराओं की समृद्धि दिखी और अंतर-सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा मिला।

गिलगित-बाल्टिस्तान में एक महीने के लिए निषेधाज्ञा लागू
पाकिस्तान के कब्जे वाले गिलगित बाल्टिस्तान में गोलीबारी की हालिया दो घटनाओं के बाद एक महीने के लिए निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। गिलगित बाल्टिस्तान के उपायुक्त ने रविवार को क्षेत्र में धारा 144 लागू करने की अधिसूचना जारी की। इसके तहत यहां जनसभाओं और रैलियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही, हथियारों का प्रदर्शन, हवाई फायरिंग और बाइक की पिछली सीट पर सवारी बिठाने पर भी प्रतिबंध है।

ब्रिटेन की प्रसिद्ध उपन्यासकार जिली का 88 की उम्र में निधन
राइवल्स और राइडर्स जैसे सनसनीखेज उपन्यासों के लिए मशहूर, बेस्टसेलिंग ब्रिटिश लेखिका जिली कूपर का निधन हो गया है। वह 88 वर्ष की थीं। कूपर के परिवार ने एक बयान में कहा कि उनका अचानक दुनिया से जाना परिवार के लिए बड़ा सदमा है। लेखिका की एजेंट फेलिसिटी ब्लंट ने कहा, मेरा सौभाग्य है कि मैंने एक ऐसी महिला के साथ काम किया, जिन्होंने 50 साल पहले अपनी पहली रचना के प्रकाशन के बाद से ही संस्कृति, लेखन और संवाद को परिभाषित किया।

एवरेस्ट पर बर्फीले तूफान से एक की मौत, 137 बचाए गए
माउंट एवरेस्ट की तिब्बती ढलानों पर बर्फीले तूफान में फंसे एक पर्वतारोही की मौत हो गई, जबकि 137 अन्य बचा लिए गए हैं। लापता पर्वतारोहियों की तलाश जारी है। किंघई प्रांत में बर्फबारी में फंसे सभी पर्वतारोही स्थिर हालत में हैं। 4,000 मीटर की औसत ऊंचाई पर लाओहुगो क्षेत्र में बर्फबारी जारी है। पर्वतारोहियों की खोज के लिए 300 से ज्यादा खोजी कर्मी, घोड़े और दो मध्यम आकार के ड्रोनों का इस्तेमाल करने वाली 10 से ज्यादा टीमें तैनात हैं। इससे पहले, सरकारी सीसीटीवी ने बताया था कि 350 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि 200 अभी भी लापता हैं।

नेपाल सेना ने लांगटांग से 12 को बचाया, दो दिन में 52 की मौत
नेपाल सेना ने सोमवार को लगातार बारिश-भूस्खलन के बीच लांगटांग क्षेत्र में फंसे 12 ट्रेकर्स को बचाया। सभी 12 लोगों को रसुवा के स्याफ्रुबेसी लाया गया। हालांकि, बेरिंग खोला नदी में बहे 4 लोगों का पता नहीं चला है। 16 लोगों का यह समूह काठमांडो से लांगटांग राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र की यात्रा पर निकला था। शनिवार को लगातार बारिश के बाद एक नाले में बह जाने के बाद, दो महिलाओं सहित चार लोग लापता हो गए।

इंडोनेशिया : ढहे स्कूली भवन से 50 शव मिले
इंडोनेशिया में पिछले हफ्ते एक इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल का प्रार्थना कक्ष ढहने के बाद लापता छात्रों की तलाश कर रहे बचावकर्मियों को सप्ताहांत में 50 छात्रों के शव मिले। हादसे में 13 और छात्र लापता हैं। बचाव दल अब तक कई टन मलबा हटा चुका है। इंडोनेशिया में सिदोअर्जो स्थित अल खोजिनी बोर्डिंग स्कूल की इमारत 29 सितंबर को ढही थी। घटनास्थल पर 12 से 19 साल के सैकड़ों छात्र मौजूद थे।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल करेगा यूएन का दौरा
संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 80वें सत्र में भाजपा सांसद पीपी चौधरी और डी पुरंदेश्वरी के नेतृत्व में दो बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। ये गैर-अधिकृत प्रतिनिधिमंडल हैं और भारतीय लोकतंत्र की एकजुटता को दर्शाते हैं। चौधरी के नेतृत्व वाला पहला दल 8 से 14 अक्तूबर तक न्यूयॉर्क में रहेगा, जबकि दूसरा दल 27 अक्तूबर से शामिल होगा।

बलूचिस्तान : सैन्य काफिले पर सशस्त्र हमले में 4 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए
बलूचिस्तान के वाशुक जिले में एक सैन्य काफिले पर हुए सशस्त्र हमले में चार पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और एक अधिकारी समेत दो अन्य घायल हो गए। यह हमला बसिमा के पथक इलाके में हुआ जब तीन सैन्य वाहनों के काफिले पर अज्ञात आतंकियों ने गोलीबारी की। हमलावरों ने स्वचालित और भारी हथियारों का इस्तेमाल किया एवं क्षेत्र में लंबे समय तक गोलीबारी और विस्फोट होते रहे। बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी अधिकारियों ने एक सैनिक की मौत और एक अधिकारी के घायल होने की पुष्टि की है। 

राष्ट्रपति मादुरो ने पोप लियो XIV से मांगी मदद
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने सोमवार को कहा कि उन्होंने पोप लियो XIV से दक्षिण अमेरिकी देश में शांति बनाए रखने में मदद मांगी है। राष्ट्रपित मादुरो की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी सेना वेनेजुएला के तटीय जलक्षेत्र में कथित तौर पर नशीली दवाओं से लदी नावों पर लगातार हमले कर रही है, जिसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कार्टेलों के साथ सशस्त्र संघर्ष घोषित किया है। मादुरो ने कहा कि उन्होंने एक पत्र में लियो से मदद मांगी है। उन्होंने सरकारी टेलीविजन पर अपने साप्ताहिक कार्यक्रम के दौरान कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि पोप लियो, जैसा कि मैंने उन्हें भेजे पत्र में कहा था, वेनेजुएला में शांति और स्थिरता बनाए रखने और उसे हासिल करने में मदद करेंगे।'

अमेरिकी सेना ने पिछले महीने से कैरिबियन में चार घातक हमले किए हैं। नवीनतम हमले में शुक्रवार को चार लोग मारे गए। ट्रंप प्रशासन ने सांसदों को बताया है कि वह ड्रग तस्करों के साथ गैरकानूनी लड़ाकों जैसा व्यवहार कर रहा है और उनसे निपटने के लिए सैन्य बल की आवश्यकता है। राष्ट्रपति की युद्ध शक्तियों का यह दावा विस्तारित कार्रवाई की पृष्ठभूमि तैयार करता है और यह सवाल उठाता है कि कांग्रेस की अनुमति के बिना प्रशासन कितनी दूर तक जाएगा। मादुरो ने बार-बार कहा है कि अमेरिकी सेना की कार्रवाई उन्हें सत्ता से बेदखल करने के लिए की गई है।

अमेरिका के सैक्रामेंटो में हाईवे पर हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त
अमेरिका के सैक्रामेंटो में सोमवार शाम को एक विमान, जो एक मेडिकल हेलीकॉप्टर था, हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, इस घटना के बाद पूर्व की ओर जाने वाली लेन पर यातायात प्रभावित हो गई है।कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल के वैली डिवीजन के प्रवक्ता, अधिकारी माइक कैरिलो के अनुसार, दुर्घटना शाम 7 बजे के बाद हुई। ऑनलाइन पोस्ट की गई तस्वीरों में हादसे के बाद स्थिति दिखी है, हाईवे 50 पर कारों की एक लंबी कतार दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर के ठीक पीछे खड़ी दिखाई दे रही थी। विमान में सवार लोगों या घायलों की संख्या के बारे में तुरंत जानकारी नहीं मिल सकी है।

उन्होंने कहा, 'दुर्घटना के कारणों की अभी भी जांच चल रही है और कई एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं।' उन्होंने आगे कहा कि आपातकालीन दल और सीएचपी घटनास्थल पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि निवासियों को हाईवे पर देरी की आशंका होनी चाहिए और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा, 'हम जनता से उस क्षेत्र से दूर रहने और आपातकालीन दल को सुरक्षित रूप से काम करने देने का अनुरोध करते हैं।'

कीव में भारतीय नागरिक के पकड़े जाने की हो रही जांच
कीव में भारतीय मिशन यूक्रेनी बलों की ओर से एक भारतीय नागरिक को पकड़े जाने की खबरों की सत्यता का पता लगा रहा है। उसे अभी तक इस संबंध में यूक्रेनी पक्ष से कोई औपचारिक संचार नहीं मिला है। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आ रही है।
 

Britain: ब्रिटिश पीएम भारत के लिए रवाना

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर मुंबई पहुंचे। दो दिनों में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में भाग लेंगे। स्टार्मर ने दोनों देशों के बीच आर्थिक और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने और भारत में ब्रिटिश व्यापारिक नेताओं के साथ जुड़ने की योजना बनाई है। वह यूके-भारत फिल्म उद्योग संबंधों को बढ़ावा देने के लिए यशराज फिल्म्स का दौरा करेंगे और प्रीमियर लीग के एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। मुख्य वार्ता भारत-यूके विजन 2035 रणनीतिक रोडमैप और जुलाई में हस्ताक्षरित व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) पर केंद्रित होगी, जिसका उद्देश्य व्यापार को 35 बिलियन डॉलर तक बढ़ावा देना है। यह यात्रा अमेरिका में ट्रम्प प्रशासन की नीतियों से जुड़े वैश्विक भू-राजनीतिक परिवर्तनों के बीच हो रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed