फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News hindi Asia Pakistan china europe us uk west asia politics and global events News updates in hindi

World: रूस में बस हादसे में चीनी नागरिकों समेत आठ की मौत; लेबनान में इस्राइली हमलों में 12 ने गंवाई जान

Sat, 21 Feb 2026 06:56 AM IST
शिवम गर्ग वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवम गर्ग Updated Sat, 21 Feb 2026 06:56 AM IST
विज्ञापन
World News hindi Asia Pakistan china europe us uk west asia politics and global events News updates in hindi
world updates - फोटो : अमर उजाला

अमेरिकी प्रशासन ने कांग्रेस को सूचित किया है कि वह सीरिया के दमिश्क में अमेरिकी दूतावास को फिर से खोलने की योजना बना रहा है, जिसे 2012 में देश के गृह युद्ध के दौरान बंद कर दिया गया था। कांग्रेस को भेजे गए एक नोटिफिकेशन में राज्य विभाग ने कहा कि दूतावास संचालन को धीरे-धीरे फिर से शुरू करने के लिए “फेज़्ड एप्रोच” अपनाई जाएगी। खर्च अगले सप्ताह से शुरू होगा, हालांकि दूतावास पूर्ण रूप से कब खुलेगा या कर्मचारियों का नियमित लौटना कब होगा, इसका कोई समय नहीं बताया गया।

विज्ञापन


पिछले साल, जब लंबे समय तक शासन करने वाले बशर असद को दिसंबर 2024 में हटाया गया, तब से दूतावास फिर खोलने पर विचार किया जा रहा है। अमेरिकी विशेष दूत टॉम बैरक ने सीरिया के नए नेतृत्व के साथ संबंध सुधारने और अमेरिकी प्रतिबंधों को हटाने की दिशा में काम किया है। बैरक ने पिछले मई में दमिश्क दौरे के दौरान अमेरिकी ध्वज दूतावास परिसर में फहराया, लेकिन तब दूतावास पूरी तरह खुला नहीं था। उन्होंने सीरिया के इस्राइल और आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) के खिलाफ गठबंधन में भाग लेने के निर्णय की भी सराहना की।
विज्ञापन



रूस में बस हादसा, सात चीनी नागरिकों समेत आठ की मौत
रूस की लेक बैकाल झील पर एक बस दुर्घटना हो गई। इस बस में चीनी पर्यटक सवार थे। बस जमी हुई झील को पार कर रही थी, लेकिन बर्फ टूट गई और बस उसमें धंस गई। इस हादसे में आठ लोग मारे गए। इनमें सात चीनी पर्यटक और बस का चालक शामिल हैं। एक चीनी पर्यटक बस से बचने में सफल रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


अधिकारियों ने बताया कि बस तीन मीटर चौड़ी बर्फ की दरार में धंस गई। उस जगह झील की गहराई 18 मीटर थी। बचावकर्मियों ने गोताखोरी करने से पहले पानी के अंदर कैमरों से स्थिति देखी। इस मामले में अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि इस बस को पंजीकृत ऑपरेटर्स की ओर से नहीं चलाया जा रहा था। लेक बैकाल झील दुनिया की सबसे गहरी ताजे पानी की झील है और रूस में यह प्रमुख पर्यटन स्थल है। हाल के वर्षों में चीन से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, क्योंकि रूस और चीन ने आपसी वीजा-मुक्त व्यवस्था लागू की है।


लेबनान में इस्राइल के हवाई हमलों में कम से कम 12 की मौत
लेबनान के बेक्का घाटी में इस्राइल के हवाई हमलों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 24 घायल हुए, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा, सुबह एक पलिस्टिनी शरणार्थी शिविर पर हुए हमले में दो लोग मारे गए। इस्राइल ने कहा कि उसने हिज़बुल्लाह के कमांड सेंटर्स को निशाना बनाया। स्थानीय मीडिया में दिखाए गए वीडियो में बेक्का घाटी में हिट हुए स्थान पर एक अपार्टमेंट भवन दिखाई दिया, जहां बचाव दल मलबे में जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे थे। सिडोन के पलिस्टिनी शिविर में हुए हमले में इस्राइल ने हमास कमांड सेंटर को निशाना बताया। हमास ने दो सदस्यों की मौत की पुष्टि की, लेकिन कमांड सेंटर को निशाना बनाए जाने का दावा खारिज किया।

नाइजीरिया में बंदूकधारी उग्रवादियों के हमले में 33 की मौत
उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में इस्लामिक उग्रवादियों के हालिया हमलों में कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हमला बुधवार को केब्बी राज्य के बियू समुदाय में हुआ। पुलिस प्रवक्ता बशीर उस्मान ने बताया कि हमलावर सकोतो राज्य से आए थे, जहां के कुछ हिस्सों में लाकुरावा उग्रवादी समूह सक्रिय है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सशस्त्र लाकुरावा लड़ाके मवेशी लूटने के इरादे से इलाके में घुसे थे।

मेक्सिको व अल साल्वाडोर ने समुद्री नाव से 10 टन कोकीन जब्त की
मेक्सिको सिटी। मेक्सिको और अल साल्वाडोर की नौसेनाओं ने प्रशांत महासागर में अभियान के दौरान 10 टन से अधिक कोकीन जब्त की है। मुख्य मंजानिलो बंदरगाह से 250 समुद्री मील दूर एक सेमी-सबमर्सिबल नाव से लगभग चार टन मादक पदार्थ बरामद किए गए। सुरक्षा सचिव ओमार गार्सिया हार्फच ने बताया कि इस सप्ताह की कुल जब्ती 10 टन के करीब है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अमेरिकी सैन्य हमलों में तीन संदिग्ध नौकाओं पर 11 लोगों की मौत हो गई है। सबसे बड़ी कार्रवाई में तंजानिया की नाव से 6.6 टन कोकीन जब्त की गई थी।

सुरक्षा अभियानों की आड़ में 19 बलोच युवक हुए लापता
कराची। पाकिस्तान के विभिन्न शहरों से सुरक्षा अभियानों की आड़ में बलोच युवाओं का अपहरण किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कराची, क्वेटा और ग्वादर में कम से कम 19 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। लेकिन इनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। कराची के लयारी से पुलिस और सिंध रेंजर्स ने देर रात छापेमारी कर 13 लोगों को उठाया। इनमें कासिफ बलोच नामक युवक भी शामिल है, जिसे पहले भी हिरासत में लिया जा चुका था।

कैलिफोर्निया में पारंपरिक वस्त्र पहने सिख का अपहरण
न्यूयॉर्क। कैलिफोर्निया के सैन जोकिन काउंटी के ट्रेसी इलाके से पारंपरिक वस्त्र पहने एक सिख व्यक्ति का अपहरण कर लिया गया। सैन जोकिन काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में पीड़ित की पहचान अवतार सिंह (57) के रूप में की है। घटना के समय उन्होंने हल्के रंग के पारंपरिक सिख वस्त्र पहने हुए थे। पुलिस ने बताया कि निगरानी फुटेज में मंगलवार को स्थानीय समयानुसार अपराह्न लगभग ढाई बजे अवतार सिंह को गहरे रंग के कपड़े पहने तीन अज्ञात व्यक्ति एक सफेद एसयूवी में बिठाते हुए दिख रहे हैं। फुटेज से प्रतीत होता है कि पीड़ित को जबरन कार में बिठाया गया। पुलिस ने कहा, फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह एक अलग घटना प्रतीत होती है और समुदाय को किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है।

तमिल भाषा संवर्धन के लिए भारत से तमिझप्परिधि समेत 4 हस्तियां सम्मानित
तमिल भाषा और संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन व प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए दुनिया की चार प्रमुख हस्तियों को ग्लोबल तमिल अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया। इसमें भारत, इंडोनेशिया, स्विट्जरलैंड, सिंगापुर के विशेषज्ञ शामिल हैं। भारत से प्रो. तमिझप्परिधि मारी शब्दकोश विशेषज्ञ पुरस्कार से नवाजा गया। इन्होंने तमिल भाषा को वैश्विक ऑनलाइन डिक्शनरी रैंकिंग में 24वें से 7वें स्थान पर पहुंचाने में मदद की है। इंडोनेशिया के डॉ. विसागन मैलाचलम को लाइफटाइम तमिल लिटरेरी पुरस्कार दिया गया।

उन्होंने बताया कि इंडोनेशिया में तमिल स्कूलों की संख्या 4 से बढ़कर 10 हो गई है और 2026 तक 2,000 बच्चों को तमिल शिक्षा देने का लक्ष्य है। स्विट्जरलैंड के प्रसिद्ध कवि और लेखक डॉ. गंगामिगन को भी लाइफटाइम तमिल लिटरेरी पुरस्कार मिला। सिंगापुर के विक्रेश्वरी वदीवलागन को इसई तमिल सेम्मल (संगीत विशेषज्ञ) अवार्ड से सम्मानित किया गया, जो 48 वर्षों से संगीत-कला के क्षेत्र में शिक्षक और कलाकार के रूप में सक्रिय हैं। सिंगापुर में इस सप्ताह तमिल आर्ट्स एंड कल्चर सोसाइटी (टीएसीएस) की ओर से तमिल उत्सव 2026 का आयोजन किया गया।

पाकिस्तान: रमजान में जैश, लश्कर को दान दिया तो दर्ज होगा मुकदमा
पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने शुक्रवार को एक अधिसूचना जारी की है जिसमें कहा गया है कि आतंकी मसूद अजह के जैश-ए-मोहम्मद, हाफिज सईद के लश्कर-ए-ताइबा व जमात-उद-दावा जैसे प्रतिबंधित 90 संगठनों को जो भी चंदा देगा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अधिसूचना के अनुसार, प्रतिबंधित संगठनों को किसी भी प्रकार की मदद अपराध है। नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अपंजीकृत या प्रतिबंधित संगठनों को जकात (दान) या अन्य दान न दें अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुसलमान आमतौर पर रमजान के महीने में जकात देते हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि आतंकवाद या राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल प्रतिबंधित समूहों को वित्तीय सहायता प्रदान करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आतंकरोधी अधिनियम-1997 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

गंजेपन को 92 फीसदी तक दूर करने के लिए कोरियाई लाइट थेरेपी हैट
दक्षिण कोरिया के वैज्ञानिकों ने दावा किया कि उन्होंने लाइट थेरेपी हैट बनाई है, जो गंजेपन को 92 फीसदी तक कम करने में सक्षम है। कोरिया एडवांस्ड इंस्टीट्यूट ऑफ़ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के शोधकर्ताओं के अनुसार, नया उपचार सीधे तौर पर ह्यूमन डर्मल पैपिला कोशिकाओं को लक्षित करता है। ये कोशिकाएं बालों के रोम के आधार पर स्थित होती हैं और बालों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जैसे-जैसे बाल पुराने होते हैं या झड़ने लगते हैं, वे बीटा-गैलेक्टोसिडेज नामक एंजाइम का उच्च स्तर उत्पन्न करने लगते हैं। यह एंजाइम कोशिकाओं के बूढ़े होने और बालों के झड़ने का एक प्रमुख बायोमार्कर माना जाता है।

पाकिस्तान में 3.9 तीव्रता का भूकंप, 10 किमी गहराई पर झटके
पाकिस्तान में शनिवार सुबह 3.9 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार यह झटका 21 फरवरी 2026 को सुबह 9 बजकर 57 मिनट 59 सेकंड (IST) पर दर्ज किया गया। भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर थी। केंद्र ने बताया कि भूकंप का केंद्र 33.76 उत्तरी अक्षांश और 72.68 पूर्वी देशांतर पर स्थित था। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या हताहत की खबर नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर झटके महसूस किए गए।

पाकिस्तान भौगोलिक रूप से बेहद संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है। यहां भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों की टक्कर होती है, जिसके कारण अक्सर भूकंप आते रहते हैं। बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और गिलगित-बाल्टिस्तान प्रमुख फॉल्ट लाइनों के पास हैं। पंजाब और सिंध भी जोखिम वाले क्षेत्रों में गिने जाते हैं, जिससे देश में भूकंपीय गतिविधि का खतरा लगातार बना रहता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed