फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News hindi Asia Pakistan china europe us uk west asia politics and global events News updates in hindi

World: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में 24 घंटे में 7 धमाके; भारत ने 'ऑपरेशन सागर बंधु' के तहत श्रीलंका भेजी मदद

Sun, 30 Nov 2025 03:14 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Sun, 30 Nov 2025 03:14 PM IST
विज्ञापन
World News hindi Asia Pakistan china europe us uk west asia politics and global events News updates in hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुश्नर रविवार को फ्लोरिडा में यूक्रेनी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब युद्ध समाप्त करने के संभावित समझौते पर बातचीत आगे बढ़ाने के लिए यूक्रेन का प्रतिनिधिमंडल अमेरिका पहुंचा है।
विज्ञापन


अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, यह मुलाकात दोनों देशों के बीच जारी संवाद का महत्वपूर्ण चरण होगा, जिसमें संघर्ष विराम और शांति समझौते से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है। यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा संकेत देता है कि कूटनीतिक स्तर पर वार्ता फिर से गति पकड़ रही है।
विज्ञापन


द्वि-राष्ट्र सिद्धांत इस्राइल-फलस्तीन संघर्ष का एकमात्र न्यायसंगत रास्ता- पोप लियो चौदहवें
पोप लियो चौदहवें ने रविवार को इस्राइल-फलस्तीन संघर्ष को सुलझाने के लिए दो-राष्ट्र समाधान पर कैथोलिक चर्च की मजबूत मांग को दोहराया। उन्होंने हवाई जहाज में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यही एकमात्र समाधान है जो दोनों पक्षों के लिए न्याय सुनिश्चित कर सकता है। पोप लियो इस्तांबुल से बेरूत जाते समय मीडिया से बात कर रहे थे। यह उनकी पहली विदेश यात्रा का दूसरा और अंतिम चरण था।
विज्ञापन
विज्ञापन


नेपाल: चुनाव आयोग ने आम चुनाव के लिए 168 नए मतदान केंद्र जोड़े
नेपाल के चुनाव आयोग ने रविवार को बताया कि पांच मार्च को होने वाले आम चुनाव के लिए 168 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं। इसके साथ देश में कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 10,967 हो गई है। आयोग ने 93 पुराने या अनुपयोगी केंद्रों को भी हटाया है। 

चुनाव आयोग के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टरई ने कहा कि यह कदम मतदाताओं की सुविधा बढ़ाने और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को ठीक करने के लिए उठाया गया है। इनमें मतदान केंद्रों के गलत नाम, पुराने पते और उन जगहों पर केंद्रों का होना शामिल था, जहां पहुंच पाना मतदाताओं के लिए मुश्किल था। कुछ मतदान केंद्रों को अधिक उपयुक्त स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है।

नए मतदान केंद्रों की संख्या इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है। 21 नवंबर नए मतदाता पंजीकरण का अंतिम दिन था। तब तक 8,37,094 नए मतदाता सूची में दर्ज हुए थे। 2022 के पिछले आम चुनाव के समय देश में 1,81,68,000 पात्र मतदाता थे।

पाकिस्तान में भारतीय नीलगाय मारी गई; 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने शनिवार को बताया कि भारत से पाकिस्तान में घुसी एक नीलगाय को एक दर्जन से ज़्यादा लोगों ने कथित तौर पर उनकी फसलें बर्बाद करने के आरोप में मार डाला।
यह घटना लाहौर से करीब 400 किमी दूर बहावलनगर में हुई, जब नीलगाय (नीला बैल) पिछले हफ्ते भारतीय बॉर्डर पार कर आई थी। पंजाब पुलिस ने शनिवार को कहा कि उन्होंने 12 लोगों के खिलाफ "भारतीय नीलगाय का शिकार करने, उसे टॉर्चर करने और मारने" का केस दर्ज किया है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

FIR सीनियर वाइल्डलाइफ रेंजर सीमाब फातिमा की शिकायत पर दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा, "वाइल्डलाइफ टीम ने देखा कि करीब 12 हथियारबंद लोग भारतीय नीलगाय का पीछा कर रहे थे, उसे लाठी से थका रहे थे और घायल कर रहे थे। टीम को देखकर वे जानवर को बुरी हालत में छोड़कर भाग गए। बाद में नीलगाय ने जख्मों की वजह से दम तोड़ दिया।" पता चला कि लोगों से समय पर जानकारी मिलने के बावजूद, वाइल्डलाइफ टीम ने जल्दी कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने कहा कि भूखी नीलगाय अक्सर खाने की तलाश में लोगों के खेतों में घुस जाती हैं।
 

काठमांडो-पोखरा उड़ान से पक्षी टकराया, प्रोपेलर क्षतिग्रस्त
बुद्ध एयर की काठमांडो-पोखरा उड़ान (विमान संख्या- 617 ) शनिवार को पोखरा विमान स्थल पर लैंडिंग के दौरान पक्षी से टकरा गई। एटीआर-72 विमान रनवे 12 की पूर्व दिशा से उतर रहा था, उसी दौरान पक्षी के टकराने से दाहिनी ओर के इंजन के एक प्रोपेलर में नुकसान हुआ। विमान में 68 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। बुद्ध एयर के पोखरा कार्यालय के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि विमान से टकराने वाला पक्षी गिद्ध था। विमान को काठमांडो लौटते समय यात्रियों को लेकर जाना था, लेकिन क्षति के आकलन और मरम्मत के बाद इसे दोबारा उड़ान के लिए अनुमति मिलेगी।

पोखरा विमान स्थल के महाप्रबंधक जगन्नाथ निरौला के अनुसार एक माह पहले भी पोखरा से काठमांडो के लिए टेकऑफ कर रहा बुद्ध एयर का एक एटीआर विमान गिद्ध से टकराने के बाद रनवे पर लौट आया था। नेपाल के विमान स्थलों में पर्यटकीय नगरी पोखरा में अवस्थित एयरपोर्ट उन स्थानों में शामिल है, जहां पक्षियों की गतिविधि सबसे अधिक रहती है। अधिकारियों का कहना है कि इजिप्शियन वल्चर की आवाजाही पोखरा क्षेत्र में बार-बार दर्ज की जाती है, इसलिए पायलट और एयरलाइंस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए।

पाकिस्तान में फंसी श्रीलंकाई महिला 18 साल बाद जुर्माना देकर देश लौटी
श्रीलंकाई महिला रशीना (65) पाकिस्तान में 18 साल से फंसे होने के बाद 2 दिसंबर को कोलंबो पहुंचेंगी। रशीना वीजा अवधि से अधिक रुकने पर लगाए गए 22 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना नहीं चुका पाने के कारण 18 साल तक पाकिस्तान में फंसी थी। रशीना ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि 18 साल पहले अपने पाकिस्तानी पति से साथ यहां आईं थी, लेकिन उनकी मौत के बाद वे यहां फंस गईं। उनके बच्चे और परिवार कोलंबो में ही हैं। अब्दुल सत्तार ईधी फाउंडेशन के चेयरमैन फैसल ईधी ने बताया कि उनकी मानवीय पीड़ा को देखते हुए सैलानी ट्रस्ट और मानवाधिकार वकील जिया आवान ने उनका केस लड़ा।

ब्लैक फ्राइडे पर कैलिफोर्निया के शॉपिंग मॉल में गोलीबारी
कैलिफोर्निया के सैन जोस में शुक्रवार को ब्लैक फ्राइडे की भीड़ के दौरान एक शॉपिंग मॉल को गोलीबारी के बाद खाली कराया गया। यह दिन अमेरिका में साल का सबसे व्यस्त शॉपिंग डे होता है। पुलिस ने वैलै फेयर मॉल में हुई इस घटना को एक अलग तरह का मामला बताया। सैन जोस पुलिस विभाग ने बताया कि गोली लगने से घायल हुए दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। सांता क्लारा स्थित मॉल को जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से खाली कराया गया था।

शांति वार्ता से पहले रूसी हमले में कीव में 2 की मौत
यूक्रेन की राजधानी कीव पर शनिवार तड़के हुए रूसी हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई। मेयर विटाली क्लित्स्को ने बताया कि 15 लोग घायल हुए हैं। यह हमले तब हुए, जब युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिकी नेतृत्व में शांति वार्ता शुरू होने वाली है। यूक्रेनी शांति वार्ताकार इस सप्ताहांत अमेरिका में अपने अमेरिकी समकक्षों से मिलेंगे। इसके बाद, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल अगले सप्ताह मास्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेगा।

45 साल की सजा पाए होंडूरास के पूर्व राष्ट्रपति को माफी देगा अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एलान किया कि वह होंडूरास के पूर्व राष्ट्रपति जुआन ऑरलैंडो हर्नांडेज को क्षमादान देंगे। हर्नांडेज को 2024 में ड्रग तस्करी और हथियारों से जुड़े आरोपों में दोषी ठहराया गया था और 45 साल की जेल की सजा मिली थी। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि उनके सम्मानित लोगों के अनुसार, हर्नांडेज के साथ बहुत कठोर और अन्यायपूर्ण व्यवहार किया गया। ट्रंप होंडूरास के राष्ट्रपति पद के लिए टीटो आसफुरा का समर्थन कर रहे हैं।

फिनलैंड ने पाकिस्तान में बंद किया दूतावास 2026 से होगा लागू
फिनलैंड ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान और म्यांमार में अपने दूतावास को बंद कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह फैसला इन देशों की राजनीतिक स्थिति और फिनलैंड के साथ इनके सीमित व्यापार और आर्थिक संबंधों की वजह से लिया गया है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि दूतावास बंद करने की तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं और साल 2026 तक यह पूरी तरह लागू हो जाएगा। विदेश मंत्री एलीना वाल्टोनन ने बताया कि फिनलैंड अब अपने संसाधनों को उन देशों पर ज्यादा फोकस करेगा जो उसके लिए ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। 

लंदन में इस्कॉन ने फिर हासिल किया मंदिर परिसर
इस्कॉन संस्था ने लंदन में अपने ऐतिहासिक पहले मंदिर परिसर 7 ब्यूरी प्लेस को नीलामी में दोबारा खरीद लिया है। इसकी कीमत 11.6 लाख पाउंड (करीब 138 करोड़ रुपये) बताई गई है। संगठन ने इसे अपनी आध्यात्मिक विरासत से जुड़ा पूर्ण चक्र का क्षण बताया है। ब्लूम्सबरी इलाके में स्थित यह इमारत इस्कॉन की ब्रिटेन में शुरुआत का प्रतीक है। 

'पश्चिमी देश पाकिस्तान से तानाशाही खत्म नहीं करना चाहते', पाकिस्तानी सांसद का बड़ा आरोप

पाकिस्तान में तहरीक ए इंसाफ पार्टी के सांसद खुर्रम जीशान का कहना है कि पश्चिम के देश ही नहीं चाहते कि पाकिस्तान से तानाशाही खत्म हो। उन्होंने अपनी बात समझाते हुए कहा कि अमेरिका समेत पश्चिमी देशों को पाकिस्तान में तानाशाही सुहाती है क्योंकि तानाशाही में उन्हें सिर्फ एक व्यक्ति से डील करना होता है। पाकिस्तानी सांसद ने आरोप लगाया कि पश्चिमी देश एक व्यक्ति को कंट्रोल करके पूरे देश को नियंत्रित करना चाहते हैं। 

भारत का ऑपरेशन सागर बंधु, तूफान पीड़ित श्रीलंका भेजी मदद

चक्रवाती तूफान दितवाह ने श्रीलंका में भारी तबाही मचाई है। भारत सरकार ने पड़ोसी पहले नीति के तहत श्रीलंका मानवीय मदद भेजने के लिए ऑपरेशन सागर बंधु की शुरुआत की। भारत की तरफ से 27 टन राहत सामग्री ऑपरेशन सागर बंधु के तहत श्रीलंका भेजी गई है। साथ ही भारतीय वायुसेना, भारतीय नौसेना और एनडीआरएफ के 80 जवान भी श्रीलंका में राहत और बचाव कार्यों में जुटे हैं। 

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में 24 घंटे में 7 धमाके

पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में पिछले 24 घंटे में कम से कम सात धमाके हुए हैं, जिनमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। धमाकों में एक निर्माण कंपनी के दो सिक्योरिटी गार्ड घायल हो गए हैं। इन धमाकों के पीछे बलूच विद्रोहियों का हाथ माना जा रहा है। ये धमाके बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा और डेरा मुराद जमाली में हुए। शनिवार को, विद्रोहियों ने क्वेटा में एक पुलिस चेकपॉइंट पर हैंड ग्रेनेड फेंके। इसके बाद आतंक रोधी विभाग की गाड़ी के पास एक IED विस्फोटक फट गया। शाम को बाद में तीन और धमाके किए गए। इन घटनाओं से क्वेटा में डर और दहशत फैल गई, हालांकि, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed