बाइडन के स्वागत में कालीनों की सफाई पर 44 हजार डॉलर खर्च करेगा व्हाइट हाउस
अमेरिका के चयनित राष्ट्रपति जो बाइडन के स्वागत के लिए व्हाइट हाउस कथित तौर पर कालीनों की सफाई पर 44 हजार डॉलर (करीब 32 लाख 30 हजार रुपये) खर्च करने जा रहा है। बता दें कि इस बार डोनाल्ड ट्रंप को हराने वाले बाइडन अगले साल 20 जनवरी को व्हाइट हाउस में प्रवेश करेंगे।
यूं तो राष्ट्रपति में बदलाव होने पर राष्ट्रपति के आवास और कार्यालय की सफाई पारंपरिक है लेकिन कोरोना वायरस महामारी की वजह से इस बार सफाई पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। बता दें कि व्हाइट हाउस 55 हजार वर्ग फीट में बना है और इसमें 16 बेडरूम व 35 बाथरूम सहित 132 कमरे हैं।
बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और बेटे बैरन भी इस महामारी की चपेट में आ गए थे। जानकारी के अनुसार व्हाइट हाउस में कोरोना के कई मामले सामने आने की वजह से सफाई खर्च में इतनी ज्यादा बढ़ोतरी हुई है।
बाइडन ने ट्रंप प्रशासन पर लगाया सूचनाएं न मुहैया कराने का आरोप
उधर, जो बाइडन ने कहा है कि देश के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाला प्रशासन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अहम क्षेत्रों पर उनके सत्ता हस्तांतरण दल को सभी जानकारियां मुहैया नहीं कर रहा है, जो कि गैरजिम्मेदाराना है और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है।
बाइडन ने डेलावेयर के विलमिंगटन में सोमवार को कहा कि मेरी टीम को सत्ता हस्तांतरण के लिए आवश्यक जानकारी हासिल करने में रक्षा मंत्रालय और प्रबंधन व बजट कार्यालय में राजनीतिक नेतृत्व की ओर से उत्पन्न की गईं बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, अभी हमें निवर्तमान प्रशासन से महत्वपूर्ण सुरक्षा क्षेत्रों से जुड़ी सभी अहम जानकारी नहीं मिल रही है। हमारे दल को रक्षा विभाग की बजट प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता चाहिए ताकि उन सभी स्थितियों से बचा जा सके, जिनका विरोधी फायदा उठा सकते हैं।