United States: चीनी कंपनियों पर प्रतिबंध को अमेरिकी राज्यों ने ही नहीं माना, जारी रखी खरीदारी
US Sanctions on China: अमेरिका की संघीय एजेंसियों चीन की दूरसंचार कंपनियों हुवावे, जेडटीई, हिकविजन, दाहुआ और हायतेरा के उत्पादों पर प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन अमेरिकी व्यवस्था में संघीय सरकार के आम प्रतिबंध राज्यों की एजेंसियों पर लागू नहीं होते...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चीन के दूरसंचार उपकरणों के इस्तेमाल पर रोक लगाने की अमेरिका की संघीय सरकार की कोशिश को वहां के राज्यों और स्थानीय प्रशासनों ने सफल नहीं होने दिया है। कई राज्यों और नगरों के प्रशासन ने उन चीनी उपकरणों की खरीद भी जारी रखी है, जिन्हें संघीय सरकार ने अमेरिकी की सुरक्षा के लिए खतरनाक घोषित कर रखा है। अमेरिका के जो बाइडन प्रशासन के लिए चिंताजनक ये तथ्य जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर सिक्योरिटी एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी (सीएसईटी) की एक ताजा रिपोर्ट से सामने आए हैं।
अमेरिकी अधिकारी चेतावनी देते रहे हैं कि चीन में बने टेलीकॉम उपकरणों के इस्तेमाल से अमेरिका आर्थिक जासूसी और डिजिटल धोखाधड़ी का शिकार हो सकता है। संघीय सरकार ने राज्यों और स्थानीय निकायों के प्रशासनों को बार-बार संदेश भेजा है कि वे अपनी नीति संघीय सरकार की नीति के अनुरूप ढालें। ऐसा करना स्कूलों, अस्पतालों और अन्य महत्त्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए जरूरी है। लेकिन सीएसईटी की रिपोर्ट के मुताबिक कई स्थानीय सरकारों ने इस पर ध्यान नहीं दिया है।
अमेरिका की संघीय एजेंसियों चीन की दूरसंचार कंपनियों हुवावे, जेडटीई, हिकविजन, दाहुआ और हायतेरा के उत्पादों पर प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन अमेरिकी व्यवस्था में संघीय सरकार के आम प्रतिबंध राज्यों की एजेंसियों पर लागू नहीं होते। नतीजा यह हुआ कि सिर्फ पांच राज्यों- फ्लोरिडा, जॉर्जिया, लुइजियाना, टेक्सस और वॉरमोंट ने चीनी कंपनियों के उपकरणों की खरीद पर रोक के कदम उठाए।
सीएसईटी की रिपोर्ट के मुताबिक 2015 से 2021 के बीच राज्यों और स्थानीय प्रशासन की 1,681 इकाइयों ने प्रतिबंधित चीनी कंपनियों के टेक्नोलॉजी और सेवाओं की खरीदारी की। ये खरीदारी चार करोड़ 50 लाख डॉलर की रही। ऐसी खरीदारी करने वाली एजेंसियों में सरकारी स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी, जेल, अस्पताल, और परिवहन सिस्टम शामिल हैं। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2018 में चीन के खिलाफ अभियान शुरू किया था। उसके बावजूद तब से 2021 तक चीनी कंपनियों से 600 से ज्यादा खरीदारियां की गईं।
चीनी कंपनियों से खरीदारी करने वाले राज्यों में मिशिगन सबसे आगे रहा है। वहां चीनी कंपनी हुवावे से डेढ़ करोड़ डॉलर के नेटवर्किंग उपकरण और सेवाओं की खरीदारी की गई है। अरकंसास राज्य ने हिकविजन से दस लाख डॉलर के निगरानी उपकरण खरीदे हैं। वेबसाइट एक्सियोस.कॉम ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि चीनी दूरसंचार उपकरण आम तौर पर दूसरी कंपनियों के उत्पाद से सस्ते होते हैं। इसलिए उन्हें खरीदना सरकारी एजेंसियों को आकर्षक सौदा मालूम पड़ता है।
सीएसईटी की रिपोर्ट के सह-लेखक माइकल क्रेटसोइस ने एक्सियोस.कॉम से कहा- ‘जब किसी टेक्नोलॉजी को सरकारी नेटवर्क में लगाया जाता है, तो उससे जुड़े दूसरे नेटवर्कों के लिए यह एक प्रवेश द्वार बन जाता है। अगर विरोधी शक्तियां या हैकर इन सार्वजनिक सेवाओं को ठप करना चाहें, तो वे इन हार्डवेयर के जरिए ऐसा कर सकते हैं। इसलिए राज्यों और स्थानीय प्रशासनों को संघीय गाइडलाइंस का पालन करना चाहिए।’
वेबसाइट एक्सियोस ने कहा है कि इस रिपोर्ट से सामने आई जानकारी के बाद अब अमेरिका फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (एफसीसी) हुवावे और जेडटीई के सभी दूरसंचार उपकरणों की नई खरीदारी को प्रतिबंधित करने पर विचार कर रहा है। नया प्रतिबंध राष्ट्रीय सुरक्षा प्रावधानों के तहत लगाया जाएगा, जिससे राज्यों और स्थानीय प्रशासनों को उसे मानना अनिवार्य हो जाएगा।