{"_id":"6837a4c30cb3368c5d0c27d6","slug":"us-human-smuggling-convict-10-yr-jail-indian-family-jagdish-patel-died-in-2022-near-canadian-border-blizzard-2025-05-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Human Smuggling: अमेरिका में साजिश के दोषी को 10 साल की जेल; US-कनाडा सीमा पर तूफान में मरा था भारतीय परिवार","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Human Smuggling: अमेरिका में साजिश के दोषी को 10 साल की जेल; US-कनाडा सीमा पर तूफान में मरा था भारतीय परिवार
Thu, 29 May 2025 05:35 AM IST
दीपक कुमार शर्मा
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, फर्गस फॉल्स
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, फर्गस फॉल्स
Published by: दीपक कुमार शर्मा
Updated Thu, 29 May 2025 05:35 AM IST
सार
अमेरिकी जिला न्यायाधीश जॉन टुनहेम की अदालत ने बुधवार को ठंड के चलते गुजराती परिवार के चार सदस्यों की मौत के मामले में अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी की साजिश के कथित सरगना हर्ष कुमार रमनलाल पटेल को 10 साल की सजा सुनाई। संघीय अभियोजकों ने हर्ष कुमार के लिए लगभग 20 साल और उन्हें लेने वाले ड्राइवर स्टीव एंथनी शैंड के लिए लगभग 11 साल की सजा की सिफारिश की थी।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : ANI
विस्तार
अमेरिका-कनाडा सीमा पर जनवरी 2022 में ठंड के चलते गुजराती परिवार के चार सदस्यों की मौत के मामले में तीन साल बाद, अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी की साजिश के कथित सरगना हर्ष कुमार रमनलाल पटेल को बुधवार को मिनेसोटा में 10 साल की सजा सुनाई गई।
विज्ञापन
संघीय अभियोजकों ने हर्ष कुमार के लिए लगभग 20 साल और उन्हें लेने वाले ड्राइवर स्टीव एंथनी शैंड के लिए लगभग 11 साल की सजा की सिफारिश की थी। शैंड को भी बुधवार को सजा सुनाई जानी थी। दोनों अमेरिकी जिला न्यायाधीश जॉन टुनहेम के समक्ष पेश हुए, जिन्होंने पिछले महीने दोषी के फैसले को खारिज करने से इनकार करते हुए लिखा, 'यह कोई करीबी मामला नहीं था।'
विज्ञापन
पिछले साल दोनों को चार-चार मामलों में ठहराया गया था दोषी
न्यायाधीश ने उत्तर-पश्चिमी मिनेसोटा शहर फर्गस फॉल्स में संघीय न्यायालय में सजा सुनाई। इसी अदालत में पिछले नवंबर में दोनों व्यक्तियों पर मुकदमा चलाया गया था और उन्हें चार-चार मामलों में दोषी ठहराया गया था।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: गुजराती परिवार की मौत का मामला: अमेरिका की अदालत ने लिया संज्ञान, ढाई साल बाद शुरू होगा मानव तस्करी का मुकदमा
लोगों को छात्र वीजा पर भारत से कनाडा लाता था पटेल
अभियोक्ताओं ने मुकदमे के दौरान कहा कि भारतीय नागरिक पटेल और फ्लोरिडा का अमेरिकी नागरिक शैंड एक अवैध अभियान का हिस्सा थे। पटेल भारत से दर्जनों लोगों को छात्र वीजा पर कनाडा लाता था और फिर उन्हें अमेरिकी सीमा पार कराता था। उन्होंने कहा कि पीड़ित 39 वर्षीय जगदीश पटेल, उनकी पत्नी वैशालीबेन, 11 वर्षीय बेटी विहांगी और 3 वर्षीय बेटा धार्मिक ठंड से मर गए। ये परिवार गुजरात के गांव डिंगुचा से था और दंपती स्कूल शिक्षक थे। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने 19 जनवरी, 2022 को मैनिटोबा और मिनेसोटा के बीच की सीमा के ठीक उत्तर में उनके शव बरामद किए।
बेटे के चेहरे को हवा से बचाने की कोशिश करते हुए हुई जगदीश की मृत्यु
अभियोक्ता माइकल मैकब्राइड ने कहा कि पिता जगदीश की मृत्यु अपने बेटे के चेहरे को तेज हवा से बचाने की कोशिश करते हुए हुई। बेटी विहांगी ने ऐसे जूते और दस्ताने पहने थे, जो उसके साइज के नहीं थे। जगदीश की पत्नी एक बाड़ के पास गिरी हुई पाई गईं, शायद उन्हें लगा कि पार जाने के लिए अब बस थोड़ी ही दूरी है। एक नजदीकी मौसम केंद्र ने उस सुबह -36°F (-38° सेल्सियस) तापमान दर्ज किया, जो इंसान के लिए बहुत ही जानलेवा ठंड होती है।
ये भी पढ़ें: अमेरिका-कनाडा बॉर्डर: ठंड में जमने से मरे चार भारतीयों की हुई पहचान, मानव तस्करी से जुड़ा है मामला
पटेल ने ही बनाई थी योजना
हर्ष कुमार पटेल ने ही शैंड के साथ मिलकर लोंगो को मैनिटोबा से मिनेसोटा तक सीमा पार करने की योजना बनाई थी। पटेल ने ही यह तय किया था कि सीमा पार करने के लिए कहां और कब जाना है? साथ ही प्रवासियों की संख्या तय की।