Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Uproar over US Navy action Submarine and warship commanders removed Congress demands answers

अमेरिकी नौसेना में कार्रवाई से मचा बवाल: पनडुब्बी और युद्धपोत के कमांडर हटाए; कांग्रेस ने मांगा जवाब

Fri, 13 Nov 2026 07:44 AM IST
प्रशांत तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Fri, 13 Nov 2026 07:44 AM IST
सार

अमेरिकी नौसेना में पिछले कुछ महीनों के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारियों को बिना सार्वजनिक घोषणा के पद से हटाए जाने का मामला सामने आया है। इनमें परमाणु पनडुब्बी यूएसएस साउथ डकोटा की पूरी नेतृत्व टीम, मध्य पूर्व में तैनात एक डिस्ट्रॉयर की कमांडर और कांग्रेस व सुप्रीम कोर्ट के चिकित्सक डॉ. ब्रायन मोनाहन शामिल हैं।

विज्ञापन
Uproar over US Navy action Submarine and warship commanders removed Congress demands answers
अमेरिकी कांग्रेस - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

अमेरिकी नौसेना में पिछले कुछ महीनों के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारियों को बिना सार्वजनिक घोषणा के उनके पदों से हटा दिया गया। आमतौर पर नौसेना ऐसे फैसलों की आधिकारिक जानकारी साझा करती है, लेकिन इस बार गोपनीयता बरतने से अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य नाराज हैं। सांसदों का कहना है कि महत्वपूर्ण सैन्य पदों पर तैनात अधिकारियों को हटाने की जानकारी कांग्रेस को भी नहीं दी गई। इससे नौसेना की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो गए हैं।

विज्ञापन


पनडुब्बी की पूरी नेतृत्व टीम पर गिरी गाज
दो डेमोक्रेटिक सांसदों के मुताबिक, पिछले महीने समुद्र के भीतर किसी वस्तु से टकराने की घटना के बाद नौसेना ने परमाणु ऊर्जा से संचालित अटैक पनडुब्बी यूएसएस साउथ डकोटा की पूरी नेतृत्व टीम को हटा दिया। इसमें पनडुब्बी के कमांडर, उनके डिप्टी और सबसे वरिष्ठ नाविक शामिल थे। हैरानी की बात यह है कि नौसेना ने न तो इस कार्रवाई की सार्वजनिक घोषणा की और न ही टक्कर की घटना पर विस्तृत जानकारी दी।
विज्ञापन


ईरान के खिलाफ तैनात युद्धपोत की कमांडर भी हटाईं
एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी के अनुसार, नौसेना ने 27 सितंबर को यूएसएस माइकल मर्फी डिस्ट्रॉयर की कमांडर कैटलिन कनिंघम को भी पद से हटा दिया। यह युद्धपोत ईरान के खिलाफ अभियानों में सहायता के लिए मध्य पूर्व में तैनात था। कनिंघम को हटाने का कारण 'भरोसा खत्म होना' (लॉस ऑफ कॉन्फिडेंस) बताया गया। उन्हें कमांडर की जिम्मेदारी संभाले अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। अधिकारी ने संवेदनशील जानकारी होने के कारण अपनी पहचान गोपनीय रखी।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुरानी परंपरा से अलग नौसेना की कार्रवाई
अमेरिकी नौसेना में किसी कमांडर को हटाए जाने पर आमतौर पर कुछ ही दिनों में आधिकारिक घोषणा की जाती है। हालांकि, कनिंघम के मामले में ऐसा नहीं हुआ। मीडिया के सवालों पर भी नौसेना ने कोई टिप्पणी नहीं की। पनडुब्बी की नेतृत्व टीम को हटाने की जानकारी भी कांग्रेस को समय पर नहीं दी गई। इस रवैये को नौसेना की स्थापित सूचना साझा करने की परंपरा से अलग माना जा रहा है।

सांसदों ने जताई नाराजगी, नौसेना को लिखा पत्र
कनेक्टिकट के जो कर्टनी और वाशिंगटन के एडम स्मिथ ने नौसेना के शीर्ष अधिकारियों को पत्र लिखकर नाराजगी जताई है। कार्यवाहक नौसेना सचिव हंग काओ और एडमिरल डेरिल कॉडल को भेजे गए पत्र में उन्होंने कहा कि यूएसएस साउथ डकोटा की नेतृत्व टीम को हटाने की जानकारी हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी को नहीं देना निराशाजनक है। सांसदों के मुताबिक, इस तरह की जानकारी साझा नहीं करने से नौसेना की पारदर्शिता और कांग्रेस के साथ उसके कामकाजी संबंध प्रभावित होते हैं।

डॉ. ब्रायन मोनाहन के पद छोड़ने पर भी सवाल
इसी बीच रिपब्लिकन सीनेटर माइक राउंड्स और डेमोक्रेटिक सीनेटर एलेक्स पैडिला ने डॉ. ब्रायन मोनाहन के पद छोड़ने की पुष्टि की। मोनाहन नौसेना में रियर एडमिरल होने के साथ कांग्रेस और सुप्रीम कोर्ट के अटेंडिंग फिजिशियन भी रहे हैं। उन्होंने करीब 18 वर्षों तक इस कार्यालय का नेतृत्व किया। यह कार्यालय सांसदों, सुप्रीम कोर्ट के सदस्यों, कांग्रेस कर्मचारियों और आगंतुकों को आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराता है। एक अधिकारी के मुताबिक, नौसेना ने उनके मामले की जांच भी शुरू की है।

हंग काओ की सुनवाई में उठ सकता है मामला
नौसेना में अधिकारियों को हटाने और जानकारी छिपाने का मुद्दा अगले सप्ताह कार्यवाहक नौसेना सचिव हंग काओ की कन्फर्मेशन सुनवाई में उठ सकता है। काओ इस पद पर स्थायी नियुक्ति पाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सांसद उनसे अधिकारियों को हटाने की प्रक्रिया और कांग्रेस को जानकारी नहीं देने के कारणों पर सवाल कर सकते हैं। इससे सुनवाई के दौरान तीखी बहस होने की आशंका है।

मध्य पूर्व में सैन्य सूचनाओं पर भी गोपनीयता
गोपनीयता का यह रुख केवल नौसेना तक सीमित नहीं है। मध्य पूर्व में अमेरिकी अभियानों की निगरानी करने वाली यूएस सेंट्रल कमांड ने ईरान पर हालिया हमलों और सैन्य ठिकानों को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है। इसके लिए ऑपरेशनल सिक्योरिटी यानी सैन्य अभियानों की सुरक्षा का हवाला दिया गया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुरोध पर सैटेलाइट तस्वीरें जारी करने वाली कंपनियों ने भी कुछ तस्वीरों को रोक दिया या उनके प्रकाशन में देरी की।

ईरानी हमलों में 26 अमेरिकी सैन्य ठिकानों को नुकसान
एसोसिएटेड प्रेस के विश्लेषण के मुताबिक, सैटेलाइट तस्वीरों पर पाबंदियों के कारण ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों से हुए नुकसान का आकलन करने में महीनों लग गए। विश्लेषण में क्षेत्र के 26 अमेरिकी सैन्य ठिकानों और अमेरिकी उपकरणों वाले अन्य स्थानों पर इमारतों तथा सैन्य ढांचों को नुकसान पहुंचने या नष्ट होने की जानकारी सामने आई।


ये भी पढ़ें: जेन्सेन के इस्तीफे के बाद नया खुलासा: एलिस-किम्बर्ली के अलावा एक और कर्मचारी से थे संबंध, एनवीडिया क्या बोली?

पारदर्शिता और सुरक्षा के बीच बढ़ा टकराव
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अमेरिकी सैन्य प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सैन्य सूचनाओं को गोपनीय रखना जरूरी माना जाता है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस को महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी देना भी जवाबदेही का हिस्सा है। अब देखना होगा कि नौसेना इस विवाद पर क्या सफाई देती है और क्या हंग काओ की सुनवाई में इन मामलों पर कोई ठोस जवाब सामने आता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed