UK: विश्वविद्यालय में तलवार लेकर घूमता दिखा शख्स, हंगामे के बीच भारी संख्या में पहुंचा सशस्त्र बल, फिर...
अधिकारी ने बताया कि ग्रॉसवेनर स्ट्रीट पर एक इमारत में हथियारबंद अधिकारियों को बुलाया गया, क्योंकि खबर मिली थी कि एक पुरुष तलवार लेकर खड़ा है।
विस्तार
ब्रिटेन के मैनचेस्टर मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को हंगामा खड़ा हो गया। खबर मिली थी कि एक शख्स तलवार लेकर विश्वविद्यालय के सिटी सेंटर में खड़ा है। इस पर ही बवाल मच गया। फिर क्या था एक के बाद एक पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंचने लगी। सशस्त्र इकाइयों समेत बड़ी संख्या में पुलिस पहुंची। बाद में पता चला कि सभी को गलतफहमी हुई थी।
तलवार लेकर घूमता दिखा छात्र
दरअसल, एक छात्र नकली तलवार से थिएटर में रिहर्सल कर रहा था। वह अचानक तलवार लेकर बाहर आ गया। वहां मौजूद एक शख्स ने चिंता जताते हुए पुलिस को शिकायत दे दी। तत्परता दिखाते हुए भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची।
ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस (जीएमपी) के प्रवक्ता ने बताया, 'आज सुबह ग्रॉसवेनर स्ट्रीट पर एक इमारत में हथियारबंद अधिकारियों को बुलाया गया, क्योंकि खबर मिली थी कि एक पुरुष तलवार लेकर खड़ा है। बाद में अधिकारियों को पता चला कि तलवार नकली थी। उसे लकड़ी से बनाया हुआ था। इसे महज नाटक के लिए बनाया गया था।'
This is the scene outside Grosvenor East this afternoon, as armed police have stormed the area. @MENnewsdesk pic.twitter.com/5nIfeN9QzV
— Stephen Topping (@stetopping) May 17, 2024
मामला सुलझाया
अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही पता चल गया था कि तलवार लकड़ी की है। गलतफहमी के चलते सूचना दी गई। पुलिस और विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मचारियों के बीच इस मुद्दे को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझा लिया गया।
पिछले महीने किया था एक शख्स ने हमला
गौरतलब है, पिछले महीने की अंत में ब्रिटेन की राजधानी लंदन के हैनॉल्ट इलाके के पास 36 साल के युवक ने लोगों पर तलवार से हमला कर दिया था। हमले में 13 साल के एक लड़के की मौत हो गई थी। चार लोग घायल हुए थे, इनमें दो पुलिस अधिकारी शामिल थे। एक रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
मैट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया था कि लोकल समय के मुताबिक सुबह सात बजे पुलिस को थर्लो गॉर्डन इलाके में एक गाड़ी के घर में घुसने की सूचना मिली थी। साथ ही यह भी बताया गया था कि शख्स ने कई लोगों पर हमला किया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी का पीछा करते वक्त उसने पुलिस अफसरों पर भी तलवार से हमला किया। हालांकि, बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
सुनक बोले थे- ऐसी हिंसा की ब्रिटेन में कोई जगह नहीं
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने हैनॉल्ट में हुए हमलों को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। सुनक ने लिखा था, 'यह बेहद हैरान कर देने वाली घटना है। मेरी संवेदनाएं पीड़ित लोगों और उनके परिवारों के साथ है। मैं इमरजेंसी सेवाओं और पुलिस को समय पर कार्रवाई करने के लिए धन्यवाद देता है। इस तरह की हिंसा के लिए हमारे देश में कोई जगह नहीं है।'