पाक में छात्र रैली: छात्रों पर राजद्रोह के मामले दर्ज, युवा नेता गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान के विश्वविद्यालयों में छात्र संघों की बहाली की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के सिलसिले में पुलिस ने एक युवा नेता को गिरफ्तार किया है। वहीं प्रदर्शन के आयोजकों और प्रतिभागियों के खिलाफ राजद्रोह के मामले दर्ज किए गए हैं। प्रधानमंत्री इमरान खान ने छात्रों की मांग पूरी करने का रविवार को ही आश्वासन दिया था, इसके बावजूद ये कार्रवाई की गई है।
डॉन समाचार पत्र की रिपोर्ट के मुताबिक, लाहौर में सिविल लाइंस पुलिस ने सरकार के आदेश पर रैली के आयोजकों और 250 से 300 प्रतिभागियों के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी जुल्फिकार हमीद ने बताया कि छात्रों के खिलाफ कथित रूप से भड़काऊ भाषण देने और सरकार व सरकारी संस्थाओं के खिलाफ नारेबाजी के लिए मामला दर्ज किया गया है।
बता दें कि हजारों छात्रों ने छात्र संघों को बहाल करने और शिक्षण संस्थानों में सुविधाओं को लेकर शुक्रवार को 50 बड़े शहरों में रैलियां की थीं।
मशाल खान के पिता पर भी केस दर्ज
जिन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है, उनमें मशाल खान के पिता इकबाल लाला भी शामिल हैं। मशाल को 2017 में ईशनिंदा के आरोपों में भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला था। मशाल अब्दुल वली खान यूनिवर्सिटी मर्दान का छात्र था।
1984 में लगा छात्र संघों पर प्रतिबंध
सैन्य तानाशाह जनरल जिया-उल-हक ने 1984 में छात्र संघों पर प्रतिबंध लगा दिया था। तब से लेकर अब तक छात्रों की मांग के बावजूद उन्हें पूरी तरह बहाल नहीं किया गया है।