Israel-Hamas War: इस्राइली हमले में तीन फलस्तीनियों की मौत, आईडीएफ और फलस्तीन ने किए यह दावे
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस्राइली सेना ने एक बयान जारी कर कहा कि सैनिकों ने हेब्रोन शहर के पास एक कार का पीछा किया, जो सुरक्षाचौकी तोड़ रही थी। इस दौरान जवानों ने आंतिकयों की ओर गोलीबारी की और दो लोगों को मार गिराया।
विस्तार
इस्राइल और हमास के बीच युद्ध जारी है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गोले-बारूद बरसा रहे हैं। इस बीच इस्राइल के एक हमले में तीन फलस्तीनियों की मौत हो गई। हालांकि, इस्राइल ने अब तक सिर्फ दो ही मौत की पुष्टि की है। वहीं, फलस्तीनी अधिकारियों ने आईडीएफ पर तीन लोगों की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने तीन मौत की पुष्टि की है। घटना वेस्ट बैंक के रामल्लाह शहर की है।
16 साल के युवक पर गोली चलाने का आरोप
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस्राइली सेना ने एक बयान जारी कर कहा कि सैनिकों ने हेब्रोन शहर के पास एक कार का पीछा किया, जो सुरक्षाचौकी तोड़ रही थी। इस दौरान जवानों ने आंतिकयों की ओर गोलीबारी की और दो लोगों को मार गिराया। रामल्लाह के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मौत की पुष्टि की। फलस्तीनी रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने कहा कि दोनों शव बरामद कर लिए गए हैं। फलस्तीनी अधिकारियों के मुताबिक, जेरिको शहर के पास एक शरणार्थी शिविर में इस्राइली सैनिकों ने छापेमारी की, इसी दौरान उन्होंने 16 साल के युवक पर गोली चला दीं, जिससे उसकी मौत हो गई। आईडीएफ एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह छापे मार रही है, इसी दौरान यह हादसा हो गया। हालांकि, इस्राइल की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
हमले के यह तीन कारण
हमास ने कहा कि ये यरूशलम में अल-अक्सा मस्जिद को इस्राइल की तरफ से अपवित्र करने का बदला है। हमास ने कहा कि इस्राइली पुलिस ने अप्रैल 2023 में अल-अक्सा मस्जिद में ग्रेनेड फेंक इसे अपवित्र किया था। इस्राइली सेना लगातार हमास के ठिकानों पर हमले कर रही है और अतिक्रमण कर रही है। इस्राइली सेना हमारी महिलाओं पर हमले कर रही है। हमास के प्रवक्ता गाजी हमाद ने अरब देशों से अपील है कि इस्राइल के साथ अपने सभी रिश्तों को तोड़ दें। हमाद ने कहा कि इस्राइल एक अच्छा पड़ोसी और शांत देश कभी नहीं हो सकता है।
लेबनान से घुसपैठ कर रहे चार आतंकी मार गिराए
इस्राइली सेना ने बताया कि लेबनान से इस्राइल में घुसपैठ कर रहे आतंकियों के साथ भीषण गोलीबारी हुई। इसमें चार आतंकियों को मार दिया गया है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस्राइली हमले में 24 घंटे के दौरान 125 फलस्तीनी मारे गए व 265 घायल हो गए। वहीं, अब तक 23,968 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं।