फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Speech of Donald Trump can be centered on India during Howdy Modi event

LIVE : अनुच्छेद 370 हटाने पर पीएम मोदी ने कहा- उन्हें दिक्कत जो अपना देश नहीं संभाल पा रहे

Mon, 23 Sep 2019 12:10 AM IST
Gaurav Pandey वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: Gaurav Pandey Updated Mon, 23 Sep 2019 12:10 AM IST
सार

  • ट्रंप ने कहा,  हम कट्टरपंथी इस्लाम से लड़ने की कोशिश कर रहे हैं
  • भारत अमेरिका के बीच रक्षा संबंध और मजबूत होंगे : ट्रंप 
  • जब टेक्सास की बात आती है, तो हर बात भव्य होनी स्वाभाविक : मोदी
  • आज हम एक नया इतिहास, नई केमिस्ट्री बनती देख रहे हैं : मोदी

विज्ञापन
Speech of Donald Trump can be centered on India during Howdy Modi event

विस्तार

विज्ञापन

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अपने नागरिकों को कट्टर इस्लामी आतंकवाद से बचाने और उससे लड़ने की बात कहने पर पूरे स्टेडियम से सकरात्मक प्रतिक्रिया मिली। अमेरिका और भारत की सेना का हम सम्मान करते हैं जो हमारी स्वतंत्रता की रक्षा करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और विदेशमंत्री एस. जयशंकर ने भी खड़े होकर अभिवादन किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एनआरजी स्टेडियम में पहुंचने पर उनकी सराहना करते हुए उन्हें विशेष व्यक्ति बताया, वहीं ट्रंप ने मोदी को अमेरिका का सच्चा मित्र बताया। मोदी ने कहा, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप किसी परिचय के मोहताज नहीं है क्योंकि उनका नाम धरती पर हर व्यक्ति को पता है। उन्होंने कहा कि मैं उनके नेतृत्व, अमेरिका के लिए उनकी चाहत और हर अमेरिकी के लिए उनकी चिंता के कारण राष्ट्रपति ट्रंप की प्रशंसा करता हूं। जब मैं इनसे पहली बार मिला था तो ट्रंप ने मुझे बताया था कि भारत का व्हाइट हाउस में सच्चा मित्र है।

विज्ञापन


डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगले साल एनबीए बास्केट बॉल खेल देखने के लिए हजारों लोगों मुंबई में जुटेंगे, क्या पीएम साहब मैं आमंत्रित हूं? अगर आप बुलाएंगे तो मैं आ सकता हूं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अंतरिक्ष में सहयोग बढ़ाने पर हम काम कर रहे हैं। दोनों देश रक्षा सहयोग भी बढ़ा रहे हैं, दोनों देशों की सेना ने हाल ही में साथ में अभ्यास किया। चरमपंथी इस्लामिक आंतकवाद से निर्दोष लोगों को हम साथ मिलकर बचाएंगे। उन्होंने कहा कि सीमा की सुरक्षा अमेरिका के लिए महत्वपूर्ण है और भारत के लिए भी सीमा का सुरक्षा महत्वपूर्ण है। अवैध प्रवासी एक खतरा हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका का सबसे बड़ा, सबसे सच्चा मित्र बताते हुए कहा कि वह भारत के लिए असाधारण काम कर रहे हैं। ट्रंप ने पिछले सप्ताह 69 वर्ष के हुए प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया मजबूत, फलता-फूलता और संप्रभु भारत देख रही है। मोदी के स्टेडियम पहुंचते ही वहां मौजूद करीब 50 हजार लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।



अपने संबोधन की शुरुआत में सबसे पहले उन्होंने ह्यूस्टन, टेक्सास और अमेरिका को धन्यवाद दिया। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह ऐसे व्यक्ति हैं जिनका नाम पूरी दुनिया जानती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति बनने से पहले भी सब ट्रंप का नाम लेते थे। 

ट्रंप ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था को फिर ऊंचाई पर पहुंचाया : मोदी

उन्होंने कहा कि जितनी बार भी ट्रंप से मिला हर बार उनका व्यवहार दोस्ताना रहा, वह ऊर्जा से भरे नजर आए। पीएम मोदी ने कहा कि ट्रंप सीईओ से कमांडर इन चीफ बने हैं। ट्रंप ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था को फिर से ऊंचाई पर पहुंचाया है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में चुनाव के वक्त 'अबकी बार मोदी सरकार' की तर्ज पर 'अबकी बार ट्रंप सरकार' का नारा दिया। उन्होंने कहा कि ट्रंप का मेरे साथ होना दोस्ती का प्रमाण है, हम इस दोस्ती को नए मुकाम पर ले जाएंगे।  उन्होंने कहा कि हमारी पहली मुलाकात में ही ट्रंप ने भारत को सच्चा दोस्त बताया था। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ये जो दृश्य है, ये जो माहौल है, ये अकल्पनीय है। जब टेक्सास की बात आती है, तो हर बात भव्य होनी, विशाल होनी स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि आज टेक्सास की स्पिरिट यहां भी रिफ्लेक्ट हो रही है। 

उन्होंने कहा, इस अपार जनसमूह की उपस्थिति केवल गणित तक सीमित नहीं है। आज हम यहां एक नया इतिहास बनते हुए देख रहे हैं और एक नई केमिस्ट्री भी। उन्होंने कहा कि एनआरजी की एनर्जी भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती सिनर्जी की गवाह है। 

हम देश के विकास के लिए अधीर : मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि धैर्य हम भारतीयों की पहचान है, लेकिन अब हम अधीर हैं देश के विकास के लिए, 21 वीं सदी में देश को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए। 

उन्होंने कहा इस कार्यक्रम का नाम हाउडी मोदी है, लेकिन मोदी अकेले कुछ नहीं। मैं 130 करोड़ भारतीयों के आदेश पर काम करने वाला एक साधारण व्यक्ति हूं। 

प्रधानमंत्री ने कहा, भाषाएं हमारे स्वतंत्र और लोकतांत्रिक समाज की पहचान हैं। सदियों से हमारे देश में दर्जनों भाषाएं, सैकड़ों बोलियां, सहअस्तित्व की भावना के साथ आगे बढ़ रही हैं और आज भी करोड़ों लोगों की मातृभाषा बनी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि सिर्फ भाषा ही नहीं, हमारे देश में अलग-अलग पंथ, दर्जनों संप्रदाय, सैकड़ों तरह का अलग-अलग क्षेत्रीय खान-पान, अलग-अलग वेशभूषा, अलग-अलग मौसम-ऋतु चक्र इस धरती को अद्भुत बनाते हैं।

हम भ्रष्टाचार को फेयरवेल देने की कोशिश कर रहे हैं : मोदी

तेज विकास का प्रयास कर रहे किसी भी देश में, अपने नागरिकों के लिए वेलफेयर योजनाएं आवश्यक होती हैं। जरूरतमंद नागरिकों के लिए वेलफेयर स्कीम चलाने के साथ-साथ नए भारत के निर्माण के लिए कुछ चीजों को फेयरवेल भी दिया जा रहा है। हम भ्रष्टाचार को फेयरवेल देने की कोशिश कर रहे हैं। 

ट्रंप के सामने किया अनुच्छेद 370 हटाने का जिक्र

अनुच्छेद 370 ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को विकास से और समान अधिकारों से वंचित रखा था। वहां अलगाववादी और आतंकी ताकतें पांव पसार रही थीं। भारत के संविधान ने जो अधिकार बाकी भारतीयों को दिए हैं वही अधिकार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को मिल गए हैं। महिलाओं के साथ होने वाला भेदभाव खत्म हो गया है। हमने 70 साल से चला आ रहा अनुच्छेद 370 हटाया। 

प्रधानमंत्री ने कहा, अब समय आ गया है कि आतंकवाद के खिलाफ और आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाए। मैं यहां पर जोर देकर कहना चाहूंगा कि इस लड़ाई में राष्ट्रपति ट्रंप पूरी मजबूती के साथ आतंक के खिलाफ खड़े हुए हैं। पीएम ने कहा कि हमारे इस फैसले से उन लोगों को दिक्कत हो रही है, जो खुद अपना ही देश नहीं संभाल पा रहे हैं।

भारत और अमेरिका के बीच साझा सपने : ट्रंप

पीएम मोदी के भाषण के बाद डोनाल्ड ट्रंप मंच पर आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारतीयों के लिए बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। हम हमेशा भारत के साथ खड़े हैं। ट्रंप ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि भारत की जनता ने इस साल हुए लोकसभा चुनाव में शानदार जीत दिलाई। न्होंने कहा कि भारत का सबसे अच्छा मित्र व्हाइट हाउस में है।
 
ह्यूस्टन में आई बाढ़ को लेकर उन्होंने कहा कि ह्यूस्टन इस आपदा से बहुत जल्द उबरेगा। हम आपको धन्यवाद देते हैं, आपसे प्यार करते हैं, हमारा प्रशासन आपके लिए रोज लड़ रहा है, आपके लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि मैं और मोदी भविष्य का जश्न मनाने पहुंचे हैं। भारत और अमेरिका के बीच साझा सपने हैं, हम लोकतंत्र के लिए समर्पित हैं। हम आजादी को महत्व देते हैं।

ट्रंप ने कहा कि हम नौकरियां बढ़ाने और लालफीताशाही खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। भारत में तीन करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे। मोदी के सुधार कार्यक्रमों से भारत आगे बढ़ा है। मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत हो रहा है। 

ट्रंप ने कहा कि हम कट्टरपंथी इस्लाम से लड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए हम एकजुट हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा संबंध और मजबूत होंगे। ट्रंप ने कहा मोदी बुलाएंगे तो मैं भारत आऊंगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका भारत के साथ अंतरिक्ष सहयोग बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि भारत ने पहले कभी अमेरिका में उस तरह से निवेश नहीं किया, जैसा अब कर रहा है। मैं कहना चाहता हूं कि हम भी वैसा ही भारत में कर रहे हैं।

भजन गाकर दी गई महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि

हाउडी मोदी समारोह के तहत महात्मा गांधी को भी श्रद्धांजलि दी गई। कलाकारों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन 'वैष्णव जन' गाते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 

मोदी और गांधी दोनों फकीर : प्रशंसक

कार्यक्रम में महात्मा गांधी के वेश में आए रमेश मोदी ने कहा, 'मोदी और गांधी एक ही हैं, वे संत हैं, फकीर हैं। गांधी एक फकीर थे, ऐसा ही व्यवहार मोदी का है। मोदी का शहर में स्वागत है।'


ट्रंप-मोदी ने ट्विटर पर जाहिर की उत्सुकता

इससे पहले ट्रंप ने ट्वीट कर कहा है कि अपने मित्र (नरेंद्र मोदी) का साथ देने के लिए वह ह्यूस्टन जाएंगे। उन्होंने लिखा कि ह्यूस्टन में बेहतरीन दिन गुजरेगा। पीएम मोदी ने ट्रंप के ट्वीट को रिट्वीट किया, वाकई आज का दिन शानदार रहेगा, आपसे जल्द मिलने को उत्सुक हूं। इसके कुछ देर बाद ही ट्रंप ने एक और ट्वीट करते हुए कहा कि वह भारतीय समुदाय से मिलने के लिए उत्सुक हैं।

ह्यूस्टन में हम अच्छा समय बिताएंगे : ट्रंप

ह्यूस्टन में ‘हाउडी मोदी’ रैली को संबोधित करने से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि वह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अच्छा समय बिताएंगे। ह्यूस्टन रवाना होने से पहले ट्रंप ने कहा, ‘हम ह्यूस्टन जा रहे हैं और लोगों से भरे विशाल स्टेडियम में प्रधानमंत्री मोदी भी होंगे।’ उन्होंने कहा, ‘उन्होंने (मोदी) पूछा कि क्या मैं उनके साथ आ सकता हूं और मैंने स्वीकार कर लिया और हम वहां अच्छा समय बिताएंगे।’

 

आज कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं ट्रंप : टेक्सास सीनेटर

समारोह में मौजूद टेक्सास के यूएस सीनेटर जॉन कॉर्निन ने कहा, 'मुझे स्पष्ट रूप से नहीं पता कि राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी के बीच क्या बातचीत होगी। लेकिन, अगर राष्ट्रपति ट्रंप आज कोई बड़ी घोषणा करते हैं तो मुझे आश्चर्य नहीं होगा। उम्मीद है कि हम अपने व्यापार संबंधी समस्याओं को दूर करने में सक्षम होंगे।'

 

कैबिनेट मंत्रियों और भाजपा नेताओं की प्रोफाइल पिक में भी छाया हाउडी मोदी

Speech of Donald Trump can be centered on India during Howdy Modi event


भले ही हाउडी मोदी कार्यक्रम अमेरिका की धरती पर हो रहा हो, लेकिन इसका खुमार स्वदेश में भी दिखाई दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले केंद्रीय मंत्रियों और उनकी पार्टी भाजपा के सहयोगियों ने इस कार्यक्रम के लिए अपना समर्थन खास तरीके से पेश किया। इन सभी ने अपने-अपने ट्विटर हैंडल के प्रोफाइल फोटो बदलकर उसकी जगह हाउडी मोदी लिखा हुआ एक फोटो अपलोड कर लिया। इस फोटो में लाल बैकग्राउंड पर सफेद रंग में हाउडी मोदी लिखा गया था।

100 मिनट तक स्टेडियम में रहेंगे ट्रंप, 30 मिनट का हो सकता है भाषण

Speech of Donald Trump can be centered on India during Howdy Modi event

शनिवार देर शाम व्हाइट हाउस की ओर से जारी कार्यसूची के मुताबिक ट्रंप 100 मिनट तक एनआरजी स्टेडियम में रहेंगे, जहां इस कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। हालांकि व्हाइट हाउस ने उनके भाषण के समय के बारे में जानकारी नहीं दी है, लेकिन माना जा रहा है कि वह करीह 30 मिनट का भाषण देंगे। यह भी उम्मीद की जा रही है कि मोदी के भाषण के दौरान ट्रंप दर्शकों में शामिल रहेंगे। यह अमेरिका में प्रभावशाली भारतीयों का सबसे बड़ा समागम है।

दोनों देशों के मजबूत संबंध दिखाएगा 'साझा स्वप्न-बेहतर भविष्य'

Speech of Donald Trump can be centered on India during Howdy Modi event
हाउडी मोदी - फोटो : एएनआई

इसके बाद 'साझा स्वप्न-बेहतर भविष्य' सत्र होगा। यह सत्र भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोगों की सफलता के साथ भारत और अमेरिका के मजबूत संबंधों पर केंद्रित होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के भाषण के बाद राष्ट्रपति ट्रंप भाषण देंगे। यह पहली बार होगा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक साथ 50 हजार से ज्यादा भारतीय-अमेरिकियों को एक मंच से संबोधित करेंगे।
 

ह्यूस्टन के मेयर ने प्रतीकात्मक 'शहर की चाबी' सौंपी।

Speech of Donald Trump can be centered on India during Howdy Modi event
Narendra Modi - फोटो : ani

बता दें कि पोप के अलावा किसी अन्य विदेशी नेता के लिए अमेरिका का यह सबसे बड़ा कार्यक्रम होगा। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सैन जोस में एक विशाल रैली को संबोधित किया था। उस रैली में लगभग 19 हजार लोग मौजूद थे। इस रैली में भाग लेने वालों की संख्या इससे दोगुनी से भी ज्यादा होने वाली है।

अमेरिका के सबसे बड़े स्टेडियमों में से एक में हो रहा समारोह
यह समारोह एनआरजी फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है, जो अमेरिका के सबसे बड़े पेशेवर फुटबॉल स्टेडियमों में से एक है। कार्यक्रम का आयोजन गैर सरकारी संगठन टेक्सास इंडिया फोरम (टीआईएफ) ने किया है।
 
गांधी संग्रहालय का शिलान्यास भी करेंगे प्रधानमंत्री मोदी
कार्यक्रम के बाद एनआरजी स्टेडियम में सामुदायिक रिसेप्शन होगा। इसमें वह गांधी संग्रहालय का शिलान्यास करते हुए नींव का पहला पत्थर रखेंगे। साथ ही ह्यूस्टन में गुजराती समाज के कार्यक्रम स्थल और श्री सिद्धि विनायक मंदिर का शिलान्यास भी करेंगे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed