US: सीनेट ने डैन ड्रिस्कॉल को सेना सचिव नियुक्त किया, पहले जेडी वेंस के सलाहकार के रूप में कर चुके है काम
सीनेट ने मंगलवार को डैन ड्रिस्कॉल को अगले सेना सचिव के रूप में नियुक्त करने की पुष्टि की। 38 वर्षीय ड्रिस्कॉल पहले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के सलाहकार के रूप में काम किया था। उन्होंने सेना में चार साल से भी कम समय तक सेवा की थी और प्रथम लेफ्टिनेंट के पद पर सेवा छोड़ दी थी।
विस्तार
सीनेट ने मंगलवार को डैन ड्रिस्कॉल को अगले सेना सचिव के रूप में नियुक्त करने की पुष्टि की। पूर्व सैनिक और इराक युद्ध के दिग्गज ड्रिस्कॉल को 66-28 वोटों से इस पद पर नियुक्त किया गया। बता दें कि उत्तरी कैरोलियना के रहने वाले 38 वर्षीय ड्रिस्कॉल पहले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के सलाहकार के रूप में काम किया था। उन्होंने सेना में चार साल से भी कम समय तक सेवा की थी और प्रथम लेफ्टिनेंट के पद पर सेवा छोड़ दी थी।
सीनेट सशस्त्र सेवा समिति की पुष्टि सुनवाई के दौरान डैन ड्रिस्कॉल ने कहा कि उनके पिता और दादा ने भी सेना में सेवा की थी, और उन्होंने सैनिकों की जरूरतों को प्राथमिकता देने वाले सेना सचिव बनने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि हम एक ऐसा परिवार हैं जो संयुक्त राज्य अमेरिका की सेना की वर्दी पहनने का सौभाग्य पाकर आभारी हैं और हम यह समझते हैं कि युद्ध में और युद्ध के बाहर सैनिकों का नेतृत्व करना कितनी गंभीर जिम्मेदारी है।
हथियार प्रणाली की बात
ड्रिस्कॉल ने बताया कि वह एक ऐसी सेना की कमान संभाल रहे हैं जो भर्ती में कमी को दूर करने के लिए कई बदलाव कर रही है, साथ ही अपने हथियार प्रणालियों को आधुनिक बना रही है। इसके अलावा, उन्हें ट्रम्प प्रशासन के दौरान सरकारी कर्मचारियों की संख्या में की गई कटौतियों के परिणामस्वरूप उत्पन्न अराजकता और भ्रम से भी निपटना होगा। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि इन कटौतियों से राष्ट्रीय सुरक्षा पर कोई प्रतिकूल असर न पड़े।
ड्रिस्कॉल ने खाई थी कसम
सीनेट सशस्त्र सेवा समिति की सुनवाई के दौरान, ड्रिस्कॉल ने कहा कि उनके परिवार ने सेना में लंबे समय से सेवा की है। उन्होंने सैनिकों की जरूरतों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए सेना सचिव बनने की कसम खाई थी। उन्होंने सेना की आधुनिकता और भर्ती में सुधार की आवश्यकता को भी जोर दिया और यौन उत्पीड़न पर कड़ा रुख अपनाने की बात की। साथ ही जब उनसे पूछा गया कि क्या वह राष्ट्रपति या रक्षा सचिव के गैरकानूनी आदेशों का पालन करने से इनकार करेंगे, तो उन्होंने कहा कि वह हमेशा कानून का पालन करेंगे।
ड्रिस्कॉल, एक नजर
बता दें कि ड्रिस्कॉल ने 2007 से 2011 तक आर्मर ऑफिसर के रूप में सेवा की थी और 2009-2010 में इराक में तैनात रहे थे। 2020 में, उन्होंने उत्तरी कैरोलिना कांग्रेस की सीट के लिए रिपब्लिकन प्राइमरी में भी भाग लिया था, हालांकि वह हार गए थे।