UNGA: जयशंकर ने मैक्सिको-साइप्रस समेत कई विदेश मंत्रियों से की मुलाकात, आपसी रिश्ते मजबूत करने पर जोर
यूएनजीए के 80वें सत्र के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मैक्सिको, साइप्रस और प्रशांत द्वीप देशों के नेताओं से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। जयशंकर ने मैक्सिको के विदेश मंत्री से नई रणनीति और सहयोग की दिशा तय करने पर सहमति जताई। उन्होंने इन बैठकों की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की।
विस्तार
संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मैक्सिको, साइप्रस और कई प्रशांत द्वीपीय देशों के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। इन बैठकों का मकसद भारत के वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करना रहा। इन बैठकों के बारे में जयशंकर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने मैक्सिको के विदेश मंत्री जुआन रामोन दे ला फुएंते से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने हाल ही में हुए आपसी आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को नया दिशा देने पर सहमति जताई।
ये भी पढ़ें:- EAM Jaishankar In US: न्यूयॉर्क में एल-69 और C-10 देशों की बैठक; संयुक्त बैठक में UNSC में सुधारों पर दिया जोर
साइप्रस के विदेश मंत्री से भी की मुलाकात
इसके साथ ही जयशंकर ने साइप्रस के विदेश मंत्री कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस से भी मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साइप्रस यात्रा के बाद द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। जयशंकर ने यूरोप में हो रहे घटनाक्रमों पर कॉम्बोस की समझ की सराहना की। साथ ही कहा कि भारत संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों और ढांचे के अनुरूप साइप्रस मुद्दे के स्थायी समाधान का समर्थन करता है। उन्होंने जल्द ही कॉम्बोस को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।
ये भी पढ़ें:- US-Russia Ties: यूएनजीए के दौरान मिले अमेरिका और रूस के विदेश मंत्री, जेलेंस्की ने पुतिन पर साधा निशाना
कई प्रशांत देशो के नेताओं से भी मिले जयशंकर
जयशंकर ने फोरम फॉर इंडिया-पैसिफिक आइलैंड्स कोऑपरेशन (एफआईपीआईसी) की विदेश मंत्रियों की बैठक के मौके पर कई प्रशांत देशों के नेताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने मार्शल आइलैंड्स के विदेश मंत्री कालानी कानेको, तुवालु के विदेश मंत्री पॉलसन पानापा और पलाउ के राज्य मंत्री गुस्ताव आइटारो से चर्चा की।
इन मुलाकातों के दौरान भारत की प्रशांत क्षेत्र के साथ साझेदारी को और गहरा करने पर सहमति बनी। इसके अलावा जयशंकर ने सोलोमन आइलैंड्स के विदेश मंत्री पीटर शनेल अगोवाका और टोंगा के प्रधानमंत्री डॉ ऐसाके वालू एके से भी गर्मजोशी से मुलाकात की और आपसी हितों पर बातचीत की।