{"_id":"6496b3a97cba9069c505db42","slug":"russia-coup-vladimir-putin-facing-toughest-challenge-world-leaders-reaction-on-wagner-group-yevgeny-prigozhin-2023-06-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Russia Coup: 'अब तक की सबसे बड़ी चुनौती का सामना कर रहे पुतिन', जानिए वैगनर ग्रुप की बगावत पर क्या बोले देश","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Russia Coup: 'अब तक की सबसे बड़ी चुनौती का सामना कर रहे पुतिन', जानिए वैगनर ग्रुप की बगावत पर क्या बोले देश
Sat, 24 Jun 2023 10:30 PM IST
नितिन गौतम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मॉस्को
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मॉस्को
Published by: नितिन गौतम
Updated Sat, 24 Jun 2023 10:30 PM IST
सार
रक्षा विशेषज्ञ पावेल फेलेन होएर भी मानते हैं कि राष्ट्रपति पुतिन सत्ता में आने के बाद से अपनी सबसे बड़ी चुनौती का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि पुतिन को सत्ता में आए 22 साल का समय हो गया है लेकिन इससे बुरा अभी तक कुछ नहीं हुआ था।
विज्ञापन
रूस की सड़कों पर दिख रहे टैंक और हथियारबंद सैनिक
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
रूस में वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन की बगावत की खबर पूरी दुनिया में सुर्खियां बनी हुई है। राष्ट्रपति पुतिन ने प्रिगोझिन पर धोखा देने का आरोप लगाया है और निर्णायक कार्रवाई की बात कही है। वहीं इस घटनाक्रम पर पूरी दुनिया के नेताओं की प्रतिक्रिया आ रही है। पोलैंड के राष्ट्रपति ने कहा है कि वह हालात पर नजर बनाए हुए हैं और अपने सहयोगियों से इस पर चर्चा कर रहे हैं।
विज्ञापन
ब्रिटेन ने कहा- रूस के सामने सबसे बड़ी चुनौती
ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ने कहा है कि रूस हाल के समय की अपनी सबसे बड़ी सुरक्षा चुनौती का सामना कर रहा है। आने वाले सालों में रूस के रक्षा बलों, खासकर नेशनल गार्ड्स की वफादारी, इस संकट में अहम भूमिका निभाएगी। ब्रिटेन ने अपने देश के नागरिकों को रूस की यात्रा ना करने की सलाह दी है। रक्षा विशेषज्ञ पावेल फेलेन होएर भी मानते हैं कि राष्ट्रपति पुतिन सत्ता में आने के बाद से अपनी सबसे बड़ी चुनौती का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि पुतिन को सत्ता में आए 22 साल का समय हो गया है लेकिन इससे बुरा अभी तक कुछ नहीं हुआ था। पुतिन को सैन्य तौर पर प्रभावी चुनौती दी गई है। इस वक्त पुतिन अपनी जिंदगी के लिए लड़ रहे हैं।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- Wagner Group: पुतिन का रसोइया रहा, अब बना दुश्मन? हॉट डॉग स्टॉल से बनाई आर्मी, जानिए कौन है येवगेनी प्रिगोझिन
विज्ञापन
चेचेन्या ने की रूस को मदद की पेशकश
रूस के सहयोगी देश चेचेन्या के नेता रमजान कादिरोव ने बयान जारी कर कहा है कि उनकी सेनाएं रूस की मदद के लिए तैयार हैं। प्रिगोझिन के नेतृत्व वाली वैगनर ग्रुप की बगावत को रमजान कादिरोव ने पीठ में छुरा घोंपने जैसा करार दिया है। कादिरोव ने रूसी सैनिकों से भी अपील की कि वह किसी के बहकावे में ना आएं।
ये भी पढ़ें- Russia's Wagner Group: रूस में भाड़े के सैनिकों का समूह क्यों बना सेना के लिए चुनौती, क्या है इसकी पूरी कहानी?
फ्रांस ने कहा- करीब से नजर बनाए हुए हैं राष्ट्रपति मैक्रों
फ्रांस के राष्ट्रपति भवन ने भी बयान जारी कर कहा है कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों रूस के हालात पर करीब से नजर बनाए हुए हैं और यूक्रेन को समर्थन देने पर फोकस किया जा रहा है।
पोलैंड के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री से बात
इसी तरह पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा ने कहा कि उनकी पूर्वी सीमा से बाहर होने वाली घटनाओं पर नजर रखी जा रही है। डूडा ने कहा कि रूस की स्थिति को देखते हुए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और मित्र राष्ट्रों से बातचीत की है। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा कि रूस में स्थिति को देखते हुए आज सुबह सुझाव के लिए प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय रक्षा मंत्री और मित्र राष्ट्रों के साथ बातचीत की। हम देश की पूर्वी सीमा पर निगरानी कर रहे हैं।
एस्टोनिया ने कहा- मजबूत की गई सीमा सुरक्षा
इसी तरह एस्टोनिया की प्रधानमंत्री काजा कलास ने कहा कि रूस में बदलते घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने देश के नागरिकों से रूस के क्षेत्र में कोई यात्रा न करने का आग्रह किया है। कलास ने ट्वीट कर कहा, एस्टोनियास, रूस में स्थिति को देख रहा है और मित्र राष्ट्रों के साथ सूचना का आदान-प्रदान कर रहा है। मैं आश्वस्त कर सकती हूं कि हमारे देश को कोई सीधा खतरा नहीं है। सीमा सुरक्षा मजबूत कर ली गई है। मैं लोगों से यह भी आग्रह करती हूं कि वह रूस के किसी भी हिस्से की यात्रा न करें।