Russia–Ukraine: रूस ने ऊर्जा ग्रिड पर हमला कर उड़ाई बिजली, पुतिन ने कीव पर हाइपरसोनिक मिसाइल हमले की दी धमकी
पुतिन की हाइपरसोनिक मिसाइल से हमले की धमकी के कुछ घंटों बाद ही रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा ग्रिड पर हमला किया, जिससे दस लाख लोग बिजली से वंचित हो गए। कीव ने बताया कि रूस ने बमबारी के दौरान 90 से ज्यादा मिसाइलें और लगभग 100 ड्रोन दागे गए।
विस्तार
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को कीव में निर्णय लेने वाले केंद्रों पर रूस की नई हाइपरसोनिक मिसाइल से हमले की धमकी दी। इस धमकी के कुछ घंटों बाद ही रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा ग्रिड पर हमला किया, जिससे दस लाख लोग बिजली से वंचित हो गए। इसके साथ ही कीव ने बताया कि रूस ने बमबारी के दौरान 90 से ज्यादा मिसाइलें और लगभग 100 ड्रोन दागे। बता दें कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने इसे पश्चिमी मिसाइलों के साथ यूक्रेनी हमलों का प्रतिक्रिया कहा।
एक बार फिर बढ़ने लगा तनाव
लगभग तीन साल से चल रहे युद्ध में हाल के दिनों में तनाव बढ़ा है, जिसमें दोनों पक्ष नए हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पुतिन ने कजाखिस्तान की राजधानी अस्ताना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हम कीव समेत सैन्य और निर्णय लेने वाले केंद्रों के खिलाफ हाइपरसोनिक मिसाइलों का इस्तेमाल करने से इंकार नहीं करते।"
रूस ने नई ओरेशनिक मिसाइल का किया परीक्षण
रूस ने पिछले सप्ताह अपनी नई ओरेशनिक बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया, और पुतिन ने दावा किया कि एक साथ कई मिसाइलें दागने से परमाणु हमले जैसा प्रभाव हो सकता है। उन्होंने कहा कि रूस को पूरी जानकारी है कि कीव को कितने लंबे दूरी के हथियार दिए गए हैं और वे कहां स्थित हैं।
पोलैंड के पीएम ने धमकी को बताया कमजोरी का संकेत
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने पुतिन की धमकी को "कमजोरी का संकेत" बताया और कहा कि पश्चिम इस पर परेशान नहीं होगा। यह ताजा हमला ऐसे समय में हुआ है जब यूक्रेन के लोग सर्दियों के लिए तैयार हो रहे हैं, क्योंकि युद्ध के कारण उनका ऊर्जा बुनियादी ढांचा पहले ही काफी क्षतिग्रस्त हो चुका है। रूस के सैनिक पूर्वी यूक्रेन में भी आगे बढ़ रहे हैं।
पुतिन का बयान
पुतिन ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल से कुछ समाधान मिलेगा, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि वे किस बात की बात कर रहे थे। रूस के हमले के कारण यूक्रेन के पश्चिमी ल्वीव क्षेत्र में पाँच लाख लोग बिजली से वंचित हो गए, जबकि रिव्ने और वोलिन क्षेत्र में भी लाखों लोग अंधेरे में डूब गए। यूक्रेन की आपातकालीन सेवाओं के मुताबिक, रातभर के हमले ने 14 क्षेत्रों को प्रभावित किया।