Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Poles mourn rare mass killing as authorities say attacker had far-right views

पोलैंड में दो दिन का राष्ट्रीय शोक: दक्षिणपंथी विचारधारा से था प्रभावित हमलावर, गोलाबारी में हुई थी छह की मौत

Sun, 08 Nov 2026 06:07 PM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, कराकोव (पोलैंड)।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, कराकोव (पोलैंड)। Published by: निर्मल कांत Updated Sun, 08 Nov 2026 06:07 PM IST
सार

पोलैंड के क्राको शहर में गोलीबारी की घटना के बाद दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। हमले में छह लोगों की मौत हुई और 15 घायल हुए। अधिकारियों ने हमलावर के बारे में क्या बताया? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 

विज्ञापन
Poles mourn rare mass killing as authorities say attacker had far-right views
पोलैंड में गोलीबारी के बाद जवाबी कार्रवाई में घायल हमलावर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक/एक्स/@chrzanikx

विस्तार

पोलैंड में रविवार से दो दिन का राष्ट्रीय शोक शुरू हो गया है। देश के क्राको शहर में शनिवार को गोलीबारी हुई थी। इसमें छह लोगों की मौत हो गई। 15 लोग घायल हुए हैं। हमला करने वाला 24 साल का युवक था। वह दक्षिणपंथी विचारधारा से प्रभावित था। उसने क्राको के एक व्यस्त मुख्य चौराहे पर गाड़ी दौड़ाई। इसके बाद उसने लोगों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
विज्ञापन


पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें हमलावर को गोली लगी और वह घायल हो गया। पोलैंड के रक्षा मंत्री ने इस हमले को 'आतंकवादी कृत्य' बताया। यह घटना शनिवार को मेन स्क्वायर पर हुई। यह चौराहा क्राको के पुराने शहर के बीचोंबीच है। यह देश के दूसरे सबसे बड़े शहर का प्रमुख पर्यटन केंद्र भी है।
विज्ञापन


शाम तक लोग मृतकों की याद में वहां मोमबत्तियां जलाने पहुंचे। रविवार सुबह भी चौराहे का कुछ हिस्सा बंद रहा। अधिकारी घटना की जांच कर रहे थे।

कैसे बची पर्यटकों की जान?
ब्रसेल्स से क्राको घूमने आईं मैरी-एंज कोलाएर ने फेसबुक पर अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि वह और उनका परिवार गोलीबारी में बाल-बाल बच गए। उन्होंने लिखा, हम सचमुच अपनी जान बचाने के लिए भागे और आसपास उड़ रही गोलियों से छिपने में कामयाब रहे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने आगे लिखा, एक दुकान के फर्श पर लेटना पड़ा। ऐसा लग रहा था जैसे किसी खराब पुलिस फिल्म का दृश्य हो। चारों तरफ गोलियों की आवाज सुनाई दे रही थी।  

ये भी पढ़ें: रूस का 'डबल टैप' हमला: मरने वालों की संख्या 55 हुई, 50 अब भी लापता; यूक्रेनी खुफिया एजेंसी ने क्या बताया?

कोलाएर ने बताया कि होटल लौटने के बाद उनका परिवार कांप रहा था। सभी काफी सदमे में थे। हालांकि, सभी ने जिंदा बचने पर राहत जताई। उन्होंने लिखा, हमने कुछ ऐसे लोगों को देखा, जो बच नहीं पाए। यह सचमुच खौफनाक था। ब्रिटेन में रहने वाले नील थैक्सटन और उनकी पत्नी निकी भी इस हमले में बच गए।

थैक्सटन ने फेसबुक पर लिखा, हम अभी मुख्य चौराहे से होकर गुजरे ही थे कि गोलियों की आवाज सुनाई दी। उन्होंने आगे लिखा, हमें लगा कि यह आतिशबाजी है। फिर लोग भागने लगे। हम एक गिफ्ट शॉप में घुस गए। दुकान के कर्मचारियों ने हमें पीछे के हिस्से में ले जाकर दरवाजे बंद कर दिए और लाइटें बुझा दीं।  

हमलावर की बहन और माता-पिता के शव कहां मिले?
अभियोजकों ने रविवार को बताया कि उन्होंने हत्या और कई लोगों की हत्या की कोशिश के मामले में जांच शुरू कर दी है। इसमें पुलिसकर्मियों की हत्या की कोशिश भी शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला 'एक आतंकवादी अपराध है'।

अधिकारियों को हमलावर के परिवार के घर से भी तीन शव मिले। यह घर ओस्त्रोविएत्स श्विएंतोक्रिस्की शहर में है। यह क्राको से करीब 150 किलोमीटर (93 मील) उत्तर-पूर्व में स्थित है। पुलिस ने रविवार को बताया कि ये शव हमलावर की बहन, मां और पिता के हैं। पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्यों की मौत गोली लगने से हुई होगी।

मृतकों में कितने विदेशी नागरिक शामिल?
मेन स्क्वायर पर हुई गोलीबारी में चार महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हुई। मालोपोल्स्का क्षेत्र के गवर्नर क्रिज्स्टोफ यान क्लेचार ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष पोलैंड के नागरिक थे। एक पुरुष ब्रिटेन का रहने वाला था। वहीं, एक महिला किसी ऐसे देश की नागरिक थी, जिसकी पहचान अभी नहीं बताई गई है।

हमलावर को रोकने वाले पुलिसकर्मियों की हालत कैसी?
हमलावर को रोकने वाले दोनों पुलिसकर्मी अभी अस्पताल में भर्ती हैं। अधिकारियों ने उनके काम को बहादुरी भरा बताया है। गवर्नर क्लेचार ने बताया कि दोनों में से एक पुलिसकर्मी अभी भी कोमा में है। जबकि दूसरा कोमा से बाहर आ गया है। सबसे गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी के लिए अधिकारियों ने लोगों से रक्त दान करने की अपील भी की है। क्लेचार ने कहा, अगर इन दो युवकों ने तेजी से और निस्वार्थ भाव से हस्तक्षेप नहीं किया होता, तो पीड़ितों की संख्या काफी ज्यादा हो सकती थी।  

घायलों में किन देशों के नागरिक शामिल?
घायलों में पांच विदेशी नागरिक हैं। ये ब्रिटेन, पुर्तगाल, रूस, जर्मनी और ऑस्ट्रिया के रहने वाले हैं। वहीं, हमलावर की हालत भी गंभीर बनी हुई है। उसकी हालत नाजुक है। कई बार उसका ऑपरेशन किया जा चुका है। शनिवार को हमलावर की उम्र को लेकर भ्रम की स्थिति थी। अधिकारियों ने पहले उसकी उम्र 24 साल बताई थी। बाद में इसे 25 साल बताया गया। हालांकि, रविवार को अधिकारियों ने पुष्टि की कि उसकी उम्र 24 साल ही है।

पोलैंड में पहली बार हुई ऐसी सामूहिक हत्या?
पोलैंड के गृह मंत्री मार्सिन किएरविंस्की ने बताया कि हमलावर के विचार 'बहुत कट्टरपंथी' और 'अति-राष्ट्रवादी' थे। किएरविंस्की ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, सब कुछ इस बात की ओर इशारा करता है कि वह दक्षिणपंथी विचारधाराओं से प्रभावित था। सोशल मीडिया पर चश्मदीदों के कई वीडियो सामने आए हैं। इनमें लोग चौराहे से भागकर आसपास की छोटी गलियों में छिपते दिख रहे हैं।


कुछ वीडियो में बचावकर्मी घायलों को फिर से सांस दिलाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में पुलिसकर्मी सड़क पर पड़े हमलावर पर बार-बार गोली चलाता दिख रहा है। इसके बाद वह पुलिसकर्मी भी धीरे-धीरे जमीन पर गिर जाता है।

हमलावर के पास कितने हथियार थे?
गवर्नर क्लेचार ने बताया कि हमलावर के पिता के पास कानूनी रूप से 10 से ज्यादा बंदूकें थीं। हमलावर के पास भी बंदूकें थीं। ओस्त्रोविएत्स श्विएंतोक्रिस्की के स्थानीय अधिकारियों ने परिवार के घर से सात हथियार जब्त किए हैं। इसके साथ बरामद हथियारों की कुल संख्या 11 हो गई है। इनमें से चार हथियार क्राको में हमलावर के पास या उसकी कार से मिले थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed