Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   PM Modi Gifts 14 Indian Traditional Artworks to World Leaders in Manila

पश्मीना शॉल से पिछवाई पेंटिंग तक: पीएम मोदी ने 14 देशों के नेताओं को दिए खास तोहफे, जानें हर उपहार की खासियत

Wed, 18 Nov 2026 10:13 AM IST
शिवम गर्ग वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, मनीला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, मनीला Published by: शिवम गर्ग Updated Wed, 18 Nov 2026 10:13 AM IST
सार

मनीला में पीएम मोदी ने कई देशों के नेताओं को भारत की अलग-अलग पारंपरिक कलाओं से जुड़े उपहार दिए। कश्मीर की पश्मीना से लेकर गुजरात की अगेट बाउल और राजस्थान की पिछवाई तक, हर तोहफे में भारतीय विरासत और कारीगरों का हुनर दिखाई दिया।

विज्ञापन
PM Modi Gifts 14 Indian Traditional Artworks to World Leaders in Manila
पीएम मोदी ने 14 देशों के नेताओं को दिए खास तोहफे - फोटो : Amar Ujala Graphics

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे के दौरान कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रधानमंत्रियों को भारत की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प से जुड़े खास उपहार भेंट किए। इन तोहफों में कश्मीर की पश्मीना शॉल और रेशमी कालीन से लेकर गुजरात की पत्थर की कलाकृतियां, राजस्थान की पेंटिंग और बनारसी सिल्क शामिल हैं।
विज्ञापन


इन उपहारों के जरिए भारत की अलग-अलग क्षेत्रों की सदियों पुरानी कला, कारीगरों की मेहनत और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची समेत कई नेताओं को भारतीय हस्तकला से बनी चीजें भेंट की गईं। 
विज्ञापन


आइए जानते है किस नेता को मिला कौन-सा खास उपहार?
Trending Videos

फिलीपींस के राष्ट्रपति को कश्मीरी रेशमी कालीन
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को पारंपरिक कश्मीरी रेशमी कालीन दिया गया। यह अपनी चमक, मुलायम बनावट और बारीक डिजाइन के लिए जाना जाता है। इसे बनाने में कारीगर हजारों गांठें बांधते हैं। कुछ कालीन तैयार होने में महीनों या वर्षों तक लग सकते हैं। इसके डिजाइन में कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता, फूलों और चिनार के पत्तों की झलक मिलती है।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को गोल्डन पिछवाई पेंटिंग
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को राजस्थान के नाथद्वारा की गोल्डन पिछवाई पेंटिंग भेंट की गई। यह कपड़े पर बनाई जाने वाली पारंपरिक चित्रकला है। इसमें कमल, गाय, पेड़ और सजावटी आकृतियां बनाई जाती हैं। खनिज रंगों और सोने की बारीक सजावट से तैयार यह पेंटिंग अपनी चमक और शानदार कारीगरी के लिए जानी जाती है।



जापान की प्रधानमंत्री को बनारसी कतान सिल्क स्टोल
जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची को रॉयल ब्लू रंग का बनारसी कतान सिल्क स्टोल भेंट किया गया। इसे सदेली बॉक्स में सजाकर दिया गया। यह बनारस की सदियों पुरानी बुनाई कला का नमूना है। स्टोल पर बने बारीक डिजाइन पीढ़ियों से चली आ रही बुनकरों की मेहनत और हुनर को दर्शाते हैं।

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री को जयपुर की ब्लू पॉटरी
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को राजस्थान की पारंपरिक जयपुर ब्लू पॉटरी की कलाकृति दी गई। यह अपनी चमकदार सफेद सतह और गहरे नीले रंग के डिजाइन के लिए प्रसिद्ध है। इस पर फूलों, पक्षियों, ज्यामितीय आकृतियों और सजावटी बॉर्डर की हाथ से पेंटिंग की जाती है।

विज्ञापन

फिलीपींस की प्रथम महिला को पश्मीना शॉल
फिलीपींस की प्रथम महिला लुईस अरनेटा-मार्कोस को पारंपरिक कश्मीरी पश्मीना शॉल एक पेपर माशे बॉक्स में भेंट की गई। पश्मीना चांगथांगी बकरी के शरीर के नीचे की मुलायम ऊन से तैयार होती है। यह अपनी खास मुलायमियत, गर्माहट और हल्के वजन के लिए प्रसिद्ध है। इस उपहार में कश्मीर की दो पारंपरिक कलाओं की झलक है।



म्यांमार और ब्रुनेई को बिदरी कला का फूलदान
पीएम मोदी ने म्यांमार और ब्रुनेई के सुल्तान हाजी हसनल बोल्किया को कर्नाटक के बीदर में बना बिदरी कला का चांदी की नक्काशी वाला फूलदान भेंट किया। यह जस्ता और तांबे के मिश्रण से तैयार होता है। कारीगर इसकी सतह पर डिजाइन बनाकर उसमें चांदी के तार जड़ते हैं। इसके बाद विशेष प्रक्रिया से इसे गहरा काला रंग दिया जाता है, जिससे चांदी की नक्काशी और उभरकर दिखाई देती है। इस कला को जीआई टैग भी मिला हुआ है।



वियतनाम के प्रधानमंत्री को चमड़े की दीवार सजावट
पीएम मोदी ने वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग को पारंपरिक भारतीय लेदर वॉल हैंगिंग भेंट की। इसे तैयार करने के लिए चमड़े को मुलायम बनाकर उस पर बारीक डिजाइन बनाए जाते हैं। इसमें फूलों, ज्यामितीय आकृतियों और वन्यजीवों से जुड़े चित्रों का इस्तेमाल होता है। प्राकृतिक रंगों से सजाई गई ये कलाकृतियां भारत की लोक कला और पारंपरिक कारीगरी को दर्शाती हैं।

तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री को गुजरात की अगेट बाउल
तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री काय राला शनाना गुसमाओ को गुजरात के खंभात में बनी अगेट बाउल भेंट की गई। यह अर्ध-कीमती पत्थर से तैयार की गई कटोरी है। अगेट पत्थर पर प्राकृतिक धारियां, रंग और अलग-अलग बनावट होती हैं। कारीगर इसे काटकर, आकार देकर और पॉलिश करके तैयार करते हैं। खंभात में पत्थर तराशने की यह कला सदियों पुरानी है।

थाईलैंड के प्रधानमंत्री को कच्छ की रोगन कला
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल को गुजरात के कच्छ की पारंपरिक रोगन कला की पेंटिंग दी गई। यह कला कच्छ के निरोना गांव के कुछ कारीगर परिवारों तक सीमित है। इसमें अरंडी के तेल को उबालकर गाढ़ा रंग तैयार किया जाता है। इसके बाद धातु की पतली सलाई से कपड़े पर हाथों से बारीक डिजाइन बनाए जाते हैं। कपड़े को मोड़कर डिजाइन की दूसरी तरफ भी समान छाप बनाई जाती है।



मलयेशिया के प्रधानमंत्री को चांदी की नक्काशी वाली उरली
मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को चांदी की नक्काशी वाली पारंपरिक उरली भेंट की गई। यह भारतीय सजावटी पात्र है, जिस पर चांदी की बारीक कारीगरी की जाती है। परंपरा के अनुसार इसमें पानी भरकर तैरते हुए फूल सजाए जाते हैं। इसे शुद्धता, समृद्धि, अतिथि सत्कार और सद्भाव का प्रतीक माना जाता है।

लाओस के प्रधानमंत्री को गुलाबी क्वार्ट्ज का हाथी
लाओस के प्रधानमंत्री सोनेक्साय सिफांडोन को सोने की नक्काशी वाला रोज क्वार्ट्ज हाथी दिया गया। इसे प्राकृतिक गुलाबी क्वार्ट्ज पत्थर से तराशकर तैयार किया जाता है। इसके बाद इस पर हाथ से सुनहरी सजावट और फूलों के डिजाइन बनाए जाते हैं। भारतीय परंपरा में हाथी शक्ति, बुद्धिमत्ता, सम्मान और राजसी वैभव का प्रतीक है।


इंडोनेशिया के राष्ट्रपति को चोल कांस्य प्रतिमा
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को पारंपरिक चोल कांस्य मूर्ति भेंट की गई। चोल वंश के शासनकाल में दक्षिण भारत में यह कला नौवीं से 13वीं शताब्दी के बीच खूब विकसित हुई। इसे बनाने के लिए मोम से आकृति तैयार कर विशेष ढलाई तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। इन मूर्तियों में शरीर की बनावट, भाव और आभूषणों का बारीक चित्रण देखने को मिलता है।



कंबोडिया के प्रधानमंत्री को डोकरा कला की नाव
कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेत को पारंपरिक डोकरा कला से बनी नाव भेंट की गई। यह धातु शिल्प करीब 4,000 साल पुरानी मोम ढलाई तकनीक से तैयार किया जाता है। नाव पर लोगों और पक्षियों की आकृतियां बनाई गई हैं। यह कलाकृति एकता, सहयोग, सामूहिक प्रगति और प्रकृति के साथ तालमेल का संदेश देती है।
विज्ञापन

प्रधानमंत्री की ओर से दी गई भेंटों में भारत के अलग-अलग राज्यों और समुदायों की कला परंपराओं का समावेश है। राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, और उत्तर प्रदेश की लोककलाओं के जरिए भारत की सांस्कृतिक विविधता को सामने रखा गया। हर कलाकृति अपने साथ एक क्षेत्र का इतिहास, उसकी पहचान और वहां के शिल्पकारों की मेहनत की कहानी लेकर पहुंची।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed