US vs Canada: ट्रंप के 35 फीसदी टैरिफ के एलान पर PM कार्नी का पलटवार, कहा- अपने व्यवसायों की रक्षा करते रहेंगे
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार कनाडा के श्रमिकों और व्यवसायों की रक्षा को प्रतिबद्ध है। कार्नी का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कनाडा पर 35 प्रतिशत टैरिफ (कर) लगाने के प्रस्ताव के जवाब में आया है, जो 1 अगस्त से लागू होगा।
विस्तार
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कनाडा से आने वाले सामानों पर 35% टैरिफ लगाए जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अपने व्यापार और व्यवसायों की मजबूती से रक्षा करती रहेगी।
प्रधानमंत्री कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि कनाडा ने उत्तर अमेरिका में फेंटानिल की समस्या को रोकने की दिशा में अहम प्रगति की है और वह अमेरिका के साथ मिलकर दोनों देशों के लोगों की जान बचाने और समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने एक्स पर लिखा कि अमेरिका के साथ चल रही व्यापार वार्ताओं के दौरान कनाडाई सरकार ने अपने श्रमिकों और व्यवसायों के हितों की दृढ़ता से रक्षा करती रहेगी। हम 1 अगस्त की संशोधित समयसीमा तक इस दिशा में अपने प्रयास जारी रखेंगे। कनाडा ने उत्तर अमेरिका में फैले फेंटेनाइल जैसे घातक नशे के संकट को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। हम अमेरिका के साथ मिलकर जीवन बचाने और दोनों देशों के समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा, हम एक सशक्त कनाडा का निर्माण कर रहे हैं। केंद्र सरकार, प्रांतों और क्षेत्रों के साथ मिलकर एक एकीकृत कनाडाई अर्थव्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण प्रगति कर रही है। हम राष्ट्रीय हित में कई बड़े नए प्रोजेक्ट्स शुरू करने के लिए तैयार हैं। साथ ही, हम दुनियाभर में अपने व्यापारिक साझेदारियों को भी लगातार मजबूत कर रहे हैं।
Throughout the current trade negotiations with the United States, the Canadian government has steadfastly defended our workers and businesses. We will continue to do so as we work towards the revised deadline of August 1.
— Mark Carney (@MarkJCarney) July 11, 2025
Canada has made vital progress to stop the scourge…
ट्रंप ने कार्नी को लिखा था पत्र
इससे पहले गुरुवार (10 जुलाई) को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को एक पत्र लिखकर नई टैरिफ दरों की जानकारी दी थी। ट्रंप ने घोषणा की है कि 1 अगस्त से कनाडा से होने वाले सभी आयातों पर 35 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। उन्होंने इसे कनाडा की ओर से फेंटेनाइल ड्रग की सप्लाई कम करने में नाकामी का नतीजा बताया है।
ट्रंप ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के नाम लिखे पत्र में कहा कि अगर कनाडा जवाबी कार्रवाई करता है, तो टैरिफ में और वृद्धि हो सकती है। पत्र को उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया है। हालांकि, बातचीत की गुंजाइश रखते हुए उन्होंने कहा कि अगर कनाडा फेंटानिल की तस्करी रोकने में मदद करता है, तो शायद हम इस पत्र में बदलाव पर विचार कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि दोनों देशों के रिश्तों के आधार पर टैरिफ को बढ़ाया या घटाया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: US Tariff: अमेरिका ने कनाडा पर फिर फोड़ा टैरिफ बम, राष्ट्रपति ट्रंप बोले- एक अगस्त से लागू होगा 35% शुल्क
राष्ट्रपति की यह टिप्पणी ऐसे साक्ष्यों के बावजूद आई है जो दर्शाते हैं कि संयुक्त राज्य अमेरिका में तस्करी की जाने वाली फेंटानिल की अधिकांश मात्रा कनाडा के साथ उत्तरी सीमा से नहीं, बल्कि मैक्सिको के साथ दक्षिणी सीमा से प्रवेश करती है।
ट्रंप ने हाल के दिनों में ट्रेड युद्ध का दायरा बढ़ाते हुए कई देशों पर नए टैरिफ लगाए हैं। कनाडा के अलावा, ट्रंप ने हाल ही में जापान और दक्षिण कोरिया पर भी नए टैरिफ लगाए हैं। इसके साथ ही आयातित तांबे पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है। गुरुवार को एनबीसी न्यूज के साथ एक साक्षात्कार में ट्रंप ने संकेत दिया कि जल्द ही दूसरे देशों को भी 15 से 20 प्रतिशत तक के व्यापक टैरिफ का सामना करना पड़ सकता है।