Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   'People Didn't Like the War': Trump Explains Election Defeat, Says Rising Gas Prices Also Played a Role

'लोगों को जंग पसंद नहीं आई': अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में हार पर बोले ट्रंप; पेट्रोल के बढ़ते दाम पर क्या कहा?

Mon, 09 Nov 2026 11:09 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Mon, 09 Nov 2026 11:09 PM IST
सार

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान युद्ध और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को इसकी बड़ी वजह माना है। उन्होंने स्वीकार किया कि लोगों को युद्ध पसंद नहीं आया। इसके बावजूद उन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को सही बताया। ऐसे में सवाल है कि क्या युद्ध और महंगाई की कीमत ट्रंप को चुकानी पड़ी? क्या अब अमेरिका ईरान से समझौता करेगा? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
'People Didn't Like the War': Trump Explains Election Defeat, Says Rising Gas Prices Also Played a Role
ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के पीछे ईरान के साथ युद्ध और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को बड़ी वजह माना है। उन्होंने स्वीकार किया कि अमेरिकी मतदाता युद्ध के पक्ष में नहीं थे और ईंधन महंगा होने से भी लोग नाराज थे। हालांकि, ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना जरूरी था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह अब इस संघर्ष को और आगे नहीं बढ़ाना चाहते।

विज्ञापन


ट्रंप ने युद्ध और महंगे पेट्रोल को हार की वजह क्यों माना?
ट्रंप ने सीबीएस न्यूज के कार्यक्रम '60 मिनट्स' में पत्रकार रॉस डौथैट को दिए इंटरव्यू में चुनावी हार के कारणों पर बात की। उन्होंने माना कि ईरान के साथ युद्ध और पेट्रोल की बढ़ी कीमतों ने मतदाताओं को प्रभावित किया। ट्रंप ने कहा, ''लोगों को युद्ध पसंद नहीं आया। उन्हें यह भी अच्छा नहीं लगा कि पेट्रोल की कीमतें बढ़ गईं, जबकि मैंने पहले उन्हें काफी कम रखा था।'' उन्होंने कुछ अलोकप्रिय उम्मीदवारों को भी हार की वजह बताया। हालांकि, ट्रंप ने चुनावी नतीजों से खुद को अलग रखने की कोशिश की। उनका कहना था कि वह खुद चुनाव नहीं लड़ रहे थे और उनकी व्यक्तिगत लोकप्रियता रिपब्लिकन उम्मीदवारों के पक्ष में पूरी तरह नहीं बदल पाई।
विज्ञापन


उम्मीदवारों के समर्थन में ट्रंप ने कितनी रैलियां की थीं?
ट्रंप ने अपने समर्थित उम्मीदवारों का बचाव करते हुए कहा कि उनके समर्थन से कई नेताओं को जीतने में मदद मिली या मुकाबला कड़ा हुआ। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान करीब 28 दिनों में 30 रैलियां की थीं। इसके बावजूद कुछ उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा। ट्रंप ने इसके पीछे कई कारण गिनाए। उन्होंने कहा कि कुछ समर्थक मतदान करने नहीं पहुंचे, कुछ लोगों को उम्मीदवार पसंद नहीं थे और कुछ मतदाता उनकी नीतियों से सहमत नहीं थे। इस तरह उन्होंने हार की जिम्मेदारी केवल अपनी लोकप्रियता या नीतियों पर डालने से इनकार किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


अर्थव्यवस्था अच्छी होने के दावे पर ट्रंप ने क्या कहा?
अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर सवाल पूछे जाने पर ट्रंप ने रोजगार के आंकड़ों, शेयर बाजार में बढ़त और नए कारखानों में निवेश को अपनी नीतियों की सफलता बताया। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि इन आंकड़ों के बावजूद आम लोग रोजमर्रा की बढ़ती लागत से परेशान क्यों हैं, तो उन्होंने इसे खराब संदेश देने का मामला बताया। ट्रंप ने मीडिया पर भी आरोप लगाया कि उसने अर्थव्यवस्था से जुड़ी सकारात्मक खबरों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया। उनका दावा था कि आने वाले महीनों में निवेश और निर्माण गतिविधियों का असर दिखाई देगा और लोगों को आर्थिक सुधार महसूस होगा। यानी उन्होंने महंगाई से जुड़ी जनता की नाराजगी स्वीकार करने के साथ ही आर्थिक नीतियों का बचाव भी किया।

क्या ट्रंप ईरान के खिलाफ युद्ध को और बढ़ाना चाहते हैं?
अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने सोशल मीडिया पर रिपब्लिकन पार्टी की हार के लिए ईरान युद्ध को जिम्मेदार बताया था। इस बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने काफी हद तक वेंस की बात से सहमति जताई। हालांकि, उन्होंने सैन्य कार्रवाई को जरूरी बताया। ट्रंप ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने यह भी बताया कि वेंस सैन्य कार्रवाई से जुड़े फैसले लेने की प्रक्रिया का हिस्सा थे। ट्रंप का मानना है कि समय के साथ अमेरिकी जनता इस कार्रवाई को सही कदम मानेगी। हालांकि, चुनावी नुकसान के बावजूद उन्होंने संघर्ष को और बढ़ाने से इनकार किया। उन्होंने कहा, ''मैं ऐसा नहीं करना चाहता। मुझे नहीं लगता कि इसकी कोई जरूरत है।''

ईरान के साथ समझौते और होर्मुज जलडमरूमध्य पर क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने दावा किया कि चुनाव से पहले ईरान किसी समझौते के काफी करीब था, लेकिन रिपब्लिकन पार्टी की हार से तेहरान को नई उम्मीद मिली है। इसके बावजूद उन्होंने भविष्य में समझौता होने की संभावना जताई। हालांकि, उन्होंने इसके लिए कोई समयसीमा या विस्तृत जानकारी नहीं दी। इंटरव्यू में होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति पर भी चर्चा हुई। ट्रंप ने दावा किया कि यह समुद्री रास्ता खुला है। वहीं, पत्रकार रॉस डौथैट ने कहा कि वहां जहाजों की आवाजाही काफी हद तक अमेरिकी सैन्य मौजूदगी पर निर्भर है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि जिन देशों की सुरक्षा अमेरिका करता है, वे अमेरिकी युद्ध खर्च की भरपाई करेंगे। हालांकि, इस दावे पर संबंधित देशों की ओर से कोई पुष्टि नहीं बताई गई।


मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को कितना नुकसान हुआ?
अमेरिका में राष्ट्रपति के चार साल के कार्यकाल के बीच होने वाले चुनाव को मिडटर्म चुनाव कहा जाता है। इसमें प्रतिनिधि सभा की सभी सीटों और सीनेट की करीब एक-तिहाई सीटों पर मतदान होता है। इन चुनावों से तय होता है कि अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस में किस पार्टी का नियंत्रण रहेगा। इस बार ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में अपना बहुमत गंवा दिया। इस नतीजे को ट्रंप की नीतियों और उनके नेतृत्व के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। खास बात यह है कि ट्रंप ने एक तरफ ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जरूरी बताया, वहीं दूसरी तरफ माना कि युद्ध और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने मतदाताओं को नाराज किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed