मुश्किल में पाकिस्तान, लेकिन फैशन उद्योग जगमग
पाकिस्तान की सामाजिक और आर्थिक दिक्कतों के बावजूद इसका फैशन उद्योग अपने पूरे शबाब पर है। एक रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान का फैशन बाजार अब अरबों डॉलर का हो गया है और वह ब्रिटेन जैसे देशों को डिजाइन निर्यात कर इस सफलता को भुनाना चाहता है।
इसीलिए पाकिस्तान फैशन वीक लंदन में आयोजित किया जा रहा है। फैशन डिजाइनर हनी वकार कहती हैं, "जाहिरा तौर पर यहां बहुत बड़ा बाज़ार मौजूद है। मैं कहूंगी कि करोड़ों का बाज़ार है। इसलिए यह डिजाइनरों के लिए अच्छा मौका है कि वे आएं और पाकिस्तान की एक नर्म तस्वीर सामने रखें।"
पाकिस्तानी डिजाइनर धीरे-धीरे ब्रिटेन के बाजार में अपनी जगह बना रहे हैं। कई एशियाई बुटीक लंदन, बर्मिंघम और मैनेचेस्टर में अपना काम शुरू कर रहे हैं।
पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय फैशन जगत से मुकाबले में
पाकिस्तान की ट्रेड डेवलपमेंट अथॉरिटी की राबिया जावेरी आगा कहती हैं, "पाकिस्तान की कला संस्कृति का अपना पुराना इतिहास है। हमारी कोशिश है कि हम उसे बाजार तक लाएं और उसे यूरोप की जरूरतों के हिसाब से ढालें।"
लेकिन क्या पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय फैशन जगत से मुकाबले के लिए तैयार है?
ब्रिटेन की फैशन ब्लॉगर सराह खान का कहना है, "मेरे ख्याल से एशियाई और पाकिस्तानी फैशन को अपनी असली ताकत दिखाने का मौक़ा अब तक नहीं मिला। लंदन में पाकिस्तान फैशन वीक ने हमें मौका दिया कि लोग आएं और देखें कि हम फैशन जगत को क्या दे सकते हैं।"