जाधव तक राजनयिक पहुंच के लिए भारत कर रहा हर संभव प्रयास: वीके सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान के ‘13 बार’ इनकार करने के बावजूद सरकार भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव तक राजनयिक पहुंच हासिल करने के लिए सभी उपाय कर रही है।
‘राष्ट्रवाद एवं देशभक्ति’ विषय पर पूर्व सैनिकों द्वारा आयोजित एक सम्मेलन में सिंह ने कहा, ‘पाकिस्तान सरकार ने जाधव तक राजनयिक पहुंच देने से मना कर दिया है, जबकि भारत ने 13 बार इसके लिए कोशिश की। हम जाधव तक पहुंचने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।’
सिंह ने दोहराया कि जाधव को ईरान से अपहृत किया गया था। पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत ने 10 अप्रैल को बंद कमरे में की गई सुनवाई में जाधव को मौत की सजा सुनाई थी। उन्हें कथित रूप से अशांत क्षेत्र बलूचिस्तान और कराची में ‘जासूसी एवं विध्वंसकारी गतिविधियों’ में शामिल होने के लिए यह सजा दी गई है।
अधिकारियों को बंदी तक पहुंच स्थापित करने की मंजूरी देना जरूरी
वियना संधि के अनुसार किसी दूसरे देश के नागरिक को बंदी बनाने वाले राष्ट्र के लिए उस देश के दूतावास के अधिकारियों को बंदी तक पहुंच स्थापित करने की मंजूरी देना जरूरी है।
भारत ने शुक्रवार को कहा था कि वह मौत की सजा के खिलाफ अपील दायर करेगा और साथ ही उसने पाकिस्तान से आरोप पत्र और सैन्य अदालत के मौत की सजा के फैसले की प्रमाणित प्रति मांगी थी। इसके साथ ही भारत ने जाधव तक राजनयिक पहुंच प्रदान करने को कहा था।
सिंह ने कश्मीर में युवाओं द्वारा सीआरपीएफ जवानों को परेशान करने से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘ना तो मैं इस तरह के वीडियो देखता हूं और ना ही जमीनी सच्चाई जाने बिना उन पर टिप्पणी करता हूं।’