{"_id":"60d72d9dd5164d13343a116c","slug":"pakistan-samiullah-caused-blast-outside-hafizs-house-claims-security-agencies-eight-arrested-so-far","type":"story","status":"publish","title_hn":"पाकिस्तान: दुबई में बैठे समीउल्लाह ने कराया हाफिज के घर के बाहर धमाका, अब तक आठ गिरफ्तार","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
पाकिस्तान: दुबई में बैठे समीउल्लाह ने कराया हाफिज के घर के बाहर धमाका, अब तक आठ गिरफ्तार
Sat, 26 Jun 2021 07:07 PM IST
सुरेंद्र जोशी
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
Published by: सुरेंद्र जोशी
Updated Sat, 26 Jun 2021 07:07 PM IST
सार
पाकिस्तान के लाहौर में आतंकी सरगना हाफिज सईद के घर के बाहर कार बम धमाका मामले के प्रमुख आरोपी की सुरक्षा एजेंसियों ने पहचान कर ली है। उनका दावा है कि खैबर पख्तूनख्वा के समीउल्लाह ने अपने भाई के जरिए यह धमाका कराया। सईद अभी लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद है।
विज्ञापन
आतंकी हाफिज सईद के घर के बाहर धमाका
- फोटो : Pak Media
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने 2008 के मुंबई आतंकवादी हमले के षड्यंत्रकर्ता और प्रतिबंधित जमात-उद-दावा (जेयूडी) के प्रमुख हाफिज सईद के लाहौर स्थित घर के बाहर कार बम धमाके के प्रमुख आरोपी की पहचान कर ली है। सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि वह खैबर पख्तूनख्वा प्रांत का समीउल्लाह है, जो अभी दुबई में है। उसने अपने भाई के जरिए धमाका कराया। इस मामले में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल आठ लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।
विज्ञापन
पाक अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि आतंकवाद निरोधी विभाग (सीटीडी) की तीन टीमों को कराची, पेशावर और शेखूपुरा में विस्फोट में शामिल लोगों के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के लिए भेजा गया है। पंजाब प्रांत के कानून मंत्री बशारत रजा के अनुसार, बुधवार को हुए विस्फोट के सिलसिले में अब तक आठ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। इस विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई थी और 21 अन्य घायल हो गए थे।
विज्ञापन
मुख्य संदिग्ध पीटर पॉल डेविड ने खोले राज
सीटीडी के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्य संदिग्ध पीटर पॉल डेविड की सूचना पर लाहौर विस्फोट के सिलसिले में लाहौर, शेखूपुरा और पेशावर से तीन और संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि तीनों संदिग्ध डेविड के संपर्क में थे, जिसकी कार विस्फोट में इस्तेमाल की गई थी।
विज्ञापन
अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ता विस्फोट के 'षड्यंत्रकारियों' तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि विस्फोट के षड्यंत्रकर्ता की पहचान कर ली गई है और उसका नाम समीउल्लाह है, जो खैबर पख्तूनख्वा (केपीके) प्रांत का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में समीउल्लाह दुबई में रह रहा है और उसके भाई ने कार में विस्फोटक रखा था।
उन्होंने बताया कि पुलिस समीउल्लाह के भाई की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा, कल हमारी टीम ने महमूदाबाद (कराची दक्षिण) में डेविड के आवास पर छापा मारा था और उसकी यात्रा तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए थे।
लाहौर एयरपोर्ट से गिरफ्तार हुआ था डेविड
डेविड को विस्फोट के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को लाहौर हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था। अधिकारी ने कहा कि डेविड के मुहाजिर कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम-लंदन) से संबंध की भी जांच की जा रही है। मुहाजिर कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम) पाकिस्तान में एक राजनीतिक दल है, जिसकी स्थापना 1984 में अल्ताफ हुसैन ने की थी। वर्तमान में, पार्टी दो मुख्य गुटों के बीच विभाजित है। एमक्यूएम-लंदन गुट का नियंत्रण हुसैन द्वारा किया जाता है, जो ब्रिटेन में स्व-निर्वासन में रह रहे हैं।
ऐसा कहा जाता है कि डेविड के पास दोहरी नागरिकता है। अधिकारियों ने अभी तक पुष्टि नहीं की है कि उसकी अन्य राष्ट्रीयता बहरीन की है या संयुक्त अरब अमीरात की। अधिकारी के मुताबिक डेविड की पत्नी और एक बेटा पुलिस छापेमारी से पहले कराची स्थित अपने घर से निकल चुके थे।
कार में 15 किलो विस्फोटक रखा था
पंजाब पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि डेविड ने अपनी वह कार उस संदिग्ध को मुहैया कराई थी, जो बोर्ड ऑफ रेवेन्यू सोसायटी जौहर टाउन में सईद के घर के बाहर पुलिस पिकेट पर खड़ी थी और रिमोट कंट्रोल के जरिए विस्फोट होने से 15 मिनट पहले वहां से निकली थी। कथित तौर पर कार में करीब 15 किलोग्राम विस्फोटक लगाया गया था। बम धमाके में अज्ञात आतंकियों के खिलाफ धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गौरतलब है कि 71 वर्षीय सईद आतंकवाद के वित्त पोषण मामलों में लाहौर की कड़ी सुरक्षा वाली कोट लखपत जेल में सजा काट रहा है।