दुनिया: पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने ध्वस्त की अहमदी समुदाय की 75 कब्रें, पढ़े विश्व की अन्य खबरें
जमात-ए-अहमदिया पाकिस्तान के पदाधिकारी आमिर महमूद ने रविवार को बताया, तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) के दबाव में आकर पुलिस ने लाहौर से लगभग 100 किलोमीटर दूर पंजाब के सियालकोट जिले के दस्का शहर में मकबरों के पत्थरों को नष्ट करके अहमदियों की 74 कब्रों को नुकसान पहुंचाया।
विस्तार
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुलिस व इस्लामी कट्टरपंथियों ने अहमदी अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित लगभग 75 कब्रों और उनके दो धार्मिक स्थलों की मीनारों को ध्वस्त कर दिया। अल्पसंख्यक समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन जमात-ए-अहमदिया पाकिस्तान के पदाधिकारी आमिर महमूद ने रविवार को बताया, तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) के दबाव में आकर पुलिस ने लाहौर से लगभग 100 किलोमीटर दूर पंजाब के सियालकोट जिले के दस्का शहर में मकबरों के पत्थरों को नष्ट करके अहमदियों की 74 कब्रों को नुकसान पहुंचाया।
क्षुद्रग्रह की चट्टान का सैंपल लेकर लौटा कैप्सूल
नासा का एक कैप्सूल क्षुद्रग्रह बेन्नू का सैंपल लेकर पृथ्वी पर उतर चुका है। नमूने को नासा के अंतरिक्ष यान ओसिरिस-रेक्स अंतरिक्ष यान से पृथ्वी के चक्कर 63,000 मील (100,000 किलोमीटर) दूर से एक कैप्सूल में छोड़ा गया था। इसे भारतीय समयानुसार रविवार रात 8.22 बजे पैराशूट के जरिये यूटा रेगिस्तान में उतारा गया। नासा के वैज्ञानिक कैप्सूल से बेन्नू के सैंपल को निकालकर प्रयोगशाला ले गए। जब इस कैप्सूल ने पृथ्वी की वायुमंडल में प्रवेश किया, उस समय इसकी गति बंदूक से निकली गोली से 15 गुना तेज थी। नासा ने ओसिरिस-रेक्स मिशन को सात साल पहले 2016 में लॉन्च किया था। इन नमूनों से वैज्ञानिक 4.5 अरब साल पहले निर्मित हुए हमारे सौर मंडल और पृथ्वी और जीवन के विकास की प्रक्रिया को समझने का प्रयास करेंगे।