Pakistan Updates: खैबर पख्तूनख्वा में पत्रकार की हत्या; देश के कई हिस्सों में 4.7 तीव्रता के भूकंप के झटके
Pakistan Updates: पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक वरिष्ठ पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, दूसरी ओर देश के विभिन्न हिस्सों में 4.7 तीव्रता के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।
विस्तार
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक वरिष्ठ पत्रकार की उनके घर के पास हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि खलील जिब्रान एक निजी समाचार चैनल 'खैबर न्यूज' से जुड़े हुए थे। मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें उस समय निशाना बनाया जब वह खैबर जिले के लांडी कोटल शहर में अपने दोस्त के साथ अपने घर की ओर जा रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि घर के पास ही पत्रकार की कार में खराबी आई। तभी बंदूकधारियों ने उन्हें घेर लिया और कार से खींचकर बाहर निकाला और फि उन पर गोलियां चलाी शुरू कर दीं। उन्होंने बताया कि लांडी कोटल प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष जिब्रान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनका वकील मित्र घायल हो गया। अपराधी मौके पर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि जिब्रान को आंतकवादियों से भी धमकियां मिली थीं। इस बीच, मृतक पत्रकार को उनके पैतृक गांव सुल्तान खेल में दफनाया गया। उनके साथी पत्रकारों ने खैबर-पाक-अफगान राजमार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान जिब्रान का शव भी रखा गया था। प्रदर्शनकारियों ने पत्रकार के हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी करने की मांग की।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पत्रकार की हत्या के पीछे के दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। वहीं, एसोसिएशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एडिटर्स एंड न्यूज डायरेक्टर्स (एईएमईएनडी) ने हत्या की कड़ी निंदा की और सरकार से जिब्रान के हत्यारों को न्याय के कटघरे में लाने को कहा। इस संगठन ने एक बयान में इस तरह की घटनाओं को रोकने में उच्च अधिकारियों की नाकामी की आलोचना की।
पिछले महीने सिंधी अखबार के एक अन्य पत्रकार नसरुल्ला गदानी को अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने कोरई गोठ के पास निशाना बनाया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया था।
पाकिस्तान में 4.7 तीव्रता के भूकंप के झटके
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद सहित कई हिस्सों में बुधवार को 4.7 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि,अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र के मुताबिक, भूकंप के झके इस्लामाबाद, रावलपिंडी, पेशावर, स्वात, मलकंद, उत्तरी वजीरिस्तान, पाराचिनार, ओलर दीर, हांगू, चारसद्दा और स्वाबी समेत विभिन्न क्षेत्रों में 98 किलोमीटर की गहराई में महसूस किए गए।
इस महीने की शुरुआथ में कराची के कुछ हिस्सों में 3.2 तीव्रता का भूकंप आया था। दो मई को मलीर जिले के गदप टाउन, कटोहर और आसपास के इलाकों में 2.3 तीव्रता का भूकंप आया था।
लैपटॉप की बैटरी फटने से घर में लगी आग, दो बच्चों की मौत
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बुधवार को एक लैपटॉप की बैटरी फटने के बाद घर में आग लग गई। जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई और सात अन्य झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
घटना फैसलाबाद के शरीफ पुरा इलाके की है। खबर के मुताबिक, घर में आग तब लगी जब लैपटॉप की बैटरी चार्ज करते समय उसमें विस्फोट हो गया। बचाव अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद घर में रहने वाले पांच बच्चों और दो महिलाओं सहित परिवार के नौ सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। खबर में कहा गया कि पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने बच्चों की मौत पर दुख जताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। फैसलाबाद के उपायुक्त ने घटना की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है।