{"_id":"5e5438878ebc3ef3b13b6a6b","slug":"nasa-famed-mathematician-katherine-johnson-passed-away","type":"story","status":"publish","title_hn":"नासा के अंतरिक्ष सफर में अहम भूमिका निभाने वाली गणितज्ञ कैथरीन जॉनसन का निधन","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
नासा के अंतरिक्ष सफर में अहम भूमिका निभाने वाली गणितज्ञ कैथरीन जॉनसन का निधन
Tue, 25 Feb 2020 02:26 AM IST
गौरव पाण्डेय
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Tue, 25 Feb 2020 02:26 AM IST
सार
अंतरिक्ष यात्रा से संबंधित कैथरीन की गणनाओं ने अंतरिक्ष में मानव को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। कैथरीन ही वह महिला थीं जिनकी गणनाओं से मानव को सुरक्षित रूप से अंतरिक्ष में पहुंचाने में सफलता मिली। कैथरीन के जीवन पर साल 2016 में 'हिटेन फिगर्स' नाम से एक फिल्म भी आई थी।
विज्ञापन
कैथरीन जॉनसन
- फोटो : ट्विटर/नासा
विस्तार
अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा को नई उपलब्धियों तक पहुंचाने वाली प्रसिद्ध गणितज्ञ कैथरीन जॉनसन ( Katherine G Johnson ) का निधन हो गया है। अंतरिक्ष यात्रा से संबंधित उनकी गणनाओं ने अंतरिक्ष में मानव को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। कैथरीन ही वह महिला थीं जिनकी गणनाओं से मानव को सुरक्षित रूप से अंतरिक्ष में पहुंचाने में सफलता मिली। उनकी वजह से ही अंतरिक्ष की दौड़ में अमेरिकी सोवियत संघ से आगे निकल पाया।
विज्ञापन
नासा ने सोमवार को कैथरीन के निधन की घोषणा की। वह 101 साल की थीं। कैथरीन नासा के कम्प्यूटर पूल का हिस्सा थीं। यह पूल गणितज्ञों का एक समूह था। इसी समूह द्वारा बनाए गए डाटा की सहायता से नासा ने अपने पहले सफल अंतरिक्ष मिशन को अंजाम दिया था। कैथरीन नासा के लिए काम करने वाली अश्वेत महिलाओं में से एक थीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक शिक्षिका के तौर पर की थी।
विज्ञापन
वेस्ट वर्जीनिया के व्हाइट सल्फर स्प्रिंग में साल 1918 में जन्मी कैथरीन की गणित की प्रतिभा शुरुआत से ही दिखने लगी थी। कैथरीन की नासा बायोग्राफी के मुताबिक वह उन तीन अश्वेत विद्यार्थियों में से एक थीं जिन्हें वेस्ट वर्जीनिया के स्नातक कॉलेजों को एकीकृत करने के लिए चुना गया था। उन्होंने 1969 की लैंडिंग से पहले चंद्रमा की मैपिंग की थी और अपोलो 13 के अंतरिक्ष यात्रियों को धरती पर वापस लाने में मदद की थी।
विज्ञापन
साल 1986 में नासा से सेवानिवृत्त हुईं कैथरीन की कहानी साल 2016 में आई हॉलीवुड फिल्म 'हिडेन फिगर्स' में देखने को मिली थी। यह फिल्म मॉरगट ली शैटरली की इसी नाम से किताब पर आधारित थी। इस फिल्म में कैथरीन का किरदार टाराजी पी हेन्सन ने निभाया था। जनवरी 2017 में इस फिल्म को स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवार्ड मिला था। फिल्म को प्रतिष्ठित ऑस्कर की तीन कैटेगरी में नामित भी किया गया था। हालांकि, फिल्म ऑस्कर जीत नहीं पाई थी।
साल 2015 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उन्हें प्रेसीडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम से सम्मानित किया था। ओबामा ने कहा था, कैथरीन जॉनसन ने मानवता की पहुंच की सीमाओं का विस्तार करते हुए लिंग और नस्ल को लेकर समाज की अपेक्षाओं के दबाव में सीमित होने से इनकार किया। वहीं साल 2017 में नासा ने कैथरीन के सम्मान में एक इमारत को 'कैथरीन जी जॉनसन कम्प्यूटेशनल रिसर्च फैसिलिटी' नाम दिया था।