म्यांमार: सैन्य तख्तापलट के खिलाफ अब 32 वर्षीय ब्यूटी क्वीन ने उठाई आवाज, कहा- हमें लड़ना और जीतना होगा
वर्ष 2013 में मिस ग्रैंड इंटरनेशनल ब्यूटी पेजेंट में म्यांमार का प्रतिनिधित्व करने वाली ब्यूटी क्वीन तार तेत तेत अब सेना के खिलाफ जंग में स्थानीय समूहों का साथ दे रही हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
म्यांमार में इसी साल एक फरवरी को हुए सैन्य तख्तापलट के बाद नागरिकों का संघर्ष अब भी जारी है। यहां गृहयुद्ध जैसे हालात बन गए हैं। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार, सैन्य तख्तापलट के बाद अब तक करीब 800 लोग मारे जा चुके हैं जबकि हजारों लोग घायल हैं। ऐसे में अब कई हथियारबंद विद्रोही गुट सेना पर हमले करने लगे हैं। इस बीच म्यांमार की 32 वर्षीय ब्यूटी क्वीन तार तेत तेत ने भी सेना के खिलाफ बगावती रुख अपना लिया है। वह भी अब सेना के खिलाफ जंग में स्थानीय समूहों के साथ जुड़ गई हैं। दरअसल, तेत ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए सेना के खिलाफ बगावती बयान दिया है।
सोशल मीडिया पर असॉल्ट राइफल के साथ अपनी तस्वीरें डालीं
बता दें, वर्ष 2013 में मिस ग्रैंड इंटरनेशनल ब्यूटी पेजेंट में तेत ने म्यांमार का प्रतिनिधित्व किया था। इस दौरान उन्होंने 60 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए ब्यूटी क्वीन का खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर असॉल्ट राइफल के साथ अपनी कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं। उन्होंने लिखा, ‘क्रांति सेब की तरह नहीं है जो तैयार होने के बाद गिर जाता है। हमें लड़ना होगा और निश्चित रूप से जीतना होगा।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘एक बार फिर से लड़ने का समय वापस आ गया है। चाहे आप एक हथियार, कलम, की-बोर्ड रखें या लोकतंत्र समर्थक आंदोलन के लिए पैसे दान करें। हर किसी को सफल होने की कोशिश करते रहना चाहिए। मैं संघर्ष जारी रखूंगी। मैं अपना जीवन भी बलिदान करने के लिए तैयार हूं।’
सेना के कथित अत्याचारों पर दिया था भाषण
तेत फिलहाल लोगों को जिमनास्टिक की ट्रेनिंग देती हैं। उनके सोशल मीडिया पोस्ट के बाद माना जा रहा है कि अब सेना के खिलाफ जंग में काफी लोग उनके समूहों से जुड़ सकते हैं। मालूम हो कि तेत ने आठ साल पहले ब्यूटी कॉन्टेस्ट के दौरान भी सेना के कथित अत्याचारों पर भाषण दिया था, जिसके बाद पूरी दुनिया का ध्यान म्यांमार के खराब हालातों की ओर गया था।