म्यांमार : 22 साल की मॉडल ने सेना के खिलाफ खोला मोर्चा, ब्यूटी कॉन्टेस्ट के दौरान मांगी अंतरराष्ट्रीय मदद
- म्यांमार तख्तापलट का नया चेहरा बनकर उभरीं 22 साल की हैन ले
- म्यांमार मॉडल हैन ले ने मिस ग्रैंड इंटरनेशनल ब्यूटी पीजेंट में लिया हिस्सा
- स्टेज पर अपने भाषण में तत्काल अंतरराष्ट्रीय मदद की गुहार लगाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
म्यांमार में सेना के तख्तापलट के खिलाफ पिछले 65 दिनों से आंदोलन जारी है। इस आंदोलन में अब तक 550 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हाल ही में म्यांमार तख्तापलट के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाली एक 22 वर्षीय महिला काफी चर्चा में हैं।
22 वर्षीय म्यांमार की मॉडल हैन ले विरोध का नया चेहरा उभरकर सामने आई हैं। हैन ले पिछले हफ्ते आयोजित किए गए मिस ग्रैंड इंटरनेशनल ब्यूटी पीजेंट तो नहीं जीत सकी लेकिन उनके काम के लिए पूरी दुनिया उन्हें जरूर याद रखेगी। पीजेंट के दौरान अपने भाषण में हैन ले ने अपने देश के लिए दुनिया से तत्काल मदद की मांग की।
जिस दिन हैन ले ने वैश्विक मदद की गुहार लगाई, उसी दिन म्यांमार की सेना ने 141 प्रदर्शनकारियों को गोली मार दी। हैन ले ने अपने भाषण में कहा कि आज जब मैं इस स्टेज पर हूं तो मेरे देश म्यांमार में लोगों को मौत के घाट उतारा जा रहा है। मुझे जान गंवाने वालों के लिए दुख है।
हैन ले ने आगे कहा कि हर कोई अपने देश में खुशहाली, समृद्धि और शांतिपूर्ण वातावरण चाहता है लेकिन सत्ता में राज करने के लिए नेताओं को अपनी शक्ति का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। हैन ले ने कहा कि म्यांमार की मदद कीजिए, हमें तत्काल अंतरराष्ट्रीय मदद की जरूरत है।
हैन ले ने कहा कि मैं एक बात निश्चित तौर पर कह सकती हूं कि म्यांमार के लोग कभी भी हारते नहीं है। सेना ने अब तक जिन प्रदर्शनकारियों को मारा है, उनमें से ज्यादातर युवा ही हैं। हैन ले ने कहा कि उस वक्त मुझे भावनाओं को छुपाना पड़ा क्योंकि दुनिया के सामने अपनी बात रखने के लिए मेरे पास बस दो से तीन मिनट ही थे।
हैन ले ने कहा कि अपने देश में लोगों पर हो रहे अत्याचार को देखते हुए वो अपनी प्रतिस्पर्धा पर ध्यान ही नहीं दे पाई। हैन ले ने कहा कि इस कॉन्टेस्ट में सभी प्रतिभागियों का हंसना जरूरी है लेकिन मैं नहीं हंस सकती क्योंकि मेरे देश में लोगों की हत्याएं हो रही हैं।
म्यांमार : सैन्य शासन ने शुरू की बड़ी हस्तियों के विरुद्ध कार्रवाई
म्यांमार में सत्तारूढ़ सैन्य शासन ने उन हस्तियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है जो तख्तापलट के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन का समर्थन कर रहे हैं। सैन्य शासन ने इस संबंध में सरकारी प्रेस में वांछितों की सूची प्रकाशित करते हुए उनके काम को लेकर चेतावनी दी है। जबकि एक अभिनेत्री खिन ने ट्वीट किया कि वे अपना काम जारी रखेंगी और मंच का इस्तेमाल सच्चाई के लिए करती रहेंगी।
म्यांमार के अखबार ग्लोबल न्यू लाइट में छपी इस सूची में अभिनेताओं, अभिनेत्रियों, संगीतकारों, सोशल मीडिया प्रभावित करने वालों के नाम हैं, जिन पर दंड संहिता की धारा-505 (ए) का उल्लंघन करते हुए देश की स्थिरता प्रभावित करने वाली फर्जी खबरों को फैलाने का आरोप लगाया गया है। इस धारा में दोषी करार होने पर तीन साल तक कैद हो सकती है। अखबार में 20 लोगों की सूची उनकी तस्वीर, गृहनगर और फेसबुक विवरण के साथ प्रकाशित की गई है। कई अभिनेताओं और निर्देशकों के खिलाफ फरवरी में भी मामला दर्ज किया गया था लेकिन प्रदर्शन समर्थक हस्तियों के खिलाफ कार्रवाई में पिछले हफ्ते उस समय तेजी आई जब सेना नियंत्रित टीवी चैनल ने सूची प्रसारित की। ऐसी सूचियों में करीब 60 लोगों के नाम हैं।