Imran Khan Arrested: इमरान पर अब तक 120 से ज्यादा मामले; इसमें देशद्रोह, ईशनिंदा और आतंकवाद से जुड़े केस भी
Imran Khan: इस्लामाबाद की एक अदालत 10 मई को उनके खिलाफ एक ऐसे मामले में आरोप तय करने जा रही है, जिसमें उन्होंने कथित रूप से देश के उपहारों की बिक्री से प्राप्त आय को छुपाया था। पिछले साल 19 नवंबर को राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो ने पूर्व प्रधानमंत्री, उनकी पत्नी और कैबिनेट के अन्य सदस्यों को मिले उपहारों के वास्तविक मूल्य का कथित रूप से खुलासा नहीं करने का संज्ञान लिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मंगलवार को अर्धसैनिक बलों के रेंजर्स ने गिरफ्तार कर लिया। इमरान खान पर देश भर में 121 मामले दर्ज हैं। इसमें देशद्रोह, ईशनिंदा, हिंसा और आतंकवाद को उकसाने से जुड़े मामले भी शामिल हैं। 70 वर्षीय इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने हाल ही में इस्लामाबाद उच्च न्यायालय (आईएचसी) को मामलों की एक सूची सौंपी थी।
सूची में कहा गया है कि संघीय राजधानी इस्लामाबाद में इमरान के खिलाफ 31 मामले दर्ज किए गए हैं। पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर में 30 मामले दर्ज हैं। मामले देशद्रोह, ईशनिंदा, हिंसा, आतंकवाद और हिंसा भड़काने जैसे विभिन्न आरोपों से जुड़े हैं। सूची के मुताबिक, इमरान के खिलाफ लाहौर में आतंकवाद के 12 और फैसलाबाद में 14 मामले दर्ज हैं। देशभर में इमरान खान के खिलाफ आतंकवाद के करीब 22 मामले दर्ज हैं।
तोशाखाना मामले में बढ़ने वाली हैं मुश्किलें
वहीं, इस्लामाबाद की एक अदालत 10 मई को उनके खिलाफ एक ऐसे मामले में आरोप तय करने जा रही है, जिसमें उन्होंने कथित रूप से देश के उपहारों की बिक्री से प्राप्त आय को छुपाया था। पिछले साल 19 नवंबर को राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो ने पूर्व प्रधानमंत्री, उनकी पत्नी और कैबिनेट के अन्य सदस्यों को मिले उपहारों के वास्तविक मूल्य का कथित रूप से खुलासा नहीं करने का संज्ञान लिया था। मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री को मिले तोहफों की असल कीमत और बिक्री के बीच अंतर था। जांच में पता चला कि प्रधानमंत्री के रूप में इमरान खान के कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न विदेशी गणमान्य व्यक्तियों के कुछ उपहारों को अपने पास रखा। भ्रष्टाचार का मामला, जिसकी सुनवाई के लिए वह मंगलवार को इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में उपस्थित थे, सूची में शामिल नहीं है।
इस मामले में हुई इमरान की गिरफ्तारी
इस्लामाबाद पुलिस ने महानिरीक्षक (आईजी) अकबर नासिर खान के हवाले से एक बयान जारी किया। इसमें कहा गया है कि इमरान को उस मामले के संबंध में गिरफ्तार किया गया, जिसमें आरोप लगाया गया था कि इमरान खान और उनकी पत्नी ने एक रियल एस्टेट फर्म से 50 अरब रुपये वैध करने के लिए अरबों की उगाही की। पूर्व प्रधानमंत्री, उनकी पत्नी बुशरा बीबी और अन्य पीटीआई नेता पीटीआई सरकार और एक संपत्ति टाइकून के बीच समझौते से संबंधित एनएबी जांच का सामना कर रहे हैं। इससे कथित तौर पर राष्ट्रीय खजाने को 190 मिलियन पाउंड का नुकसान हुआ था। उन पर अल कादिर विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए मौजा बकराला, सोहावा में 458 कनाल (23.16 हेक्टेयर) भूमि के रूप में गैरजरूरी लाभ लेने का भी आरोप है।
इमरान ने किया था 140 मामलों का दावा
इमरान खान ने पहले कहा था कि पिछले साल उनके प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद से देशभर में उनके खिलाफ 140 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। पीटीआई प्रमुख खान को उनके नेतृत्व में अविश्वास मत हारने के बाद अप्रैल में सत्ता से बेदखल कर दिया गया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि रूस, चीन और अफगानिस्तान पर उनकी स्वतंत्र विदेश नीति के फैसलों के कारण उन्हें निशाना बनाने वाली अमेरिकी नेतृत्व वाली साजिश का हिस्सा था। 2018 में सत्ता में आए खान संसद में अविश्वास मत से बाहर होने वाले एकमात्र पाकिस्तानी प्रधानमंत्री थे।