उत्तर कोरिया: किम जोंग ने फिर दी परमाणु हथियारों की धमकी, फलस्तीनी हमलावरों ने सुरक्षा गार्ड को गोली, पढ़ें देश-दुनिया की खास खबरें
उत्तर कोरिया ने इस सप्ताह सैन्य परेड में अपनी सेना के परमाणु कार्यक्रम के अंतर्गत सबसे शक्तिशाली हथियारों का प्रदर्शन किया। परेड में अंतरमहाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइलें भी प्रदर्शित की गईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन ने एक बार फिर चेताया कि यदि उनके देश को धमकी दी गई, तो वह अपने परमाणु हथियारों का इस्तेमाल पहले भी कर सकते हैं। समाचार एजेंसी (केसीएनए) ने किम जोंग के हवाले से कहा, यह शत्रु देशों से लगातार बढ़ते परमाणु खतरों के मद्देनजर जरूरी है।
किम ने राजधानी प्योंगयांग में इस सप्ताह एक विशाल सैन्य परेड के आयोजन को लेकर अपने शीर्ष सैन्य अधिकारियों की प्रशंसा भी की है। उन्होंने उत्तर कोरियाई सेना को एटमी हथियारों से लैस करने की कोशिशें जारी रखने की दृढ़ इच्छाशक्ति भी जताई।
उत्तर कोरिया ने इस सप्ताह सैन्य परेड में अपनी सेना के परमाणु कार्यक्रम के अंतर्गत सबसे शक्तिशाली हथियारों का प्रदर्शन किया। परेड में अंतरमहाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइलें भी प्रदर्शित की गईं। इस परेड का आयोजन उत्तर कोरिया की सेना की 90वीं वर्षगांठ के मौके पर किया गया था।
वेस्ट बैंक में फलस्तीनी हमलावरों ने सुरक्षा गार्ड को गोली मारी, मौत
इस्राइली सेना ने कहा है कि फलस्तीनी हमलावरों ने वेस्ट बैंक में एक यहूदी बस्ती के प्रवेश द्वार पर एक सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी। इस बीच, फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इस्राइली सैनिकों ने शनिवार को ही कलकिल्या के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।
शनिवार तड़के हमलावर एरियल बस्ती के प्रवेश द्वार पर पहुंचे और सुरक्षा गार्ड को उसकी चौकी पर गोली मार दी और फिर वहां से फरार हो गए। इस्राइली सेना ने हत्यारों की तलाश में उत्तरी वेस्ट बैंक में तलाशी अभियान शुरू किया है। सेना ने हमास समूह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया, लेकिन तत्काल इसका कोई संकेत नहीं कि वे हमले में शामिल थे।
इस बीच, फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इस्राइली सैनिकों ने शनिवार तड़के कलकिल्या शहर के पास अजौन गांव में संघर्ष के दौरान 27 वर्षीय एक फलस्तीनी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पिछले दो माह में यहां जारी संघर्ष में 15 इस्राइली और 27 फलस्तीनी नागरिक मारे गए हैं।
कनाडा : कोरोना प्रतिबंधों का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी गिरफ्तार
कनाडा के ओटावा शहर में शुक्रवार रात कोविड-19 पाबंदियों का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों का पुलिस से आमना-सामना हुआ। इस दौरान कई लोगों के साथ मारपीट होने की खबरें हैं जबकि कई लोग गिरफ्तार भी कर लिए गए।
कोविड-19 पाबंदियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले समूह ‘फ्रीडम फाइटर्स कनाडा’ द्वारा आयोजित ‘रोलिंग थंडर’ नामक रैली के दौरान कुछ ट्रक पार्लियामेंट हिल की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे।
ओटावा पुलिस ने कहा था कि प्रदर्शनकारियों को लंबे समय तक प्रदर्शन नहीं करने दिया जाएगा। शुरुआत में विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन शाम को पुलिस ने शहर में घुसने की कोशिश कर रहे एक बड़े काफिले को चेतावनी दी। देखते ही देखते सैंकड़ों प्रदर्शनकारी संसद के बाहर खड़े ट्रकों के पास जमा हो गए। पुलिस ने ट्रकों के पास जा रही भीड़ को पीछे धकेला और कई प्रदर्शनकारी को गिरफ्तार कर लिए।
निर्वासित तिब्बती नेता ने चीन के खिलाफ अमेरिका में मांगा समर्थन
निर्वासित सरकार में केंद्रीय तिब्बत प्रशासन अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पेनपा शेरिंग पहली बार अमेरिका यात्रा पर पहुंचे। यहां कांग्रेस नेताओं, गृह विभाग अधिकारियों, नागरिक संगठनों, तिब्बती और चीनी मूल के अमेरिकियों से उन्होंने तिब्बत के लिए समर्थन देने की अपील की।
24 से 30 अप्रैल की अमेरिका यात्रा के दौरान पेनपा ने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नेंसी पेलोसी से वार्ता की। इस दौरान इंटरनेशनल कैंपेन फॉर तिब्बत के चेयरमैन रिचर्ड गेर और तिब्बत के निर्वासित आध्यात्मिक नेता दलाई लामा के प्रतिनिधि नामग्लाय चोडुप भी मौजूद थे।
रेडियो फ्री एशिया ने रिचर्ड गेर के हवाले से कहा, हम चीन के सालों से फैलाए गए इस झूठ का खुलासा करने का प्रयास कर रहे हैं कि तिब्बत उसका भाग है। हम चीन और दलाई लामा के बीच सार्थक वार्ता कराने का प्रयास कर रहे हैं।
चोडुप ने तिब्तियों के लगातार समर्थन के लिए पेलोसी को धन्यवाद देते हुए बातचीत को निर्णायक और रचनात्मक करार दिया। चीन-तिब्बत विवाद सुलझाने के लिए भविष्य की कार्ययोजना भी बनाई गई। पेनपा ने अमेरिका की उपविदेशमंत्री और 2021 तक तिब्बत मुद्दे की विशेष समन्वयक रही उर्जा जेया, अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता दूत राशिद हुसैन, चीन के लोकतांत्रिक कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। एजेंसी
नेहरू-माउंटबेटन पत्राचार के संपादित अंश होंगे उपलब्ध
भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, अंतिम वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन और उनकी पत्नी एडविना की व्यक्तिगत डायरियों और पत्रों का विवरण संपादित ही रहेगा। आम लोगों के लिए इन पत्रों को पूरी तरह सार्वजनिक करने या संपादित ही उपलब्ध कराने पर ब्रिटेन के एक ट्रिब्यूनल ने यह फैसला लिया है।
ब्रिटेन के फर्स्ट टियर ट्रिब्यूनल (सूचना अधिकार) की अध्यक्ष जज सोफी बुकले ने वर्ष 1930 की डायरियों और व्यक्तिगत पत्रों के कुछ संपादित अंशों का भविष्य तय किया है। उन्होंने हाल ही में निष्कर्ष निकाला था कि साउथम्पटन यूनिवर्सिटी के पास लेडी माउंटबेटन के भारत के नवनियुक्त प्रधानमंत्री को पत्र (33 फाइल,1948-60) शीर्षक से कोई पत्राचार उपलब्ध नहीं हैं। इसकी प्रतियां ब्रॉडलैंड आर्काइव में हैं। माउंटबेटन से संबंधित यह मामला ऐतिहासिक रूप से खासा महत्वपूर्ण है। एजेंसी
संयुक्त राष्ट्र मिशन में उत्कृष्ट कार्य के लिए भारतीय शांति सैनिक सम्मानित
दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन (यूएनएमआईएसएस) में सेवारत 1,100 से अधिक भारतीय शांति सैनिकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया है। यूएनएमआईएसएस ने एक ट्वीट कर यह जानकारी दी।
ट्वीट के मुताबिक, यूएनएमआईएसएस के शांति सैनिक न केवल आम नागरिकों की रक्षा करते हैं, बल्कि भारत से दक्षिण सूडान में आए लगभग 1,160 शांति सैनिकों ने सड़कों का पुनर्निर्माण किया है। इसके अलावा वे लोगों और जानवरों को भी चिकित्सा उपचार देते हैं। इसके लिए वे संयुक्त राष्ट्र के पदकों के पात्र हैं।
यूएनएमआईएसएस वेबसाइट पर पोस्ट की गई एक खबर में कहा गया है कि वर्तमान में दक्षिण सूडान के अपर नाइल स्टेट में सेवारत 1,160 भारतीय शांति सैनिकों को ‘उनके उत्कृष्ट व उल्लेखनीय कार्यों’ के लिए सम्मानित किया गया है।
यमन में 7 भारतीयों व अन्य की रिहाई का यूएन ने किया स्वागत
यमन के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव के विशेष दूत हंस ग्रैंडबर्ग के उप प्रवक्ता फरहान हक ने हूती विद्रोहियों की हिरासत से सात भारतीय नाविकों सहित विदेशी नागरिकों की रिहाई का स्वागत किया है। भारत ने उन सात भारतीय नाविकों की रिहाई के लिए 25 अप्रैल को ओमान और अन्य संबंधित पक्षों को धन्यवाद दिया था, जिन्हें दो जनवरी से यमन में हूतियों ने अपनी हिरासत में रखा था। हक ने कहा, हम हिरासत में लिए गए इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, फिलीपीन, म्यांमार और ब्रिटेन के 12 विदेशी नागरिकों की रिहाई का स्वागत करते हैं।
धर्मलिंगम को उचित कानूनी प्रक्रिया के तहत मिली फांसी
प्रधानमंत्री ली सीन लूंग और विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन ने मलयेशियाई मंत्रियों से कहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले भारतीय मूल के मलेशियाई तस्कर नागेंद्र धर्मलिंगम को उचित कानूनी प्रक्रिया के तहत ही बुधवार को मौत की सजा दी गई है।
मलयेशियाई की सरकारी समाचार एजेंसी बर्नमा ने कहा कि मलयेशिया के पीएम इस्माइल साबरी याकूब और विदेश मंत्री सैफुद्दीन अब्दुल्ला ने इस सप्ताह सिंगापुर के पीएम व विदेश मंत्री को पत्र भेजकर धर्मलिंगम के मृत्युदंड पर विचार करने और इसे कम करने के लिए कहा था। सिंगापुर विदेश मंत्रालय ने कहा, धर्मलिंगम को उचित कानूनी प्रक्रिया के तहत सजा सुनाई गई है।
भारत में उड्डयन उद्योग की मजबूती पर सिंधिया ने अमेरिका में की चर्चा
नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अमेरिका की विमानन क्षेत्र की कंपनियों के प्रमुखों से भारत में उड्डयन उद्योग के साथ सहयोग को और मजबूत करने के मुद्दे पर चर्चा की है। सिंधिया अमेरिका-भारत व्यापार परिषद (यूएसआईबीसी) द्वारा आयोजित गोलमेज बैठक में शामिल हुए।
बैठक में उद्योग से जुड़े वरिष्ठ लोग भी शामिल हुए। इसमें विमानन क्षेत्र में भारत और अमेरिका के बीच सहयोग मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई। सिंधिया ने ट्वीट किया, यूएसआईबीसी के विमानन क्षेत्र समुदाय के सदस्यों के साथ सकारात्मक बात हुई। भारत में क्षेत्रीय संपर्क एवं शहरी विमान परिवहन के क्षेत्र में उभरते अवसरों पर भी चर्चा हुई।
बाद में वह वैमानिकी एवं रक्षा क्षेत्र की कंपनी रेथियान टेक्नोलॉजीज के प्रतिनिधि पॉल जोंस व विमान विनिर्माता प्रैट एंड व्हिटनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रिक डुएरलू से भी मिले। सिंधिया की भारत के साथ लॉकहीड मार्टिन के रिश्तों को मजबूती देने के तरीकों पर भी चर्चा हुई। इसमें हेलीकॉप्टर क्षेत्र में विकास के अलावा मरम्मत एवं रखरखाव सुविधाएं मुहैया कराने पर खास जोर रहा।
मोबाइल, स्मार्ट वॉच, पीओएस मशीनों को परीक्षण से छूट
देश में अब मोबाइल फोन, सर्वर, स्मार्ट वॉच, स्मार्ट कैमरा और पीओएस मशीनों के आयात को आसान बनाने के लिए इनके अनिवार्य परीक्षण एवं प्रमाणन से छूट देने का फैसला लिया गया है। छूट उद्योगों को अपने उत्पादों को तेजी से बाजार में लाने में सक्षम बनाएगी। इस संबंध में अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी।
प्रौद्योगिकी के बढ़ते इस्तेमाल के साथ स्मार्ट वॉच, स्मार्ट कैमरा आदि जैसे कुछ उत्पादों के संबंध में नियामक ओवरलैप के मामले को भी संज्ञान में लिया गया था। दूरसंचार विभाग (डीओटी) तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के ओवरलैपिंग क्षेत्राधिकार को लेकर भी कई स्टेकहोल्डरों से आवेदन मिले थे।
इसमें कहा गया था कि इस तरह के व्यापक उपयोग किए जाने वाले नए उत्पादों को समय पर बाजार लाने के लिए यह एक बाधा है। यह उद्योग के लिए अनुपालन लागत भी बढ़ाता है। डीओटी ने मंत्रालय के साथ इन मुद्दों पर समीक्षा की और इन्हें भारतीय टेलीग्राफ (संशोधन) नियम, 2017 के तहत दूरसंचार उपकरण (एमटीसीटीई) के अनिवार्य परीक्षण और प्रमाणन से छूट देने का निर्णय लिया।
सोने की हॉलमार्किंग का दूसरा चरण एक जून से
केंद्र सरकार ने शनिवार को कहा कि सोने के गहनों व कलाकृतियों की अनिवार्य हॉलमार्किंग का दूसरा चरण 1 जून से लागू होगा। सोने की हॉलमार्किंग उसकी शुद्धता का प्रमाण है। 16 जून 2021 तक यह ऐच्छिक थी, लेकिन सरकार ने इसे चरणवार अनिवार्य करने का फैसला लिया। पहले चरण में देश के 256 जिलों में इसे अनिवार्य किया गया।
सरकार न्यायपालिका को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध : पटेल
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को कहा कि प्रदेश सरकार ने इस साल राज्य के न्यायिक विभाग को 1740 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। सरकार हमेशा से न्यायपालिका को प्रभावी बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रही है। मुख्यमंत्रियों और हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के संयुक्त सम्मेलन में पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए न्यायपालिका को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
राज्य सरकार, न्यायपालिका की हरसंभव सहायता करने का प्रयास करेगी ताकि स्थानीय स्तर पर लोगों को न्याय प्रदान किया जा सके। पिछले पांच सालों में लंबित मुकदमे तेजी से निपटाने के लिए सरकार ने हाईकोर्ट के परामर्श से 378 न्यायाधीशों की नियुक्ति की है। सरकार ने पिछले 5 वर्षों के दौरान 48 फैमिली कोर्ट को भी मंजूरी दी है। कार्यक्रम में प्रदेश के कानून मंत्री राजेंद्र त्रिवेदी भी मौजूद थे।
नीतीश ने किया ग्रीन फील्ड इथेनॉल संयंत्र का उद्घाटन
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्णियां में ग्रीन फील्ड ग्रेन बेस्ड इथेनॉल प्लांट का शुभारंभ किया। यह देश का पहला संयंत्र है, जहां मक्का और चावल से इथेनॉल बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इथेनॉल संयंत्र लगने से किसानों को काफी लाभ होगा और रोजगार भी बढ़ेगा। वर्ष 2007 से इथेनॉल संयंत्र के लिए प्रयास किया जा रहा है। तब राज्य सरकार ने उस समय की केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा था लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया। वर्तमान केंद्र सरकार ने इसकी अनुमति दे दी।
सदन में पोर्न देखने की बात मान ब्रिटिश सांसद ने दिया इस्तीफा
प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की कंजरवेटिव पार्टी के सांसद नेल पारिश ने सदन में अपने फोन पर दो बार पोर्न देखने की बात स्वीकार कर शनिवार को इस्तीफा दे दिया। पारिश ने इसे पागलपन की हरकत करार दिया। बीबीसी को दिए इंटरव्यू में वह बोले, मैंने अपने संसदीय क्षेत्र, परिवार को ठेस पहुंचाई है। पहली बार मैंने गलती से पोर्न देखा। मेरा गुनाह ज्यादा बड़ा इसलिए है कि दूसरी बार मैंने जानबूझकर पोर्न देखा।