West Asia Row: क्या पश्चिम एशिया में फिर दस्तक दे रही जंग? इस्राइल-हिजबुल्ला के आमने-सामने आने से बिगड़े हालात
इस्राइल-हिजबुल्ला के बीच रविवार को संघर्ष हुआ। जब इस्राइल ने हिजबुल्ला के ठिकानों पर हमले किए। इसके जवाब में हिजबुल्ला ने भी इस्राइल पर कार्रवाई की।
विस्तार
पश्चिम एशिया में एक बार फिर जंग की दस्तक हो रही है। इस्राइल के दक्षिण लेबनान में हमला करने और हिजबुल्ला के रॉकेटों को नष्ट करने के बाद हालात बिगड़ रहे हैं। माना जा रहा है कि इस संघर्ष में इस्राइल के खिलाफ ईरान और हूती विद्रोही भी खड़े हो सकते हैं। हालांकि अमेरिका की ओर से लगातार युद्ध विराम को लेकर चर्चा की जा रही है, लेकिन अब तक इसकी कोई सार्थक पहल सामने नहीं आई है।
दरअसल इस्राइल-हिजबुल्ला के बीच रविवार को संघर्ष हुआ। जब इस्राइल ने हिजबुल्ला के ठिकानों पर हमले किए। इसके जवाब में हिजबुल्ला ने भी इस्राइल पर कार्रवाई की। इस्राइल अधिकारियों के मुताबिक हिजुबल्ला ने अपने कमांडर फुआद शुक्र की हत्या का बदला लेने के लिए हजारों रॉकेटों से उसके प्रमुख खुफिया केंद्र पर हमला करने की योजना बनाई थी, लेकिन इस्राइली रक्षा बलों की सतर्कता से इस पर काबू पाया गया। इसके चलते ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। हालांकि एक इस्राइली सैनिक और लेबनान में तीन लोगों की मौत हो गई।
इस्राइल का दावा है कि अगर हिजबुल्ला मध्य इस्राइल क्षेत्र में सफलतापूर्वक हमला कर देते तो यह संघर्ष युद्ध में बदल सकता था। वहीं हिजबुल्ला के प्रमुख हसन नसरल्लाह ने दावा किया कि उनके संगठन ने फुआद शुक्र की हत्या का बदला लेने के लिए हमले की योजना बनाई थी। उसने उत्तरी इस्राइल में 11 सैन्य बैरकों अैर सैन्य स्थलों को निशाना बनाने के लिए 320 से अधिक मिसाइलें दागीं। इसके बाद ड्रोन से हमला किया। हालांकि मिस्र में युद्ध विराम को लेकर हुई वार्ता के दौरान इस्राइल और हिजबुल्ला दोनों ने एलान किया कि अब वे फिलहाल बड़े हमले नहीं करेंगे। क्षेत्र में फिलहाल शांति बनी हुई है।
इस्राइल को लेकर आपत्ति
रविवार शाम को युद्ध विराम और शांति को लेकर मिस्र की राजधानी काहिरा में अमेरिका, मिस्र समेत कई मध्यस्थों ने इस्राइल और हिजबुल्ला के बीच वार्ता कराई। वार्ता के बाद हिजबुल्ला के प्रवक्ता ओसामा हमदान ने कहा कि इस्राइल ने युद्ध विराम को लेकर नई शर्तें रखी हैं। वह अभी भी टालमटोल कर रहा है। जबकि अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि वार्ता जारी रहेगी और दोनों पक्ष सही फैसले पर पहुंच रहे हैं।
उधर अमेरिका ने ईरान और उसके सहयोगियों को शत्रुता न बढ़ाने की चेतावनी देते हुए इस्राइली इलाके में अपनी नौ सैनिक और वायु रक्षा को बढ़ा दिया है। अमेरिका लेबनान और इ्स्राइल के बीच सीमा विवाद को लेकर समझौता कराने पर अड़ा है। इस्राइल चाहता है कि हिजबुल्ला अपने लड़ाकों को सीमा से दूर ले जाए। जबकि हिजबुल्ला का कहना है कि वह इस्राइल के साथ दुश्मनी तब तक जारी रखेगा जब तक इस्राइल गाजा में हमास के साथ युद्ध विराम को लेकर सहमत नहीं हो जाता।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.