Israel: गाजा में IDF के हमले में 35 फलस्तीनी मारे गए; 7 अक्तूबर के हमलों में शामिल कमांडर की मौत का भी दावा
इस हमले के बारे में फलस्तीनी नागरिक आपातकालीन सेवा ने जानकारी दी है। फलस्तीनी नागरिक आपातकालीन सेवा ने बताया कि इस्राइली हवाई हमले में मारे गए लोगों में दक्षिणी शहर राफा में 4 महिलाएं, उत्तर में गाजा शहर में 8 और मध्य में 9 फलस्तीनी मारे गए।
विस्तार
इस्राइल और हमास के बीच जारी जंग को एक साल होने वाला है, लेकिन ये जंग थमने की जगह बढ़ती ही जा रही है। हाल ही में हमास ने सात अक्तूबर 2023 को बंधक बनाए गए लोगों में से छह की हत्या कर दी थी। जिसके बाद इस्राइल भड़का हुआ है। इसी क्रम में इस्राइली सेना ने मंगलवार को गाजा के अलग-अलग हिस्सों में हमला किया। इसमें हमास के आठ उग्रवादियों समेत 35 फलस्तीनियों को मारे जाने की खबर है।
इस हमले के बारे में फलस्तीनी नागरिक आपातकालीन सेवा ने जानकारी दी है। फलस्तीनी नागरिक आपातकालीन सेवा ने बताया कि इस्राइली हवाई हमले में मारे गए लोगों में दक्षिणी शहर राफा में 4 महिलाएं, उत्तर में गाजा शहर में 8 और मध्य में 9 फलस्तीनी मारे गए। इस्राइली सेना ने दावा किया कि उसने 7 अक्तूबर 2023 में हुए हमले में शामिल कमांडर सहित आठ उग्रवादियों को मार गिराया है। हालांकि अभी हमास की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ताजा हमले से युद्ध विराम के प्रयासों को एक बार फिर झटका लगा है। बता दें कि इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार गाजा के दक्षिणी किनारे पर फिलाडेल्फिया कॉरिडोर से इस्राइली सैनिकों को हटाने साफ इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि वहां इस्राइली सैनिक मौजूद रहेंगे। साथ ही नेतन्याहू ने एक बार फिर हमास को जड़ से खत्म करने की अपनी प्रतिद्धता जताई थी। उनका कहना है कि युद्ध तभी समाप्त होगा, जब तक की हमास का सफाया नहीं हो जाता।
बंधकों के शव मिलने के बाद और बिगड़ी स्थिति
दरअसल, इस्राइल और हमास के बीच 7 अक्तूबर, 2023 को शुरू हुआ युद्ध अभी भी जारी है। पिछले कुछ दिनों से गाजा में कुछ ऐसा घटा जिससे संघर्ष तेज होने की आशंका को जन्म दे दिया है। रविवार को इस्राइली सेना ने गाजा में छह बंधकों के शव बरामद किए, जिनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मारे गए बंधकों में एक अमेरिकी नागरिक भी शामिल था। करीब 250 लोग इस्राइल में अक्तूबर 2023 में हुए हमले के दौरान बंधक बना लिए गए थे। बंधकों के कत्ल से पूरे इस्राइल में गुस्सा है। रविवार रात राजधानी तेल अवीव समेत कई शहरों में बंधकों की तुरंत रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से गाजा समझौते को जल्द पूरा करने की भी मांग की। इसके अलावा लेबर यूनियनों ने सोमवार को बंद का भी आह्वान किया था।
हमास ने दी धमकी
बंधकों की हत्या के बाद दुनियाभर की नाराजगी झेल रहे हमास की गीदड़भभकियां कम नहीं हो रही हैं। इस्राइल के युद्ध तेज करने की आशंकाओं क बीच उसने फिर आग में घी डालने वाला बयान दिया है। हमास ने कहा कि अगर इस्राइल ने अगर सैन्य दबाव बढ़ाया तो बंधकों को ताबूतों के अंदर वापस इस्राइल भेज दिया जाएगा। उसने चेतावनी दी कि अगर इस्राइली सेना आती है तो बंधकों की सुरक्षा में लगे लोगों से बोल दिया गया है कि वे तुरंत सभी को मौत के घाट उतार दें। हमास की एज्जेदीन अल-कस्साम ब्रिगेड के प्रवक्ता अबू ओबैदा ने एक बयान में कहा कि इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बंधकों को बचाने के लिए सेना का इस्तेमाल किया तो हम उन्हें ताबूतों के अंदर उनके परिवारों के पास भेज दिया जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.