Israel-Hamas Ceasefire: 'हमास ने किया युद्धविराम का उल्लंघन', इस्राइल ने रोक दी हजारों फलस्तीनियों की घर वापसी
हमास ने इस्राइल के एक बंधक अर्बेल येहूद को रिहा नहीं किया था। इसलिए इस्राइल ने फलस्तीनियों की वापसी रोक दी है।
विस्तार
इस्राइल-हमास के बीच जारी युद्ध विराम समझौते के बीच इस्राइल ने रविवार को हजारों फलस्तीनियों को उत्तरी गाजा में उनके घरों में लौटने से रोक दिया। इस्राइल ने इसके लिए हमास को जिम्मेदार ठहराया है। इस्राइल ने आरोप लगाया है कि उसने बंधकों को रिहा करने के क्रम को बदलकर युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया है।
इस्राइल ने लेबनान को लेकर भी जारी किया बयान
वहीं, इस्राइल ने लेबनान को लेकर बड़ा बयान जारी किया है। इसके तहत इस्राइली सेना ने कहा कि वह हिजबुल्लाह उग्रवादियों के साथ हुए युद्ध विराम समझौते के अनुसार रविवार तक दक्षिणी लेबनान से अपनी सेना की वापसी पूरी नहीं कर पाएगी। इसी बीच लेबनान ने बताया कि रविवार को दक्षिणी लेबनान में इस्राइली सेना द्वारा गोलियां चलाने से कम से कम 15 लोग मारे गए और 80 से अधिक घायल हो गए।
इसलिए इस्राइल ने रोकी फलस्तीनियों की वापसी
हमास ने इस्राइल के एक बंधक अर्बेल येहूद को रिहा नहीं किया था। इसलिए इस्राइल ने फलस्तीनियों की वापसी रोक दी है। इस्राइल ने बयान जारी कर बताया कि वह तब तक फलस्तीनियों को उत्तरी गाजा में वापस नहीं जाने देगा, जब तक हमास द्वारा बंधक बनाए गए दर्जनों लोगों में से एक अर्बेल येहूद को रिहा नहीं कर दिया जाता।
इस्राइल जिन कैदियों को रिहा करेगा वे नेत्जारिम कॉरिडोर से उत्तरी गाजा में जाएंगे। गाजा पट्टी पर शनिवार को फलस्तीन एकत्रित हुए तो इस्राइल ने गोलीबारी कर दी। अवदा अस्पताल के अनुसार शनिवार देर रात एक व्यक्ति को गोली मार दी गई और दो अन्य घायल हो गए। अस्पताल ने बताया कि रविवार सुबह एक अलग गोलीबारी में एक बच्चे सहित पांच अन्य फलस्तीनी घायल हो गए।
अब तक इतने बंधक किए गए रिहा
इस्राइल हमास के बीच 19 जनवरी को युद्ध विराम समझौता लागू हुआ है। इस समझौते के पहले चरण में हमास 33 बंधकों को रिहा करेगा और बदले में इस्राइल 700 फलस्तीनी कैदियों को मुक्त करेगा। अब तक हमास सात बंधकों को रिहा कर चुका है। जबकि इस्राइल ने 200 सैनिकों को रिहा किया है।
ट्रंप ने फलस्तीनियों को मिस्र और जॉडर्न में बसाने की सलाह दी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जॉर्डन और मिस्र से अपील की है कि वे गाजा से ज्यादा से ज्यादा फलस्तीनी शरणार्थियों को अपने देश में पनाह दें, ताकि गाजा में जो तबाही का मंजर है, उसे साफ किया जा सके।
हमास ने ट्रंप के प्रस्ताव को किया खारिज
वहीं, ट्रंप के प्रस्ताव पर हमास के वरिष्ठ अधिकारी बासेम नईम ने प्रतिक्रिया दी है। नईम ने कहा कि फलस्तीनी इस तरह के प्रस्ताव को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। भले ही पुनर्निर्माण की आड़ में यह नेक इरादे से किया गया हो उन्होंने कहा कि अगर इस्रराइल अपनी नाकाबंदी हटा देता है तो फलस्तीनी गाजा का पहले से भी बेहतर पुनर्निर्माण कर सकते हैं।
7 अक्तूबर, 2023 को हमास के हमले के दौरान लगभग 250 लोगों का अपहरण कर लिया गया था, जिसके बाद 15 महीने तक युद्ध चला। गाजा में 90 से अधिक बंधक अभी भी हैं, हालांकि माना जाता है कि कम से कम एक तिहाई की मौत हो गई है। अन्य को रिहा कर दिया गया, बचा लिया गया या उनके शव बरामद किए गए। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस्राइल के सैन्य अभियान में 47,000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं।