Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   islam-may-become-worlds-largest-religion-by-2035-pew-research-projections-christians-hindu

प्यू रिसर्च: 2035 में दुनिया में इस्लाम बन सकता है सबसे बड़ा धर्म, नास्तिकों की संख्या में भी दिखेगा उछाल

Wed, 18 Nov 2026 11:37 PM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, वॉशिंगटन
पीटीआई, वॉशिंगटन Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Wed, 18 Nov 2026 11:37 PM IST
सार

प्यू रिसर्च सेंटर के नए अनुमानों के मुताबिक, 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है और मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर अन्य प्रमुख धार्मिक समूहों की तुलना में अधिक है, जो इस वृद्धि की बड़ी वजह है।

विज्ञापन
islam-may-become-worlds-largest-religion-by-2035-pew-research-projections-christians-hindu
प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट में दावा - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

दुनिया में मुसलमानों की आबादी तेजी से बढ़ रही है। प्यू रिसर्च सेंटर के नए अनुमानों के मुताबिक, 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है और मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो सकती है। बुधवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि इस्लाम और ईसाई धर्म दोनों के अनुयायियों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन इस्लाम की वृद्धि दर ज्यादा है।
विज्ञापन


प्यू रिसर्च सेंटर के वरिष्ठ जनसांख्यिकी विशेषज्ञ कॉनराड हैकेट के मुताबिक, इस वृद्धि की सबसे बड़ी वजह मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर है। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन और धार्मिक पहचान बदलने जैसे कारणों की तुलना में बच्चों का जन्म इस बदलाव में कहीं अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
विज्ञापन


मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर सबसे ज्यादा
प्यू के आंकड़ों के अनुसार, 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर प्रति महिला 3.1 बच्चे रही। ईसाई महिलाओं में यह दर 2.5 और अन्य सभी धार्मिक समूहों की महिलाओं में औसतन 1.6 बच्चे रही।
विज्ञापन
विज्ञापन


रिपोर्ट के मुताबिक, किसी पीढ़ी की आबादी को बनाए रखने के लिए औसतन 2.1 बच्चों की प्रजनन दर जरूरी मानी जाती है। ऐसे में मुस्लिम और ईसाई महिलाओं की प्रजनन दर इस स्तर से ऊपर है, जबकि अन्य समूहों की औसत दर इससे कम है।

2020 में कितनी थी मुसलमानों और ईसाइयों की आबादी?
प्यू रिसर्च के नवीनतम अनुमानों के अनुसार, 2020 में दुनिया में करीब 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुसलमान थे। नए अनुमान के मुताबिक, 2035 तक मुसलमानों की संख्या बढ़कर 2.57 अरब और ईसाइयों की संख्या 2.52 अरब हो सकती है।

अगर मौजूदा रुझान जारी रहे तो 2070 तक दुनिया में मुसलमानों की आबादी 3.6 अरब से अधिक हो सकती है, जबकि ईसाइयों की संख्या तीन अरब से कुछ कम रहने का अनुमान है। प्यू की यह रिपोर्ट 2020 से 2070 के बीच प्रमुख धार्मिक समूहों की आबादी में संभावित बदलावों का अध्ययन करती है। इसमें अलग-अलग धार्मिक समूहों की उम्र, प्रजनन दर, धर्म परिवर्तन और पलायन के रुझानों को शामिल किया गया है।

अमेरिका और कनाडा में घटेगा ईसाइयों का बहुमत
रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 40 वर्षों में अमेरिका में ईसाई बहुमत खत्म हो सकता है। फिलहाल वहां की आबादी में ईसाइयों की हिस्सेदारी 62 प्रतिशत है। अनुमान है कि 2065 तक यह घटकर 50 प्रतिशत से नीचे आ जाएगी। पड़ोसी कनाडा में भी ईसाइयों की आबादी 2030 तक 50 प्रतिशत से कम होने का अनुमान है। दोनों देशों में इसकी एक प्रमुख वजह ऐसे लोगों की संख्या बढ़ना है, जो खुद को किसी धर्म से जुड़ा हुआ नहीं मानते।

अनुमान है कि 2070 तक अमेरिका की 41 प्रतिशत आबादी किसी भी धर्म से जुड़ी नहीं होगी। कनाडा में भी ऐसे लोगों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो सकती है।

अफ्रीका में बढ़ेगी ईसाई और मुस्लिम आबादी
प्यू के अनुसार, 2020 से 2070 के बीच दुनिया की कुल आबादी में 29 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। जिन धार्मिक समूहों का अध्ययन किया गया है, उनमें ईसाई और मुसलमान ही ऐसे समूह हैं जिनकी वृद्धि दर वैश्विक आबादी की वृद्धि के बराबर या उससे अधिक रहने का अनुमान है। इस अवधि में ईसाइयों की आबादी में 30 प्रतिशत और मुसलमानों की आबादी में 80 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि आने वाले दशकों में दुनिया की अधिकांश आबादी वृद्धि अफ्रीका में, खासकर सहारा रेगिस्तान के दक्षिणी हिस्से में होगी। इस क्षेत्र में ईसाई और मुस्लिम दोनों समुदायों की बड़ी आबादी रहती है। यहां प्रजनन दर अधिक होने और जीवन प्रत्याशा बढ़ने से दोनों धर्मों के अनुयायियों की संख्या में इजाफा होने का अनुमान है।

2070 तक दुनिया के आधे से अधिक ईसाई सहारा के दक्षिणी अफ्रीका में रह सकते हैं। कांगो में ईसाइयों की संख्या बढ़कर करीब 27 करोड़ होने का अनुमान है। इसके साथ ही कांगो ईसाइयों की सबसे बड़ी आबादी वाला देश बन सकता है और अमेरिका को पीछे छोड़ सकता है।

यूरोप में घटेगी ईसाइयों की संख्या
रिपोर्ट के मुताबिक, 2070 तक यूरोप की कुल आबादी में 17 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है। इस दौरान वहां ईसाइयों की संख्या 50.5 करोड़ से घटकर 32.4 करोड़ रह सकती है। वहीं, यूरोप की आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 2020 के छह प्रतिशत से बढ़कर 2070 तक 13 प्रतिशत होने का अनुमान है। 

अमेरिका में भी ईसाइयों की संख्या घट सकती है। प्यू के अनुसार, 2020 में वहां करीब 21.7 करोड़ ईसाई थे, जिनकी संख्या 2070 तक घटकर लगभग 17.4 करोड़ रह सकती है।

मुस्लिम आबादी में सबसे ज्यादा जन्म
प्यू के अनुमानों के मुताबिक, 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं ने अन्य प्रमुख धार्मिक समूहों की महिलाओं की तुलना में अधिक बच्चों को जन्म दिया। इस अवधि में मुस्लिम माताओं के यहां करीब 25.2 करोड़ बच्चों का जन्म हुआ, जबकि ईसाई माताओं के यहां यह संख्या 20.8 करोड़ रही।

रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दशकों में मुसलमान ही ऐसा प्रमुख धार्मिक समूह होगा, जिसमें जन्म लेने वाले बच्चों की संख्या बढ़ती रहेगी। अन्य धार्मिक समूहों में जन्म की संख्या स्थिर रहने या धीरे-धीरे घटने का अनुमान है।

2070 तक पाकिस्तान में हो सकती है सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी
प्यू के अनुमान के अनुसार, अगर मौजूदा रुझान जारी रहे तो 2070 तक पाकिस्तान दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है। इसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान होगा। फिलहाल इंडोनेशिया में दुनिया के सबसे ज्यादा मुसलमान रहते हैं।

हार्वर्ड डिविनिटी स्कूल की वरिष्ठ शोधकर्ता जीना जुर्लो ने कहा कि बदलते जनसांख्यिकीय रुझानों के बीच ईसाई और मुस्लिम समुदायों के बीच संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि दोनों धर्मों को लेकर कई समुदायों में गलतफहमियां हैं और अंतरधार्मिक शिक्षा तथा आपसी संपर्क को बढ़ावा देने की जरूरत है।

प्यू के धर्म शोध निदेशक एलन कूपरमैन ने कहा कि मुसलमानों और ईसाइयों की आबादी में होने वाली ज्यादातर वृद्धि उन देशों में होगी, जहां ये समुदाय पहले से बहुसंख्यक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्म परिवर्तन की इसमें सीमित भूमिका है।
उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि मुसलमानों की आबादी में वृद्धि ईसाइयों की कीमत पर हो रही है। उन्होंने आगाह किया कि इस तरह के आंकड़ों को ईसाइयों और मुसलमानों के बीच टकराव के रूप में पेश नहीं किया जाना चाहिए।

बढ़ रही है धर्म से जुड़ाव नहीं रखने वालों की संख्या
रिपोर्ट में उन लोगों की संख्या बढ़ने का भी अनुमान लगाया गया है, जो खुद को नास्तिक, अज्ञेयवादी या किसी धर्म से जुड़ा हुआ नहीं मानते। ऐसे लोगों को 'नन्स' कहा जाता है। चीन को छोड़कर दुनिया के अन्य देशों में ऐसे लोगों की संख्या 2070 तक 18 करोड़ से अधिक बढ़ सकती है। चीन में पहले से ही ऐसे लोगों की बड़ी आबादी है, लेकिन वहां कुल जनसंख्या में तेज गिरावट का अनुमान है।


प्यू के मुताबिक, चेक गणराज्य, जापान, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, उरुग्वे और वियतनाम समेत 10 देशों में ऐसे लोग पहले से ही आबादी का बहुमत हैं। अनुमान है कि 2070 तक दक्षिण कोरिया, फ्रांस और ब्रिटेन भी इस सूची में शामिल हो सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed