Big News: दुबई में भव्य हिंदू मंदिर लगभग तैयार, ब्रिटेन में भी हर घर तिरंगा अभियान शुरू, पढ़ें अहम खबरें
5 अक्तूबर को दुबई में हिंदू मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये जाएंगे। मंदिर जेबेल अली में अमीरात के सहिष्णुता गलियारे में है। वहीं भारत की आजादी की 75 वर्षों की यात्रा उल्लेखनीय रही है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र से आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई में नया भव्य हिंदू मंदिर लगभग तैयार है। मंदिर में 16 मूर्तियां, एक ज्ञान कक्ष और कम्युनिटी हॉल हैं। सिंधु गुरु दरबार मंदिर के ट्रस्टी राजू श्रॉफ ने बताया, दशहरे (5 अक्तूबर) पर मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये जाएंगे। मंदिर जेबेल अली में अमीरात के सहिष्णुता गलियारे में है। इस इलाके में एक गुरुद्वारा, एक हिंदू मंदिर और कई चर्च हैं। मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा 4 अक्तूबर को करने की योजना है।
ममता ने बांग्लादेश की पीएम को राखी भेजी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को रक्षाबंधन पर राखी व मिठाइयां भेजी हैं। ममता ने बनगांव नगरपालिका के जरिये इन्हें भिजवाया है। नगरपालिका के चेयरमैन गोपाल सेठ व पार्टी के कुछ पार्षदों ने पेट्रापोल सीमा पर बांग्लादेश के सांसद शेख आफिलउद्दीन को राखी व मिठाइयां सौंपी।
ब्रिटेन में भी हर घर तिरंगा अभियान शुरू
ब्रिटेन में भारत के कार्यवाहक उच्चायुक्त सुजीत घोष ने बृहस्पतिवार को प्रवासी भारतीयों के साथ हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की। लंदन में भारतीय विद्या भवन केंद्र में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम में उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13-15 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा अभियान का आह्वान किया, मैं इस अवसर पर आपसे तिरंगा फहराने और इस अभियान का हिस्सा बनने का आग्रह करता हूं। भारत की आजादी की 75 वर्षों की यात्रा उल्लेखनीय रही है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र से आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है।
पूर्व विधायक जॉर्ज के बिगड़े बोल, कहा-अभिनेत्री को यौन उत्पीड़न से हुआ फायदा
केरल के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक पीसी जॉर्ज ने अभिनेता दिलीप से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में पीड़ित अभिनेत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। जॉर्ज ने कहा, उस घटना के बाद पीड़िता को फायदा हुआ और फिल्मों में उन्हें अधिक अवसर मिले। इस संवेदनहीन बयान के बाद विवाद बढ़ गया है। पूर्व विधायक ने अभिनेत्री का मजाक उड़ाते हुए कहा, घटना के बाद से उसे कई फिल्में मिल रही हैं। मुझे नहीं लगता कि इस मुद्दे के बाद उन्हें कोई नुकसान हुआ है।
जीआईएल के पूर्व कर्मियों के ठिकानों से 1.25 करोड़ जब्त
गुजरात इन्फॉर्मेटिक्स लिमिटेड से 38.67 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में पांच पूर्व आरोपियों व अन्य के ठिकानों से 1.25 करोड़ की नकदी, गहने व कारें जब्त की गई हैं। गांधीनगर पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिला पुलिस की कुल 15 टीमों ने बुधवार को अहमदाबाद व गांधीनगर के 20 ठिकानों पर छापा मारा। कार्रवाई में पांच कारें, सोने के गहने और 15.06 लाख नकद जब्त किए हैं। इनमें से 85.81 लाख की चार कारें धोखाधड़ी की मास्टर माइंड रुचि भवसार के ठिकानों से जब्त की गई हैं।
मिजोरम में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद, तीन को किया गिरफ्तार
मिजोरम में स्वतंत्रता दिवस से पहले म्यांमार के तीन नागरिकों को भारी मात्रा में विस्फोटक के साथ गिरफ्तार किया गया है। सेरचिप जिला पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक वाहन की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है। बरामद विस्फोटकों में 7800 जिलेटिन नियो जैल, 4063 डेटोनेटर और 700 मीटर फ्यूज वायर शामिल हैं।
1.72 करोड़ की ठगी में उप पोस्टमास्टर पर मामला दर्ज
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने तेलंगाना में डाक विभाग में कथित तौर पर 1.72 करोड़ की ठगी करने के आरोप में एक उप पोस्टमास्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारी के मुताबिक आरोप है कि उप पोस्टमास्टर ने एक साल के दौरान डाक विभाग के अकाउंटिंग सिस्टम में गड़बड़ी कर ये ठगी की। सीबीआई ने आरोप लगाया कि मेडक जिले के कोडाकांडला उप पोस्ट ऑफिस में तैनात के सतीश ने ये धोखाधड़ी की।
राष्ट्रविरोधी सोशल मीडिया समूह छोड़ें सरकारी कर्मचारी, मणिपुर सरकार ने दिया निर्देश
मणिपुर सरकार ने अपने सभी कर्मचारियों को राष्ट्रविरोधी, अलगाववादी और सांप्रदायिक एजेंडे पर चलाए जा रहे सोशल मीडिया समूह छोड़ने का निर्देश दिया है। विशेष सचिव गृह एच ज्ञानप्रकाश ने इस संबंध में अाधिकारिक नोटिस जारी किया। नोटिस में स्पष्ट कहा है 12 अगस्त शाम छह बजे तक सभी कर्मचारियों को ऐसे सभी व्हाट्सएप व फेसबुक ग्रुप से हटना होगा।
नोटिस के अनुसार, देखा गया है कि फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य चैटग्रुप पर कई औपचारिक और अनौपचारिक समूह अलगाववादी, राष्ट्रविरोधी, राज्यविरोधी, असामाजिक, सांप्रदायिक और विघटनकारी उपयोग में लगे हैं। इनका मकसद शांतिपूर्ण सामाजिक सद्भाव और राज्य की कानून-व्यवस्था बिगाड़ना है।
राहुल का पलटवार कहा-पीएम पद की गरिमा न गिराएं
काले कपड़े पहनकर कांग्रेस के विरोध पर बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी के तंज के बाद राहुल गांधी ने उन पर पलटवार किया है। राहुल ने ट्वीट किया, अंधविश्वासी बातें करके पीएम पद की गरिमा को न गिराएं। कहा कि आपको जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना होगा। प्रधानमंत्री को महंगाई नहीं दिखती। बेरोजगारी नहीं दिखती। गांधी ने कहा, काले कारनामों को छिपाने के लिए, ‘काला जादू’ जैसी अंधविश्वासी बातें कर देश को भटकाना बंद कीजिए, प्रधानमंत्री जी। जनता के मुद्दों पर जवाब तो देना ही पड़ेगा।
गोवा हवाईअड्डे पर तटरक्षक बल के डोर्नियर विमान का टायर फटा
गोवा के डाबोलियम हवाईअड्डे पर नियमित परीक्षण के दौरान भारतीय तटरक्षक बल के एक डोर्नियर विमान का टायर फट गया। हवाईअड्डे के सूत्रों ने बताया, दोपहर में हुई इस घटना के कारण कई उड़ानों में देरी हुई। आईसीजी के उप महानिरीक्षक अरुणाभ बोस ने बताया, टायर फटने के बाद विमान को तुरंत रनवे से दूर ले जाया गया। तटरक्षक बल आईएनएस हंस नौसैनिक अड्डे से काम करता है। इसी के परिक्षेत्र में डाबोलियम नागरिक हवाई अड्डा भी है।
जाली नोट मामले में पूर्व विधायक की पत्नी को चार साल की जेल
झारखंड के सिंहभूम जिले की एक अदालत ने भाजपा के पूर्व विधायक पुटकर हेम्ब्रोन की पत्नी मलाया हेम्ब्रोन को जाली नोट मामले में चार साल कैद की सजा सुनाई है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सूर्यभूषण ओझा की अदालत ने पांच हजार का जुर्माना भी लगाया। सितंबर, 2020 में मटकाम्हाटू गांव की जयंती देवगाम ने आरोप लगाया था कि मलाया ने 1600 का सामान खरीदकर 2000 रुपये का नोट दिया, जो जाली निकला।
बैंक जमा 7 माह में 2.2 लाख करोड़ घटा
बैंकों में जमा रकम म्यूचुअल फंड और शेयर बाजार में जा रही है। एसबीआई रिपोर्ट के अनुसार, इस साल जनवरी से 15 जुलाई के बीच बैंकों की जमा रकम 2.2 लाख करोड़ घट गई।पिछले साल जनवरी से 15 जुलाई के बीच बैंकों में 7.9 लाख करोड़ जमा हुए थे। इस साल यह घटकर 5.7 लाख करोड़ रह गई। इस दौरान शेयर बाजार में 15 लाख निवेशक आए व 1.2 लाख करोड़ का निवेश किया। म्यूचुअल फंड में एक लाख करोड़ निवेश हुआ।
वैश्विक बाजारों में मांग घटने से संकट में एमएसएमई निर्यातक
सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्योग (एमएसएमई) क्षेत्र के निर्यातकों को रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण वैश्विक बाजारों में मांग घटने से संकट का सामना करना पड़ रहा है। उद्योग ने सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। निर्यातकों ने कहा, आने वाले महीने में मांग में कमी का देश के निर्यातकों पर असर पड़ सकता है। ज्यादातर निर्यातकों के पास एक या दो महीने के ही ऑर्डर हैं।
सरकारी बैंकों के एनपीए में गिरावट
सरकारी बैंकों के बुरे फंसे कर्ज (एनपीए) में गिरावट आ रही है। एसबीआई का एनपीए 3.91%, बैंक ऑफ महाराष्ट्र का 3.74% पर आ गया है। बैंक ऑफ बडौदा का एनपीए 14.90% से घटकर 6.26% पर और यूनियन बैंक का 3.31% रहा।
24 अतिरिक्त फ्लाइट चलाएगी एअर इंडिया
एअर इंडिया 20 अगस्त से 24 अतिरिक्त फ्लाइट चलाएगी। इसमें से दो नई फ्लाइट दिल्ली से मुंबई, बंगलूरू और अहमदाबाद चलेंगी। मुंबई से चेन्नई, बंगलूरू और हैदराबाद के रास्त पर कुछ फ्लाइट चलेंगी। एक फ्लाइट अहमदाबाद से पुणे चलेगी।
यूक्रेन ने हमला कर रूस के आठ लड़ाकू विमान किए नष्ट
यूक्रेन ने क्रीमिया में रूसी एयर बेस पर बड़ा मिसाइल हमला किया है। बृहस्पतिवार को आईं सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला कि कुछ दिन पहले हुए इस हमले में रूस को भारी नुकसान हुआ है। प्लैनेट लैब्स से जारी तस्वीरों में क्रीमिया स्थित रूस के साकी एयर बेस पर मिसाइल हमलों की वजह से हुए तीन बड़े गड्ढे भी साफ दिख रहे हैं। आठ विमान भी तबाह हुए हैं। रूस ने विमानों के क्षतिग्रस्त होने से इन्कार करते हुए कहा कि मंगलवार को एयर बेस पर हुए विस्फोट असल में दुर्घटना थे। वहीं, यूक्रेन ने भी हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। यूक्रेनी राष्ट्रपति के सलाहकार मायखाइलो पोदोलीक ने कहा कि हम न तो हमले की पुष्टि कर रहे हैं और न ही खंडन।
स्पेसएक्स का स्टारशिप अगस्त में भी नहीं उड़ेगा, लाइसेंस नहीं
स्पेस एक्स के स्टारशिप व्हीकल की पहली टेस्ट उड़ान अगस्त में भी नहीं होगी। इसे उड़ान के लिए जरूरी लाइसेंस नहीं मिल पाया है। पहले प्रक्षेपण जुलाई में तय था, लेकिन बाद में इसे अगस्त के लिए टाल दिया गया। स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने ट्वीट किया, यूएस फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन में कंपनी ने रेडियो स्पेक्ट्रम लाइसेंस का आवेदन किया है। इसमें उड़ान के लिए एक सितंबर से छह माह की अवधि मांगी गई है।