Greenland: 'ग्रीनलैंड हमारा है, इसे खरीदा नहीं जा सकता....', पीएम एगेडे का अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पर पलटवार
Greenland: ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री म्यूटे बोरुप एगेडे ने कहा कि ग्रीनलैंड उनका है और इसे न तो लिया जा सकता है और न ही खरीदा जा सकता है। यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संदेश के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका किसी न किसी तरह से इस क्षेत्र को हासिल करेगा।
विस्तार
ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री म्यूटे बोरुप एगेडे ने बुधवार को कहा कि ग्रीनलैंड उनका है और उसे न तो लिया जा सकता है और न ही खरीदा जा सकता है। उनका यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस संदेश के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनका प्रशासन आर्कटिक द्वीप के आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन करता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका इस क्षेत्र को किसी न किसी तरीके से हासिल कर ही लेगा।
उनका यह सोशल मीडिया पोस्ट तब सामने आया, जब कुछ घंटे पहल ट्रंप ने कांग्रेस को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने ग्रीनलैंड के लोगों से सीधे अपील की थी। एक हफ्ते बाद द्वीप के निवासी संसदीय चुनावों के लिए मतदान करेंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ग्रीनलैंड को लेकर क्या कहा
ट्रंप ने कहा, हम आपके अपने भविष्य को तय करने के अधिकार का मजबूती से समर्थन करते हैं और अगर आप हमें चुनते हैं, तो हम आपका अमेरिका में स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा, 'हम आपको सुरक्षित रखेंगे। हम आपको अमीर बनाएंगे। साथ में हम ग्रीनलैंड को उन ऊंचाइयों तक ले जाएंगे, जिसकी आपने पहले कभी कल्पना नहीं की होगी। ट्रंप ने यह भी कहा कि उनकी सरकार सभी संबंधित लोगों के साथ काम कर रही है, ताकि इसे हासिल किया जा सके।' उन्होंने कहा कि वह डेनमार्क से ग्रीनलैंड को हासिल करना चाहते हैं, जो लंबे समय से अमेरिका का सहयोगी है।
हम इस क्षेत्र को किसी तरह हासिल कर लेंगे: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, हमें वास्तव में वैश्विक सुरक्षा कि लिए इसकी आवश्यकता है। मुझे लगता है कि हम इसे हासिल करने जा रहे हैं। हम किसी न किसी तरह से इसे हासिल करेंगे। ग्रीनलैंड एक विशाल और खनिज समृद्ध द्वीप है और डेनमार्क का एक अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र है। यहां के कई लोग ट्रंप की धमकियों से चिंतित और नाराज हैं। ट्रंप की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाना पर डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ग्रीनलैंड के लोग डेनमार्क से अलग होकर अमेरिका का हिस्सा बनना चाहते हैं।
स्वतंत्र और निष्पक्ष होने चाहिए संसदीय चुनाव: डेनमार्क के विदेश मंत्री
मंत्री ने फिनलैंड की यात्रा के दौरान कहा, मैं इसको लेकर बहुत आशावादी हूं कि ग्रीनलैंड का फैसला क्या होगा। वह डेनमार्क के साथ अपने संबंधों में ढील चाहते हैं, हम उस पर काम कर रहे हैं, ताकि एक जैसे संबंध हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि अगले हफ्ते बिना किसी अंतरराष्ट्रीय दखल के स्वतंत्र और निष्पक्ष संसदीय चुनाव होने चाहिए। ग्रीनलैंड के लोग मंगलवार को मतदान करेंगे।
संबंधित वीडियो-
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.