New Zealand earthquake : भूकंप के तेज झटके से कांपा न्यूजीलैंड, रिक्टर स्केल पर 7.2 रही तीव्रता
न्यूजीलैंड के उत्तरी आइलैंड में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 7.2 मापी गई है।
प्रशांत सुनामी चेतावनी सेंटर के अनुसार भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर के क्षेत्र में सुनामी का खतरा है। शक्तिशाली भूकंप से पूर्वी न्यूजीलैंड का उत्तरी द्वीप थर्रा उठा। अधिकारियों ने तटीय क्षेत्रों के आसपास रहने वालों को तत्काल वहां से हटने को कहा है।
न्यूजीलैंड की नेशनल इमर्जेंसी मैनेजमेंट एजेंसी ने लोगों से कहा कि वे समुद्री क्षेत्रों के पास का इलाका छोड़कर ऊंचे इलाकों या द्वीप क्षेत्र में जितना अंदर जा सकें, वहां चले जाएं। हालांकि अभी किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं मिली है।
न्यूजीलैंड के सरकारी भूकंप निगरानी केंद्र जियोनेट के अनुसार इसकी तीव्रता 7.2 आंकी गई है। इसका केंद्र 94 किलोमीटर गहराई में था।
60 हजार लोगों ने महसूस किया
जियोनेट की वेबसाइट के अनुसार देश के 60 हजार से ज्यादा लोगों ने भूकंप के झटके महसूस करने की सूचना दी। इनमें से 282 लोगों ने कहा कि झटका गंभीर था। 75 लोगों ने कहा कि यह बहुत तीव्र था, जबकि अधिकांश ने कहा कि यह हल्का था। भूकंप के केंद्र के नजदीक गिसबोर्न है। इस शहर की आबादी 35 हजार है। कैप रनवे से टोल्गा बे तक के इलाके में रहने वाले लोगों को वहां से हटने को कहा गया है।