Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   donald-trump-defends-nvidia-ceo-jensen-huang-chinese-spy-honeytrap-scandal

चीनी हनीट्रैप विवाद: ट्रंप ने किया एनवीडिया सीईओ का बचाव, कहा- वह अच्छे शख्स; जेन्सेन हुआंग के खिलाफ जांच शुरू

Mon, 09 Nov 2026 07:42 AM IST
देवेश त्रिपाठी एएनआई, वॉशिंगटन
एएनआई, वॉशिंगटन Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Mon, 09 Nov 2026 07:42 AM IST
सार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया के संस्थापक और सीईओ जेन्सेन हुआंग का बचाव करते हुए उन्हें सम्मानित व्यक्ति बताया है। हुआंग का नाम चीन के लिए जासूसी करने की संदिग्ध एक महिला के साथ संबंधों को लेकर विवाद में आया है।

विज्ञापन
donald-trump-defends-nvidia-ceo-jensen-huang-chinese-spy-honeytrap-scandal
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेन्सेन हुआंग का बचाव किया है। चीन के लिए जासूसी करने की संदिग्ध महिला के साथ उनके संबंधों को लेकर उठे विवाद के बीच ट्रंप ने हुआंग को "सम्मानित व्यक्ति" बताया। उन्होंने कहा कि हुआंग को दुनिया की दिग्गज चिप कंपनी के प्रमुख पद पर बने रहना चाहिए।
विज्ञापन


पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इस मामले को लेकर हुआंग से सीधे बात नहीं की है, लेकिन उनका मानना है कि हुआंग ने देश के लिए बहुत अच्छा काम किया है।
विज्ञापन


हुआंग के बचाव में क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?
ट्रंप ने कहा, "मैंने इस बारे में उनसे बात नहीं की है। मैं सिर्फ इतना जानता हूं कि वह एक अच्छे व्यक्ति हैं, हालांकि आप कभी नहीं जानते कि क्या चल रहा है। मुझे उम्मीद है कि वहां सब कुछ ठीक होगा। उन्होंने इतना शानदार काम किया है। मेरी राय में वह अच्छे व्यक्ति हैं।"
विज्ञापन
विज्ञापन


जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या खुफिया एजेंसियों से संदिग्ध विदेशी जासूसी नेटवर्क के बारे में जानकारी मिलने के बाद पहले कार्रवाई नहीं करने का उन्हें अफसोस है, तो उन्होंने इसका बचाव किया। ट्रंप ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा, "नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता। मेरे विचार से वह सम्मानित व्यक्ति हैं। मुझे लगता है कि उनके पास इसका कोई स्पष्टीकरण होगा और हमें उसे सुनना चाहिए। आप लोगों के साथ ऐसा नहीं कर सकते। उन्होंने हमारे देश के लिए शानदार काम किया है।" हुआंग के सीईओ पद पर बने रहने के सवाल पर ट्रंप ने कहा, "मुझे ऐसा ही लगता है। बिल्कुल।"

एनवीडिया के बोर्ड ने शुरू की स्वतंत्र जांच
ट्रंप का यह बयान एनवीडिया के निदेशक मंडल की ओर से मामले की स्वतंत्र जांच शुरू किए जाने के कुछ समय बाद आया है। कंपनी के बोर्ड ने उन आरोपों की जांच के लिए स्वतंत्र समिति बनाई है, जिनके मुताबिक हुआंग को एक विदेशी खुफिया अभियान के जरिए निशाना बनाया गया था। रिपोर्टों में दावा किया गया है कि हुआंग ने एक महिला टेक अधिकारी के साथ विवाहेतर संबंध स्वीकार किया है।

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने इस महिला को चीन की एजेंट होने का संदिग्ध बताया है। एनवीडिया के मुताबिक, जांच की निगरानी स्वतंत्र निदेशकों की एक विशेष समिति करेगी। इस काम में बाहरी स्वतंत्र कानूनी सलाहकार भी मदद करेंगे। कंपनी ने कहा कि वह पूरे मामले की जांच कर रही है, लेकिन फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है कि उसकी गोपनीय तकनीक या वर्गीकृत जानकारी से समझौता हुआ है।

एनवीडिया ने बयान जारी कर क्या कहा?
कंपनी ने अपने बयान में कहा, "एनवीडिया का निदेशक मंडल हालिया रिपोर्टों को देखते हुए स्वतंत्र जांच शुरू कर रहा है, जिनमें दावा किया गया है कि संस्थापक और CEO जेन्सेन हुआंग को विदेशी खुफिया अभियान के जरिए निशाना बनाया गया। स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बाहरी स्वतंत्र कानूनी सलाहकारों की मदद से जांच की निगरानी करेगी। बोर्ड अमेरिका की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता देता है, जो एनवीडिया और उसके शेयरधारकों के हितों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बोर्ड के पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया की गोपनीय जानकारी से समझौता हुआ है, फिर भी जांच में सभी उपलब्ध सूचनाओं की पड़ताल की जाएगी।"

एनवीडिया ने यह भी बताया कि जेन्सेन हुआंग ने जांच का स्वागत किया है और जांचकर्ताओं के साथ सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई है। कंपनी ने कहा, "जेन्सेन इस जांच का पूरा समर्थन करते हैं और इसमें सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बोर्ड को जेन्सेन और उनकी नेतृत्व टीम पर भरोसा है। जरूरत पड़ने पर आगे की जानकारी दी जाएगी।"

हुआंग ने पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार की
बोर्ड की जांच की घोषणा के बाद फॉक्स न्यूज ने रिपोर्ट दी कि जेन्सेन हुआंग ने चीन के लिए जासूसी करने की संदिग्ध एक टेक अधिकारी के साथ विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की है। फॉक्स न्यूज के मुताबिक, कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक संदेश में हुआंग ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए परिवार को पहुंची चोट के लिए अफसोस जताया। उन्होंने संदेश में कहा, "मैंने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की। मेरे इस कदम से उन्हें और हमारे बच्चों को दुख पहुंचा। मैंने जो किया, उसका कोई बहाना नहीं है।"


इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की रिपब्लिकन पार्टी की तीन समितियों के अध्यक्षों ने हुआंग से इस मामले पर बंद कमरे में जवाब देने को कहा था। एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, सांसदों ने चीन की एक कारोबारी महिला के साथ उनके कथित संबंधों को लेकर सवाल उठाए हैं। इस महिला पर बीजिंग को जानकारी देने का संदेह है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed