{"_id":"68b494630f05931447098edd","slug":"dhs-secretary-kristi-noem-says-trump-administration-going-further-intensify-immigration-operations-in-chicago-2025-08-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"US: शिकागो में आव्रजन अभियान और तेज करेगा ट्रंप प्रशासन, नोएम ने कहा- संघीय एजेंटों की तैनाती बढ़ाने की तैयारी","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
US: शिकागो में आव्रजन अभियान और तेज करेगा ट्रंप प्रशासन, नोएम ने कहा- संघीय एजेंटों की तैनाती बढ़ाने की तैयारी
Sun, 31 Aug 2025 11:58 PM IST
दीपक कुमार शर्मा
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन
Published by: दीपक कुमार शर्मा
Updated Sun, 31 Aug 2025 11:58 PM IST
सार
गृह सुरक्षा विभाग (DHS) की सचिव क्रिस्टी नोएम ने कहा कि ट्रंप प्रशासन जल्द ही शिकागो में आव्रजन अभियान को और तेज करने जा रहा है। शहर में संघीय एजेंटों की तैनाती बढ़ाने की तैयारी है। नोएम की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब पिछले हफ्ते DHS ने नेवल स्टेशन ग्रेट लेक्स से सीमित लॉजिस्टिक मदद मांगी थी, ताकि शिकागो में होने वाले ऑपरेशनों को समर्थन मिल सके।
विज्ञापन
क्रिस्टी नोएम
- फोटो : X/@KristiNoem
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गृह सुरक्षा विभाग (DHS) की सचिव क्रिस्टी नोएम ने रविवार को पुष्टि की कि ट्रंप प्रशासन जल्द ही शिकागो में आव्रजन अभियान को और तेज करने जा रहा है। अमेरिका के तीसरे सबसे बड़े शहर में संघीय एजेंटों की तैनाती बढ़ाने की तैयारी है। यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इलिनोइस के डेमोक्रेटिक नेतृत्व पर लगातार निशाना साध रहे हैं।
विज्ञापन
नोएम की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब पिछले हफ्ते DHS ने नेवल स्टेशन ग्रेट लेक्स से सीमित लॉजिस्टिक मदद मांगी थी, ताकि शिकागो में होने वाले ऑपरेशनों को समर्थन मिल सके। यह सैन्य ठिकाना शिकागो से करीब 35 मील उत्तर में है। नोएम ने एक कार्यक्रम में कहा, 'हमने पहले से ही शिकागो में इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) के साथ अभियान चलाए हैं। लेकिन हम इन अभियानों के लिए और संसाधन जोड़ने जा रहे हैं।'
विज्ञापन
नोएम ने आगे की जानकारी देने से किया इनकार
नोएम ने आगे की जानकारी देने से इनकार कर दिया। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में वॉशिंगटन डीसी में अपराध, आव्रजन और बेघर लोगों से निपटने के लिए नेशनल गार्ड के सैनिकों की तैनाती की थी। दो महीने पहले ही लॉस एंजिलिस में भी सैनिक भेजे गए थे।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Yemen: हूतियों का यमन में संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एवं बाल एजेंसियों पर छापा, एक कर्मचारी को हिरासत में लिया
ट्रंप ने शिकागो के गवर्नर को दी थी चेतावनी
ट्रंप ने शनिवार (स्थानीय समयानुसार) को सोशल मीडिया पर इलिनोइस के गवर्नर जेबी प्रित्जकर पर निशाना साधा था। उन्हें चेतावनी दी थी कि वह जल्द ही शिकागो के अपराध की समस्या का हल करें, वरना हम आएंगे। रिपब्लिकन राष्ट्रपति ट्रंप शिकागो के मेयर ब्रैंडन जॉनसन की भी आलोचना करते रहे हैं।
मेयर और गवर्नर ने संघीय योजना का विरोध किया
हालांकि, मेयर जॉनसन और गवर्नर प्रित्जकर ने इस संघीय योजना का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि शिकागो में अपराध कम हुए हैं। दोनों नेताओं ने संकेत दिया है कि अगर ट्रंप प्रशासन ने संघीय तैनाती को आगे बढ़ाया, तो वे अदालत का रुख करेंगे। मेयर जॉनसन पहले ही आदेश जारी कर चुके हैं कि शिकागो पुलिस विभाग संघीय अधिकारियों को नागरिक आव्रजन प्रवर्तन, पेट्रोलिंग, यातायात रोक या चौकियां लगाने जैसी गतिविधियों में मदद नहीं करेगा।
शिकागो में बड़ी संख्या में रहते हैं आप्रवासी
दरअसल, शिकागो में बड़ी संख्या में आप्रवासी रहते हैं और इलिनोइस राज्य अमेरिका में उन जगहों में गिना जाता है, जहां संघीय आव्रजन प्रवर्तन में सहयोग करने के खिलाफ सबसे सख्त कानून हैं। यही वजह है कि शहर और राज्य ट्रंप प्रशासन की बड़े पैमाने पर सामूहिक निर्वासन की नीति से अक्सर टकराव में रहते हैं।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में बाढ़ से भीषण तबाही: पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा में हालात गंभीर, 24 घंटे में 15 लोगों की हुई मौत
शिकागो में नेशनल गार्ड की तैनाती करना ट्रंप का विशेषाधिकार: नोएम
गवर्नर प्रित्जकर ने एक साक्षात्कार में आरोप लगाया है कि ट्रंप का शिकागो में संघीय बल तैनात करने का फैसला शायद '2026 के चुनावों को रोकने या उन पर नियंत्रण करने की योजना का हिस्सा हो सकता है।' वहीं, क्रिस्टी नोएम ने कहा कि शिकागो में नेशनल गार्ड की तैनाती करना राष्ट्रपति ट्रंप का विशेषाधिकार है, जैसे उन्होंने जून में लॉस एंजिलिस में आव्रजन विरोध प्रदर्शनों के दौरान किया था। नोएम ने दावा किया, 'मुझे पता है कि अगर राष्ट्रपति ट्रंप ने कार्रवाई नहीं की होती, तो आज लॉस एंजिलिस खड़ा भी नहीं होता। वह शहर अपने मेयर और गवर्नर के भरोसे छोड़ दिया जाता, तो जलकर खाक हो जाता।'