Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Devastation in Pakistan caused Chinese-built dam flood-like conditions in area tunnels power house submerged

चीन के बनाए बांध से पाकिस्तान में तबाही: खैबर पख्तूनख्वा में जलप्रलय की स्थिति; सुरंग में भरा पानी, काम बंद

Mon, 09 Nov 2026 08:58 PM IST
प्रशांत तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Mon, 09 Nov 2026 08:58 PM IST
सार

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के तरबेला बांध के पांचवें विस्तार प्रोजेक्ट (T-5) की निर्माण साइट पर चट्टान का हिस्सा ढहने से सुरंग और निर्माणाधीन पावर हाउस में पानी भर गया। हादसे के बाद आपातकाल घोषित कर निर्माण कार्य रोक दिया गया और सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

विज्ञापन
Devastation in Pakistan caused Chinese-built dam flood-like conditions in area tunnels power house submerged
पाकिस्ता में टूटा बांध - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

खैबर पख्तूनख्वा के तरबेला बांध के पांचवें विस्तार प्रोजेक्ट (T-5) की निर्माण साइट पर चट्टान का हिस्सा ढहने से बड़ा हादसा हो गया। पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, वाटर एंड पावर डेवलपमेंट अथॉरिटी (वापडा) ने बताया कि सोमवार को तरबेला बांध के 5वें विस्तार प्रोजेक्ट (T-5) की निर्माण साइट पर खुदाई के दौरान कमजोर चट्टान का एक हिस्सा ढह गया। यह घटना 'सेकंड बेंच कनेक्टिंग टनल' की खुदाई के दौरान हुई, जिससे 'इनटेक पिट' का पानी सुरंग और निर्माणाधीन पावर हाउस वाले इलाके में घुस गया। घटना के बाद आपातकाल घोषित कर दिया गया और निर्माण कार्य रोक दिया गया। मजदूरों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश दिया गया। वापडा ने अपने बयान में कहा कि सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है।

विज्ञापन


पानी निकालने का काम शुरू, नुकसान का आकलन कर रहे अधिकारी
वापडा के मुताबिक, 'इनटेक पिट' से पानी पूरी तरह निकाल दिया गया है और अब आगे के कार्यस्थलों पर पानी का प्रवेश नहीं हो रहा है। निर्माणाधीन पावर हाउस से भी पानी निकालने का काम शुरू कर दिया गया है। T-5 प्रोजेक्ट के अधिकारियों का हवाला देते हुए हरिपुर के डिप्टी कमिश्नर वसीम अहमद ने बताया कि सुरंग, पावर हाउस और निर्माण स्थल के अन्य ढांचों को हुए संभावित नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वरिष्ठ वापडा अधिकारी, प्रोजेक्ट इंजीनियर और ठेकेदार मौके पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अथॉरिटी ने सुरंग ढहने की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि मुख्य सुरंग, निर्माणाधीन पावर हाउस, टेलरेस कलवर्ट और स्विचयार्ड को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। वहीं, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि फिलहाल तरबेला के निचले इलाकों में बाढ़ या जलभराव का कोई खतरा नहीं है।
विज्ञापन


सिंधु नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
इस बीच, स्वाबी के डिप्टी कमिश्नर नसरुल्ला खान ने बताया कि कुछ "अनिवार्य" कारणों से तरबेला बांध से अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। इसके चलते सिंधु नदी में पानी का बहाव और जलस्तर बढ़ने की संभावना है। उन्होंने नागरिकों से सावधानी बरतने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सिंधु नदी में नहाने, तैरने और नौकायन से पूरी तरह बचने की अपील की। डिप्टी कमिश्नर ने लोगों से अपनी और अपने परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा। 
विज्ञापन
विज्ञापन


जुलाई में कॉफरडैम ढहने से पहले ही विवादों में रही है परियोजना
तरबेला बांध की T-5 परियोजना पहले भी गंभीर विवादों का सामना कर चुकी है। इससे पहले जुलाई में सरकार की ओर से गठित जांच समिति ने 1,530 मेगावाट की इस परियोजना में कॉफरडैम (अस्थायी बांध) ढहने के लिए तीन मुख्य पक्षों- ठेकेदार, सलाहकार और नियोक्ता (वापडा) को जिम्मेदार ठहराया था। समिति के मुताबिक, अनुबंध के बाद बिना अनुमति डिजाइन में किए गए बदलाव इस हादसे के प्रमुख कारणों में शामिल थे। इस घटना के चलते परियोजना में कम से कम दो साल की देरी हुई और इसकी लागत 82 अरब रुपये से बढ़कर 317 अरब रुपये हो गई, यानी इसमें 285 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई। चीन की कंपनी पावर कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन ऑफ चाइना लिमिटेड इस परियोजना का निर्माण कर रही है।


ये भी पढ़ें: एक्सप्लेनर: क्या यूएस-चीन की एआई जंग में फंसी एनवीडिया? सीईओ जेन्सेन हुआंग भी घिरे; कैसे आया नाम, पूरी कहानी

2028 तक पूरा होना है प्रोजेक्ट, बढ़ेगी तरबेला की बिजली उत्पादन क्षमता
सोमवार की ताजा घटना से पहले T-5 परियोजना को 2026 के बजाय जून 2028 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस पांचवें विस्तार प्रोजेक्ट की स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता 1,530 मेगावाट है। इसके निर्माण के लिए विश्व बैंक 390 मिलियन डॉलर और एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक 300 मिलियन डॉलर की वित्तीय सहायता दे रहे हैं। परियोजना पूरी होने के बाद तरबेला बांध की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता मौजूदा 4,888 मेगावाट से बढ़कर 6,418 मेगावाट हो जाएगी। हालांकि, ताजा हादसे के बाद निर्माण कार्य और परियोजना की समयसीमा पर इसका क्या असर पड़ेगा, यह अधिकारियों की जांच और नुकसान के आकलन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed