कोरोनावायरस: आईटीबीपी केंद्र में रखे गए 406 लोग कल से लौटेंगे घर, केरल में भी 405 रिपोर्ट नेगेटिव
चीन से लौटने के बाद इन्हें एहतियातन आईटीबी द्वारा बनाए गए एक विशेष पृथक केंद्र में रखा गया था। इसके बाद इनकी जांच की गई, जिसमें सभी 406 लोगों की अंतिम जांच में उनके कोरोनावायरस से संक्रमित नहीं होने की पुष्टि हुई है। उन्हें चरणबद्ध तरीके से सोमवार सुबह से छुट्टी दी जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चीन में कोरोनावायरस संक्रमण के कारण और 142 लोगों की मौत होने के साथ ही इससे मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1,665 हो गई है। फिल्हाल इससे संक्रमित होने के कुल 68,500 मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, चीन के वुहान से लौटने के बाद आईटीबीपी केंद्र में रखे गए सभी 406 लोगों की अंतिम जांच में उनके कोरोनावायरस से संक्रमित नहीं होने की पुष्टि हुई है।
चीन से लौटने के बाद इन्हें एहतियातन आईटीबी द्वारा बनाए गए एक विशेष पृथक केंद्र में रखा गया था। इसके बाद इनकी जांच की गई, जिसमें सभी 406 लोगों की अंतिम जांच में उनके कोरोनावायरस से संक्रमित नहीं होने की पुष्टि हुई है। उन्हें चरणबद्ध तरीके से सोमवार सुबह से छुट्टी दी जाएगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इसी बीच मालदीव के सात नागरिकों को भी कल अंतिम जांच के बाद देश लौटने की इजाजत मिल जाएगी। बता दें कि इन नागरिकों को भी भारतीय विमान द्वारा एयरलिफ्ट किया गया था।
Indo-Tibetan Border Police (ITBP): 7 Maldivian nationals including a child at the ITBP Chhawla facility may leave for their country tomorrow evening after completing screening of #Coronavirus
— ANI (@ANI) February 16, 2020
चिकित्सकों की एक टीम ने शुक्रवार को यहां भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के पृथक केंद्र से इन सभी लोगों के नमूने एकत्र किए थे।
आईटीबीपी के प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि सभी लोगों के नमूनों की जांच के बाद इस बात की पुष्टि हुई कि इनमें सो कोई भी व्यक्ति कोरोनावायरस से संक्रमित नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा उचित चिकित्सा प्रक्रियाओं और प्रोटोकॉल के साथ जारी किए गए परामर्श के आधार पर सभी 406 व्यक्तियों को सोमवार से चरणबद्ध तरीके से छुट्टी दी जाएगी।
वहीं केरल सरकार ने कोरोनावायरस के संदिग्ध मामलों पर जानकारी देते हुए बताया कि 418 नमूने परीक्षण के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी में भेजे गए थे जिनमें से 405 के रिपोर्ट नकारात्मक आए। वहीं तीन लोग, जिनमें बीमारी की पुष्टि हुई उनमें से दो को छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक की हालत स्थिर है।
Government of Kerala: Till date 418 samples of suspect #COVID19 cases of have been sent to National Institute of Virology for testing, out of which 405 came as negative. Out of three people in whom the disease was confirmed, two have been discharged, while one is stable.
— ANI (@ANI) February 16, 2020
जापानी जहाज पर सवार दो भारतीयों के नमूने पॉजीटीव पाए गए
जापान के डायमंड प्रिंस क्रूज जहाज पर दो और भारतीयों में कोरोनावायरस के लक्षण पॉजीटीव पाए गए हैं। भारतीय दूतावास ने रविवार को इस बात की जानकारी दी। भारत ने आश्वासन दिया है कि वह कोरोनावायरस के अंतिम परीक्षणों में नेगेटिव पाए जाने पर जहाज पर फंसे सभी भारतीयों को सुरक्षित घर वापस लाने के लिए हर संभव मदद करेगा।
जहाज पर सवार 3,711 लोगों में 132 चालक दल और छह यात्रियों सहित कुल 138 भारतीय थे। रविवार को जहाज पर कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 355 हो गई है।
भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया कि पिछले दो दिनों में डायमंड प्रिंस जहाज पर दो भारतीयों समेत 137 लोगों में कोरोनावायरस के लक्षण पॉजीटीव पाए गए हैं। जहाज पर उनका उपचार किया जा रहा है। तीन अन्य भारतीय चालक दल के सदस्य का भी उपचार किया जा रहा है और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है।
इससे पहले, तीन भारतीय चालक दल के सदस्यों के नमूने पॉजीटीव पाए गए थे, जिसके बाद उनका इलाज चल रहा है। दूतावास ने कहा कि कोरोनावायरस की जांच के लिए अंतिम नमूने 17 फरवरी से लिए जाएंगे, जो कई दिनों तक चलेगा। हम आशा कर रहे हैं कि इस मुसीबत की घड़ी में उनके नमून नेगेटिव पाए जाए, जिसके बाद हम उन्हें सकुशल भारत वापस ला पाएं।
कोरोनावायरस से निपटने के लिए भारत चीन को भेजेगा चिकित्सा आपूर्ति
चीन में फैले कोरोनावायरस को देखते हुए भारत जल्द ही बीजिंग को घातक कोरोनावायरस के प्रकोप से निपटने में मदद करने के लिए चिकित्सा आपूर्ति की खेप भेजेगा। भारत राजदूत विक्रम मिश्री ने इस बात की जानकारी दी है। साथ ही राजदूत ने कहा कि भारत महामारी की इस लड़ाई में चीन के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है।
कोरोनावायरस संक्रमण के कारण और 142 लोगों की मौत होने के साथ ही इससे मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1,665 हो गई है। फिल्हाल इससे संक्रमित होने के कुल 68,500 मामलों की पुष्टि हुई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने देश में 2,009 नए मामलों की पुष्टि की है। हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान में 1,843 नए मामले हैं। नए मामलों के साथ ही हुबेई में इसके कुल 56,249 मामलों की पुष्टि हो गई है।
मिश्री ने कहा कि कोरोनावायरस से निपटने के लिए एक ठोस कदम के रूप में, भारत जल्द ही चीन को चिकित्सा आपूर्ति की एक खेप भेजेगा। उन्होंने कहा कि यह एक ठोस उपाय है जो पूरी तरह से चीनी लोगों के प्रति सद्भावना, एकजुटता को दिखाएगा और भारत सरकार की मित्रता को प्रदर्शित करेगा। राजदूत ने कहा कि भारत इस कठिनाई के समय में चीन के लोगों की सहायता करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
भारतीय अधिकारियों ने कहा कि चीन के लिए जरूरत के सामानों को भेजने की तैयारी की जा रही है और इसे अंतिम रूप देते ही खेप भेज दी जाएगी। साथ ही, भारत ने चीनी आयातकों की जरूरतों को देखते हुए प्रतिबंधों को हटा लिया है और कुछ चिकित्सा उपकरणों को खेप के साथ रख लिया है, जिसे चीन को भेजा जाना है।
चीन ने कहा है कि उसे विशेष रूप से वायरस प्रभावित रोगियों के उपचार करने वाले चिकित्सा कर्मचारियों के लिए चिकित्सा मास्क, दस्ताने और सूट की आवश्यकता थी। पिछले तीन हफ्तों में राष्ट्रव्यापी मांग को देखते हुए चीन में मास्क भी दुर्लभ हो गए हैं।
राजदूत मिश्री ने एक वीडियो मैसेज के माध्यम से रविवार को कहा कि पिछले कुछ हफ्तों के दौरान, पूरी दुनिया कोरोनोवायरस प्रकोप की गंभीरता और इसके द्वारा उत्पन्न जबरदस्त चुनौतियों का गवाह बन चुकी है। उन्होंने कहा कि मैं इस महामारी से निपटने में चीनी लोगों और सरकार को अपनी एकजुटता और समर्थन देना चाहता हूं।
मिश्री ने कहा कि हम महामारी से पीड़ित लोगों और परिवारों के दुख को गहराई से महसूस करते हैं। मैं विशेष रूप से वुहान शहर और हुबेई प्रांत के लोगों के लिए समर्थन व्यक्त करना चाहता हूं जो इस महामारी से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं, और जो भारत के लोगों के दिलों में एक बहुत ही विशेष स्थान रखते हैं।
नेपाल सीमा से सटे गांवों में कोरोनावायरस के निरीक्षण के लिए टीम गठित
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोनोवायरस संक्रमण को देखते हुए नेपाल की सीमा से लगे भारतीय गांवों की जांच के लिए विशेषज्ञों की केंद्रीय टीमों का गठन किया है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 15 फरवरी को जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि कोरोनावायरस को लेकर गठित की गई केंद्रीय टीमें उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम और पश्चिम बंगाल राज्यों से सटी नेपाल की सीमा के पास बसे गांवों का निरीक्षण करेंगी।
आदेश में कहा गया है कि नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (एनसीडीसी), सफदरजंग अस्पताल, डॉ राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल के डॉक्टरों की पांच अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। टीम उन्हें आवंटित राज्यों के सीमावर्ती जिलों का दौरा करेंगी। क्षेत्रीय निदेशक (स्वास्थ्य मंत्रालय) टीम को सीमावर्ती गांवों में जाने के लिए संबंधित राज्य के स्वास्थ्य विभागों के साथ समन्वय करेंगे।
कोरोनावायरस के खतरे के बीच सार्वजनिक रूप से सामने आया किम जोंग उन
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन, पड़ोसी देश चीन में कहर बरपा रहे कोरोनावायरस के खतरे के बीच देश के पूर्व नेता की जयंती पर तीन सप्ताह से अधिक समय में पहली बार रविवार को जनता के सामने आए।
आधिकारिक रोडोंग सिनमुन अखबार ने बताया कि किम ने प्योंगयांग में कुमसुसान पैलेस ऑफ द सन में अपने पिता किम जोंग इल को श्रद्धांजलि दी। इस पैलेस में उनके पिता और दादा का शव संलेपन करके रखा हुआ है।
चीन में पनपे कोरोनावायरस से 1600 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जिससे उत्तर कोरिया में चिंता पैदा हो गई है क्योंकि उसकी सीमाएं चीन से लगती है। उसने अपने बड़े और महत्वपूर्ण पड़ोसी देश से सभी उड़ानों और ट्रेनों को निलंबित कर दिया है।
प्योंगयांग ने उत्तर कोरिया में संक्रमण के मामलों के बारे में कुछ नहीं कहा है लेकिन उसने अंतरराष्ट्रीय पर्यटन रोक दिया है और वायरस की आशंका वाले लोगों को 30 दिनों की अवधि के लिए अलग रखना शुरू कर दिया है। किम 22 दिनों में पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आए। इससे पहले वह चंद्र नववर्ष के मौके पर जनता के सामने आए थे।
जापान में जहाज पर संक्रमित लोगों की संख्या 355 हुई
जापान के स्वास्थ्य मंत्री कात्सुनोबू कातो ने रविवार को बताया कि अब तक हमने 1219 व्यक्तियों के परीक्षण किए गए हैं। उनमें से 355 लोगों का परीक्षण सकारात्मक पाया गया है। 73 व्यक्तियों में इस वायरस के लक्षण नहीं दिख रहे हैं।
चार्टर्ड विमान भेज अमेरिका निकालेगा जहाज पर फंसे अपने नागरिक
अमेरिका ने शनिवार को एक पत्र जारी कर बताया कि वह डायमंड प्रिंसेस जहाज पर फंसे अपने नागरिकों को निकालने के लिए विमान भेजेगा। यह विमान रविवार को उन्हें जापान से निकाल अमेरिका लाएगा, जहां उन्हें दो हफ्ते के लिए पृथक रखा जाएगा।
इस जहाज पर 3700 लोग हैं। जहाज ने समुद्र में ही लंगर डाला हुआ है। यहां 132 भारतीय क्रू सदस्य और आठ यात्री भी मौजूद हैं, जिनमें तीन वायरस की चपेट में हैं। जापान में भारतीय दूतावास ने शनिवार को बताया कि इनकी हालत में सुधार आया है।
नेपाल ने अपने 175 नागरिकों को किया एयरलिफ्ट
बीजिंग में नेपाल के दूतावास ने जानकारी दी है कि नेपाल एयरलाइंस के चार्टर विमान द्वारा वुहान (चीन) से 175 नेपाली नागरिकों को एयरलिफ्ट किया गया है। चार ने चीन में वापस रहने का फैसला किया, जबकि छह चिकित्सा कारणों से विमान में नहीं चढ़ सके।
आधे मरीजों का इलाज पारंपरिक दवाओं से
हुबेई के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार संक्रमण के बाद करीब आधे लोगों का पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली से इलाज हुआ है। सरकार ने संक्रमण रोकने के लिए पारंपरिक दवाओं और पाश्चात्य दवाओं का साझा उपयोग किया है। अब तक इस वायरस का इलाज नहीं खोजा जा सका है।संक्रमण से बचने अपने ही घर में दौड़ा 66 किमी
घरों में कैद लोग वायरस से बचने के लिए अजीबोगरीब तरीके अपना रहे हैं। हांगकांग में पान सांकू नामक व्यक्ति अपने ही घर ही में पौने सात घंटे में 66 किमी दौड़ा। इसमें से 30 किमी तो वह केवल अपने बाथरूम में दौड़ गया। 44 साल के सांकू ने मोबाइल एप के जरिए अपनी दौड़ की गणना की। उसने अपना लाइव वीडियो स्ट्रीम किया है।मुद्रा के जरिए संक्रमण न फैले इसलिए गोदामों में भरा
चीन में संक्रमण वाले स्थानों से मुद्रा जमा कर गोदामों में भरी जा रही है। चीन की सरकार को आशंका है कि इनके जरिए भी संक्रमण फैल सकता है। अधिकारियों के अनुसार यहां हाल में 4 हजार करोड़ युआन के करेंसी नोट उतारे गए थे। लोगों को बार-बार हाथ धोने और हाथों को मुंह, नाक व आंखों पर न लगाने की चेतावनी विशेषज्ञ दे रहे हैं।
फ्रांस में चीनी नागरिक की मौत
फ्रांस में घूम रहे एक बुजुर्गचीनी नागरिक की कोरोनावायरस से मौत हो गई। यूरोप में इस वायरस से यह पहली मौत है। यहां कुल 11 मामले सामने आए हैं। इससे पहले मिस्र में एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। अफ्रीका महाद्वीप में किसी व्यक्ति में यह वायरस मिलने का पहला मामला है।
पाकिस्तान : एबटाबाद में संदिग्ध मिला
चीन से लौटे एक व्यक्ति को कोरोनावायरस का संदिग्ध मान चिकित्सकों ने अस्पताल में भर्ती किया है। वह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के गिलगित-बालस्टितान का रहने वाला है। पड़ोसी देश में अब तक किसी मामले की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि उसके कई नागरिक चीन में फंसे हैं।
हांगकांग : चीन से आजादी के नारे लगे
सैकड़ों सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को हांगकांग में मार्च आयोजित कर चीन की मुख्यभूमि का हांगकांग से संपर्क पूरी तरह बंद करने की मांग की। सरकार ने यहां कई इमारतों को कोरोनावायरस क्वारंटीन जोन में बदला है, प्रदर्शनकारी इसका भी विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शन में हांगकांग की स्वतंत्रता और क्रांति के खूब नारे लगाए गए।
कोरोनावायरस के असर के आकलन के लिए वित्त मंत्रालय की बैठक मंगलवार को
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ट्वीट किया कि वित्त मंत्रालय कोरोनावायरस के संक्रमण से हुए असर, मेक इन इंडिया मुहिम में आए व्यवधान तथा देश के आयात-निर्यात पर पड़े असर का आकलन करने के लिये 18 फरवरी यानी मंगलवार को एक बैठक बुलाई है। संबंधित पक्षों का स्वागत है। यदि आप बैठक में नहीं आ सकते हैं तो अपने सुझाव एफएमओ@एनआईसीडॉटइन (fmo@nic.in) पर ईमेल करें।
मुख्य आर्थिक सलाहकार के सुब्रमणियन ने पिछले सप्ताह कहा था कि चीन में कोरोनावायरस के संक्रमण ने भारत को निर्यात बढ़ाने का अवसर दिया है। भारत चीन के प्रमुख व्यापार भागीदारों में से एक है और चीन के साथ भारत का वृहद व्यापार घाटा है।